फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG 2026 Day 4 Highlights: भारोत्तोलक मुथुपांडी ने जीता रजत पदक; जादूमणि ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को हराया

Mon, 27 Jul 2026 03:08 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्लास्गो

खास बातें

Glasgow Commonwealth Games Day 4: ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के चौथे दिन भारतीय भारोत्तोलकों का दम देखने मिला। भारतीय टीम ने चौथे दिन तीन पदक जीते। मीराबाई ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया है। वहीं, राजा और ऋषिकांता ने रजत पदक अपने नाम किए।
विज्ञापन
मीराबाई चानू - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:54 AM, 27-Jul-2026

ग्लास्गो से चौथे दिन की झलकियां, भारत का प्रदर्शन कैसा?

स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में 'भारत माता की जय' और 'इंडिया, इंडिया' जैसे चीयर के बीच मुक्केबाजी में भारतीय मुक्केबाज जादुमणि ने पाकिस्तानी खिलाड़ी को पराजित किया। उन्होंने बेहतर तकनीक, गति और रिंग कौशल के दम पर 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज की। शानदार सफलता के बाद कहा, कारगिल विजय दिवस पर यह जीत कारगिल युद्ध के नायकों को समर्पित।

  • जादुमणि राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
  • पाकिस्तान की सुमामा रहमान को एक रोमांचक मुकाबले में हराने वाली जादुमणि अब पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
  • एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने भी प्रतिद्वंद्वी को धूल चटाई, अब पदक से एक जीत दूर।
  • 54 किलोग्राम भारवर्ग में प्रीति ने मलावी की देबोरा मतेनजे के खिलाफ अपना प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीता।
  • भारत की तरफ से एक अन्य मुक्केबाज आदित्य प्रताप 65 किलोग्राम वर्ग के अपने पहले दौर के मुकाबले में युगांडा के नूहू बाटे से 2:3 से हार गए।
65 किलोग्राम पुरुष भारोत्तोलन में किसे मिला सोना?
  • मलेशिया के मुहम्मद अजनील बिन बिदिन ने 299 किलोग्राम के कुल भार उठाकर खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता।
  • राष्ट्रमंडल खेलों में पदार्पण कर रहे राजा मुथुपांडी ने 286 किलोग्राम का कुल वजन उठाकर इस स्पर्धा का रजत पदक जीता।
  • पापुआ न्यू गिनी के मोरिया बारू ने 282 किलोग्राम वजन उठाया, कांस्य पदक मिला।

01:54 AM, 27-Jul-2026

तैराकी की स्पर्धा में भारत का प्रदर्शन कैसा रहा?

पुरुषों की 4 x 200 मीटर तैराकी स्पर्धा में भारत का प्रदर्शन औसत रहा। टीम छठे स्थान पर रही। इस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल पर ऑस्ट्रेलिया की टीम ने कब्जा किया। ऑस्ट्रेलियाई दल ने इस खेल में रिकॉर्ड समय के साथ तैराकी पूरी की। जबकि रजत पदक इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने जीता। कांस्य पदक वेल्स के खाते में गया।

01:13 AM, 27-Jul-2026

भारत के आर मुथुपांडी ने रजत पदक जीता

भारोत्तोलन में भारत के आर मुथुपांडी ने रजत पदक जीत लिया है। उन्होंने कुल 286 किलो (स्नैच 126+160 क्लीन एंड जर्क) के साथ सिल्वर मेडल जीतने में सफलता पाई। चौथे दिन भारत की झोली में कुल तीन पदक आए। खास बात ये रही कि तीनों पदक वेटलिफ्टिंग के खिलाड़ियों ने जीते। मीराबाई चानू की सुनहरी कामयाबी के अलावा दो खिलाड़ियों ने रजत पदक अपने नाम किए।

विज्ञापन
01:07 AM, 27-Jul-2026

भारोत्तोलन में भारत को पदक की आस

भारोत्तोलन में क्लीन एंड जर्क के पहले प्रयास में राजा ने 158 किलो वजन उठाने का फैसला लिया लेकिन असफल रहे। दूसरे प्रयास में हालांकि वह 160 किलो उठाने में सफल रहे है कुल 286 किलो वजन के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

