फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG 2026 Day-7 Highlights: पैरा एथलीट्स ने जीते गोल्ड-सिल्वर, एथलेटिक्स में श्रीशंकर को रजत, अब तक कितने पदक?

Thu, 30 Jul 2026 02:53 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्लास्गो

खास बातें

Glasgow Commonwealth Games 2026 Day-7 Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन से प्रभावित किया। एथलेटिक्स में श्रीशंकर ने लगातार दूसरे राष्ट्रमंडल खेल में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। एथलीट- तजिंदर और समरदीप ने गोला फेंक स्पर्धा के फाइनल तक का सफर तय किया। 
विज्ञापन
भारतीय मुक्केबाज - फोटो : IANS
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:41 AM, 30-Jul-2026

भारत को अब तक कितने पदक, किन खिलाड़ियों ने खींचे ध्यान?

भारतीय खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेल के सातवें दिन तक कुल 15 पदक जीत लिए। सातवें दिन तीन पदक आए, जिसमें एक गोल्ड मेडल, जबकि दो अन्य रजत पदक हैं। पदक तालिका में भारत अब आठवें स्थान पर आ गया है। 7वें दिन पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के नाम पर एक नजर:

  1. दिलीप महादु गावित- पैरा एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक।
  2. पैरा एथलीट मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकथ- रजत पदक।
  3. मुरली श्रीशंकर- एथलेटिक्स में रजत पदक।
पदक तालिका में देशों की स्थिति कैसी?
मेडल टैली के शीर्ष पांच देशों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। 47 स्वर्ण समेत कुल 103 पदकों के साथ ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है, जबकि कनाडा 14 गोल्ड मेडल के साथ कुल 39 पदकों के साथ दूसरे नंबर पर है। तीसरे स्थान पर इंग्लैंड है, जिसकी झोली में अब तक 12 स्वर्ण समेत 56 पदक हैं। मेजबान स्कॉटलैंड नौ स्वर्ण पदकों के अब तक 23 मेडल जीत चुका है और पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। अफ्रीकी देश नाइजीरिया सात स्वर्ण पदक समेत 14 पदक जीते हैं।

धावक अनिमेष कुजूर ने सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय निकाला, कोच क्या बोले?

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक अनिमेष कुजूर ने बुधवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में 200 मीटर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया। उन्होंने अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया। 23 वर्षीय कुजूर ने हीट चार में 20.46 सेकंड का समय लेकर जीत हासिल की। उन्होंने कैमरून के एमानुएल एसेमे को पीछे छोड़ा, जिन्होंने मंगलवार को 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था। कुजूर कुल 16 सेमीफाइनलिस्टों में सातवें स्थान पर रहे। एसेमे 20.73 सेकंड के साथ 14वें स्थान पर आगे बढ़े। कुजूर के कोच मार्टिन ओवेन्स ने कहा कि यह जीत अनिमेष का आत्मविश्वास बढ़ाएगी। उन्होंने अनिमेष के प्रदर्शन को शानदार बताया। कुजूर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 20.32 सेकंड है। उनका पिछला सीजन का सर्वश्रेष्ठ समय 20.47 सेकंड था, जो उन्होंने पिछले महीने न्यू ताइपे सिटी एथलेटिक्स ओपन में बनाया था। सेमीफाइनल गुरुवार को होंगे।

01:40 AM, 30-Jul-2026

श्रीशंकर ने लगातार दूसरी बार जीता रजत पदक, रचा इतिहास

भारतीय एथलीट मुरली श्रीशंकर ने बुधवार को भारतीय एथलेटिक्स इतिहास में एक और अध्याय जोड़ दिया। राष्ट्रमंडल खेलों के लगातार दो संस्करण में सिल्वर मेडल जीतने वाले पहले खिलाड़ी श्रीशंकर ने 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी लंबी कूद स्पर्धा का रजत पदक जीता था। 

जमैका के पूर्व विश्व चैंपियन ताजय गेल ने 8.15 मीटर की सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। स्थानीय और पसंदीदा स्टीफन मैकेंजी (स्कॉटलैंड) ने 8.08 मीटर के साथ पोडियम पर अंतिम स्थान यानी कांस्य पदक हासिल किया।

27 वर्षीय मुरली श्रीशंकर से पहले, इस स्पर्धा में देश के एकमात्र पदक विजेता सुरेश बाबू (पुरुष कांस्य पदक, 1978) थे। महिलाओं में अंजू बॉबी जॉर्ज (कांस्य पदक, 2002) और एम प्रजुशा (रजत पदक, 2010) अन्य एथलीट्स हैं, जिन्होंने देश के लिए पदक जीते हैं।

01:35 AM, 30-Jul-2026

पैरा एथलेटिक्स शानदार प्रदर्शन, भारत ने जीता तीसरा गोल्ड मेडल

पुरुषों की 100 मीटर T47 फाइनल स्पर्धा में भारत के दिलीप महादु गावित ने स्वर्णिम सफलता पाई। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उन्होंने भारत को तीसरा गोल्ड मेडल दिलाया। 100 मीटर T47 फाइनल में 10.71 सेकंड का गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए दिलीप ने गोल्ड मेडल जीता। देश की खुशी उस समय और बढ़ गई जब इसी स्पर्धा में मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकथ ने भारत के लिए 1-2 की स्थिति बनाई और 10.83 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता। ये बासिल के सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

विज्ञापन
01:30 AM, 30-Jul-2026

1500 मीटर फ्री-स्टाइल तैराकी: आर्यन नेहरा सातवें स्थान पर रहे

भारत के आर्यन नेहरा कॉमनवेल्थ गेम्स 1500 मीटर फ्री-स्टाइल तैराकी (पुरुष वर्ग) के फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। आर्यन ने 12:28.55 का समय लिया और पूरी रेस के दौरान सातवें स्थान पर बने रहे। भारतीय खिलाड़ी ने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन आगे चल रहे खिलाड़ियों को चुनौती नहीं दे सके। वे विजेता से 41.77 सेकंड पीछे रहे।

मनप्रीत कौर शॉट पुट फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं
मनप्रीत कौर कॉमनवेल्थ गेम्स में मेडल जीतने से मामूली अंतर से चूक गईं; वह महिलाओं के शॉट पुट फ़ाइनल में 17.49 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहीं। पांचवें राउंड के प्रयास के बाद मनप्रीत कांस्य पदक जीतने की स्थिति में पहुंच गई थीं, लेकिन जमैका की लॉयड्रिशिया कैमरन ने 17.87 मीटर के थ्रो के साथ पोडियम पर तीसरा स्थान हासिल किया। 

01:25 AM, 30-Jul-2026

महिलाओं का शॉट पुट फाइनल: मनप्रीत कौर ने 17 मीटर का मार्क पार किया, चौथे स्थान पर

भारत की मनप्रीत कौर ने महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा में अपनी तीसरी कोशिश में 17.00 मीटर का मार्क हासिल किया। वे मेडल की स्टैंडिंग में चौथे स्थान पर बनी हुई हैं। कांस्य पदक की इस होड़ में उनसे आगे जमैका की लॉयड्रिशिया कैमरन (17.40 मीटर) हैं। अभी तीन कोशिशें बाकी हैं, ऐसे में भारतीय खिलाड़ी के पास पोडियम तक पहुंचने का बेहतरीन मौका है। 

विज्ञापन
01:20 AM, 30-Jul-2026

लोकेश सत्यनाथन लॉन्ग जंप में पांचवें स्थान पर रहे

भारत के लोकेश सत्यनाथन ने पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा के मेडल मुकाबले में 7.97 मीटर की अपनी सर्वशेष्ठ कोशिश के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। लोकेश की 7.97 मीटर की शुरुआती जंप कॉम्पिटिशन में उनका बेस्ट मार्क रही। बाद की कोशिशों में उन्होंने 7.70 मीटर, 7.49 मीटर, 7.65 मीटर, 7.32 मीटर और 7.62 मीटर जंप किए। इस तरह लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद लोकेश मेडल की दौड़ से बाहर रह गए।

01:15 AM, 30-Jul-2026

पांचवीं जंप के बाद श्रीशंकर रजत पदक जीतने की स्थिति में

कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की लॉन्ग जंप स्पर्धा में पांच कोशिशों के बाद भारत के मुरली श्रीशंकर दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। श्रीशंकर भले ही अपने 8.09 मीटर के बेस्ट मार्क में सुधार नहीं कर सके, लेकिन वे रजत पदक जीतने के मजबूत दावेदार हैं। जमैका के ताजे गेल 8.15 मीटर के साथ कॉम्पिटिशन में आगे चल रहे हैं।

01:05 AM, 30-Jul-2026

सुयश पैरा स्विमिंग फाइनल में चौथे स्थान पर रहे

भारत के सुयश नारायण जाधव कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 50 मीटर फ्रीस्टाइल S7 फाइनल स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे। 31.63 सेकंड का समय निकालने वाले सुयश बहुत मामूली अंतर से मेडल से चूक गए। उनके साथी खिलाड़ी चैतन्य विश्वास कुलकर्णी 33.17 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहे। दक्षिण अफ्रीका के क्रिश्चियन सैडी ने 28.06 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ गोल्ड मेडल जीता।

12:55 AM, 30-Jul-2026

शॉट पुट फाइनल: मनप्रीत ने सुधार किया, चौथे स्थान पर बरकरार

महिलाओं के शॉट पुट फाइनल में भारत की मनप्रीत कौर ने अपनी दूसरी कोशिश में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को 16.66 मीटर के थ्रो के साथ बेहतर किया। बेहतर थ्रो की वजह से भारतीय खिलाड़ी चौथे स्थान पर हैं। चार कोशिशें अभी भी बाकी हैं ऐसे में मनप्रीत से भी मेडल की उम्मीदें हैं।

12:50 AM, 30-Jul-2026

श्रीशंकर दूसरे स्थान पर बरकरार

पुरुषों के लॉन्ग जंप फाइनल में चार कोशिशों के बाद भारत के मुरली श्रीशंकर दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। दूसरी कोशिश में 8.09 मीटर की जंप के साथ वे मेडल की दौड़ में मजबूती से बने हुए हैं।

12:45 AM, 30-Jul-2026

पुरुषों का लॉन्ग जंप फाइनल: लोकेश के प्रदर्शन में सुधार, मेडल से चूके

भारत के लोकेश सत्यनाथन ने 7.97 मीटर की कोशिश के साथ अपने प्रदर्शन में सुधार किया। हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के लॉन्ग जंप फाइनल में वे मेडल जीतने से चूक गए। 7.70m, 7.49m और 7.65m के लॉन्ग जंप के बावजूद वे टॉप तीन में जगह नहीं बना सके।

12:35 AM, 30-Jul-2026

महिलाओं का शॉट पुट फाइनल: मनप्रीत ने किया 15.92 मीटर का थ्रो

भारत की मनप्रीत कौर ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के शॉट पुट फाइनल में 15.92 मीटर के शुरुआती थ्रो के साथ मुकाबले की शुरुआत की। पहले राउंड के बाद भारतीय खिलाड़ी अभी चौथे स्थान पर हैं। पांच थ्रो बाकी हैं, ऐसे में मनप्रीत अपने स्कोर को बेहतर बनाते  हुए मेडल हासिल करने का प्रयास करेंगी।

12:25 AM, 30-Jul-2026

लॉन्ग जंप: श्रीशंकर और लोकेश टॉप-8 में पहुंचे

कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में भारत की पदक की उम्मीदें जिंदा हैं। श्रीशंकर और लोकेश सत्यनाथन प्रतियोगिता के फाइनल के आखिरी तीन राउंड में पहुंच गए हैं। श्रीशंकर ने दूसरी कोशिश में 8.09 मीटर की जंप लगाई और मेडल की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश की। लोकेश ने भी टॉप-8 में जगह बनाने के लिए काफी अच्छा प्रदर्शन किया। दोनों भारतीयों को तीन अतिरिक्त जंप मिलेंगी। खिलाड़ियों की संख्या कम होने के बीच दोनों अपने स्कोर को बेहतर बनाते हुए पोडियम पर जगह बनाने की कोशिश करेंगे।

12:20 AM, 30-Jul-2026

लय पाने को संघर्ष कर रहे सत्यनाथन

ऊंची कूद स्पर्धा में भारतीय एथलीट सत्यनाथन की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही। लय की कमी से जूझते हुए सत्यनाथन आखिरी पल में लड़खड़ाते हुए दिखे, जिससे उनकी जंप पर असर पड़ रहा है। 

12:15 AM, 30-Jul-2026

शॉट पुट में मनप्रीत कौर से पदक की आशा

मनप्रीत कौर ने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा के फाइनल में अपना अभियान शुरू किया। वे एथलेटिक्स के इस मेडल इवेंट में पोडियम पर जगह बनाने की कोशिश करेंगी।

12:04 AM, 30-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: पुरुष लंबी कूद का फाइनल जारी

पुरुष लंबी कूद का फाइनल जारी है। भारत की ओर से इस स्पर्धा में मुरली श्रीशंकर ओर लोकेश सत्यनाथन चुनौती पेश कर रहे हैं। 

11:14 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: जैस्मीन ने पदक पक्का किया

जैस्मीन ने सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में पदक पक्का कर लिया है। भारत की जैस्मीन का सामना महिला 57 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की एलिस ग्लीन से हुआ। जैस्मीन ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए खंडित फैसले में 4-1 से जीत दर्ज की। भारत ने आज मुक्केबाजी में छह पदक पक्के किए। दिलचस्प बात यह है कि राष्ट्रमंडल खेलों के सातवें दिन भारत के छह मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल में उतरे और सभी ने जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई।   

10:04 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: लॉन बॉल में भारत की जीत

लॉन बॉल में पुरुष पेयर्स सेक्शन बी के दूसरे राउंड में भारत ने नामीबिया को 2-0 से हराया। भारत के नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी का सामना नामीबिया के क्रिस्टो स्टीनकैंप और वेलोन वेंटजेल से हुआ। भारतीय जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। 

08:58 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: लॉन बॉल का मैच जारी

लॉन बॉल में पुरुष पेयर्स सेक्शन बी का दूसरा राउंड का मुकाबला खेला जा रहा है। भारत के नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी का सामना नामीबिया के क्रिस्टो स्टीनकैंप और वेलोन वेंटजेल से हो रहा है। 

07:26 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: नरेंदर का पदक पक्का

भारतीय मुक्केबाज नरेंदर ने भी पुरुष 90+ किग्रा वर्ग में पदक पक्का कर लिया है। नरेंदर ने क्वार्टर फाइनल में सामोआ के माइकल सेको को खंडित फैसले में 3-2 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारत के आज अब तक पांच मुक्केबाज रिंग में उतरे और सभी ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही इन पांचों भारतीय मुक्केबाजों ने पदक पक्के कर लिए। 

07:09 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: अंकुश भी सेमीफाइनल में

भारतीय मुक्केबाजों ने सातवें दिन अपना जलवा बरकरार रखा है। अंकुश ने पुरुष 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सेशेल्स के जैड मिकॉक को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके साथ ही अंकुश ने भी मुक्केबाजी में अपने लिए पदक पक्का कर लिया है। आज अब तक चार भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर चुके हैं। 

06:28 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: सचिन सिवाच ने पदक पक्का किया

भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी है और अब सचिन सिवाच ने भी राष्ट्रमंडल खेलों में पदक पक्का कर लिया है। सचिन सिवाच ने पुरुष 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। आज अब तक तीनों भारतीय मुक्केबाजों ने सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्के किए हैं। इससे पहले, मंगलवार को तीन मुक्केबाजों ने पदक पक्के किए थे। 

05:46 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: अरुंधति का पदक पक्का

भारत की एक अन्य मुक्केबाज अरुंधति चौधरी ने सेमीफाइनल में पहुंचने के साथ ही पदक पक्का कर लिया है। अरुंधति का महिला 70 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की मोर्गन हेंडरसन से सामना हुआ। अंरुधति ने इस मैच में दमदार प्रदर्शन किया और 3-1 के खंडित फैसले में जीत दर्ज की। भारतीय मुक्केबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है और मुक्केबाजी में भारत ने अब तक छह पदक पक्के कर लिए हैं। 

05:04 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: अनिमेष सेमीफाइनल में

भारत के स्टार धावक अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर स्प्रिंट में अपनी हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने हीट्स में 20.46 सेकेंड का समय लिया। अनिमेष ओवरऑल सातवें स्थान पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंचे। उनकी हीट में इमैनुएल एसेमे और म्वुयो मॉस जैसे धावक थे, लेकिन अनिमेष ने पहला स्थान हासिल किया। 

04:59 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: साक्षी ने पक्का किया पदक

साक्षी ने मुक्केबाजी में भारत का एक और पदक पक्का कर लिया है। साक्षी ने महिला किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में उत्तरी आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया। 

04:24 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: अनिमेष कुजूर का शानदार प्रदर्शन

भारत के स्टार धावक अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर स्प्रिंट में अपनी हीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने हीट्स में 20.46 सेकंड का समय लिया। उनकी हीट में इमैनुएल एसेमे और म्वुयो मॉस जैसे धावक थे, लेकिन अनिमेष ने पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, अभी सेमीफाइनल के लिए वह आधिकारिक तौर पर क्वालिफाई नहीं किए हैं, लेकिन कॉमेंटेटर्स के मुताबिक वह सेमीफाइनल में क्वालिफाई कर जाएंगे। कुल 10 हीट्स हैं और हर हीट में करीब सात धावक हैं। इन लगभग 70-75 धावकों में से सर्वश्रेष्ठ समय वाले 16 धावक सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे। अभी जितनी हीट हुई हैं, उन्हें मिलाकर कुजूर फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं।


04:07 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: तजिंदर पाल और समरदीप फाइनल में

शॉटपुट यानी गोला फेंक में भारत के तजिंदर पाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल ने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। तजिंदर ने क्वालिफिकेशन में 20.14 मीटर थ्रो करके दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि समरदीप ने 19.95 मीटर के थ्रो के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। फाइनल में इन दोनों से पदक की उम्मीदें हैं। शॉटपुट का फाइनल 30 जुलाई को रात साढ़े 11 बजे से खेला जाएगा।

04:03 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: सुयश और चैतन्य फाइनल में

पैरा स्विमिंग में पुरुषों के 50 मीटर फ्री स्टाइल S7 हीट्स में भारत के सुयश नारायण जाधव चौथे और चैतन्य विश्वास कुलकर्णी छठे स्थान पर रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। अब आज ही ये दोनों रात 12 बजकर 46 मिनट पर फाइनल में उतरेंगे। भारत को इनसे दो पदकों की आस होगी।

03:50 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: पुरुषों के 200 मीटर फ्रीस्टाइल में भारतीय आगे नहीं बढ़ पाए

पुरुषों के 200 मीटर फ्रीस्टाइल में भारतीय आगे नहीं बढ़ पाए। अनीश सुनील कुमार गौड़ा 18वें और साजन प्रकाश 20वें स्थान पर रहे।

02:41 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: संजना नहीं जीत पाईं पदक

महिला भारोत्तोलन में 77 किग्रा वर्ग में स्नैच राउंड में भारत की संजना के तीनों अटैम्प्ट फेल रहे और इस तरह वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। एक भी अटैम्प्ट सही नहीं रहने के कारण वह अब क्लीन एंड जर्क राउंड में हिस्सा नहीं ले पाएंगी।

02:16 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: स्नैच राउंड शुरू

महिला भारोत्तोलन में 77 किग्रा भार वर्ग की प्रतियोगिता की शुरुआत हो चुकी है। भारत की संजना इस भारवर्ग में खेल रही हैं। उनसे भारोत्तोलन में एक और पदक की उम्मीद है। भारत ने इस कॉमनवेल्थ गेम्स में भारोत्तोलन में अब तक सबसे ज्यादा सात पदक जीते हैं।

02:08 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: भारत की आज की सबसे बड़ी पदक उम्मीदें

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन भारत को कई स्पर्धाओं में पदक की उम्मीदें हैं। दिन की शुरुआत दोपहर 2:00 बजे भारोत्तोलन से होगी, जहां संजना महिलाओं के 77 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उतरेंगी और भारत का खाता खोलने की कोशिश करेंगी। इसके बाद एथलेटिक्स में मुरली श्रीशंकर और लोकेश सत्यानाथन पुरुषों की लंबी कूद के फाइनल में पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। वहीं मनप्रीत कौर महिला शॉट पुट फाइनल में भारत की पदक उम्मीदों को आगे बढ़ाने उतरेंगी।

01:20 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: भारत का 29 जुलाई (बुधवार) का पूरा कार्यक्रम (भारतीय समयानुसार)

समय स्पर्धा भारतीय खिलाड़ी
2:00 PM भारोत्तोलन (महिला 77 किग्रा) (मेडल इवेंट) संजना
3:12 PM तैराकी, पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल हीट्स साजन प्रकाश, अनीश एस गौड़ा
3:35 PM एथलेटिक्स, पुरुष शॉट पुट क्वालीफिकेशन तजिंदरपाल सिंह तूर, समरदीप सिंह गिल
3:44 PM पैरा तैराकी, पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल S7 हीट्स सुयश नारायण जाधव, चैतन्य विश्वास कुलकर्णी
4:02 PM एथलेटिक्स, पुरुष 200 मीटर हीट्स अनिमेष कुजूर
4:45 PM मुक्केबाजी, महिला 51 किग्रा क्वार्टर फाइनल (जीत पर पदक पक्का होगा) साक्षी चौधरी
5:30 PM मुक्केबाजी, महिला 70 किग्रा क्वार्टर फाइनल (जीत पर पदक पक्का होगा) अरुंधति चौधरी
6:15 PM मुक्केबाजी, पुरुष 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल (जीत पर पदक पक्का होगा) सचिन सिवाच
7:00 PM मुक्केबाजी, पुरुष 80 किग्रा क्वार्टर फाइनल (जीत पर पदक पक्का होगा) अंकुश यादव
7:30 PM मुक्केबाजी, पुरुष 90+ किग्रा क्वार्टर फाइनल (जीत पर पदक पक्का होगा) नरेंद्र बरवाल
8:55 PM लॉन बॉल्स, पुरुष पेयर्स दिनेश कुमार, नवनीत सिंह
11:00 PM मुक्केबाजी, महिला 57 किग्रा क्वार्टर फाइनल (जीत पर पदक पक्का होगा) जैसमीन लम्बोरिया
11:51 PM तैराकी, पुरुष 200 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल (मेडल इवेंट, क्वालिफाई करने पर) साजन प्रकाश, अनीश एस गौड़ा
11:54 PM एथलेटिक्स, पुरुष लॉन्ग जंप फाइनल (मेडल इवेंट) श्रीशंकर मुरली, लोकेश सत्यानाथन
12:03 AM एथलेटिक्स, पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ हीट्स यशस पालक्षा, संतोष कुमार थमिलारासन
12:31 AM एथलेटिक्स, महिला शॉट पुट फाइनल (मेडल इवेंट) मनप्रीत कौर
12:46 AM पैरा तैराकी, पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल S7 फाइनल (मेडल इवेंट, क्वालिफाई करने पर) सुयश नारायण जाधव, चैतन्य विश्वास कुलकर्णी
12:55 AM पैरा एथलेटिक्स, पुरुष डिस्कस थ्रो F42-44/F61-64 फाइनल (मेडल इवेंट) देवेंद्र कुमार, सागर थयात
1:10 AM लॉन बॉल्स, महिला सिंगल्स नयनमोनी सैकिया
1:14 AM तैराकी, पुरुष 1500 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल (मेडल इवेंट) आर्यन नेहरा
1:42 AM पैरा एथलेटिक्स, पुरुष 100 मीटर T47 फाइनल (मेडल इवेंट) मोहम्मद बासिल एम, दिलीप महादू गावित
2:05 AM एथलेटिक्स, महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल (मेडल इवेंट) पारुल चौधरी

01:20 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: तैराकी और पैरा एथलेटिक्स में भी उम्मीदें

तैराकी में साजन प्रकाश, अनीश एस गौड़ा और आर्यन नेहरा भारतीय चुनौती पेश करेंगे। वहीं पैरा तैराकी में सुयश नारायण जाधव और चैतन्य विश्वास कुलकर्णी तथा पैरा एथलेटिक्स में देवेंद्र कुमार, सागर थयात, मोहम्मद बासिल और दिलीप महादू गावित भी मेडल इवेंट में उतर सकते हैं।

01:20 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: मुक्केबाजों के पास पदक पक्का करने का मौका

भारतीय मुक्केबाजी टीम के लिए भी बुधवार बेहद अहम रहेगा। साक्षी चौधरी, जैसमीन लैम्बोरिया, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच, अंकुश यादव और नरेंद्र बरवाल क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उतरेंगे। इन मुकाबलों में जीत दर्ज करने वाला हर भारतीय मुक्केबाज कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लेगा। यानी मुक्केबाज आज जीत पर कम से कम छह पदक पक्का कर लेंगे।

01:20 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: श्रीशंकर, संजना और पारुल पर रहेंगी निगाहें

भारतीय स्टार लॉन्ग जंपर मुरली श्रीशंकर ने क्वालिफिकेशन पहले ही प्रयास में पार कर फाइनल में जगह बनाई थी। अब उनसे पदक की उम्मीद रहेगी। उनके साथ लोकेश सत्यानाथन भी लॉन्ग जंप फाइनल में उतरेंगे। महिलाओं के शॉट पुट फाइनल में मनप्रीत कौर और 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल में पारुल चौधरी भी भारत की दावेदारी मजबूत करेंगी। भारोत्तोलन में संजना महिला 77 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में उतरेंगी, जबकि अनुभवी तजिंदरपाल सिंह तूर पुरुष शॉट पुट क्वालिफिकेशन में फाइनल का टिकट हासिल करने की कोशिश करेंगे।

01:19 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Live: आज कई पदक दांव पर

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में बुधवार (29 जुलाई) भारत के लिए बेहद अहम दिन रहने वाला है। पूरे दिन एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, तैराकी, पैरा तैराकी, पैरा एथलेटिक्स और लॉन बॉल्स में भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। खास बात यह है कि दिनभर क्वालीफिकेशन मुकाबलों के साथ कई मेडल इवेंट भी होंगे, जिनमें भारत की पदक संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

01:15 PM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-7 Highlights: पैरा एथलीट्स ने जीते गोल्ड-सिल्वर, एथलेटिक्स में श्रीशंकर को रजत, अब तक कितने पदक?

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में आज भारत के पास एक बार फिर कई पदक जीतने का मौका है। भारोत्तोलन और एथलेटिक्स में आज कई पदक दांव पर हैं। मुक्केबाजी में भी आज कई पदक पक्के कर सकते हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें