10:29 PM, 03-Dec-2022
Netherlands vs USA Live Score: नीदरलैंड की शानदार जीत
नीदरलैंड ने प्री-क्वार्टर फाइनल में अमेरिका को 3-1 से हरा दिया। वह इस जीत के साथ ही क्वार्टर फाइनल में पहुंच गया है। अमेरिकी टीम का 2002 के बाद अंतिम-8 में पहुंचने का सपना टूट गया। नीदरलैंड के मैच में पहला गोल मेम्फिस डिपाय ने किया। उन्होंने 10वें मिनट में ही टीम को बढ़त दिला दी। उनके बाद हाफटाइम से ठीक पहले डेली ब्लिंड ने गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया। 76वें मिनट में हाजी राइट ने गोलकर अमेरिकी टीम की वापसी कराई, लेकिन पांच मिनट बाद डेन्जेल डम्फ्रिज ने गोलकर नीदरलैंड की बढ़त को 3-1 कर दिया।
अमेरिकी टीम ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन उसके खिलाड़ी गोल नहीं कर सके। अमेरिका ने गोल के लिए 17 प्रयास किए। इनमें से आठ टारगेट पर रहे। पास, पासिंग एक्यूरेसी और पजेशन में भी वह आगे रहा, लेकिन मैच का नतीजा उसके पक्ष में नहीं रहा। अमेरिकी खिलाड़ियों ने 569 पास किए। वहीं, नीदरलैंड ने 415 किए। अमेरिका की पासिंग एक्यूरेसी 82 फीसदी और नीदरलैंड की 76 फीसदी रही। अमेरिका के पास 59 और नीदरलैंड के पास 41 फीसदी बॉल पजेशन रहा।
क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड का मुकाबला अर्जेंटीना या ऑस्ट्रेलिया से होगा। नीदरलैंड की टीम 2014 के बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। वह 2018 में क्वालीफाई नहीं कर पाया था। नीदरलैंड सातवीं बार अंतिम-8 में पहुंचा है।
रिकॉर्ड बनाने से चूके गैक्पो
ग्रुप चरण के तीनों मैचों में गोल करने वाले नीदरलैंड के 23 वर्षीय कोडी गैक्पो के पास विश्वकप के लगातार चार मैचों में गोल करने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। यदि वह इस मैच में गोल कर देते, तो नीदरलैंड के पहले ऐसे खिलाड़ी बन जाते, जिसने विश्वकप के लगातार चार मैचों में गोल किया है।
अमेरिका पर विश्वकप की पहली और कुल पांचवीं जीत
नीदरलैंड और अमेरिका फुटबाल विश्वकप इतिहास में पहली बार आमने-सामने हुए थे। नीदरलैंड की अमेरिका पर विश्वकप में पहली और कुल पांचवीं जीत है। इससे पहले दोनों देशों के बीच पांच बार अंतरराष्ट्रीय मैच हुए थे। इनमें चार बार नीदरलैंड, तो एक बार अमेरिका जीता था। अंतिम बार 2015 में दोनों देश भिड़े थे, जिसमें अमेरिका ने जीत दर्ज की थी।