छठे दिन ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पदक तालिका में भारत आठवें नंबर पर पहुंच गया है। दो स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य पदकों के साथ भारत कुल 10 पदकों के साथ अपने अभियान में आगे बढ़ रहा है। पदक तालिका में शीर्ष पर 26 स्वर्ण पदकों के साथ कुल 59 मेडल जीतने वाला देश ऑस्ट्रेलिया है।
उभरते हुए युवा खिलाड़ी अंकुश भी पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग की प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। हरियाणा के 20 वर्षीय मुक्केबाज अंकुश अपने पहले ही राष्ट्रमंडस खेलों में पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
शर्मिला धनकर ने महिलाओं के शॉट पुट एफ57 स्पर्धा में 9.81 मीटर गोला फेंका। ये उनका सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो रहा। इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत शर्मिला धनखड़ ने पैरा शॉट पुट में स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की। गौरतलब है कि कॉमनवेल्थ गेम्स में एफ57 वर्गीकरण उन एथलीट्स के लिए है जिनके निचले अंगों में विकार होता है। ऐसे खिलाड़ियों में अंगों की कमी या मांसपेशियों की शक्ति में कमी होती है।
आदर्श राम ज्योति शंकर ने ऊंची कूद स्पर्धा के दौरान अपने पहले ही प्रयास में आसानी से 2.15 मीटर की ऊंचाई पार कर ली। आदर्श आज जबरदस्त फॉर्म में दिख रहे हैं। ग्लासगो की भीड़ में मौजूद समर्थक भी उनके पक्ष में चीयर कर रहे हैं। तेजस्विन शंकर, ने भले ही आज के इस इवेंट से अपना नाम वापस ले लिया, बीच में मौजूद हैं। वे आदर्श और सर्वेश का हौसला बढ़ा रहे हैं।
वेटलिफ्टिंग में पुरुषों के 79 किलो भारवर्ग फाइनल में भारत के वल्लुरी अजय बाबू ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्पर्धा की शुरुआत की। वल्लुरी अजय बाबू ने शानदार शुरुआत करते हुए अपनी पहली कोशिश में स्नैच में 145kg वजन उठाया और यह एक गेम्स रिकॉर्ड है। यह है और अजय बाबू गोल्ड जीतने की स्थिति में हैं।
तैराकी की स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया का दबदबा दिखा। भारत के आर्यन नेहरा 8 लोगों के फाइनल में 7वें स्थान पर रहे। 22 वर्षीय आर्यन नेहरा का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। 8:07.26 सेकंड समय के साथ पुरुषों की 800 मीटर फ्री-स्टाइल में सातवें नंबर पर रहे आर्यन ऑस्ट्रेलिया के सैम शॉर्ट से 27.45 सेकंड धीमे रहे। सबसे तेज सैम शॉर्ट ने इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल जीता। ऑस्ट्रेलिया के ही दो अन्य खिलाड़ी- बेंजामिन डोडेमैन्स और मैथ्यू गैलिया ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते।
ऊंची कूद स्पर्धा में भारत के खिलाड़ी सर्वेश ने पहली कोशिश में 2.10 मीटर पार किया। एक अन्य भारतीय सर्वेश कुशारे के साथ वे संयुक्त रूप से बढ़त बनाए हुए हैं। सर्वेश अपने साथी भारतीय- आदर्श शंकर के साथ शीर्ष स्थान पर हैं। सर्वेश कूद के दौरान थोड़े लड़खड़ाते दिखे, लेकिन लैंडिंग एरिया के पास पहुंचते समय लड़खड़ाने के बावजूद उन्होंने अपने पूरे अनुभव का इस्तेमाल करते हुए 2.10 मीटर पार कर अच्छी जंप लगाई।
भारत की शिल्पा कंचुगाराकोप्पलु महिलाओं के F57 शॉट पुट फाइनल में गोल्ड मेडल जीतने की स्थिति में पहुंच गई हैं। उन्होंने इस गोला फेंक स्पर्धा में 7.26 मीटर के पर्सनल-बेस्ट थ्रो के साथ बढ़त बना रखी है। छह प्रयास पूरे होने के बाद, भारतीय खिलाड़ी कनाडा की क्रिस्टेल रोबिचौड (6.69 मीटर) से भी आगे हैं।
भारत के मुक्केबाज सुमित पुरुषों के 70 किग्रा भारवर्ग में चुनौती पेश कर रहे हैं। राउंड ऑफ 16 के इस बॉक्सिंग मुकाबले में नॉर्दर्न आयरलैंड के जॉन मैककोनेल सुमित के सामने हैं। भारतीय खिलाड़ी क्वार्टर-फाइनल में जगह बनाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन वे 1-4 के स्प्लिट-डिसीजन से हारकर बाहर हो गए। सुमित को एक जज का स्कोरकार्ड मिला, लेकिन मैककोनेल ने तीनों राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर-फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में भारत के आदर्श राम शंकर की शुरुआत शानदार रही। उन्होंने पहली ही कोशिश में 2.10 मीटर की ऊंचाई को पार कर लिया। आदर्श का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2.27 मीटर है, जो उन्होंने इसी सीजन में हासिल किया था। ऐसे में वे आज मेडल की दौड़ में शामिल हैं।
भारोत्तोलन यानी वेटलिफ्टिंग के 79 किलो भारवर्ग में 11 पुरुष खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हो रहा है। फाइनल में 21 साल के वल्लुरी अजय बाबू भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह अपने पिता से एक कदम आगे निकलने की कोशिश कर रहे हैं। 2010 के कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) में अजय के पिता ने भारत के लिए मेडल जीता था। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम से ताल्लुक रखने वाले अजय के पिता वल्लुरी श्रीनिवास राव अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की 69 किलो भारवर्ग कैटेगरी में कांस्य पदक जीता था।
कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के व्हीलचेयर बास्केटबॉल के पूल B मैच में भारत को नाइजीरिया से 6-7 से हार का सामना करना पड़ा। पहले पीरियड के बाद स्कोर 2-2 से बराबरी पर था, जिसके बाद भी दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। आखिर में नाइजीरिया ने बढ़त बनाकर एक पॉइंट से जीत हासिल की।
महिलाओं की गोला फेंक के अलावा पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में भी भारत पदक जीतने की उम्मीद कर रहा है। बेहद कड़ी चुनौती वाली इस स्पर्धा में भारत की तरफ से सर्वेश अनिल कुशारे और तेजस्विन शंकर ताल ठोक रहे हैं।
भले ही भारतीय खिलाड़ी पैरा तैराकी में मेडल से चूक गए, पुरुष ऊंची कूद और महिला गोला फेंक स्पर्धाओं में पदक की आस बरकरार है। महिलाओं की गोला फेंक स्पर्धा (WOMEN'S SHOT PUT F57) में भारत की तरफ से दो खिलाड़ी पदक की रेस में शामिल है। इनके नाम शर्मिला और शिल्पा कांचुगराकोप्पलु शैला हैं।
भारत के स्वातिक पाटिल पैरा तैराकी के पुरुष 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी9 वर्ग के फाइनल में पदक लाने से चूक गए। स्वातिक फाइनल में 1:15.82 मिनट के साथ पांचवें स्थान पर रहे। इससे पहले स्वातिक हीट 2 में 1:15.85 मिनट के समय के साथ चौथे और कुल छठे स्थान पर रहे थे। स्वातिक से पदक की उम्मीद थी, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सके।
तेजस्विन शंकर को लेकर संशय पैदा हो गया था जो अब क्लीयर हो गया है। तेजस्विन शंकर पुरुष ऊंची कूद फाइनल का हिस्सा हैं। आयोजकों की तरफ से बताया गया कि गलती से उनके नाम के आगे डीएनएस लिखा गया था जो अब हटा लिया गया है।
भारत के तेजस्विन शंकर पुरुषों की ऊंची कूद फाइनल में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, क्योंकि आधिकारिक स्टार्ट लिस्ट में उनका नाम DNS के तौर पर दर्ज किया गया है। उनके नाम वापस लेने की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है।
पुरुष ऊंची कूद का फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। भारत की ओर से इस स्पर्धा में तीन एथलीट चुनौती पेश कर रहे हैं। भारत के लिए आदर्श राम ज्योति शंकर, सरवेश अनिल कुशारे और तेजस्विन शंकर चुनौती पेश करेंगे।
पैरा महिला गोला फेंक एफ57 वर्ग का फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है। भारत की ओर से इस स्पर्धा में दो खिलाड़ी भाग ले रही हैं। भारत की ओर से शिल्पा शियला और शर्मिला चुनौती पेश कर रही हैं।
लॉन बॉल के पुरुष एकल सेक्शन डी के पांचवें दौर में भारत को हार मिली। भारत की ओर से पुतुल सोनोवाल उतरे और उनके सामने अनवर हमादा थे। अनवर ने ये मुकाबला 1.5-0.5 से अपने नाम किया। पुतुल पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुके थे।
भारतीय महिला मुक्केबाज साक्षी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। साक्षी का महिला 51 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में सामना बोत्सवाना की लेथाबो मोदुकानेले से हुआ। साक्षी ने इस मुकाबले में अपना दबदबा बनाया और सर्वसम्मत फैसले से 5-0 से जीत दर्ज की। साक्षी अब पदक पक्का कर से एक जीत दूर रह गई हैं।
भारत की महिला भारोत्तोलक बिंदियारानी देवी ने 58 किलो भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। बिंदियारानी ने स्नैच में 87 किलो और क्लीन एंड जर्क में 112 किलो का वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 199 किलो वजन उठाकर कांस्य अपने नाम किया। नाइजीरिया की रफियातु फोलाशेड लवाल ने 229 किलो (103+126) वजन उठाकर स्वर्ण और कनाडा की आन सोफी तासचेरयू ने कुल 215 किलो (94+121) के साथ रजत पदक अपने नाम किया।
भारत की बिंदियारानी देवी ने भारोत्तोलन के महिला 58 किलो में पदक पक्का कर लिया है। बिंदियारानी ने स्नैच में 87 किलो और क्लीन एंड जर्क में 112 किलो वजन उठाया। इसके साथ ही उन्होंने कुल 199 किलो वजन उठाया।
क्लीन एंड जर्क में पहला प्रयास नो लिफ्ट दिए जाने के बाद बिंदियारानी ने दूसरे प्रयास में दमदार वापसी की। बिंदियारानी ने दूसरे प्रयास में 112 किलो वजन उठाया और खुद को पदक की दौड़ में शामिल किया।
भारत की बिंदियारानी देवी का क्लीन एंड जर्क में पहला प्रयास नो लिफ्ट करार दिया गया। बिंदियारानी ने पहले प्रयास में 110 किलो वजन रजिस्टर कराया और उठाया भी। पहले इसे सफल प्रयास दिया गया, लेकिन ज्यूरी ने रिव्यू किया और बिंदियारानी का पहला प्रयास नो लिफ्ट करार दिया गया।
भारोत्तोलन के महिला 58 किलो में स्नैच के बाद अब क्लीन एंड जर्क राउंड शुरू हो गया है। भारत की बिंदियारानी देवी ने स्नैच में 87 किलो वजन उठाया। क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 113 किलो रजिस्टर कराया है।
भारतीय महिला भारोत्तोलक बिंदियारानी ने 58 किलो वजन वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने स्नैच में 87 किलो वजन उठाया। उनके तीनों प्रयास सफल रहे। बिंदियारानी ने स्नैच के पहले प्रयास में 83 किलो वजन उठाने का फैसला किया और वह इसमें सफल रहीं। बिंदियारानी ने पहले 85 किलो वजन रजिस्टर कराया था, लेकिन अंतिम मिनटों में उन्होंने वजन कम करने का फैसला किया। बिंदियारानी ने स्नैच के दूसरे प्रयास में वजन बढ़ाया और 85 किलो वजन उठाने का फैसला किया। बिंदियारानी को 85 किलो वजन उठाने में कोई परेशानी नहीं हुई। फिर तीसरे प्रयास में उन्होंने 87 किलो वजन उठाया।
बिंदियारानी ने स्नैच के दूसरे प्रयास में वजन बढ़ाया और 85 किलो वजन उठाने का फैसला किया। बिंदियारानी को 85 किलो वजन उठाने में कोई परेशानी नहीं हुई। तीसरे प्रयास में उन्होंने 87 किलो वजन रजिस्टर कराया।
भारत की बिंदियारानी देवी ने महिला 58 किलो भारवर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। बिंदियारानी ने स्नैच के पहले प्रयास में 83 किलो वजन उठाने का फैसला किया और वह इसमें सफल रहीं। बिंदियारानी ने पहले 85 किलो वजन रजिस्टर कराया था, लेकिन अंतिम मिनटों में उन्होंने वजन कम करने का फैसला किया।
भारत की महिला भारोत्तोलक बिंदियारानी 58 किलो भारवर्ग में चुनौती पेश करने उतर रही हैं। बिंदियारानी से भी पदक लाने की उम्मीद होगी। बिंदियारानी स्नैच में 85 किलो से शुरुआत करेंगी। भारत अब तक भारोत्तोलन में चार पदक अपने नाम कर चुका है।
भारत की महिला भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने 53 किलो भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच में 88 किलो और क्लीन एंड जर्क में 111 किलो वजन उठाया। इसके साथ ही उन्होंने कुल 199 किलो वजन उठाकर दूसर स्थान हासिल किया। नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला दिदिह ने कुल 206 किलो (93+113) वजन उठाकर स्वर्ण पदक और कनाडा की रेबेका ग्रोउलेक्स ने कुल 178 किलो (83+95) का वजन उठाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत ने इस तरह ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक पांच पदक अपने नाम किए हैं जिसमें चार भारोत्तोलन में आए हैं। भारत अब तक एक स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक जीत चुका है।
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के महिला वॉल्ट फाइनल में भारत की प्रोतिष्ठा समांता ने 12.883 का स्कोर बनाया और वह पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। प्रोतिष्ठा समांता राष्ट्रमंडल खेल में पदक जीतने से चूक गईं और महिलाओं के वॉल्ट फाइनल में सातवें स्थान पर रहीं। सातवें स्थान पर क्वालिफाई करने वाली इस भारतीय जिम्नास्ट ने अपने पहले वॉल्ट के लिए 12.700 और दूसरे प्रयास में 12.666 का स्कोर किया। बोनस जुड़ने के बाद उनका स्कोर 12.883 रहा। शानदार प्रदर्शन के बावजूद यह पोडियम पर जगह बनाने के लिए काफी नहीं था।
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के महिला वॉल्ट फाइनल में भारत की प्रोतिष्ठा समांता ने 12.883 का स्कोर बनाया। वह फिलहाल चौथे स्थान पर हैं।
आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में महिला वॉल्ट का फाइनल जारी है। भारत की ओर से इस स्पर्धा में प्रोतिष्ठा समांता हिस्सा ले रही हैं। ये मेडल राउंड है और उम्मीद है कि समांता पदक लेकर आएंगी।
ज्ञानेश्वरी ने स्नैच के दूसरे प्रयास में 85 किलो वजन उठाया। इसके बाद उन्होंने स्नैच के तीसरे प्रयास में 88 किलो वजन उठाया। ज्ञानेश्वरी के स्नैच में तीनों प्रयास सफल रहे। हर एक प्रयास में उन्होंने अपना वजन बढ़ाया और वह इसे उठाने में सफल भी रहीं। ज्ञानेश्वरी का तीसरे प्रयास में 88 किलो वजन कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड भी था, लेकिन नाइजीरिया की ओनोमे ओमोलोला दिदिह ने 93 किलो उठाया नया रिकॉर्ड बनाया। ज्ञानेश्वरी ने क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में 103 किलो वजन रजिस्टर किया।
भारतीय मुक्केबाज अंकुश ने पुरुष 80 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अंकुश ने राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में जालान जान को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया।
भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव ने महिला 53 किलो वर्ग के स्नैच में शानदार प्रदर्शन किया। ज्ञानेश्वरी ने पहले प्रयास में 82 किलो वजन सफलतापूर्वक उठाया। अब वह दूसरे प्रयास में 85 किलो वजन उठाएंगी।
भारोत्तोलन में भारत की ज्ञानेश्वरी यादव महिला 53 किलो भारवर्ग में चुनौती पेश कर रही हैं। ज्ञानेश्वरी ने स्नैच के पहले प्रयास में 83 किलो वजन रजिस्टर कराया है।
भारत के लोकेश सत्यनाथन पुरुष लंबी कूद के फाइनल में पहुंच गए हैं। लोकेश क्वालिफिकेशन में ग्रुप बी में थे और उन्होंने 7.77 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से मेडल राउंड के लिए क्वालिफाई किया। लोकेश अपने ग्रुप में चौथे और कुल सातवें नंबर पर रहकर फाइनल में पहुंचे। लोकेश के अलावा इस इवेंट में मुरली श्रीशंकर 8.01 मीटर के साथ फाइनल में पहुंचे।
भारतीय मुक्केबाज सचिन सिवाच ने इंग्लैंड के विलियम हेविट को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। सचिन ने पुरुष 60 किग्रा के राउंड ऑफ 16 मुकाबले में खंडित फैसले में 4-1 से हराया। सचिन ने शुरुआत से ही हेविट के खिलाफ दबदबा बनाए रखा और अंत में जीत दर्ज करने में सफल रहे।
भारत के स्वातिक पाटिल पैरा तैराकी के पुरुष 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एसबी9 वर्ग के फाइनल में पहुंच गए हैं। स्वातिक हीट 2 में 1:15.85 मिनट के समय के साथ चौथे और कुल छठे स्थान पर रहे। स्वातिक का फाइनल मुकाबला आज रात 12:02 बजे खेला जाएगा। स्वातिक के पास पदक लाने का सुनहरा मौका होगा।
पुरुष लंबी कूद के क्वालिफाइंग राउंड में भारत के लोकेश सत्यनाथन चुनौती पेश कर रहे हैं। पहले प्रयास में उन्होंने 7.77 मीटर की छलांग लगाई है। वह फिलहाल ग्रुप बी में सबसे आगे चल रहे हैं।
110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस शीर्से ने फाइनल में जगह बना ली है। अपनी हीट में वह तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने 13.76 सेकंड का समय निकाला। दो हीट से आठ खिलाड़ी फाइनल में जाते हैं। ऐसे में शीर्से ने फाइनल में जगह बना ली है। फाइनल आज ही खेला जाना है और तेजस की नजर पदक जीतने पर होगी। भारत में इस फाइनल की शुरुआत 28 जुलाई को रात 2.15 बजे से होगी।
भारत के गुरिंदरवीर सिंह 100 मीटर स्प्रिंट के सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए। उन्होंने अपनी हीट में 10.39 सेकंड का समय निकाला था। 17 खिलाड़ियों का चयन सेमीफाइनल के लिए हुआ, जिसमें गुरिंदरवीर शामिल नहीं हैं।
स्विमर साजन प्रकाश पुरुषों के 200 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल में पहुंच चुके हैं। ग्लासगो से एक और शानदार खबर सामने आई है। साजन प्रकाश ने हीट 2 में 1:58.59 के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जो उनके 1:57.09 के पर्सनल बेस्ट (PB) से थोड़ा ज्यादा था। लेकिन, यह कोशिश उन्हें कुल मिलाकर सातवां सबसे तेज समय दर्ज कराने के लिए काफी रही। उन्होंने फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। उनका मेडल इवेंट भी आज ही है, यानी फाइनल आज ही है। वह भारतीय समयानुसार 28 जुलाई को रात 1:44 बजे फाइनल खेलने उतरेंगे।
भारत के लंबी कूद के स्टार एथलीट मुरली श्रीशंकर फाइनल में पहुंच गए हैं। क्वालिफाइंग राउंड के दौरान अपनी पहली ही कूद में 8.01 मीटर दूरी तय कर श्रीशंकर ने फाइनल में जगह बनाई। अब उनसे स्वर्ण की आस है। 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में श्रीशंकर ने रजत पदक जीता था। फाइनल के लिए क्वालिफाई करने के लिए 8 मीटर की दूरी तय करनी थी।
भारत को गुरिंदरवीर सिंह से उम्मीदें थीं और उन्होंने 100 मीटर स्प्रिंट में अपनी हीट में ठीक ठाक प्रदर्शन किया। यह उनका पहला बड़ा टूर्नामेंट है और चौथे हीट में वह 10.39 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इस हीट में जमैका के रोहन वाटसन 10.13 सेकंड के साथ पहले स्थान पर रहे। गुरिंदरवीर ने हाल ही में 100 मीटर स्प्रिंट में 10.09 सेकंड का समय लेकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, सेमीफाइनल के लिए क्वालिफिकेशन का थोड़ी देर में पता चलेगा। 17 खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचेंगे, जिसमें से आठ खिलाड़ी फाइनल में जाएंगे। फिलहाल ओवरऑल सारी हीट मिलाकर वह नौवें स्थान पर हैं।
| समय (IST) | स्पर्धा / मुकाबला | भारतीय खिलाड़ी |
|---|---|---|
| 2:40 PM | एथलेटिक्स – पुरुष 100 मीटर हीट | गुरिंदरवीर सिंह |
| 3:00 PM | एथलेटिक्स – पुरुष लंबी कूद क्वालिफिकेशन | मुरली श्रीशंकर, लोकेश सत्यनाथन |
| 3:00 PM | तैराकी – पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई हीट | साजन प्रकाश |
| 3:55 PM | एथलेटिक्स – पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ हीट | तेजस शिर्से |
| 4:20 PM | एथलेटिक्स – पुरुष लंबी कूद क्वालिफिकेशन | लोकेश सत्यनाथन |
| 4:45 PM | मुक्केबाजी – पुरुष 60 किग्रा (अंतिम-16) | सचिन सिवाच बनाम विलियम हेविट (इंग्लैंड) |
| 5:30 PM | भारोत्तोलन – महिला 53 किग्रा फाइनल (मेडल इवेंट) | ज्ञानेश्वरी यादव |
| 6:00 PM | मुक्केबाजी – पुरुष 80 किग्रा (अंतिम-16) | अंकुश बनाम जलान जान (एंटीगुआ और बारबुडा) |
| 6:15 PM | आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक – महिला वॉल्ट फाइनल (मेडल इवेंट) | प्रतिष्ठा सामंता |
| 7:30 PM | 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल – महिला पूल मुकाबला | भारत बनाम नाइजीरिया |
| 8:00 PM | भारोत्तोलन – महिला 58 किग्रा फाइनल (मेडल इवेंट) | बिंदियारानी देवी |
| 10:05 PM | लॉन बॉल्स – पुरुष सिंगल्स सेक्शनल मुकाबला | पुतुल सोनावाल बनाम अनवर हमादा (केन्या) |
| 10:30 PM | मुक्केबाजी – महिला 51 किग्रा (अंतिम-16) | साक्षी चौधरी बनाम लेथाबो मोडुकानेल (बोत्सवाना) |
| 11:35 PM | पैरा एथलेटिक्स – महिला शॉटपुट F57 फाइनल (मेडल इवेंट) | शर्मिला धांकर, शिल्पा के. शायला |
| 11:40 PM | एथलेटिक्स – पुरुष ऊंची कूद फाइनल (मेडल इवेंट) | सर्वेश अनिल कुशारे, तेजस्विन शंकर, जे. आदर्श राम |
| 12:30 AM (28 जुलाई) | भारोत्तोलन – पुरुष 79 किग्रा फाइनल (मेडल इवेंट) | वी. अजय बाबू |
| 1:00 AM (28 जुलाई) | मुक्केबाजी – पुरुष 70 किग्रा (अंतिम-16) | सुमित कुंडू बनाम जॉन मैककोनेल (उत्तरी आयरलैंड) |
| 1:44 AM (28 जुलाई) | तैराकी – पुरुष 200 मीटर बटरफ्लाई फाइनल (मेडल इवेंट)* | साजन प्रकाश |
| 1:57 AM (28 जुलाई) | पैरा एथलेटिक्स – पुरुष 100 मीटर T38 फाइनल (मेडल इवेंट) | राकेशभाई भट्ट, श्रेयांश त्रिवेदी |
| 2:15 AM (28 जुलाई) | एथलेटिक्स – पुरुष 110 मीटर बाधा दौड़ फाइनल (मेडल इवेंट)* | तेजस शिर्से |
महिला वॉल्ट फाइनल में प्रतिष्ठा सामंता भारत के लिए पदक जीतने की कोशिश करेंगी। पैरा एथलेटिक्स में महिला शॉटपुट एफ57 फाइनल में शिल्पा के. शायला और शर्मिला धांकर मैदान में होंगी, जबकि पुरुष टी38 100 मीटर फाइनल में राकेशभाई भट्ट और श्रेयांश त्रिवेदी दौड़ेंगे। तैराकी में साजन प्रकाश 200 मीटर बटरफ्लाई की हीट में उतरेंगे और क्वालिफाई करने पर फाइनल भी खेलेंगे।
भारोत्तोलन में भारत की चुनौती तीन अलग-अलग वर्गों में रहेगी। ज्ञानेश्वरी यादव, बिंद्यारानी देवी और वल्लूरी अजय बाबू अपने-अपने फाइनल में उतरेंगे। तीनों से भारत को पदक की उम्मीद है। मुक्केबाजी में भी चार भारतीय मुक्केबाज रिंग में उतरेंगे। पूर्व विश्व युवा चैंपियन सचिन सिवाच, अंकुश, साक्षी चौधरी और सुमित कुंडू अपने-अपने मुकाबले खेलेंगे और अगले दौर में पहुंचने की कोशिश करेंगे।
भारत के स्टार लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर पुरुषों की लंबी कूद क्वालिफिकेशन में उतरेंगे। वहीं लोकेश सत्यनाथन भी इसी स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में तेजस शिर्से पहले हीट में दौड़ेंगे और क्वालिफाई करने पर देर रात फाइनल भी खेलेंगे। दिन का सबसे बड़ा ट्रैक एंड फील्ड मुकाबला पुरुषों की ऊंची कूद का फाइनल होगा, जिसमें सर्वेश अनिल कुशारे, आदर्श राम और तेजस्विन शंकर भारत की पदक उम्मीद होंगे।
ग्लास्गो में चल रहे राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पांचवें दिन (27 जुलाई) भारतीय दल के लिए मुकाबले काफी अहम रहने वाले हैं। सोमवार को पहली बार एथलेटिक्स स्पर्धाओं की शुरुआत होगी, जहां लंबी कूद, ऊंची कूद और 110 मीटर बाधा दौड़ में भारतीय खिलाड़ी उतरेंगे। इसके अलावा भारोत्तोलन, मुक्केबाजी, जिम्नास्टिक, तैराकी, पैरा एथलेटिक्स और लॉन बॉल्स में भी भारत के खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। दिन का सबसे बड़ा आकर्षण 10 मेडल इवेंट्स होंगे, जिनमें भारत के कई दावेदार पदक जीतने के लिए उतरेंगे।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स का पांचवां दिन है। आज भारत के लिए दांव पर 10 पदक हैं। कुछ में भारतीय खिलाड़ियों को क्वालिफाई करना है फाइनल के लिए और फाइनल भी आज ही खेला जाएगा। वहीं, कुछ में भारतीय एथलीट सीधे फाइनल में उतरेंगे और पदक के लिए दांव लगाएंगे। एथलेटिक्स की भी आज से शुरुआत हो रही है और मुरली श्रीशंकर और तेजस्विन जैसे खिलाड़ियों पर भारत को पदक दिलाने की जिम्मेदारी होगी।