08:08 AM, 03-Oct-2023
IND vs NEP Live: भारत ने 202 रन बनाए
भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 202 रन बनाए हैं। भारत के लिए सबसे ज्यादा 100 रन यशस्वी जायसवाल ने बनाए हैं। वहीं, रिंकू सिंह ने 37 रन का योगदान दिया। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और शिवम दुबे ने 25-25 रन बनाए। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी ने दो विकेट लिए। सोमपाल कामी और संदीप लामिछाने को एक-एक विकेट मिला।
पहली पारी में क्या हुआ?
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने शानदार शुरुआत की। यशस्वी और ऋतुराज की जोड़ी ने पावरप्ले में 63 रन जोड़ लिए। यशस्वी तेजी से रन बना रहे थे और 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, ऋतुराज अच्छी लय में नहीं थे। वह 23 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। दीपेंद्र सिहं ऐरी ने उन्हें रोहित के हाथों कैच कराया। तीसरे नंबर पर आए तिलक वर्मा 10 गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए। जितेश शर्मा भी पांच रन बनाकर चलते बने। शिवम दुबे ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर भारत का स्कोर 150 रन तक पहुंचाया।
यशस्वी ने 48 गेंद में आठ चौके और सात छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया। हालांकि, इसके बाद ही वह आउट हो गए। अंत में रिंकू सिंह और शिवम दुबे ने 22 गेंद में 52 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर चार विकेट पर 202 रन तक पहुंचाया। रिंकू सिंह 15 गेंद में चार छक्के और दो चौकों की मदद से 37 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शिवम दुबे ने 19 गेंद में नाबाद 25 रन बनाए। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ने दो और सोमपाल, संदीप ने एक-एक विकेट लिया।