पेरिस में 33वें ओलंपिक का समापन हो चुका है। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष थॉमस बाक ने लॉस एंजिलिस के मेयर को ओलंपिक ध्वज सौंप कर इसका अंत किया। अंत में लियोन मैरचेंड समेत कुछ चुनिंदा एथलीट्स समेत बाक ने ओलंपिक मशाल को बुझाकर इसका आधिकारिक तौर पर अंत कर दिया। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद रहे। तीन घंटे चले समारोह की शुरुआत एक फ्रेंच गीत से हुई थी। स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम में परेड ऑफ नेशंस के बाद बेल्जियम की पॉप सिंगर एंजेले वान वीक ने परफॉर्म किया। फिर ऑस्ट्रेलिया के गोल्डन वॉयजर बैंड ने ओलिंपिक की खोज दिखाई। इसे थॉमस जॉली ने डायरेक्ट किया था। गोल्डन वॉयजर के बाद फ्रांस के बैंड फिनिक्स की परफॉर्मेंस में एंजेले, कमिस्की और रैपर वनाडा ने परफॉर्म किया। इसके बाद पांच ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाली गैब्रिएला सरमिएंटो विल्सन ने अमेरिका का नेशनल एंथम गाया। स्टेड डी फ्रांस से टॉम क्रूज ने स्टंट दिखाते हुए ओलंपिक ध्वज को लॉस एंजिलिस ले गए। वहां, पॉप गायिका बिलि एलिश, रैपर स्नूप डॉग और डॉक्टर ड्रे ने परफॉर्म किया। फिर मशाल बुझाकर इसका अंत किया गया। पेरिस ओलंपिक में अमेरिका 40 स्वर्ण समेत 126 पदक जीत कर पदक तालिका में शीर्ष पर रहा। भारत छह पदकों के साथ 71वें स्थान पर रहा। भारत की स्टार शूटर मनु भाकर और हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने तिरंगा थामा।
पांच ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाली USA की गैब्रिएला सरमिएंटो विल्सन ने भी परफॉर्म किया। वे ऑस्कर और एमी अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं। इसके अलावा पॉप गायिका और ग्रैमी अवॉर्ड विनर बिली एलिश ने भी लॉस एंजिलिस से परफॉर्म किया। इसके अलावा दिग्गज रैपर स्नूप डॉग ने भी रैप सॉन्ग गाया और फैंस को एंटरटेन किया। इस दौरान स्नूप डॉग के साथ दिग्गज रैपर डॉक्टर ड्रे भी मौजूद रहे।
टॉम क्रूज ने स्टंट परफॉर्म किया। वह स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम के रूफ से एक रोप के जरिये नीचे उतरे और स्टंट परफॉर्म किया। फिर सिमोन बाइल्स और एलए के मेयर से ओलंपिक ध्वज लिया और बाइक से उस ध्वज को लेकर एल पहुंचे। ये सीन पहले ही शूट कर लिया गया था। उन्होंने एक प्लेन से ध्वज के साथ जंप किया और लॉस एंजिलिस में उतरे। फिर उन्होंने हॉलीवुड के साइन बोर्ड पर ओलंपिक के छल्ले की झलकियां दिखाई। फिर अमेरिका के महान धावक माइकल जॉनसन को ध्वज सौंपा गया। टॉम क्रूज को देखकर स्टेडियम में मौजूद फैंस और एथलीट्स उत्साह से भर गए।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष थॉमस बाक ने लॉस एंजिलिस के मेयर को ओलंपिक ध्वज सौंपा। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और बाक ने फैंस और एथलीट्स को पेरिस ओलंपिक को सफल बनाने के लिए शुक्रिया कहा।
फ्रांस के बैंड फिनिक्स की परफॉर्मेंस में एंजेले, कमिस्की और रैपर वनाडा जैसे स्टार्स शामिल हुए। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के गोल्डन वॉयजर बैंड ने ओलिंपिक की खोज दिखाई। इसे थॉमस जॉली ने डायरेक्ट किया।
फिलहाल, गोल्डन वॉयजर की बैंड परफॉर्मेंस जारी है। इस दौरान ओलंपिक छल्ले की कहानी के बारे में बताया जा रहा और उसे नाटक के रूप में पेश किया जा रहा है। कुछ देर में पांच ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाली USA की गैब्रिएला सरमिएंटो विल्सन परफॉर्म करेंगी।
स्टेड डी फ्रांस के अंदर विभिन्न प्रकार के कलाकारों का परफॉर्मेंस जारी है। रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन हो रहा है। यह प्रदर्शन ओलंपिक के पुनर्जन्म और ओलंपिक छल्ले कैसे बने, इस पर आधारित एक नाटक है। पहली बार 1900 में पेरिस द्वारा आयोजित, यह अधिनियम 2024 में प्राचीनता से आधुनिक युग में परिवर्तन का प्रतीक है। प्राचीन ग्रीस का सबसे पुराना गाना, अपोलो का भजन, पियानो पर बजाया जा रहा है। फिलहाल स्टेड डी फ्रांस में शांति का वातावरण व्याप्त है। पिछले कुछ मिनटों में डांस करने वाले एथलीटों से लेकर माहौल में काफी बदलाव आया है।
स्टेड डी फ्रांस में फिलहाल महिला मैराथन का पदक समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह पेरिस 2024 के अंतिम दिन के कार्यक्रमों में से एक था। केन्या की हेलेन ओबिरी ने कांस्य पदक जीता, इथियोपिया की टाइगस्ट अससेफा ने रजत पदक जीता और नीदरलैंड की सिफान हसन ने अपने गले में गौरवपूर्ण सोना पहना।
भारत के समापन समारोह में ध्वजवाहक श्रीजेश और मनु भाकर तिरंगे के साथ नजर आए। दोनों की तस्वीर सामने आई है। मनु ने इस ओलंपिक में दो पदक जीते थे, जबकि श्रीजेश ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
एथलीट अब स्टेड डी फ्रांस में प्रवेश कर रहे हैं। सभी देश के एथलीट्स इस समारोह को खूब एंजॉय कर रहे हैं। सारे देश के एथलीट्स स्टेडियम आ चुके हैं।
भारत के मनु भाकर और पीआर श्रीजेश स्टेडियम में मौजूद हैं। दोनों तिरंगे के साथ स्टेडियम पहुंचे। मनु ने इस साल पेरिस में इतिहास रचा था और एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनी थीं। वहीं, श्रीजेश ने टोक्यो के बाद पेरिस में भी कांस्य जीता।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष थॉमस बाक स्टेडियम में मौजूद हैं। दोनों ने एकदूसरे से हाथ मिलाया और एक सफल ओलंपिक आयोजन के लिए एक-दूसरे की सराहना की।
फ्रेंच में एक खूबसूरत गाने के साथ समापन समारोह की शुरुआत हो चुकी है। फ्रांस के घरेलू हीरो, पेरिस ओलंपिक 2024 में चार बार के स्वर्ण पदक विजेता, तैराक लियोन मैरचेंड ने समापन समारोह में प्रवेश किया और ओलंपिक की मशाल को उठाते हुए पेरिस के स्टेडियम में जहां समापन समारोह होना है, वहां ले गए। पेरिस का स्टेड डी फ्रांस स्टेडियम समापन समारोह की मेजबानी के लिए तैयार हैं। हजारों की संख्या में फैंस स्टेडियम में मौजूद हैं।
भारत के मनु भाकर और पीआर श्रीजेश, जिन्हें पेरिस ओलंपिक समापन समारोह के लिए आधिकारिक ध्वजवाहक घोषित किया गया है, को आईओए द्वारा सम्मानित किया गया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के गोलकीपर पीआर श्रीजेश कहते हैं, 'यह एक बड़ा सम्मान है। यह मेरा आखिरी टूर्नामेंट है और मुझे समापन समारोह में अपने तिरंगे को लहराने का मौका मिला है।' ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर का कहना है, 'मैं बहुत खुश हूं। समापन समारोह में राष्ट्रीय ध्वज ले जाना सम्मान की बात होगी।'
समापन समारोह से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा- जैसा की पेरिस ओलंपिक का समापन होने जा रहा है, मैं खेलों के माध्यम से पूरे भारतीय दल के प्रयासों की सराहना करता हूं। सभी एथलीटों ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और हर भारतीय को उन पर गर्व है। हमारे खेल नायकों को उनके आगामी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
गायिका बिली एलिश और टॉम क्रूज, दोनों रविवार रात ओलंपिक समापन समारोह के लिए मंच पर आ सकते हैं। इनके परफॉर्मेंस को सीधे फ्रांसीसी स्टेडियम से लाइव-स्ट्रीम किया जाएगा। 62 वर्षीय क्रूज को 2028 खेलों के लिए फ्रांस से एलए तक ओलंपिक बैटन पारित करने के लिए स्टेड डी फ्रांस में एक साहसी मिशन इम्पॉसिबल-शैली का स्टंट करने की उम्मीद है।
रैपर स्नूप डॉग पूरे खेलों में लगभग मौजूद रहे हैं। हॉलीवुड अभिनेत्री ईवा मेंडेस, रेयान गोस्लिंग, शेरोन स्टोन और निकोल किडमैन को भी कुछ मुकाबलों को देखते हुए देखा गया है। क्रूज (62) उन अमेरिकी हस्तियों में से एक हैं जो फ्रांस की राजधानी में इस कार्यक्रम को देखने के लिए आए हैं। वह मिशन इम्पॉसिबल के प्रमोशन के तौर पर परफॉर्म करते भी दिख सकते हैं।
ओलंपिक खेलों की समाप्ति की घोषणा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष थॉमस बाक द्वारा की जाएगी। ओलंपिक ध्वज का हस्तांतरण पेरिस की मेयर ऐनी हिडाल्गो द्वारा लॉस एंजिलिस के मेयर करेन बास को किया जाएगा। हालांकि, आज बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही है। उद्घाटन समारोह के दौरान कुछ तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं, लेकिन आज ऐसी कोई संभावना नहीं है।
पेरिस 2024 ओलंपिक के बाद यहां पैरालंपिक खेलों की शुरुआत होगी। उद्घाटन समारोह 15 अगस्त को होगा और समापन कार्यक्रम 27 अगस्त को होगा।
लॉस एंजिलिस ओलंपिक उद्घाटन समारोह 14 जुलाई 2028 को होगा, समापन समारोह दो सप्ताह बाद 30 जुलाई को होगा। यह तीसरी बार होगा जब लॉस एंजिलिस दुनिया के प्रमुख खेल आयोजन की मेजबानी करेगा। यूएस मेगासिटी जो ऑटोमोबाइल का घर है ने 2028 ओलंपिक खेलों को लगभग कार-मुक्त बनाने का वादा किया है। नए खेलों में टी 20 क्रिकेट, लैक्रोस, बेसबॉल, स्क्वैश और फ्लैग फुटबॉल शामिल होंगे। सर्फिंग, स्केटबोर्डिंग और स्पोर्ट क्लाइम्बिंग जो पेरिस में हिट साबित हुए, लॉस एंजिलिस में भी जारी रहेंगे। हालांकि, ब्रेकडांसिंग - जो पेरिस 2024 में शुरू हुई और जिसका व्यापक रूप से मजाक उड़ाया गया, इसमें शामिल नहीं होगा।
पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह से कुछ घंटे पहले एक व्यक्ति को बिना शर्ट पहने दोपहर में 330 मीटर (1,083 फीट) ऊंचे टॉवर पर चढ़ते देखा गया। यह स्पष्ट नहीं है कि उसने अपनी चढ़ाई कहां से शुरू की, लेकिन उसे टॉवर के दूसरे हिस्से में लगे ‘ओलंपिक रिंग्स’ के ठीक ऊपर देखा गया। समापन समारोह रात नौ बजे से एफिल टॉवर से काफी दूर सेंट डेनिस में स्टेड डी फ्रांस में शुरू होना है।
पेरिस और उसके बाहर 30,000 से अधिक पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है ताकि समापन समारोह की निगरानी की जा सके। यह तब आता है जब ऑस्ट्रियाई अधिकारियों ने अपने एरास टूर के लिए वियना में पॉप स्टार के शो की सीरीज के दौरान योजनाबद्ध आतंकवादी हमले से बचने में कामयाबी हासिल करने के बाद सुरक्षा अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। हवा, जमीन और समुद्र से संभावित खतरों का मुकाबला करने के लिए एलए में उपाय भी किए गए हैं क्योंकि कैलिफोर्निया शहर उन पर दुनिया की नजर रखने के लिए तैयार है।
आयोजकों को उम्मीद है कि समापन समारोह उद्घाटन समारोह की तुलना में अधिक सुचारू रूप से चलेगा, जिसकी ईसाइयों द्वारा उनके विश्वास का मजाक उड़ाने के लिए व्यापक रूप से आलोचना की गई थी। 'द लास्ट सपर' नाटक के लिए आयोजकों को आलोचना का सामना करना पड़ा था, जहां ग्रीक देवता डायोनिसस की भूमिका निभाने वाले एक अभिनेता ने ड्रैग क्वीन्स के साथ एक मेज पर केंद्र मंच लिया, जिसकी व्याख्या लियोनार्डो दा विंची की द लास्ट सपर पेंटिंग से मिलती जुलती थी। कुछ धार्मिक समूहों ने समारोह की निंदा की, जिसमें फ्रांस में कैथोलिक चर्च भी शामिल था, जिन्होंने कहा कि इसमें 'ईसाई धर्म के उपहास और मजाक के दृश्य' शामिल हैं।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक का समापन समारोह है। 16 दिन में 206 देशों ने 32 खेलों में 329 स्वर्ण पदकों के लिए चुनौती पेश की। हालांकि, अमेरिका और चीन ने बाजी मारी। दोनों के स्वर्ण पदकों की संख्या 40-40 ही रही, लेकिन रजत और कांस्य में अमेरिका चीन से आगे निकल गया और अंक तालिका में शीर्ष पर रहा। चीन दूसरे नंबर पर रहा। पेरिस ओलंपिक में कुल 10,500 एथलीट्स चुनौती पेश करने उतरे थे। भारत के 117 खिलाड़ियों ने इस वैश्विक टूर्नामेंट में हिस्सा लिया और दमखम दिखाया। भारत मेडल्स टैली में 71वें स्थान पर रहा।