फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Norway vs England: बेलिंगहम के दो गोल से इंग्लैंड सेमीफाइनल में, नॉर्वे-हालंद का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त

Sun, 12 Jul 2026 05:24 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मियामी

खास बातें

FIFA World Cup 2026 Norway vs England Quarter-final Football Match Highlights: फीफा विश्वकप में क्वार्टर फाइनल में हैरी केन की इंग्लैंड टीम का सामना एर्लिंग हालंद की नॉर्वे टीम से हुआ। यह मुकाबला मियामी में खेला गया। इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
विज्ञापन
बेलिंगहम - फोटो : FIFA.COM
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:18 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England: इंग्लैंड सेमीफाइनल में

इंग्लैंड ने मियामी में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्वे को 2-1 से हरा दिया और सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। इस हार के साथ नॉर्वे और हालंद का ड्रीम रन ही क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया। 36वें मिनट में शेल्डेरुप के बेहतरीन गोल से नॉर्वे ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। हालांकि, इसके 11 मिनट बाद ही बेलिंगहम ने गोल दाग इंग्लैंड को बराबरी दिला दी। हाफ टाइम तक स्कोर 1-1 की बारबरी पर रहा। दूसरे हाफ में नॉर्वे ने जज्बा दिखाया और अटैक किया, लेकिन गोल करने में कामयाब नहीं हो सके। फुल टाइम तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। और मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया।

हालांकि, एक्स्ट्रा टाइम की शुरुआत में ही बेलिंगहम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल दागा। उन्होंने मैच के 93वें मिनट में गोल किया और इंग्लैंड को 2-1 से आगे कर दिया। एक्स्ट्रा टाइम के 30 मिनट तक इंग्लैंड ने ये बढ़त बनाए रखा और मैच 2-1 से अपने नाम करते हुए 2018 के बाद पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। अब सेमीफाइनल में टीम का सामना अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मैच के विजेता से होगा। 

04:57 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: अब सिर्फ 15 मिनट का खेल बाकी!

अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) का पहला हाफ समाप्त हो गया है और जूड बेलिंगहम के गोल की बदौलत इंग्लैंड 2-1 से आगे है। अब थ्री लायंस के सामने इस बढ़त को बरकरार रखते हुए 2018 रूस विश्व कप के बाद पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचने की चुनौती है। दूसरी ओर नॉर्वे के पास मैच में वापसी करने और मुकाबले को पेनाल्टी शूटआउट तक ले जाने के लिए आखिरी 15 मिनट का मौका है।

04:46 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: इंग्लैंड का दूसरा गोल

मैच एक्स्ट्रा टाइम में जारी है। 93वें मिनट में जूड बेलिंगहैम का जादू फिर चला! गोलकीपर ऑरजान नायलैंड दूर से आए एक शॉट को ठीक से नहीं पकड़ सके और गेंद उनके हाथों से छिटक गई। मौके का पूरा फायदा उठाते हुए जूड बेलिंगहैम ने तेजी से रीबाउंड पर कब्जा किया और गेंद को गोल में पहुंचाकर इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त दिला दी। इस विश्व कप में बेलिंगहैम का यह लगातार दूसरे मैच में दो गोल (ब्रेस) का कारनामा है।

विज्ञापन
04:34 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: एक्स्ट्रा टाइम में मैच

नॉर्वे और इंग्लैंड के बीच मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच चुका है। निर्धारित समय तक 1-1 की बराबरी पर रहा। पहले हाफ में इंग्लैंड ने डोमिनेट किया, जबकि दूसरा हाफ नॉर्वे के नाम रहा। अब अगले 30 मिनट में मैच का नतीजा नहीं आया तो पेनल्टी शूटआउट में मैच जाएगा। 30 मिनट 15-15 मिनट के दो ब्रेक में खेला जाएगा।

04:25 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: 7 मिनट का इंजरी टाइम

सात मिनट का इंजरी टाइम जारी है। स्कोर अभी तक 1-1 की बराबरी पर है। नॉर्वे ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाया है और लगातार अटैक किया है। वहीं उनके डिफेंडर्स ने भी इंग्लिश खिलाड़ियों को अभी तक मौका बनाने नहीं दिया है।

विज्ञापन
03:39 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: दूसरे हाफ का खेल शुरू

दूसरे हाफ के खेल की शुरुआत हो चुकी है। फिलहाल स्कोर 1-1 की बराबरी पर है। दोनों टीमें सेमीफाइनल के लिए जोर लगा रही हैं।

03:24 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: स्कोर 1-1 की बराबरी पर

पहले हाफ में शानदार खेल देखने को मिला है। शुरुआती मिनटों में मुकाबला काफी सतर्क और संतुलित रहा, लेकिन ड्रिंक्स ब्रेक (हाइड्रेशन ब्रेक) के बाद मैच में जान आ गई। नॉर्वे के आंद्रियास शेल्डेरुप ने शानदार गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई, लेकिन इंग्लैंड ने भी तुरंत जवाब दिया। जूड बेलिंगहम ने बेहतरीन फिनिश के साथ गोल करते हुए थ्री लायंस की मैच में वापसी कराई और पहला हाफ 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

इंग्लैंड ने 71 प्रतिशत गेंद पर कब्जा रखते हुए खेल को नियंत्रित किया, जबकि नॉर्वे के पास सिर्फ 25 प्रतिशत पजेशन रहा। इसके बावजूद नॉर्वे ने मिले मौकों का बेहतर इस्तेमाल किया और गोल करने के साथ-साथ इंग्लैंड से ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया। नॉर्वे ने कुल पांच शॉट लगाए, जिनमें चार निशाने पर रहे, जबकि इंग्लैंड केवल दो शॉट ही लगा सका और उसमें भी सिर्फ एक शॉट टारगेट पर रहा। इससे साफ है कि इंग्लैंड ने गेंद पर ज्यादा नियंत्रण रखा, लेकिन नॉर्वे ने कम मौकों में ज्यादा खतरा पैदा किया।

पहले हाफ के आंकड़े

आंकड़ा नॉर्वे इंग्लैंड
गेंद पर कब्जा (पजेशन) 25% 71%
गोल अटैम्प्ट्स 5 2
ऑन टारगेट 4 1
ऑफ टारगेट 1 1
गोल 1 1

03:19 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: इंग्लैंड की वापसी

इंग्लैंड की टीम ने 45+2वें मिनट में वापसी की। जूड बेलिंगहम ने शानदार खेल दिखाते हुए गोल दागा। उन्होंने नॉर्वे के डिफेंडर्स को अकेले छकाया और गोल दागा। फिलहाल स्कोर 1-1 की बराबरी पर है। मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है।

03:14 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: नॉर्वे की बढ़त

नॉर्वे ने 36वें मिनट में मैच का पहला गोल दागा। आंद्रियास शेल्डेरुप का शॉट गोल पोस्ट से टकरागई गोल पोस्ट में चली गई। ब्राजील के खिलाफ भी आंद्रियास ने दो असिस्ट किए थे। इस 22 साल के खिलाड़ी ने अब तक शानदार खेल दिखाया है।

02:53 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: हाइड्रेशन ब्रेक तक कोई गोल नहीं

हाइड्रेशन ब्रेक तक दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकी हैं। हालांकि, पजेशन के मामले में इंग्लैंड की टीम का दबदबा दिखा है। वहीं, नॉर्वे की टीम अभी तक डिफेंसिव ही खेलती दिखी है। शुरुआती 23 मिनट में इंग्लैंड का बॉल पजेशन 71 प्रतिशत रहा है। हालांकि, दोनों ही टीमें गोल पर अब तक कोई अटैम्प्ट नहीं कर सकी हैं।

02:33 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: मुकाबला शुरू

नॉर्वे और इंग्लैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबले की शुरुआत हो चुकी है। दोनों ही टीमों की नजर सेमीफाइनल पर है। नॉर्वे की टीम पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंची है, जबकि इंग्लैंड दूसरी बार सेमीफाइनल में पहुंचना चाहेगी। 
 

  • दोनों देशों के बीच अब तक 12 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें इंग्लैंड ने सात मैच जीते हैं, जबकि नॉर्वे को सिर्फ दो जीत मिली हैं। तीन मुकाबले ड्रॉ रहे हैं।
  • हालांकि नॉकआउट मुकाबलों में इतिहास से ज्यादा मौजूदा फॉर्म मायने रखती है और नॉर्वे पहले ही ब्राजील जैसी दिग्गज टीम को हराकर अपनी क्षमता साबित कर चुका है।
  • विश्वकप में दोनों टीमें पहली बार भिड़ेंगी। इससे पहले दोनों टीमों ने आठ मैच दोस्ताना खेले, जबकि चार बार ओलंपिक में आमने-सामने आए।
  • आठ दोस्ताना मैचों में इंग्लैंड ने छह में जीत हासिल की और दो मैच ड्रॉ रहे। वहीं, ओलंपिक में चार मैचों में नॉर्वे ने दो में जीत हासिल की और एक मैच इंग्लैंड ने जीता। एक मैच ड्रॉ रहा।

02:31 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: सेमीफाइनल में किससे होगा मुकाबला?

नॉर्वे और इंग्लैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले की विजेता टीम सेमीफाइनल में अटलांटा स्टेडियम में अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले मैच की विजेता से भिड़ेगी।

02:31 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: नॉर्वे के अनसुने हीरो हैं ऑरजान नायलैंड

नॉर्वे की टीम की बात हो तो सबसे ज्यादा चर्चा हालंद की होती है, लेकिन मुख्य कोच स्टाले सोलबक्केन की टीम के एक अनसुने हीरो गोलकीपर ऑरजान नायलैंड भी हैं। उन्होंने विश्व कप के इस संस्करण में शानदार प्रदर्शन किया है। खास तौर पर प्री-क्वार्टर फाइनल (राउंड ऑफ 16) में ब्राजील के खिलाफ उन्होंने अहम पेनाल्टी बचाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

02:30 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: एर्लिंग हालंद ने रचा इतिहास

एर्लिंग हालंद ने नॉर्वे के लिए सिर्फ 46 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 50 गोल पूरे कर लिए। इसके साथ ही वह 50 से कम अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 50 गोल करने वाले इतिहास के सिर्फ छठे फुटबॉलर और पिछले 53 वर्षों में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। हालंद ने इस मामले में डेनमार्क के पॉल नील्सन (36 मैच), पश्चिम जर्मनी के गर्ड मुलर (41), हंगरी के फेरेंक पुस्कास (41) और शांडोर कोचिस (42), तथा ब्राजील के महान खिलाड़ी पेले (49) की बराबरी की।
 

02:29 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: गोल्डन बूट की रेस

फीफा विश्व कप 2026 में गोल्डन बूट की रेस अब बेहद रोमांचक हो गई है। अर्जेंटीना के लियोनल मेसी और फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे 8-8 गोल के साथ संयुक्त रूप से सबसे आगे चल रहे हैं। नॉर्वे के एर्लिंग हालंद 7 गोल के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि इंग्लैंड के हैरी केन 6 और फ्रांस के ओस्मान डेम्बेले 5 गोल के साथ दौड़ में बने हुए हैं। सेमीफाइनल से पहले यह मुकाबला और दिलचस्प हो गया है, क्योंकि इन स्टार खिलाड़ियों के पास गोल्डन बूट जीतने के लिए अपने गोलों की संख्या बढ़ाने का शानदार मौका होगा।

02:25 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: दोनों टीमों की स्टार्टिंग लाइन अप

दोनों टीमों की स्टार्टिंग लाइन अप भी आ चुकी है।
 

02:24 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: नॉर्वे की टीम

  • गोलकीपर: ऑर्जन हास्कजॉल्ड नाइलैंड, एगिल सेल्विक, सैंडर टैंगविक।
  • डिफेंडर: क्रिस्टोफर वास्बक्क अजेर, फ्रेड्रिक ब्योर्कन, हेनरिक फालचेनर, सोंड्रे लैंगस, टोरबॉर्न हेग्गेम, मार्कस होल्मग्रेन पेडर्सन, जूलियन रायर्सन, डेविड मोलर वोल्फ, लियो ओस्टिगार्ड।
  • मिडफील्डर: थेलोनियस असगार्ड, फ्रेड्रिक ऑर्स्नेस, पैट्रिक बर्ग, सैंडर बर्ज, ऑस्कर बॉब, जेन्स पेटर हाउज, एंटोनियो नुसा, एंड्रियास शेजेल्डरुप, मोर्टन थोरस्बी, क्रिस्टियन थोरस्टवेट, मार्टिन ओडेगार्ड।
  • फॉरवर्ड: एर्लिंग हैलैंड, जोर्गेन स्ट्रैंड लार्सन, अलेक्जेंडर सोरलोथ।

02:24 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: इंग्लैंड की टीम

  • गोलकीपर: जॉर्डन पिकफोर्ड, डीन हेंडरसन, जेम्स ट्रैफर्ड।
  • डिफेंडर: एजरी कोन्सा, निको ओ'रेली, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, टीनो लिवरामेंटो, डैन बर्न, रीस जेम्स, जेड स्पेंस, जेरेल क्वांसाह।
  • मिडफील्डर: डेक्लान राइस, इलियट एंडरसन, जूड बेलिंगहैम, जॉर्डन हेंडरसन, कोबी मैनू, मॉर्गन रोजर्स, एबेरेची एजे।
  • फॉरवर्ड: बुकायो साका, हैरी केन, मार्कस रैशफोर्ड, एंथोनी गॉर्डन, ओली वॉटकिंस, नोनी मडुके, इवान टोनी।

02:24 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: विश्वकप में पहली बार नॉर्वे बनाम इंग्लैंड

इससे पहले नॉर्वे और इंग्लैंड का वर्ल्ड कप में पहले कभी आमना-सामना नहीं हुआ है, लेकिन वे पहले 12 बार एक-दूसरे का सामना कर चुके हैं, जिसमें 1982 और 1994 टूर्नामेंट के क्वालीफाइंग मैच भी शामिल हैं। दोनों देशों के बीच हालिया मुकाबला 2014 में एक इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच में हुआ था, जिसे इंग्लैंड ने वेम्बली में वेन रूनी की पेनाल्टी की बदौलत 1-0 से जीता था।

02:24 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: इंग्लैंड का शानदार प्रदर्शन

वहीं, फीफा वर्ल्ड कप 1966 की चैंपियन इंग्लैंड ने क्रोएशिया, घाना और पनामा से आगे रहते हुए 'ग्रुप-एल' में टॉप किया, लेकिन क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ी। 'थ्री लायंस' ने 'राउंड ऑफ 32' में डीआर कांगो के खिलाफ एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी की और हैरी केन के दो देर से किए गए गोल की बदौलत 2-1 से जीत हासिल की। इसके बाद उन्होंने सह-मेजबान मैक्सिको के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की, जिसमें जूड बेलिंगहम ने दो गोल किए, जबकि उन्होंने दूसरे हाफ का ज्यादातर समय 10 खिलाड़ियों के साथ खेला था।

02:23 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: हालंद ही रहे हीरो

दोनों मुकाबलों में एर्लिंग हालैंड नॉर्वे के हीरो रहे; जिन्होंने 'राउंड ऑफ 32' में कोटे डी आइवर के खिलाफ देर से विनिंग गोल किया और फिर 'राउंड ऑफ 16' में 5 बार की चैंपियन ब्राजील के खिलाफ दो गोल करके नॉर्डिक देश को टूर्नामेंट में और आगे पहुंचाया।

02:23 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: नॉर्वे ने लिखी सुनहरी कहानी

नॉर्वे ने फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में पहली बार क्वार्टर-फाइनल में पहुंचकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 की एक यादगार कहानी लिखी है। स्टेल सोलबक्केन की टीम 'ग्रुप-आई' में फ्रांस के बाद दूसरे स्थान पर रही और फिर अपने पहले वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में दो बड़ी जीत हासिल कीं।

02:22 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England Live: ढाई बजे से है मैच

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में रविवार को भारतीय समय के अनुसार देर रात ढाई बजे से इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच क्वार्टर फाइनल मैच खेला जाना है। दोनों टीमें मियामी स्टेडियम में निर्णायक मैच को जीतकर 'अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड' मैच की विजेता के साथ सेमीफाइनल में भिड़ने की तैयारी करेंगी। 

02:17 AM, 12-Jul-2026

Norway vs England: बेलिंगहम के दो गोल से इंग्लैंड सेमीफाइनल में, नॉर्वे-हालंद का सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। फीफा विश्वकप में क्वार्टर फाइनल में हैरी केन की इंग्लैंड टीम का सामना एर्लिंग हालंद की नॉर्वे टीम से जारी है। यह मुकाबला मियामी में जारी है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें