फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

England vs Argentina Semi-final Highlights: लगातार दूसरी बार फाइनल में अर्जेंटीना, इंग्लैंड का सफर हुआ समाप्त

Thu, 16 Jul 2026 02:35 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, जॉर्जिया

खास बातें

FIFA World Cup 2026 England vs Argentina Semi-final: लियोनल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना ने खिताब की ओर कदम बढ़ा दिए हैं। एक गोल से पिछड़ने के बावजूद अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बनाई। 
विज्ञापन
अर्जेंटीना बनाम इंग्लैंड - फोटो : FIFA.com
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:34 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: अर्जेंटीना फाइनल में

अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। अर्जेंटीना का सामना अब खिताबी मुकाबले में स्पेन से होगा। अर्जेंटीना खिताब का बचाव करने से अब महज एक कदम दूर रह गई है। वहीं, इंग्लैंड का सफर सेमीफाइनल में ही थम गया है। इंग्लैंड और फ्रांस के बीच तीसरे स्थान के लिए मुकाबला होगा। इंग्लैंड ने दूसरे हाफ में गॉर्डन के गोल की मदद से बढ़त ली थी, लेकिन अर्जेंटीना ने सात मिनट के अंदर दो गोल करके मैच का रुख पलट दिया। अर्जेंटीना के लिए सबसे पहले इंजो फर्नांडेज ने गोल दागा और फिर इंजरी समय में लाउतारो मार्टिनेज ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई। अर्जेंटीना ने आखिरी समय तक इस बढ़त को बरकरार रखा। लियोनल मेसी भले ही इस मैच में गोल नहीं कर सके, लेकिन दोनों गोल करने में उन्होंने मदद की। 

02:23 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: अर्जेंटीना ने ली बढ़त

अर्जेंटीना ने इंजरी टाइम में इंग्लैंड के खिलाफ बढ़त हासिल कर ली है। 90 मिनट के बाद दोनों टीमें बराबरी पर थीं, लेकिन इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में अर्जेंटीना के लिए लाउतारो मार्टिनेज ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। दिलचस्प बात यह है कि इस बार में गोल करने में मेसी ने मदद की। मेसी ने 90+2 मिनट में मार्टिनेज को पास दिया जिसे उन्होंने गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। 

02:17 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: फर्नांडेज ने दिलाई बराबरी

अर्जेंटीना ने आखिरकार इंग्लैंड पर बराबरी हासिल कर ली है। एंजो फर्नांडेज ने 85वें मिनट में लियोनल मेसी के पास पर शानदार गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर किया। फर्नांडेज ने काफी दूर से शॉट लगाया, लेकिन इस बार वह इंग्लैंड के गोलकीपर को चकमा देने में सफल रहे। इससे पहले, लगातार अर्जेंटीना ने बराबरी का गोल दागने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पा रहे थे। 

विज्ञापन
02:13 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: इंग्लैंड की बढ़त बरकरार

इंग्लैंड की बढ़त अब भी बरकरार है और अर्जेंटीना बराबरी हासिल नहीं कर सकी है। अर्जेंटीना ने गोल करने के कुछ मौके जरूर बनाए, लेकिन उसके ये प्रयास अब तक सफल नहीं हो सके हैं। वहीं, दोनों टीमों ने कुछ बदलाव भी किए हैं। 90 मिनट का खेल पूरा होने में अब ज्यादा समय शेष नहीं रह गया है। 

01:58 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: अर्जेंटीना के गोलकीपर ने रोका गोल

बढ़त लेने के बावजूद इंग्लैंड ने आक्रामण जारी रखा है। इंग्लैंड के हैरी केन ने 66वें मिनट में शानदार शॉट मारा, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर ने अपने प्रयास से गोल होने से रोक लिया। मेसी ने एक मिनट के अंदर दो बार कॉर्नर किक के जरिये गोल का प्रयास किया, लेकिन बराबरी नहीं दिला सके। फिर स्ब्स्टीट्यूट प्लेयर के तौर पर मैदान में उतरे निको गोंजालेज ने 69वें मिनट में में गोल करने की कोशिश की, लेकिन इस बार इंग्लैंड के गोलकीपर ने गोल होने से रोक दिया। 

विज्ञापन
01:46 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: इंग्लैंड ने ली बढ़त

इंग्लैंड ने अर्जेंटीना के खिलाफ दूसरे हाफ में बढ़त ले ली है। 55वें मिनट में मोर्गन रोजर्स के पास पर एंथनी गॉर्डन ने शानदार शॉट लगाया और अर्जेंटीना के गोलकीपर को छकाते हुए गेंद गोल पोस्ट के पार भेज दी। इंग्लैंड ने इस तरह गत चैंपियन टीम के खिलाफ 1-0 की बढ़त ली। 

01:42 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: रोमेरिया को पीला कार्ड

अर्जेंटीना के क्रिस्टियन रोमेरियो को मैच रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। रोमेरिया ने बेलिंगहम को पीछे खींचा जिस कारण उन्हें येलो कार्ड दिखाया गया। इस मैच में अब तक तीन खिलाड़ियों को पीला कार्ड मिल चुका है। 

01:38 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: अर्जेंटीना का आक्रामक खेल

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही अर्जेंटीना ने आक्रामक खेल दिखाया और गोल करने का प्रयास किया। 47वें मिनट में अर्जेंटीना के जुलियन एल्वारेज ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर ने इसे सफल नहीं होने दिया। इसके अगले मिनट में ही लियोनल मेसी ने कॉर्नर किक पर गोल का प्रयास किया, लेकिन यह भी सफल नहीं हो सका। 

01:36 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: दूसरे हाफ का खेल शुरू

इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच दूसरे हाफ का खेल शुरू हो गया है। फिलहाल दोनों टीमों एक भी गोल नहीं कर सकी हैं और मुकाबला गोल रहित बराबरी पर चल रहा है। 

01:19 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: पहला हाफ समाप्त

इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच पहले हाफ तक मुकाबला गोल रहित बराबरी पर चल रहा है। पहले हाफ तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। इंग्लैंड और अर्जेंटीना के एक-एक खिलाड़ी को पीला कार्ड भी दिखाया गया। पहले हाफ में दो-तीन बार दोनों टीमें के खिलाड़ियों के बीच तकरार देखने को मिली। पहले हाफ में इंग्लैंड मेसी को रोकने में सफल रहा। 

01:12 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: मार्टिनेज को पीला कार्ड

अर्जेटीना के लिसांद्रो मार्टिनेज को पीला कार्ड दिखाया गया है। मैच के 42वें मिनट में मार्टिनेज ने रोजर्स की शर्ट खींची जिस कारण उन्हें रेफरी ने पीला कार्ड दिखाया। 
 

01:10 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: अर्जेंटीना ने गंवाए दो मौके

पहले हाफ में अर्जेंटीना के पास गोल करने के दो मौके आए, लेकिन गत चैंपियन टीम इसे भुना नहीं सकी। 38वें मिनट में मेसी गोल करने से चूक गए, जबकि इसके चंद सेकेंड बाद एंजो फर्नांडेज ने टॉप राइट कॉर्नर से शॉट लगाया, लेकिन गेंद गोल पोस्ट के बगल से गुजर गई। 

01:07 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: एंडरसन को मिला येलो कार्ड

इंग्लैंड के एलियोट एंडरसन को येलो कार्ड दिखाया गया। 37वें मिनट में एंडरसन ने मेसी को धक्का दिया जिस कारण रेफरी ने उन्हें येलो कार्ड दिखाया। 
 

01:03 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: गोल करने से चूका इंग्लैंड

इंग्लैंड के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन जॉन स्टोंस इससे चूक गए। दरअसल, 33वें मिनट में इंग्लैंड को फ्री किक मिली और स्टोंस ने शॉट खेला। लेकिन गेंद गोल पोस्ट के बगल से निकल गई। इस तरह गोल होने से बच गया। इसके बाद 36वें मिनट में इंग्लैंड को फिर बढ़त लेने के मौका मिला, लेकिन इस बार रीस जेम्स गोल करने से चूक गए। 

12:58 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: पहले हाफ का खेल जारी

हाइड्रेशन ब्रेक के बाद खेल दोबारा शुरू हो गया है। पहला हाफ खत्म होने में अभी समय है, लेकिन दोनों ही टीमें अब तक गोल नहीं कर सकी हैं। 

12:56 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: हाइड्रेशन ब्रेक

अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच 25 मिनट का खेल पूरा हो गया है। हाइड्रेशन ब्रेक तक दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर सकीं। मुकाबला फिलहाल बराबरी पर चल रहा है। 24वें मिनट में अर्जेंटीना के मेसी के पास कॉर्नर किक के जरिये बढ़त लेने का मौका था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके। 

12:48 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: दबाव बना रहा इंग्लैंड

इंग्लैंड की टीम लगातार आक्रामक खेल रही है और उसकी कोशिश अर्जेंटीना पर दबाव बनाने की है। अर्जेंटीना के सिमोन ने लगातार फाउल किए, लेकिन इंग्लैंड की इसका फायदा नहीं उठा सकी है। 

12:40 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: शुरुआती बढ़त से चूका इंग्लैंड

इंग्लैंड की टीम ने अर्जेंटीना पर दबाव बनाया, लेकिन टीम शुरुआती बढ़त लेने से चूक गई। अर्जेंटीना के सिमोन ने छठे मिनट में फाउल किया और आठवें मिनट में इंग्लैंड को बढ़त लेने का मौका मिला। इंग्लैंड के डेकलैन राइस कॉर्नर किक के जरिये गोल करने से चूक गए।

12:34 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: मैदान पर तकरार

मैच के शुरुआती मिनटों में ही इंग्लैंड और अर्जेंटीना के खिलाड़ियों के बीच तकरार हो गई। गेंद के लेने के प्रयास में अर्जेंटीना के एंजो फर्नेंडेज ने तीसरे मिनट में फाउल किया और इसी दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी एक दूसरे के आमने-सामने आ गए। हालांकि, रेफरी ने खिलाड़ियों को अलग किया। 

12:30 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: मैच शुरू

अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच फीफा विश्व कप का सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। दोनों टीमों की नजरें शुरुआती बढ़त लेने पर टिकी हुई हैं। 

12:24 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: मैदान पर उतरीं टीमें

अर्जेंटीना और इंग्लैंड के टीमें सेमीफाइनल मैच के लिए मैदान पर उतर गई हैं। फिलहाल राष्ट्रगान चल रहा है इसके बाद मैच शुरू हो जाएगा। 

12:07 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: दोनों टीमों की शुरुआती प्लेइंग-11

अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज; नाहुएल मोलिना, क्रिस्टियन रोमेरो, लिसेंड्रो मार्टिनेज, निकोलस टैग्लियाफिको; लिएंड्रो पेरेडेस, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज; गिउलिआनो शिमोन, लियोनल मेसी, जूलियन अल्वारेज।

इंग्लैंड: जॉर्डन पिकफोर्ड; रीस जेम्स, जॉन स्टोन्स, मार्क गुएही, जेड स्पेंस; डेक्लान राइस, इलियट एंडरसन; मॉर्गन रोजर्स, जूड बेलिंगहम, एंथनी गॉर्डन, हैरी केन।

12:01 AM, 16-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: मेसी के लिए सबसे बड़ी और कठिन परीक्षा

इसमें कोई शक नहीं है कि लियोनल मेसी और अर्जेंटीना के लिए इंग्लैंड इस विश्वकप की अब तक की सबसे बड़ी चुनौती है। इंग्लैंड के खिलाफ अटलांटा में होने वाला यह सेमीफाइनल मुकाबला अर्जेंटीना के लिए एक बड़ा इम्तिहान है। ऐसा इसलिए है क्योंकि अर्जेंटीना ने सेमीफाइनल तक पहुँचने के लिए अब तक जिन भी टीमों का सामना किया है, उनमें से कोई भी फुटबॉल की पारंपरिक 'ग्लोबल पावरहाउस' या टॉप-15 रैंकिंग वाली टीम नहीं थी। अर्जेंटीना को बेहद आसान रास्ता मिला था, जबकि इंग्लैंड टूर्नामेंट की सबसे खतरनाक और संतुलित टीमों में से एक है। अर्जेंटीना ने इस विश्व कप में अब तक जिन छह टीमों का सामना किया है, उनके खिलाफ मिली जीत के अंतर और उन टीमों की तत्कालीन फीफा रैंकिंग की पूरी जानकारी नीचे टेबल में दी गई है।

11:51 PM, 15-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: पहली बार इंग्लैंड के सामने होंगे मेसी

लियोनल मेसी ने अपने दो दशक से अधिक लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर में लगभग हर बड़ी टीम के खिलाफ खेला है, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ कभी मैदान पर नहीं उतरे। 2005 में जब दोनों टीमें आखिरी बार भिड़ी थीं, तब मेसी बार्सिलोना की युवा टीम से निकलकर सीनियर फुटबॉल में जगह बनाने की कोशिश कर रहे थे। उस मुकाबले में वह टीम का हिस्सा तो थे, लेकिन मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला। अब 39 वर्षीय मेसी पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ विश्व कप के सेमीफाइनल जैसे सबसे बड़े मंच पर उतरेंगे। ऐसे में उनके पास इस ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता में अपना अध्याय जोड़ने का मौका होगा।

11:27 PM, 15-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: स्टार खिलाड़ियों पर टिकी रहेंगी नजरें

इंग्लैंड और अर्जेंटीना दोनों के पास ऐसे खिलाड़ी हैं जो अकेले दम पर मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं। एक ओर बेलिंगहम और केन इंग्लैंड को 1966 के बाद पहली बार विश्व कप फाइनल में पहुंचाने का सपना पूरा करना चाहेंगे, तो दूसरी ओर मेसी अपनी टीम को लगातार दूसरी बार चैंपियन बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाना चाहेंगे। ऐसे में अटलांटा में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों का नहीं, बल्कि विश्व फुटबॉल के सबसे बड़े सितारों की भी सीधी टक्कर होगा।

11:25 PM, 15-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: विजेता टीम की स्पेन से होगी भिड़ंत

अटलांटा में होने वाले इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का विजेता 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में विश्व कप फाइनल में स्पेन का सामना करेगा।

11:23 PM, 15-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Live: विश्व कप में हेड टू हेड

विश्व कप में अब तक दोनों टीमें पांच बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इंग्लैंड ने तीन मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना को दो मैचों में सफलता मिली है। इंग्लैंड और अर्जेंटीना अब तक अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 14 बार आमने-सामने आ चुके हैं। इन मुकाबलों में इंग्लैंड ने छह मैच जीते हैं, जबकि अर्जेंटीना को तीन जीत मिली हैं। दोनों टीमों के बीच पांच मुकाबले ड्रॉ भी रहे हैं। हालांकि, ओवरऑल रिकॉर्ड इंग्लैंड के पक्ष में है, लेकिन विश्व कप जैसे बड़े मंच पर अर्जेंटीना ने कई यादगार जीत दर्ज की हैं। खासकर 1986 का 'हैंड ऑफ गॉड' और 1998 का पेनल्टी शूटआउट आज भी इस ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता की सबसे चर्चित कहानियों में शामिल हैं।

11:15 PM, 15-Jul-2026

England vs Argentina Semi-final Highlights: लगातार दूसरी बार फाइनल में अर्जेंटीना, इंग्लैंड का सफर हुआ समाप्त

FIFA World Cup 2026 England vs Argentina Semi-final Football Match Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। फीफा विश्व कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच आज गत चैंपियन अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेला जाना है। इस मैच में सभी की नजरें लियोनल मेसी और हैरी केन पर हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताबी मुकाबले में पहुंची है या इंग्लैंड उसका सफर समाप्त करता है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें