भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार क्रिकेट में पदक मिला है। हालांकि, यह स्वर्ण पदक होता तो इसकी खुशी ज्यादा होती। क्रिकेट 1998 में इससे पहले राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा था। तब भारतीय पुरुष टीम कोई पदक नहीं जीत पाई थी। ऑस्ट्रेलिया ने वनडे वर्ल्ड कप और टी20 वर्ल्ड कप के बाद राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक हासिल कर लिया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम 19.3 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई। उसे जीत के लिए आखिरी ओवर में 11 रन बनाने थे, लेकिन टीम इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकीं। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच नौ रन से अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम के लिए हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 65 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्ज ने 33 रनों का योगदान दिया। इन दोनों के अलावा सभी बल्लेबाज फेल रहीं। ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में इस मैच को एश्ले गार्डनर ने मोड़ दिया। उन्होंने एक ही ओवर में पूजा वस्त्राकर और हरमनप्रीत कौर को आउट कर मैच पलट दिया। गार्डनर ने तीन और मेगन सट ने दो विकेट लिए।
दीप्ति शर्मा 13 रन बनाकर आउट हो गई हैं। उन्हें मेगन सट ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। भारत ने 18.3 ओवर में आठ विकेट पर 143 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए नौ गेंद पर 13 रन चाहिए।
स्वर्ण पदक मैच रोमांचक स्थिति में पहुंच गया है। स्नेह राणा 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर रनआउट हो गईं। उन्होंने छह गेंद पर आठ रन बनाए। टीम इंडिया ने 18 ओवर में छह विकेट पर 145 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए 12 गेंद पर 17 रन चाहिए।
भारत ने 17 ओवर में पांच विकेट पर 134 रन बना लिए हैं। टीम को 18 गेंद पर 28 रन चाहिए। दीप्ति शर्मा और स्नेह राणा क्रीज पर हैं।
एश्ले गार्डनर ने 16वें ओवर मैच में रोमांच ला दिया है। उन्होंने चौथी गेंद पर पूजा वस्त्राकर और फिर पांचवीं गेंद पर कप्तान हरमनप्रीत कौर को आउट कर दिया। पूजा पांच गेंद पर एक रन बनाकर बेथ मूनी को कैच थमा बैठीं। उनके बाद अगली ही गेंद पर हरमनप्रीत स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में विकेटकीपर एलिसा हिली को कैच दे बैठीं। भारत का स्कोर पांच विकेट पर 121 रन है। उसे जीतने के लिए अभी भी 25 गेंद पर 41 रन चाहिए।
भारत को तीसरा झटका 15वें ओवर में लगा। जेमिमा रोड्रिग्ज 33 गेंद पर 33 रन बनाकर मेगन सट की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गईं। उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जेमिमा ने अपनी पारी में तीन चौके लगाए। भारत ने 15 ओवर में तीन विकेट पर 118 रन बना लिए हैं। उसे जीत के लिए पांच ओवर में 44 रन चाहिए।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 13वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरा अर्धशतक लगाया है और दोनों ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही। टीम इंडिया ने 12.1 ओवर में दो विकेट पर 94 रन बना लिए हैं। अब जीत के लिए 47 गेंद पर 69 रन चाहिए। जेमिमा रोड्रिग्ज 25 गेंद पर 23 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान तानिया भाटिया के हेलमेट पर चोट लगने के बाद यास्तिका भाटिया भारत की एकादश में शामिल हो गई हैं। वह कनकशन सब्सिट्यूट के रूप में प्लेइंग-11 से जुड़ी हैं।
भारत के 50 रन आठवें ओवर की पहली गेंद पर पूरे हो गए। जेमिमा रोड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने भारत की पारी को संभाला है। दोनों ने 31 रन को साझेदारी कर ली है। हरमनप्रीत 20 और जेमिमा 12 रन बनाकर खेल रही हैं।
भारत को दूसरा झटका तीसरे ओवर में लगा। एश्ले गार्डनर की गेंद पर उन्होंने खराब शॉट खेलकर अपना विकेट गंवाया। शेफाली ने सात गेंद पर 11 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके लगाए। शेफाली को इसी ओवर की पहली गेंद पर जीवनदान मिला था। इसके बावजूद वह नहीं संभली और खराब शॉट खेलकर पवेलियन लौट गईं।
भारत को दूसरे ओवर में बड़ा झटका लगा। स्मृति मंधाना को डार्सी ब्राउन ने क्लीन बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को बड़ी सफलता दिलाई। मंधाना ने छह गेंद पर सात रन बनाए। उन्होंने एक चौका लगाया। जेमिमा रोड्रिग्ज क्रीज पर उतरी हैं। शेफाली वर्मा चार गेंद पर 10 रन बनाकर नाबाद हैं। भारत के दो ओवर में एक विकेट पर 16 रन हो गए हैं।
भारत की पारी शुरू हो गई है। ओपनर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा क्रीज पर उतर गई हैं। दोनों ने पहले ही ओवर में अपनी मंशा जाहिर कर दी है। शेफाली ने दो चौकों से शुरुआत की है। टीम इंडिया ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के 12 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिए मेगन सट ने पहला ओवर किया।
स्वर्ण पदक जीतने के लिए भारतीय महिला टीम को 162 रन का लक्ष्य मिला है। ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 161 रन बनाए। उसके लिए बेथ मूनी ने सबसे ज्यादा 61 रन बनाए। मेग लेनिंग ने 36, एश्ले गार्डनर ने 25 और रेचेल हेन्स ने नाबाद 18 रन बनाए। भारत के लिए रेणुका सिंह और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए। दीप्ति शर्मा और राधा यादव को एक-एक सफलता मिली।
ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका 18वें ओवर में लगा। स्नेह राणा की गेंद पर बेथ मूनी छक्का मारना चाहती थी, लेकिन गेंद दीप्ति शर्मा के हाथों में चली गई। दीप्ति ने एक हाथ से शानदार कैच लिया। मूनी ने 41 गेंद पर 61 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने आठ चौके लगाए। अगले ही ओवर में राधा यादव ने एलेन किंग को आउट कर दिया। किंग पांच गेंद पर एक रन बनाकर मेघना को कैच थमा बैठीं।
133 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। रेणुका ठाकुर ने ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया है। उन्होंने धीमी गेंद पर हैरिस को मेघना सिंह के हाथों कैच कराया।
स्नेह राणा ने एश्ले गार्डनर को आउट करके ऑस्ट्रेलियाई टीम को चौथा झटका दिया है। इस बीच बेथ मूनी ने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया है। 16 ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 133 रन है।
ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका दीप्ति शर्मा ने दिया। उन्होंने 12वें ओवर में ताहिला मैक्ग्रा को राधा यादव के हाथों कैच आउट कराया। मैक्ग्रा चार गेंद पर दो रन ही बना सकीं। ऑस्ट्रेलिया ने 12 ओवर में तीन विकेट पर 99 रन बना लिए हैं। एश्ले गार्डनर चार गेंद पर 11 रन और बेथ मूनी 26 गेंद पर 37 रन बनाकर नाबाद हैं।
IND vs AUS: राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजकों ने भारतीय टीम को खतरे में डाला? कोरोना संक्रमित खिलाड़ी खेल रही मैच
भारत को मैच में सबसे बड़ी सफलता 11वें ओवर की पहली गेंद पर मिली। राधा यादव की गेंद पर बेथ मूनी ने सामने की ओर शॉट खेला। राधा ने गेंद लेकर विकेट में मार दिया। लेनिंग नॉन-स्ट्राइक एंड पर क्रीज से बाहर रह गईं। वह 26 गेंद पर 36 रन बनाकर रन आउट हो गईं।
तीसरे ओवर में विकेट गिरने के बाद कंगारू टीम ने वापसी की है। उसने छह ओवर में एक विकेट पर 43 रन बना लिए हैं। कप्तान मेग लेनिंग और बेथ मूनी क्रीज पर हैं। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 22 गेंद पर 34 रन की साझेदारी कर ली है। मूनी 12 गेंद पर 16 और लेनिंग 12 गेंद पर 14 रन बनाकर नाबाद हैं।
ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका रेणुका सिंह ने दिया। उन्होंने तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर एलिसा हिली को एलबीडब्ल्यू कर दिया। अंपायर ने हिली को आउट नहीं दिया था। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रिव्यू लिया। थर्ड अंपायर ने हिली को आउट करार दिया। वह 12 गेंद पर सात रन बनाकर आउट हो गईं। उनके बाद कप्तान मेग लेनिंग क्रीज पर उतरी हैं। दूसरे छोर पर बेथ मूनी हैं। ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट पर 10 रन बना लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया की पारी शुरू हो गई है। एलिसा हिली और बेथ मूनी क्रीज पर उतर चुकी हैं। भारत के लिए रेणुका सिंह ने गेंदबाजी की शुरुआत की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप मैच में चार विकेट लिए थे।
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), दीप्ति शर्मा, पूजा वस्त्राकर, स्नेह राणा, तानिया भाटिया (विकेटकीपर), राधा यादव, मेघना यादव, रेणुका सिंह।
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हीली (विकेटकीपर), बेथ मूनी, मेग लैनिंग (कप्तान), ताहलिया मैकग्राथ, राचेल हायेन्स, एशले गार्डनर, ग्रेस हैरिस, जेस जॉनसन, अलाना किंग, मेगन स्कट, डार्सी ब्राउन।
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। राष्ट्रमंडल खेलों में महिला टी20 क्रिकेट का फाइनल मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। इस मैच को जीतने वाली टीम स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लेगी। वहीं, हारने वाली टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ेगा।