12:55 AM, 27-Jul-2026

मुक्केबाजी के राउंड ऑफ 16 का नतीजा

बॉक्सिंग के 65 किलो भारवर्ग में आदित्य प्रताप यादव का मुकाबला युगांडा के नुहू बट्टे के साथ हुआ। आदित्य को बेहद कड़े और रोमांचक मुकाबले के बाद हार का सामना करना पड़ा। जजों ने अंकों के आधार (Decision: Win on Points) पर युगांडा के खिलाड़ी को विजेता घोषित कर दिया। भारतीय खिलाड़ी को इस खंडित फैसले में 2-3 के अंतर से हार मिली।

विज्ञापन
12:04 AM, 27-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: स्नैच में राजा ने दिखाया दम

भारतीय भारोत्तोलक राजा मुथुपंडी ने पुरुष 65 किलो के स्नैच में अपना दम दिखाया। राजा ने स्नैच में 126 किलो का वजन उठाया। राजा पहले प्रयास में सफल नहीं हुए, लेकिन उन्होंने दूसरे प्रयास में 126 किलो वजन उठाया। तीसरे प्रयास के लिए उन्होंने वजन बढ़ाया और 129 किलो उठाने का फैसला किया। हालांकि, वह सफल नहीं हो सके। इस तरह स्नैच में उनका स्कोर 126 किलो रहा। 

11:59 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: जादूमणि ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को हराया

भारत के जादूमणि सिंह ने पाकिस्तान के मुक्केबाज सुमामा रेहमान को पुरुष 55 किग्रा के राउंड ऑफ 16 में हराया। जादूमणि ने दबदबा बनाते हुए रेहमान को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया और क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। पहला राउंड जादूमणि के पक्ष में गया जो खंडित फैसले में पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी से आगे रहे। दूसरे राउंड में जादूमणि ने रेहमान को कोई मौका नहीं दिया और सभी जजों ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। तीसरे राउंड में भी जादूमणि ने मुक्कों की बौछार की और रेहमान को चित करने में सफल रहे। 

11:45 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: जादूमणि का पाकिस्तानी मुक्केबाज से सामना

भारत के मुक्केबाज जादूमणि सिंह का सामना पुरुष 55 किग्रा में पाकिस्तान के सुमामा रेहमान से हो रहा है। यह मुकाबला शुरू हो गया है। पहला राउंड जादूमणि के पक्ष में गया जो खंडित फैसले में पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी से आगे रहे। दूसरे राउंड में जादूमणि ने रेहमान को कोई मौका नहीं दिया और सभी जजों ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया। 

11:23 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: महिला पेयर्स टीम हारी

लॉन बॉल में महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले में भारतीय टीम को हार मिली। भारत के लिए रुपा रानी टिर्की और पिंकी का सामना सेक्शन बी के राउंड-5 में इंग्लैंड की एमी फाराओह तथा सियान ऑनर से हुआ। 1-1 से स्कोर बराबर रहने के बाद इंग्लैंड ने भारत को टाईब्रेक में 1-0 से हराया। इस हार के साथ ही भारतीय महिला टीम के लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद हो गए हैं।

11:17 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पुरुष 65 किग्रा भारोत्तोलन शुरू

भारतीय भारोत्तोलकों ने राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन प्रभावित किया है। अब पुरुष 65 किग्रा वर्ग में भारत के राजा मुथुपंडी चुनौती पेश कर रहे हैं और उनसे भी पदक की उम्मीद रहेगी। राजा ने स्नैच के पहले प्रयास में 125 किलो वजन और क्लीन एंड जर्क में 160 किलो वजन रजिस्टर किया है। 

11:15 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: व्हीलचेयर बास्केटबॉल में मिली हार

भारतीय महिला व्हीलचेर 3x3 बास्केटबॉल टीम को स्कॉटलैंड के खिलाफ पूल बी के मैच में हार का सामना करना पड़ा। स्कॉटलैंड ने 21-4 से भारतीय टीम को हराया। 

10:55 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: मुक्केबाज प्रीति क्वार्टर फाइनल में

भारतीय महिला मुक्केबाज प्रीति ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। प्रीति का महिला 54 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में मालावी की डेबोराह मतेंजे से हुआ। प्रीति ने पहला राउंड आसानी से अपने नाम किया और दूसरे राउंड में भी वह अपनी प्रतिद्वंद्वी पर हावी रहीं। दूसरे राउंड में रेफरी ने मुकाबला बीच में रोका और प्रीति को विजेता घोषित किया गया। यानी प्रीति ने यह मैच आरएससी के तहत जीता। प्रीति राष्ट्रमंडल खेलों में पदक पक्का करने के करीब पहुंच गई हैं। 

10:47 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: मुक्केबाज प्रीति का मैच शुरू

भारतीय महिला मुक्केबाज प्रीति का 54 किग्रा वर्ग का मैच शुरू हो चुका है। प्रीति का सामना राउंड ऑफ 16 में मालावी की डेबोराह मतेंजे से हो रहा है। प्रीति ने पहले राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। 

10:06 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: महिला पेयर्स का मैच शुरू

लॉन बॉल में महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले का मुकाबला शुरू हो गया है। भारत के लिए रुपा रानी टिर्की और पिंकी का सामना सेक्शन बी के राउंड-5 में इंग्लैंड की एमी फाराओह तथा सियान ऑनर से हो रहा है। 

09:10 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पीएम मोदी ने दी बधाई

मीराबाई चानू के स्वर्ण पदक जीतने पर पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। भारतीय भारोत्तोलन में एक और शानदार अध्याय! प्रतिभाशाली मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में एक बार फिर अपना हुनर दिखाया। उन्होंने 48 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। लगातार कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने और कुल मिलाकर चौथा राष्ट्रमंडल पदक अपने नाम करने के साथ, वह हर भारतीय के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं। उन्हें बधाई! भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
 

08:59 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पुतुल सोनोवाल हारे

भारत के पुतुल सोनोवाल को लॉन बॉल के पुरुष एकल सेक्शन डी के चौथे राउंड में माल्टा के शॉन जेम्स परनिस से 0.5-1.5 से हार का सामना करना पड़ा। वे पहला सेट 4-10 से हार गए और दूसरा सेट 7-7 से ड्रॉ रहा। सोनोवाल ने काफी हिम्मत दिखाई। दूसरे सेट में शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद वापसी करते हुए उन्होंने मुकाबला टाई करा लिया, लेकिन ड्रॉ रहा सेट पहले सेट में हुए नुकसान की भरपाई के लिए काफी नहीं था और पार्निस जीत गए।

08:36 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: राष्ट्रगान के दौरान छलक पड़े आंसू

मीराबाई चानू ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। मेडल सेरेमनी के दौरान जब चानू पोडियम पर खड़ी थीं और भारत का राष्ट्रगान बजा तो वह अपने आंसू नहीं रोक सकीं। मीराबाई ने राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। इससे पहले वह 2018 और 2022 में भी कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। 

08:27 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: मीराबाई चानू ने दिलाया पहला स्वर्ण

भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने महिला 48 किलो वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। चानू ने स्नैच में 85 किलो और क्लीन एंड जर्क में 105 किलो का वजन उठाया। इस तरह उन्होंने कुल 190 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीता। चानू ने इससे पहले 2018 और 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। 

08:22 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: चानू ने स्वर्ण पक्का किया

भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने महिला 48 किग्रा में स्वर्ण पदक पक्का कर लिया है। मीराबाई ने स्नैच के बाद क्लीन एंड जर्क के दूसरे प्रयास में 105 किलो का वजन उठाया। मीराबाई ने कुल 190 किलो के वजन के साथ शीर्ष पर जगह बना ली है। 

07:47 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: क्लीन एंड जर्क शुरू

महिला 48 किलो वर्ग में स्नैच के बाद अब क्लीन एंड जर्क में भारोत्तोलक चुनौती पेश कर रहे हैं। मीराबाई चानू ने पहले प्रयास में 105 किलो वजन रजिस्टर कराया है। 

07:30 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: स्नैच में चानू ने तोड़ा रिकॉर्ड

मीराबाई चानू ने स्नैच के तीसरे प्रयास में 85 किलो वजन सफलतापूर्वक उठाया। चानू का यह प्रयास कॉमनवेल्थ गेम्स का महिलाओं के स्नैच में रिकॉर्ड प्रदर्शन है। चानू पहले प्रयास में 82 किलो नहीं उठा पाई थीं, लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने 82 किलो का वजन उठाया। चानू ने इस प्रदर्शन के दम पर पहले गेम्स रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके बाद चानू ने 85 किलो वजन उठाने का फैसला किया और वह सफल रहीं। चानू का यह प्रदर्शन कॉमनवेल्थ गेम्स में स्नैच का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। चानू से पहले कोई भी महिला भारोत्तोलक स्नैच वर्ग में 85 किलो वजन नहीं उठा सकी हैं। स्नैच में चानू सबसे आगे रहीं और अब वह क्लीन एंड जर्क में चुनौती पेश करेंगी। चानू फिलहाल स्वर्ण की दौड़ में सबसे आगे चल रही हैं। 

07:28 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: चानू का शानदार प्रदर्शन

चानू ने स्नैच के दूसरे प्रयास में सफलापूर्वक 82 किलो उठाया। ये स्नैच में कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड है। अब चानू ने तीसरे प्रयास में 85 किलो रजिस्टर किया है। 

07:25 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: चानू का पहला प्रयास विफल

पदक की प्रबल दावेदार मीराबाई चानू का स्नैच का पहला प्रयास विफल रहा। चानू ने 82 किलो का वजन रजिस्टर किया है। 

07:18 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पुतुल सोनोवाल का मैच जारी

लॉन बॉल के पुरुष एकल सेक्शन डी के चौथे राउंड में पुतुल सोनोवाल चुनौती पेश कर रहे हैं। पुतुल का सामना शॉन जेम्स परनिस से हो रहा है। पुतुल शनिवार को अपना मुकाबला हार गए थे। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए उन्हें इस मैच में जीत दर्ज करनी होगी। 

07:08 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पदक की दौड़ से बाहर जिम्नास्ट तपन

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के ऑल एराउंड फाइनल में भारत के तपन मोहंती पदक की दौड़ से बाहर हो गए। तपन ने अंतिम समय तक काफी मेहनत की। उन्होंने 70.100 के स्कोर पर फिनिश किया जो पोडियम पर जगह बनाने के लिए काफी नहीं था क्योंकि तपन लीडरबोर्ड में पिछड़ गए। मोहंती 15वें स्थान पर रहे।

07:06 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पहले प्रयास में 82 किलो उठाएंगी चानू

मीराबाई चानू स्नैच के पहले प्रयास में 82 किलो वजन उठाने का फैसला किया है। महिला 48 किलो वजन वर्ग का मुकाबला शुरू हो गया है, लेकिन चानू अभी पहले प्रयास के लिए नहीं आई हैं।  

06:46 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: मीराबाई पेश कर रहीं चुनौती

भारत की स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू महिला 48 किलो वर्ग में चुनौती पेश कर रही हैं। मीराबाई लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक अपने नाम करने उतरी हैं। 

05:39 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: पुरुष ऑल एराउंड का फाइनल जारी

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में पुरुष ऑल एराउंड का फाइनल मुकाबला जारी है। भारत की ओर से तपन मोहंती चुनौती पेश कर रहे हैं और फिलहाल नौवें स्थान पर चल रहे हैं। 

05:09 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: तैराकी टीम फाइनल में

भारतीय टीम पुरुष चार गुणा 400 मीटर फ्रीस्टाइल रिले के फाइनल में पहुंच गई है। धक्षण शशिकुमार, अनीश सुनील कुमार गौड़ा, आर्यन नेहरा और श्रीहरि नटराज की चौकड़ी अपने हीट में 7:39.48 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर और ओवरऑल छठे स्थान पर रही। इस स्पर्धा का फाइनल मैच आज देर रात भारतीय समयानुसार 1:56 बजे होगा। हीट में भारतीय टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है और उससे देश को पदक आने की उम्मीद होगी। 

04:12 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: ऋषिकांता को रजत पदक

भारत ने भारोत्तोलन में 60 किलो ग्राम वर्ग में रजत पदक जीता है। ऋषिकांता सिंह क्लीन एंड जर्क में अपने बाकी दो अटैम्प्ट को पूरा नहीं कर सके और इस तरह ऋषिकांता सिंह ने रजत पदक अपने नाम किया है। अपने दूसरे अटैम्प्ट में उन्होंने 148 किलो और तीसरे अटैम्प्ट में 151 किलो का प्रयास दिया था, लेकिन पूरा नहीं कर सके। ऐसे में स्नैच का उनका बेस्ट 121 किलो और क्लीन एंड जर्क में 143 किलो मिलाकर 264 किलो का वजन और सिल्वर मेडल जीता। भारत का ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में यह दूसरा पदक है। पहला पदक झंडू कुमार ने पैरा पावरलिफ्टिंग में जीता था। मलयेशिया के मोहम्मद अनिक ने 273 किलो कुल वजन उठाकर स्वर्ण पर कब्जा जमाया। उन्होंने स्नैच में 121 किलो वजन और क्लीन एंड जर्क में 152 किलो का बेस्ट वजन उठाया। ये दोनों गेम्स रिकॉर्ड है। कुल 273 किलो का वजन भी राष्ट्रमंडल खेलों का का गेम्स रिकॉर्ड है।

03:58 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: क्लीन एंड जर्क में ऋषिकांता का अटैम्प्ट

ऋषिकांता सिंह ने क्लीन एंड जर्क के अपने पहले प्रयास में 143 किलो का वजन उठाया। इस राउंड में भी तीन अटैम्प्ट मिलते हैं। यानी दो और अटैम्प्ट बाकी हैं। स्नैच में उनका बेस्ट 121 किलो रहा था। यानी वह कुल वजन 264 किलो का वजन उठा चुके हैं।

03:04 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: ऋषिकांता सिंह के तीन अटैम्प्ट हुए

ऋषिकांता सिंह के तीन अटैम्प्ट हो चुके हैं। उन्होंने स्नैच राउंड में पहले अटैम्प्ट में 116 किलो, दूसरे अटैम्प्ट में 119 किलो और तीसरे अटैम्प्ट में 121 किलो का वजन उठाया। उन्हें मलयेशिया के मोहम्मद अनिक से कड़ी टक्कर मिल रही है। अनिक ने भी पहले अटैम्प्ट में 116 किलो, दूसरे अटैम्प्ट में 119 किलो और तीसरे अटैम्प्ट में 121 किलो का वजन उठाया। स्नैच राउंड से बेस्ट अटैम्प्ट को माना जाता है। यानी ऋषिकांता और अनिक 121-121 किलो के बेस्ट अटैम्प्ट के साथ दूसरे राउंड में पहुंचे। अब क्लीन एंड जर्क राउंड होगा। स्नैच के बेस्ट अटैम्प्ट और क्लीन एंड जर्क के बेस्ट अटैम्प्ट को मिलाकर वजन कैलकुलेट किया जाएगा और सबसे ज्यादा वजन उठाने वाले को स्वर्ण पदक मिलेगा। 

02:22 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: ऋषिकांत का मुकाबला जारी

भारत के स्टार भारोत्तोलक 60 किग्रा वर्ग में अपना मुकाबला खेल रहे हैं। उनसे स्वर्ण पदक की आस है। उनके नाम अहमदाबाद में हुए कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में नेशनल रिकॉर्ड है। 

01:17 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: राष्ट्रमंडल खेल 2026: चौथे दिन भारत का पूरा कार्यक्रम

समय स्पर्धा भारतीय खिलाड़ी
दोपहर 1:00 बजे लॉन बॉल्स (महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले) रूपा रानी टिर्की/पिंकी सिंह बनाम नामीबिया
दोपहर 2:00 बजे भारोत्तोलन (पुरुष 60 किग्रा फाइनल) ऋषिकांत सिंह (मेडल इवेंट)
शाम 4:30 बजे जिम्नास्टिक्स (पुरुष ऑल-अराउंड फाइनल) तपन मोहंती, योगेश्वर सिंह (मेडल इवेंट)
शाम 4:39 बजे तैराकी (4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले हीट) श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा, धक्षण शशिकुमार
शाम 5:30 बजे भारोत्तोलन (महिला 48 किग्रा फाइनल) मीराबाई चानू (मेडल इवेंट)
शाम 7:15 बजे लॉन बॉल्स (पुरुष एकल सेक्शनल प्ले) पुतुल सोनोवाल बनाम शॉन जेम्स पार्निस
रात 10:05 बजे लॉन बॉल्स (महिला पेयर्स सेक्शनल प्ले) भारत बनाम इंग्लैंड
रात 10:45 बजे बॉक्सिंग (महिला 54 किग्रा राउंड ऑफ 16) प्रीति पवार बनाम डेबरा मटेनजे
रात 11:00 बजे भारोत्तोलन (पुरुष 65 किग्रा फाइनल) राजा मथुपंडी (मेडल इवेंट)
रात 11:45 बजे बॉक्सिंग (पुरुष 55 किग्रा राउंड ऑफ 16) जादूमणि सिंह बनाम सुमामा रहमान (पाकिस्तान)
रात 12:45 बजे (27 जुलाई) बॉक्सिंग (पुरुष 65 किग्रा राउंड ऑफ 16) आदित्य प्रताप यादव बनाम नूहू बैटे
रात 1:56 बजे
(क्वालिफाई करने पर)
तैराकी (4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले फाइनल) भारतीय टीम (मेडल इवेंट)

01:15 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: तैराकी में रिले टीम पर नजर

तैराकी में श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, अनीश गौड़ा और धक्षन शशिकुमार की भारतीय टीम पुरुष 4×200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले की हीट में उतरेगी। यदि टीम फाइनल के लिए क्वालीफाई करती है तो देर रात पदक की दौड़ में भी नजर आएगी।

01:15 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: बॉक्सिंग में भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहेगी नजर

बॉक्सिंग में भारत के लिए दिन काफी व्यस्त रहेगा। महिला 54 किग्रा वर्ग में प्रीति अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। वहीं पुरुष 55 किग्रा वर्ग में जादूमणि सिंह मंडेन्गबाम का मुकाबला पाकिस्तान के सुमामा रहमान से होगा, जिस पर सभी की निगाहें रहेंगी। इसके अलावा आदित्य प्रताप यादव भी पुरुष 65 किग्रा वर्ग में रिंग में उतरेंगे।

01:15 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Live: मीराबाई चानू पर होंगी सबकी निगाहें

भारोत्तोलन में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद मीराबाई चानू होंगी। उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट और 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। अब ग्लास्गो में वह लगातार तीसरी बार गोल्ड जीतकर अपनी शानदार विरासत को और मजबूत करना चाहेंगी। इसके अलावा ऋषिकांत सिंह और राजा मथुपंडी भी अपने-अपने भार वर्ग में पदक जीतने की कोशिश करेंगे।

01:09 PM, 26-Jul-2026

CWG 2026 Day 4 Highlights: भारोत्तोलक मुथुपांडी ने जीता रजत पदक; जादूमणि ने पाकिस्तानी मुक्केबाज को हराया

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का चौथा दिन है। भारतीय टीम अभी तक एक ही पदक जीत पाई है और आज पांच पदक दांव पर हैं। मीराबाई समेत भारोत्तोलक आज चुनौती पेश करेंगे। वहीं, बॉक्सिंग में जादूमणि पाकिस्तान के मुक्केबाज से भिड़ेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें