भारतीय टीम ने इंग्लैंड को चार रन से हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम ने फाइनल में जगह बना ली है। 165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम छह विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना पाई और यह मैच चार रन से हार गई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने अपना पदक पक्का कर लिया है। अब फाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। फाइनल मैच भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे होगा।
इंग्लैंड का छठा विकेट गिर चुका है। स्नेह राणा ने भारत को छठी सफलता दिलाई है।
इंग्लैंड का पांचवा विकेट गिर चुका है। कप्तान नताली स्कीवर 40 रन बनाकर आउट हो चुकी है। इसके साथ ही भारतीय टीम की पकड़ मैच में मजबूत हो चुकी है। इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन की जरूरत है। धीमी ओवर गति के कारण भारत को पेनाल्टी मिली है और अब आखिरी ओवर में सिर्फ तीन खिलाड़ी 30 गज के बाहर हैं।
135 रन के स्कोर पर इंग्लैंड का चौथा विकेट गिरा है। इसके साथ ही भारतीय टीम मैच में वापस लौट चुकी है। स्नेह राणा की गेंद को मिड ऑफ में खेलने के बाद एमी जोन्स एक रन लेना चाहती थीं, लेकिन राधा यादव ने सही थ्रो करके उन्हें आउट कर दिया। अब इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी दो ओवरों में 27 रन की जरूरत है।
एमी जोन्स और कप्तान स्कीवर के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हो चुकी है। इंग्लैंड ने 17 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 135 रन बना लिए हैं। इसके साथ ही भारतीय टीम बैकफुट पर आ गई है। इंग्लैंड की टीम को आखिरी तीन ओवरों में जीत के लिए 30 रन की जरूरत है।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम ने तीन विकेट के नुकसान पर 100 रन से ज्यादा का स्कोर बना लिया है। एमी जोन्स और नताली स्कीवर के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है और भारतीय टीम फिर मैच में पिछड़ रही है।
स्नेह राणा ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई है। 81 के स्कोर पर इंग्लैंड का तीसरा विकेट गिरा है। उन्होंने यॉट को 35 के स्कोर पर क्लीन बोल्ड कर मैच में भारत की वापसी कराई है।
भारत को दूसरा विकेट रन आउट के रूप में मिला है। कैप्सी दूसरा रन भागने के प्रयास में रन आउट हो गईं। उन्होंने आठ गेंदों में 13 रन बनाए। खतरनाक दिख रही साझेदारी टूट चुकी है। अब भारत को इंग्लैंड के बल्लेबाजों पर दबाव बनाना होगा।
इंग्लैंड का स्कोर एक विकेट के नुकसान पर 50 रन के पार जा चुका है। पावरप्ले में इंग्लैंड ने एक विकेट के नुकसान पर 58 रन बना लिए हैं। यहां से इंग्लैंड के लिए 165 रन का लक्ष्य आसान नजर आ रहा है। यॉट और कैप्से के बीच 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को मैच में वापसी करने के लिए जल्द ही यह साझेदारी तोड़नी होगी।
165 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने पहला विकेट गंवा दिया है। 28 रन के स्कोर पर इंग्लैंड को पहला झटका लगा है। दीप्ती शर्मा ने डंकली को आउट करके भारत को पहली सफलता दिलाई। डंकली ने 19 रन बनाए। हालांकि, इंग्लैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की है और चार ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 42 रन बना लिए हैं।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 164 रन बनाए। टीम के लिए स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने 32 गेंद पर 61 रन की शानदार पारी खेली। उनके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज ने 31 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए। जेमिमा ने अपनी पारी में सात चौके लगाए। दीप्ति शर्मा ने 20 गेंद पर 22, हरमनप्रीत कौर ने 20 गेंद पर 20 और शेफाली वर्मा ने 17 गेंद पर 15 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए फ्रेया केम्प ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
भारत को तीसरा झटका हरमनप्रीत कौर के रूप में लगा। कप्तान हरमनप्रीत 20 गेंद पर 20 रन बनाकर फ्रेया केम्प की गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने दो चौके और एक छक्का लगाया। हरमन के आउट होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्ज क्रीज पर आई हैं। भारत ने 14 ओवर में तीन विकेट पर 113 रन बना लिए हैं।
भारत के 100 रन पूरे हो गए हैं। टीम इंडिया ने 13वें ओवर की अंतिम गेंद पर 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया।
भारत को दूसरा झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा। मंधाना तूफानी अर्धशतक लगाने के बाद आउट हो गईं। उन्होंने 32 गेंद पर 61 रन बनाए। इस दौरान आठ चौके और तीन छक्के लगाए। मंधाना पीछे की ओर बाउंड्री लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गईं। नटाली स्कीवल की गेंद पर वॉन्ग ने उनका कैच लिया। मंधाना के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर आ गई हैं।
भारत को पहला झटका आठवें ओवर की पांचवीं गेंद पर लगा। शेफाली वर्मा 17 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हो गईं। शेफाली ने अपनी पारी में दो चौके लगाए। शेफाली ने स्मृति मंधाना के साथ पहले विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की।
स्मृति मंधाना ने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। मंधाना ने छठे ओवर में सोफी एक्लेस्टोन की गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया।
भारतीय ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत की है। दोनों ने पहले तीन ओवर में 28 रन बना लिए। स्मृति मंधाना तेजी से रन बना रही हैं। उन्होंने 13 गेंद पर 24 रन बना लिए हैं। इस दौरान पांच चौके लगाए हैं। वहीं, शेफाली ने पांच गेंद पर चार रन बनाए हैं।
भारतीय टीम की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा क्रीज पर उतर गई हैं। मंधाना ने पहले ओवर में कैथरीन ब्रंट की गेंद पर चौका लगाया। टीम इंडिया का स्कोर एक ओवर में बिना किसी नुकसान के छह रन है।
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), तानिया भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, स्नेह राणा, मेघना सिंह, रेणुका सिंह।
इंग्लैंड: डेनियल याट, सोफिया डंकली, नटाली स्कीवर (कप्तान), एमी जोन्स (विकेटकीपर), माइया बाउचियर, एलिस कैप्सी, कैथरीन ब्रंट, सोफी एक्लेस्टोन, फ्रेया केम्प, इस्सी वोंग, सारा ग्लेन।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ टॉस जीत लिया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत ने टीम में एक भी बदलाव नहीं किया है।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के सामने है। दोनों टीमें यह मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाना चाहेंगी। फाइनल में पहुंचने वाली टीम कम से कम रजत पदक भी पक्का कर लेगी। वहीं, हारने वाली टीम को दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से कांस्य पदक के लिए भिड़ना होगा।
भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया है। पहले ही मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल में डाल दिया था। हालांकि, बाद में कंगारू टीम ने शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान और बारबाडोस के खिलाफ शानदार जीत हासिल की है।