भारत की सीमा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीत लिया है। उन्होंने 58.65 मीटर का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। सीमा अपने फाइनल प्रयास में सुधार नहीं कर सकीं और फाउल कर बैठीं, लेकिन तीसरे राउंड में किया गया उनका थ्रो पोडियम पर जगह बनाने के लिए काफी साबित हुआ। शुरुआत फाउल के साथ करने के बाद, उन्होंने 57.32 मीटर और 58.65 मीटर के थ्रो किए, जो आखिरकार कांस्य पदक दिलाने के लिए काफी रहे।
इस स्पर्धा में जमैका की सामंथा हॉल ने 61.66 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60.67 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया। जबकि भारत की ही निधि रानी 57.10 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहीं। उनका सबसे अच्छा थ्रो 57.10 मीटर का था, जो उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में किया था। निधि अपने छठे और आखिरी प्रयास में 55.39 मीटर ही फेंक पाईं और अपने पिछले स्कोर में सुधार नहीं कर सकीं।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की पारुल चौधरी महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल में 15:08.6 के समय के साथ 13वें स्थान पर रहीं। शुरुआत में पारुल आगे रहने वाले ग्रुप में थीं; शुरुआती 1000 मीटर के बाद वह सातवें स्थान पर थीं, लेकिन जैसे-जैसे रफ्तार बढ़ी, वह धीरे-धीरे पीछे खिसकती गईं। 2000 मीटर पर वह नौवें, 3000 मीटर पर 11वें और 4000 मीटर पर 13वें स्थान पर थीं और अंत में भी इसी स्थान पर फिनिश लाइन पार की।
महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल का मुकाबला जारी है। महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल रेस के निर्णायक आखिरी किलोमीटर में पहुंचने पर, भारत की पारुल चौधरी 4000 मीटर के निशान पर 13वें स्थान पर खिसक गई हैं। पारुल ने 4000 मीटर की दूरी 12:08.6 में पूरी की। जैसे-जैसे रेस की रफ्तार बढ़ी, वह लगातार पीछे होती गईं - 1000 मीटर पर सातवें, 2000 मीटर पर नौवें और 3000 मीटर पर 11वें स्थान पर थीं। अब सिर्फ एक लैप बचा है।
महिलाओं के डिस्कस थ्रो फाइनल में अब तक के तीन प्रयासों में सीमा तीसरे और निधि रानी चौथे स्थान पर हैं। सीमा का पहला प्रयास फाउल था, जबकि दूसरे में उन्होंने 57.32 मीटर का थ्रो फेंका और तीसरे प्रयास में इस और बेहतर करते हुए 58.65 मीटर का थ्रो फेंका। वहीं निधि रानी 57.10 मीटर थ्रो के साथ चौथे स्थान पर हैं।
भारत की निधि रानी महिलाओं के डिस्कस थ्रो फाइनल में चौथे स्थान पर खिसक गई हैं, भले ही उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 55.67 मीटर तक बेहतर किया। भारतीय खिलाड़ी ने 53.19 मीटर के थ्रो से शुरुआत की थी और फिर दूसरा थ्रो बेहतर किया, लेकिन जैसे-जैसे मुकाबला आगे बढ़ा, दूसरी एथलीट उनसे आगे निकल गईं। अभी भी चार थ्रो बाकी हैं, इसलिए निधि के पास अपना प्रदर्शन बेहतर करने और मेडल की दौड़ में वापस आने के कई मौके हैं।
महिलाओं की 5000 मीटर फाइनल का मुकाबला कुछ देर में शुरू होगा। इस प्रतिस्पर्धा में भारत की पारुल चौधरी पर सभी की निगाहें टिकी है।
महिलाओं की डिस्कस थ्रो का फाइनल शुरू हो गया है। इस प्रतियोगिता में भारत की निधि रानी और सीमा चुनौती पेश कर रही हैं।
भारत के तेजस्विन शंकर पुरुषों की डेकाथलॉन स्टैंडिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अपने सबसे मजबूत इवेंट, हाई जंप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.15 मीटर की ऊंचाई पार की और 944 अंक हासिल किए। चार इवेंट्स के बाद भारतीय खिलाड़ी ने मेडल की दावेदारी मजबूत कर ली है।
भारत के लवप्रीत सिंह ने भारोत्तोलन में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने कुल 388 किलो वजन उठाया। लवप्रीत स्नैच में 176 किलो और क्लीन एंड जर्क में 212 किलो वजन उठाने में सफल रहे। वह स्वर्ण पदक जीतने से महज एक किलो पीछे रह गए।
पुरुष गोला फेंक स्पर्धा का फाइनल मुकाबला समाप्त हो गया। भारत के तजिंदर पाल सिंह तूर पांचवें स्थान पर रहे, जबकि समरदीप सिंह गिल सातवें स्थान पर रहे। दोनों भारतीय एथलीट इस स्पर्धा में पदक जीतने से चूक गए। तेजिंदर ने फाइनल में 20.27 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि गिल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 20.03 मीटर था।
भारोत्तोलन में पुरुष 110+ किलो वजन वर्ग के भारत के लवप्रीत सिंह ने स्नैच में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। लवप्रीत ने स्नैच में 176 किलो का वजन उठाया। यह स्नैच में गेम्स रिकॉर्ड है। लवप्रीत ने स्नैच की शुरुआत 168 किलो वजन उठाकर की। स्नैच के दूसरे प्रयास में उन्होंने 173 किलो वजन उठाया। इसके बाद तीसरे प्रयास में लवप्रीत ने वजन बढ़ाने का फैसला लिया और 176 किलो उठाकर पदक की दावेदारी मजबूत कर दी। स्नैच में लवप्रीत सबसे आगे रहे। अब लवप्रीत क्लीन एंड जर्क में चुनौती पेश करेंगे।
भारत को पुरुष 200 मीटर के सेमीफाइनल में निराशा मिली है और अनिमेष कुजुर फाइनल में नहीं पहुंच सके हैं। कुजुर सेमीफाइनल 2 में 20.65 सेकेंड के साथ छठे और ओवरऑल 17वें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में शीर्ष आठ एथलीटों ने फाइनल में जगह बनाई।
डेकाथलॉन के ऊंची कूद का ग्रुप ए मुकाबला शुरू हो गया है। भारत के तेजस्विन शंकर इस स्पर्धा में हिस्सा ले रहे हैं।
पुरुष गोला फेंक का फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। इस स्पर्धा में भारत की ओर से तजिंदर पाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल चुनौती पेश कर रहे हैं।
भारोत्तोलन में पुरुष 110+ किलो वजन वर्ग का मुकाबला शुरू हो गया है। भारत के लिए लवप्रीत सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। लवप्रीत ने स्नैच के पहले प्रयास में 170 किलो वजन रजिस्टर कराया है।
भारत को लॉन बॉल महिला एकल सेक्शन सी के तीसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा। भारत की नयनमनी सैकिया को मलयेशिया की एम्मा फिरयाना सरोजी ने 1.5-0.5 के अंतर से हराया।
लॉन बॉल में पुरुष पेयर्स सेक्शन बी के दूसरे राउंड के मुकाबले में भारत को जीत मिली। भारत के नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी ने बोत्सवाना की कायजर गेचे और चार्ल्स डिटेको की जोड़ी को टाई ब्रेक में 1-0 से हराया। इससे पहले दोनों टीमों के बीच मैच 1-1 की बराबरी पर रहा था। भारतीय जोड़ी की यह लगातार दूसरी जीत है।
भारतीय भारोत्तोलक मार्टिना देवी महिला 86+ किलो भार वर्ग में पदक लाने से चूक गईं। मार्टिना ने कुल 240 किलो वजन उठाया जो शीर्ष तीन में बने रहने के लिए काफी नहीं था। मार्टिना ने स्नैच में 105 और क्लीन एंड जर्क में 140 किलो वजन उठाया। मार्टिना अगर क्लीन एंड जर्क के तीसरे प्रयास में 146 किलो वजन सफलतापूर्वक उठा लेतीं तो वह कांस्य पदक अपने नाम कर सकती थीं। लेकिन मार्टिना का क्लीन एंड जर्क में दूसरा और तीसरा प्रयास असफल रहा जिससे ये भारतीय भारोत्तोलक पोडियम पर आने से चूक गईं।
मार्टिना का दूसरा प्रयास विफल रहा। मार्टिना ने 140 किलो वजन उठाया, लेकिन क्लीन एंड जर्क के दूसरे प्रयास में 144 किलो वजन नहीं उठा सकीं।
मार्टिना का क्लीन एंड जर्क में पहला प्रयास सफल रहा है। मार्टिना ने पहले प्रयास में 140 किलो वजन उठाया। मार्टिना फिलहाल पदक की दौड़ से बाहर हैं, लेकिन उनके पास अभी भी मौका है।
लॉन बॉल में पुरुष पेयर्स सेक्शन बी के दूसरे राउंड का मैच जारी है। भारत के नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी बोत्सवाना की कायजर गेचे और चार्ल्स डिटेको की जोड़ी का सामना कर रहे हैं।
भारोत्तोलन में महिला +86 किलो के फाइनल में स्नैच राउंड खत्म हो गया है। स्नैच के बाद मार्टिना पांचवें स्थान पर हैं। आइए देखते हैं स्नैच के बाद कैसी है स्थिति...
भारत की मार्टिना ने स्नैच के तीसरे प्रयास में 105 किलो वजन उठाया। मार्टिना शुरुआती दो प्रयास में 103 किलो वजन नहीं उठा सकी थीं और उन पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था। लेकिन उन्होंने अंतिम प्रयास में वजन बढ़ाने का फैसला किया और उनकी यह रणनीति सही साबित हुई। अब वह क्लीन एंड जर्क में चुनौती पेश करेंगी।
भारतीय महिला भारोत्तोलक मार्टिना के स्नैच के शुरुआती दो वजन विफल रहे। मार्टिना ने पहले 105 किलो वजन रजिस्टर किया था, लेकिन बाद उन्होंने इसे घटाकर 103 किलो कर दिया। हालांकि, मार्टिना शुरुआती दो प्रयास में 103 किलो वजन नहीं उठा सकीं। अब उन्होंने तीसरे प्रयास में 105 किलो वजन रजिस्टर किया है। अगर उनका यह प्रयास भी असफल रहा तो वह स्पर्धा से बाहर हो जाएंगी।
भारोत्तोलन में महिला 86+ किलो का फाइनल जारी है। भारत की ओर से इस स्पर्धा में मार्टिना देवी चुनौती पेश कर रही हैं। मार्टिना ने स्नैच के पहले प्रयास में 105 किलो वजन रजिस्टर कराया है।
पुरुष त्रिकूद में भारत के दो खिलाड़ी फाइनल में जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारत के प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु अपने क्वालिफाइंग ग्रुप में क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे और फाइनल में पहुंचे। प्रवीण ने 16.41 मीटर की छलांग लगाई, जबकि सेल्वा ने 16.26 मीटर की छलांग लगाई।
पुरुष 400 मीटर के सेमीफाइनल में भारत को निराशा मिली है। भारत के विशाल टीके सेमीफाइनल 1 में 46.33 सेकेंड के समय के साथ छठे और ओवरऑल 14वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना सके।
पुरुष डेकाथलॉन शॉटपुट के ग्रुप ए में तेजस्विन शंकर 13.09 मीटर के साथ सातवें स्थान पर रहे। पुरुष डेकाथलॉन में तीन स्पर्धा के बाद तेजस्विन पांचवें स्थान पर हैं। अब वह आज रात भारतीय समयानुसार 11:38 बजे से डेकाथलॉन हाई जम्प और फिर रात 1:38 बजे 400 मीटर में चुनौती पेश करने उतरेंगे।
ट्रैक साईकिलिंग के पुरुष टीम स्प्रिंट क्वालिफाइंग राउंड में भारत सातवें स्थान पर रहा और मेडल राउंड के लिए क्वालिफाई नहीं कर सका। भारत के रोजित सिंह यांगलेम, डेविड बेकहम और रोनाल्डो सिंह की तिकड़ी 46.396 का समय लेकर सबसे नीचे सातवें स्थान पर रही। इस स्पर्धा से शीर्ष दो टीमों ने स्वर्ण पदक मुकाबले के लिए क्वालिफाई किया, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें कांस्य पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी।
पुरुष त्रिकूद का क्वालिफाइंग मुकाबला शुरू हो गया है। भारत की ओर से इस स्पर्धा में प्रवीण चित्रावले और सेल्वा प्रभु चुनौती पेश कर रहे हैं। प्रवीण ने पहले प्रयास में 16.41 मीटर की छलांग लगाई।
पैरा ट्रैक साईकिलिंग में भारत को निराशा मिली है। महिला सी4-सी5 4000 मीटर व्यक्तिगत परस्यूट क्वालिफाइंग में भारत की लिशा दास छठे स्थान पर रहीं और मेडल राउंड के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं। लिशा ने 6:58.000 मिनट का समय लिया। इस स्पर्धा में शीर्ष दो साइकिलिस्ट ने स्वर्ण पदक के लिए क्वालिफाई किया, जबकि तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली साइकिलिस्ट ने कांस्य पदक के लिए क्वालिफाई किया।
ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने क्वालिफिकेशन राउंड में पांचवें स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। क्वालिफिकेशन राउंड में 18 खिलाड़ियों को तीन-तीन अटैम्प्ट मिलने थे और नीरज ने सिर्फ दो प्रयास किए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 79.61 मीटर का रहा और वह पांचवें स्थान पर रहे। नीरज के अलावा क्वालिफिकेशन मुकाबले में भारत के रोहित यादव और यशवीर भी उतरे थे। इन दोनों ने भी फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
भारत के तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन के लंबी कूद में शानदार प्रदर्शन किया। तेजस्विन ने अपना निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7.82 मीटर की छलांग लगाई। तेजस्विन शीर्ष पर रहे।
भारत के तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन 100 मीटर दौड़ में पांचवें स्थान पर रहे। उन्होंने 10.96 सेकंड का समय लिया। अब इस इवेंट में लंबी कूद स्पर्धा होगी जो कि तेजस्विन का मजबूत पक्ष है। डेमियन वार्नर ने इसमें 10.21 सेकंड का समय लिया और उन्हें 1100 अंक मिले। वहीं, तेजस्विन को सबसे कम 870 अंक मिले।
पुरुष डेकाथलॉन के 100 मीटर स्प्रिंट का मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत के तेजस्विन शंकर दूसरे हीट में हैं। इस खेल में 10 स्पर्धाएं होती हैं और खिलाड़ी को हर स्पर्धा में हिस्सा लेना होता है। यह दो दिन तक खेला जाता है। हर खेल के बाद पॉइंट्स मिलते हैं और 10 खेलों के बाद सारे अंक जोड़े जाते हैं। सबसे ज्यादा अंक वाले खिलाड़ी को गोल्ड मेडल मिलता है। तेजस्विन भारत की उम्मीद हैं। तेजस्विन हाई जंपर हैं, लेकिन चोट की वजह से वह उसमें हिस्सा नहीं ले पाए थे, लेकिन डेकाथलॉन में खेलने को लेकर एकदम तैयार हैं।
10 डेकाथलॉन स्पर्धाएं
| समय | स्पर्धा |
|---|---|
| 2:40 PM | एथलेटिक्स - तेजस्विन शंकर (पुरुष डेकाथलॉन 100 मीटर) |
| 2:55 PM | एथलेटिक्स - नीरज चोपड़ा, रोहित यादव, यशवीर सिंह (पुरुष जेवलिन थ्रो क्वालिफिकेशन) |
| 3:20 PM | एथलेटिक्स - तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन लॉन्ग जंप) |
| 4:55 PM | एथलेटिक्स - प्रवीण चित्रावेल, सेल्वा प्रभु (पुरुष ट्रिपल जंप क्वालिफिकेशन) |
| 5:07 PM | ट्रैक साइक्लिंग - रोनाल्डो सिंह, डेविड बेकहम एलकटोहचूंगो, रोजित सिंह (पुरुष टीम स्प्रिंट क्वालिफिकेशन) |
| 5:10 PM | एथलेटिक्स - तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन शॉट पुट) |
| 5:40 PM | एथलेटिक्स - विशाल टीके (पुरुष 400 मीटर सेमीफाइनल) |
| 6:30 PM | वेटलिफ्टिंग - मार्टिना देवी मैबाम (महिला 86+ किग्रा फाइनल) (मेडल इवेंट) |
| 7:30 PM | बॉल्स - भारत (दिनेश कुमार/नवनीत सिंह) बनाम बोत्सवाना (पुरुष पेयर्स) |
| 8:55 PM | बॉल्स - नयनमोनी सैकिया बनाम एम्मा फिरयाना सरोजी (महिला सिंगल्स) |
| 10:50 PM | ट्रैक साइक्लिंग - पुरुष टीम स्प्रिंट फाइनल* (क्वालिफिकेशन पर निर्भर) |
| 11:00 PM | वेटलिफ्टिंग - लवप्रीत सिंह (पुरुष 110+ किग्रा फाइनल) (मेडल इवेंट) |
| 11:30 PM | एथलेटिक्स - तजिंदरपाल सिंह तूर, समरदीप सिंह गिल (पुरुष शॉट पुट फाइनल) (मेडल इवेंट) |
| 11:37 PM | एथलेटिक्स - अनिमेष कुजूर (पुरुष 200 मीटर सेमीफाइनल) |
| 11:38 PM | एथलेटिक्स - तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन हाई जंप) |
| 1:10 AM | एथलेटिक्स - सीमा कालीरामना, निधि रानी (महिला डिस्कस थ्रो फाइनल) (मेडल इवेंट) |
| 1:30 AM | एथलेटिक्स - तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन 400 मीटर) |
| 1:48 AM | एथलेटिक्स - पारुल चौधरी (महिला 5000 मीटर फाइनल) (मेडल इवेंट) |
इन खेलों में पहली बार ट्रैक साइक्लिंग की शुरुआत होगी, जहां रोनाल्डो सिंह लैतोनजाम, डेविड बेकहम एलकटोहचूंगो और रोजित सिंह यांगलेम पुरुष टीम स्प्रिंट क्वालिफिकेशन में उतरेंगे। क्वालिफाई करने पर यही टीम देर रात फाइनल भी खेलेगी। बॉल्स में पुरुष पेयर्स और महिला सिंगल्स के मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ी जीत की लय कायम रखने की कोशिश करेंगे।
वेटलिफ्टिंग में महिलाओं के 86+ किग्रा वर्ग में मार्टिना देवी मैबाम और पुरुषों के 110+ किग्रा वर्ग में लवप्रीत सिंह पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। वहीं एथलेटिक्स में तजिंदरपाल सिंह तूर और समरदीप सिंह गिल पुरुष शॉट पुट फाइनल में उतरेंगे। महिलाओं की डिस्कस थ्रो फाइनल में सीमा कालीरामना और निधि रानी भारत की उम्मीदें होंगी, जबकि पारुल चौधरी 5000 मीटर फाइनल में पदक जीतने की कोशिश करेंगी।
भारतीय एथलेटिक्स दल के लिए यह दिन काफी अहम रहने वाला है। डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। हालांकि हाई जंप फाइनल के दौरान घुटने में परेशानी के बाद उनकी फिटनेस पर भी सभी की नजरें रहेंगी। उन्हें 100 मीटर, लॉन्ग जंप, शॉट पुट, हाई जंप और 400 मीटर सहित पांच स्पर्धाओं में हिस्सा लेना है।
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन (30 जुलाई) भारतीय खिलाड़ियों के लिए बेहद व्यस्त कार्यक्रम रहेगा। दिन की सबसे बड़ी आकर्षण स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा होंगे, जो आठ साल बाद राष्ट्रमंडल खेलों में वापसी करते हुए पुरुषों की जेवलिन थ्रो क्वालिफिकेशन में उतरेंगे। उनके साथ रोहित यादव और यशवीर सिंह भी चुनौती पेश करेंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स का आज आठवां दिन है। आज कई बड़े मुकाबले खेले जाने हैं। एथलेटिक्स में जेवलिन थ्रो का इवेंट सबसे अहम है। नीरज चोपड़ा और रोहित यादव क्वालिफिकेशन पार कर फाइनल में पहुंचने उतरेंगे। वहीं, शॉटपुट में तजिंदर पाल सिंह तूर और समरदीप सिंह फाइनल में उतरेंगे। उनकी नजर भारत को दो और पदक दिलाने पर होगी।