फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Neeraj Chopra Highlights: टोक्यो से ज्यादा दूर भाला फेंका, फिर भी नीरज के हाथ आया रजत पदक; नदीम ने जीता स्वर्ण

Fri, 09 Aug 2024 01:59 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

Neeraj Chopra Javelin Throw Final Olympics: भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता। पाकिस्तान के अरशद नदीम 92.97 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। 
विज्ञापन
नीरज चोपड़ा - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:12 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज को मिला रजत पदक

टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस में अपने प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पाकिस्तान के नदीम ने अपने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का रिकॉर्ड थ्रो कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे। नीरज और नदीम ने फाउल के साथ शुरुआत की थी, लेकिन पाकिस्तान के नदीम ने दूसरे प्रयास में ओलंपिक का रिकॉर्ड तोड़ते हुए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। नीरज ने भी दूसरे प्रयास में अपने इस सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन वह नदीम से आगे नहीं निकल सके। 

नीरज सिर्फ एक ही सफल प्रयास कर सके और उन्होंने छह में से पांच फाउल किए, जबकि नदीम ने छठे प्रयास में 91.79 मीटर का थ्रो किया। यह इस मैच में दूसरी बार था जब नदीम ने 90 मीटर से अधिक का थ्रो किया। नीरज ने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 89.45 मीटर दूर भाला फेंका। यह उनका दूसरा पर्सनल बेस्ट थ्रो भी है। उनका पर्सनल बेस्ट थ्रो 89.94 मीटर का है। वहीं, टोक्यो ओलंपिक में नीरज ने 87.58 मीटर दूर भाला फेंक कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। उन्होंने इस बार टोक्यो से ज्यादा दूर भाला जरूर फेंका, लेकिन स्वर्ण नहीं जीत पाए। हालांकि, वह आजादी के बाद एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए। इससे पहले 1900 में नॉर्मन प्रिचर्ड ने एथलेटिक्स में दो पदक जरूर जीते थे, लेकिन वह ब्रिटिश मूल के थे।

01:02 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज ने लगातार तीसरी बार किया फाउल

नीरज चोपड़ा ने लगातार तीसरी बार फाउल किया और पांचवें प्रयास में भी वह नदीम से आगे नहीं निकल सके। नीरज 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। नीरज का अब आखिरी प्रयास बचा है। पाकिस्तान के नदीम 92.97 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ शीर्ष पर चल रहे हैं, जबकि एंडरसन पीटर्स 88.54 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक की दौड़ में बने हुए हैं। 

12:50 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज ने चौथे प्रयास में भी किया फाउल

नीरज चोपड़ा ने चौथे प्रयास में भी फाउल किया और वह फिलहाल 89.45 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। नीरज ने चार में से तीन बार फाउल किया है। दूसरी ओर, शीर्ष पर चल रहे पाकिस्तान के अरशद नदीम ने चौथे प्रयास में 79.40 मीटर का थ्रो किया। ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने चौथे प्रयास में 88.54 मीटर का थ्रो किया और वह तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

विज्ञापन
12:33 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज ने फिर किया फाउल

नीरज चोपड़ा ने तीसरे प्रयास में भी फाउल किया और वह 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ फिलहाल दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। 

12:28 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नदीम शीर्ष पर बरकरार

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने तीसरे प्रयास में 88.72 मीटर का थ्रो फेंका और वह शीर्ष पर बने हुए हैं। नदीम ने दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का थ्रो फेंका था जो ओलंपिक रिकॉर्ड है। नदीम ने पहले प्रयास में फाउल किया था। 

विज्ञापन
12:19 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज दूसरे स्थान पर पहुंचे

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में शानदार प्रदर्शन करते हुए 89.45 मीटर का थ्रो किया और वह अरशद नदीम के बाद दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। नीरज के करियर का यह दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो है। हालांकि, नीरज को नदीम से आगे निकलने के लिए अपना अब तक का सबसे बेस्ट थ्रो फेंकना होगा। मालूम हो कि नीरज ने अब तक कभी भी 90 मीटर का थ्रो नहीं फेंका है। 

12:14 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नदीम ने फेंका 90 मीटर के पार का थ्रो

पाकिस्तान के अरशद के नदीम ने ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए दूसरे प्रयास में 92.97 मीटर का थ्रो फेंका और शीर्ष पह पहुंच गए। इससे पहले ओलंपिक में सर्वश्रेष्ठ थ्रो 90.57 का था। यह रिकॉर्ड नॉर्वे के एंड्रियास थोरकिल्दसन के नाम था। 

12:13 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: पीटर्स शीर्ष पर पहुंचे

ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने दूसरे प्रयास में 87.87 मीटर का थ्रो फेंका और वह फिलहाल शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उनसे पहले वालदेज ने दूसरे प्रयास में 84.52 मीटर का थ्रो फेंका। 

12:05 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज ने फाउल से की शुरुआत

गत चैंपियन नीरज चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक के फाइनल में फाउल के साथ शुरुआत की है। नीरज भाला फेंकने के बाद खुद पर नियंत्रण नहीं रख सके और लाइन को छू गए जिससे उनका प्रयास फाउल करार दिया गया। फिलहाल केशॉर्न 86.16 मीटर के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं। 

12:01 AM, 09-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नदीम का पहला प्रयास फाउल

पाकिस्तान के अरशद नदीम ने पहले प्रयास में फाउल के साथ शुरुआत की। नीरज को नदीम से कड़ी चुनौती मिलने की उम्मीद है। वहीं, जूलियन वेबर ने भी पहले प्रयास में फाउल किया। 

11:59 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: एंडरसन-जैकब ने फेंका थ्रो

ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स ने पहले प्रयास में 84.70 का थ्रो किया, जबकि वालदेज जैकब ने 80.15 मीटर का थ्रो किया। हालांकि, केशॉर्न वालकोट ने पहले ही प्रयास में 86.16 मीटर का थ्रो फेंका और वह फिलहाल शीर्ष पर हैं। 

11:57 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज का फाइनल शुरू

नीरज चोपड़ा का भाला फेंक स्पर्धा का फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। नीरज थोड़ी देर में अपने पहले प्रयास में उतरेंगे। नीरज पेरिस ओलंपिक में अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरे हैं। 

11:54 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज चोपड़ा मुकाबले के लिए आए

भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा फाइनल मुकाबले के लिए आ गए हैं। भाला फेंक स्पर्धा का फाइनल शुरू होने जा रहा है और एक-एक करके खिलाड़ी मैदान पर उतर रहे हैं। 

11:46 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: नीरज के लिए आसान नहीं होगी राह 

नीरज ने ग्रुप ए और बी दोनों में शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया और इस तरह एडक्टर की चोट से जुड़ी चिंताओं को भी पूरी तरह से खारिज कर दिया। यह नीरज के करियर का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है। नीरज को फाइनल में ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स और पाकिस्तान के अरशद नदीम से कड़ी चुनौती मिल सकती है जो सही समय पर फॉर्म में लौटे हैं। इनके अलावा टोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के याकुब वालडेच भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 

11:35 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: वॉर्म-अप कर रहे हैं नीरज

नीरज चोपड़ा फाइनल चुनौती के लिए तैयार हैं और मुकाबला शुरू होने से पहले वॉर्म-अप कर रहे हैं। अब से थोड़ी देर बाद पुरुष भाला फेंक स्पर्धा का फाइनल मुकाबला शुरू होगा।

11:28 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: दो ओलंपिक पदक जीतने वाले चौथे भारतीय होंगे

अगर नीरज कोई भी पदक अपने नाम करते हैं तो भी वह स्वतंत्रता के बाद दो व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीतने वाले सिर्फ चौथे भारतीय खिलाड़ी होंगे। स्वतंत्रता के बाद बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू (एक रजत और एक कांस्य), पहलवान सुशील कुमार (एक रजत और एक कांस्य) और निशानेबाज मनु भाकर (दो कांस्य) ही भारत के लिए दो ओलंपिक पदक जीत पाए हैं।

11:21 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: खिताब बरकरार रखने वाले पांचवें भाला फेंक एथलीट बनने के करीब

भारत का यह 26 वर्षीय खिलाड़ी इस बात को अच्छी तरह से समझता है क्योंकि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पिछले आठ वर्षों से चुनौती पेश कर रहे हैं। वह इसके बाद तुरंत ही खेल गांव लौट गए ताकि फाइनल से पहले पर्याप्त विश्राम कर सकें क्योंकि काफी कुछ दांव पर लगा है। नीरज फाइनल में ओलंपिक के इतिहास में खिताब बरकरार रखने वाले पांचवां पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बनने के इरादे से उतरेंगे। अगर वह खिताब जीतते हैं तो ओलंपिक व्यक्तिगत वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी बनेंगे। ओलंपिक की पुरुष भाला फेंक स्पर्धा में अभी तक एरिक लेमिंग ( स्वीडन, 1908 और 1912), जोन्नी माइरा (फिनलैंड, 1920 और 1924), चोपड़ा के आदर्श जान जेलेंजी (चेक गणराज्य, 1992 और 1996) और आंद्रियास टी (नॉर्वे, 2004 और 2008) की ओलंपिक में भाला फेंक स्पर्धा में अपने खिताब का बचाव कर पाए हैं।

11:10 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Javelin Final Live: लगातार दूसरे स्वर्ण के लिए लगाएंगे जोर

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ओलंपिक में लगातार दूसरे स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगे। नीरज ने क्वालिफिकेशन में दमदार प्रदर्शन किया था और पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर का थ्रो कर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था। नीरज ने टोक्यो ओलंपिक की तरह यहां भी कुछ सेकेंड में फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था लेकिन इस बार पिछले ओलंपिक की तुलना में चुनौती अधिक कड़ी है। कुल नौ खिलाड़ियों में से पांच ने नीरज की तरह अपने पहले थ्रो में ही फाइनल में जगह बना ली थी।

11:05 PM, 08-Aug-2024

Neeraj Chopra Highlights: टोक्यो से ज्यादा दूर भाला फेंका, फिर भी नीरज के हाथ आया रजत पदक; नदीम ने जीता स्वर्ण

Neeraj Chopra Javelin Throw Final Olympics Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक में टोक्यो का प्रदर्शन दोहराने के लिए तैयार हैं। नीरज ने क्वालिफिकेशन में पहले प्रयास में शानदार थ्रो कर फाइनल में प्रवेश किया था और अब उनसे स्वर्ण पदक की आस है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें