11:35 PM, 13-Jan-2023
पहले दिन के मुकाबलों के नतीजे
अर्जेंटीना की दक्षिण अफ्रीका पर मुश्किल जीत
2016 के रियो ओलंपिक की चैंपियन अर्जेंटीना ने विश्वकप का आगाज जीत से जरूर किया, लेकिन विश्व नंबर 14 दक्षिण अफ्रीका को हराने में उसके पसीने छूट गए। अर्जेंटीना 42वें मिनट में कैसेला माइको के एकमात्र गोल की बदौलत 1-0 से जीता। आधे समय तक दोनों टीमें गोलरहित थीं। अंतिम क्वार्टर में द. अफ्रीका ने बराबरी की भरसक कोशिश की, लेकिन अर्जेंटीनी रक्षकों ने उनके मंसूबे पूरे नहीं होने दिए। अर्जेंटीना 16 जनवरी को ऑस्टे्रलिया से भिड़ेगा और द. अफ्रीका का मुकाबला फ्रांस से होगा।
ऑस्ट्रेलिया ने फ्रांस को 8-0 से रौंदा
पूल ए के मुकाबले में विश्व नंबर एक ऑस्टे्रलिया ने फ्रांस को 8-0 से रौंद दिया। जेर्मी हेवर्ड और टॉम क्रेग ने तीन-तीन गोल कर हैट्रिक लगाई। यह टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक रही। क्रेग ने आठवें, 31वं, 44वें मिनट में मैदानी गोल और हेवर्ड ने 26, 28 और 38वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किए।
इंग्लैंड ने वेल्स को 5-0 से हराया
इंग्लैंड ने वेल्स को किया परास्त
इंग्लैंड ने पूल डी के मुकाबले में वेल्स को 5-0 से हरा दिया। पार्क निकोल्स ने पहले ही मिनट में मैदानी गोल कर टीम इंग्लैंड का खाता खोला। लियम ने 27वें और 37वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल किए, जबकि रॉपर फिल ने 41वें और बैंडुरॉक निकोलस ने 57वें मिनट में मैदानी गोल किए।
भारत भी पहला मैच जीता
मेजबान भारत ने स्पेन को 2-0 से हराकर विश्वकप में शानदार आगाज किया। राउरकेला के बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अमित रोहिदास और हार्दिक सिंह की गोल की बदौलत टीम इंडिया ने जीत हासिल की। इसके साथ ही भारतीय टीम ने पिछले तीन मैचों से स्पेन के खिलाफ जीत नहीं मिलने के क्रम को भी तोड़ दिया। भारत की यह विश्वकप में स्पेन के खिलाफ सात मैचों में तीसरी जीत रही, तीन मुकाबले में स्पेन जीता, जबकि एक ड्रॉ रहा। अंतिम बार विश्वकप में भारत ने स्पेन को 2002 के विश्वकप में 3-0 से हराया था।