02:36 AM, 27-Jun-2026
फ्रांस और सेनेगल की धमाकेदार जीत
फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-आई में फ्रांस और सेनेगल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में बड़ी जीत दर्ज की। फ्रांस ने नॉर्वे को 4-1 से शिकस्त दी, जबकि सेनेगल ने इराक को 5-0 से करारी मात देकर तीन अहम अंक अपने नाम किए।
फ्रांस की जीत के सबसे बड़े हीरो उस्मान डेम्बेले रहे। उन्होंने सातवें, 20वें और 32वें मिनट में गोल दागकर शानदार हैट्रिक पूरी की। नॉर्वे के लिए 21वें मिनट में थियो आसगार्ड ने एक गोल कर स्कोर 2-1 किया, लेकिन इंजरी टाइम (90+4') में डिजायर डुए ने गोल कर फ्रांस की जीत पर मुहर लगा दी। फ्रांस ने पूरे मैच में आक्रामक खेल दिखाते हुए नॉर्वे को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
दूसरी ओर, सेनेगल ने इराक के खिलाफ पूरी तरह एकतरफा मुकाबला खेला। हबीब डियारा ने चौथे मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। इसके बाद इस्माइला सार (56'), पापे गुएए (59' और 71') तथा इलिमान एनडियाये (82') ने गोल कर जीत का अंतर 5-0 कर दिया। इराक की मुश्किलें 13वें मिनट में तब और बढ़ गईं, जब रेबिन सुलाका को रेड कार्ड दिखाया गया। 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही इराक की टीम पूरे मैच में संघर्ष करती नजर आई और सेनेगल ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए बड़ी जीत दर्ज की।