फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG 2026 Day 2 Highlights: पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने खोला पदक का खाता, कांस्य पदक अपने नाम किया

Sat, 25 Jul 2026 01:56 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्लास्गो

खास बातें

Glasgow Commonwealth Games Day 2: भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों का दूसरा दिन कुछ खास नहीं रहा, लेकिन पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने पदक का खाता खोला। झंडू ने पुरुष हेवीवेट स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहते हुए कांस्य अपने नाम किया। वहीं, पैरा तैराकी में भारत दो पदक अपने नाम करने से चूक गया।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:52 AM, 25-Jul-2026
झंडू कुमार ने खोला पदक का खाता, कांस्य पदक अपने नाम किया - फोटो : पीटीआई-अमर उजाला ग्राफिक्स

CWG 2026 Day 2 Live: झंडू कुमार ने जीता कांस्य

पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के पदक का खोल दिया है। पुरुष हेवीवेट के फाइनल में झंडू ने 130.9 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता। झंडू ग्रुप बी में शीर्ष पर थे और एक समय स्वर्ण पदक जीतने के करीब थे, लेकिन नाइजीरिया के रिलुवान इदरिस और इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने उन्हें तीसरे स्थान पर धकेल दिया। इदरिस ने 132.8 अंकों के साथ स्वर्ण और हार्डिंग ने 131 अंक के साथ रजत अपने नाम किया। भारत के एक अन्य पैरा पावरलिफ्टर सुधीर 114.1 अंक के साथ छठे स्थान पर रहे। 

12:48 AM, 25-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: फाइनल में नहीं पहुंचे नटराज

श्रीहरि नटराज पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में 25.29 सेकेंड का समय लेकर बाहर हो गए। भारतीय तैराक कुल मिलाकर 11वें स्थान पर रहे और फाइनल में जगह नहीं बना पाए, जो शीर्ष आठ तैराकों के लिए आरक्षित थी। दक्षिण अफ्रीका के पीटर कोएट्ज़े 24.29 सेकेंड के गेम्स रिकॉर्ड के साथ सबसे तेज क्वालिफायर रहे।

12:07 AM, 25-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पदक से चुके बुडिगिना

पैरा तैराक आरवीवीबीके बुडिगिना पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल में पदक जीतने से चूक गए। बुडिगिना फाइनल में 57.57 सेकेंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे और पदक नहीं जीत सके। वहीं, भारत के एक अन्य पैरा तैरान इमाम अली 1:03.73 समय के साथ आठ तैराकों में सातवें नंबर पर रहे। दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेनरिक्स ने 54.54 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग 55.16 सेकेंड के साथ रजत और इंग्लैंड के मैथ्यू रेडफर्न 56.86 सेकेंड के साथ कांस्य अपने नाम करने में सफल रहे। 

विज्ञापन
12:05 AM, 25-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: फाइनल शुरू

पैरा तैराकी में भारत के आरवीवीबीके बुडिगिना और इमाम अली पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल में चुनौती पेश कर रहे हैं। फाइनल मुकाबला शुरू हो गया है।

11:58 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: फाइनल में उतरेंगे बुडिगिना और इमाम

पैरा तैराकी में भारत के आरवीवीबीके बुडिगिना और इमाम अली पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग के फाइनल में चुनौती पेश करेंगे। यह मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होने जा रहा है। 

विज्ञापन
11:54 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पदक की दौड़ से बाहर राजमणि

भारत की कस्तुरबा राजमणि महिला पैरा पावरलिफ्टिंग हेवीवेट स्पर्धा के पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। राजमणि तीसरे प्रयास में भी विफल रहीं। फाइनल में राजमणि के तीनों ही प्रयास असफल रहे। पहले दो प्रयास में उन्हें 111 किलो का वजन उठाना था, जबकि तीसरे प्रयास में 112 किलो वजन उठाना था। हालांकि, राजमणि ऐसा नहीं कर सकीं। 

11:40 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: राजमणि का दूसरा प्रयास भी असफल

भारतीय पैरा पावरलिफ्टर कस्तुरबा राजमणि दूसरे प्रयास में भी विफल रहीं। राजमणि को 111 किलो वजन उठाना था, लेकिन वह ऐसा नहीं कर सकीं। 

11:31 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: लॉन बॉल में सोनोवाल जीते

लॉन बॉल के पुरुष एकल सेक्शन डी के दूसरे राउंड में भारत के पुतुल सोनोवाल जीते। सोनोवाल ने सेसिल एलेक्सजेंडर को हराया। भारत सेक्सन डी की तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। 

11:29 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: राजमणि पहले प्रयास में विफल

भारत की कस्तुरी राजमणि महिला पैरा लिविफ्टिंग हेवीवेट ग्रुप ए के पहले प्रयास में विफल रहीं। राजमणि ने पहले प्रयास में 111 किलो वजन उठाने का फैसला लिया, लेकिन वह असफल रहीं। 

11:20 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जादूमणि ने जीता मैच

भारतीय मुक्केबाज जादूमणि सिंह ने रिंग में उतरते ही अपना दम दिखाया। जादूमणि ने पुरुष 55 किग्रा वर्ग में राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में स्कॉटलैंड के आरोन कलेन को सर्वसम्मति के फैसले से हराया। पहले राउंड में जादूमणि का दबदबा देखने मिला और सभी पांचों जजों ने भारतीय मुक्केबाज को 10 अंक दिए। दूसरे राउंड में भी यही स्थिति रही और एक बार फिर सभी जजों ने जादूमणि को 10 अंक दिए। तीसरे राउंड में कलेन ने कुछ चुनौती पेश करने की कोशिश की, लेकिन जादूमणि ने अपने पंच से इसका बखूबी जवाब दिया। अंतत: सभी जजों ने एकतरफा फैसले में जादूमणि को विजेता घोषित किया। 

11:07 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जादूमणि रिंग में उतरे

भारतीय मुक्केबाज जादूमणि सिंह रिंग में उतर चुके हैं। जादूमणि पुरुष 55 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश कर रहे हैं। राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में उनके सामने स्कॉटलैंड के आरोन कलेन हैं। पहले राउंड में जादूमणि का दबदबा देखने मिला और सभी पांचों जजों ने भारतीय मुक्केबाज को 10 अंक दिए। दूसरे राउंड में भी यही स्थिति रही और एक बार फिर सभी जजों ने जादूमणि को 10 अंक दिए। 

10:54 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: नीरज चोपड़ा ग्लास्गो पहुंचे

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने के लिए ग्लास्गो पहुंच गए हैं। नीरज भारत की सबसे बड़ी पदक उम्मीद में से एक हैं। नीरज ने 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि वह चोट के कारण 2022 राष्ट्रमंडल खेल में हिस्सा नहीं ले सके थे। 

10:20 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पुरुष लॉन बॉल का मैच जारी

लॉन बॉल पुरुष एकल सेक्शन डी का दूसरे दौर का मुकाबला जारी है। भारत की ओर से पुतुल सोनोवाल चुनौती पेश कर रहे हैं और उनके सामने फॉकलैंड आइलैंड के सेसिल एलेक्सजेंडर हैं। 

08:57 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: महिला पैरा पावरलिफ्टिंग में पदक की उम्मीद खत्म

महिला पैरा पावरलिफ्टिंग लाइटवेट वर्ग में भारत के पदक की उम्मीद समाप्त हो गई। जसप्रीत कौर ने ग्रुप बी में शानदार प्रदर्शन किया और शीर्ष पर रहीं, लेकिन ग्रुप ए की स्टैंडिंग के बाद वह पिछड़ गईं। जसप्रीत 96.4 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं। वहीं, भारत की एक अन्य खिलाड़ी सुमन देवी 88.4 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहीं। 

08:41 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: लॉन बॉल में भारत की जीत

लॉन बॉल महिला पेयर सेक्शन बी राउंड-2 मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराया। रुपा रानी और पिंकी की भारतीय जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका की थाबेलो मुवहांगो और जैकी वान बेनबर्ग को एकतरफा अंदाज में हराया। 

08:36 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जसप्रीत पदक से चूकीं

महिला पैरा पावरलिफ्टिंग लाइटवेट वर्ग में जसप्रीत कौर शानदार प्रदर्शन के बावजूद पदक अपने नाम करने से चूक गईं। जसप्रीत ने ग्रुप बी में शानदार प्रदर्शन किया था और 96.4 कुल अंक के साथ शीर्ष पर रही थीं। लेकिन ग्रुप ए की स्पर्धा के बाद वह चौथे स्थान पर खिसक गईं जिससे उनका पदक जीतने का सपना टूट गया। इस वर्ग में भारत के पदक की उम्मीदें अब सुमन देवी पर टिकी हैं। 

08:25 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: सुमन देवी पेश कर रहीं चुनौती

महिला पैरा पावरलिफ्टिंग लाइटवेट ग्रुप ए मुकाबले में सुमन देवी चुनौती पेश कर रही हैं। पहले प्रयास में सुमन ने 100 किलो का वजन सफलतापूर्वक उठाया। हालांकि, वह फिलहाल पांचवें नंबर पर चल रही हैं। 

08:19 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जसप्रीत कौर का दमदार प्रदर्शन

भारत की जसप्रीत कौर ने महिला पैरा पावरलिफ्टिंग के ग्रुप बी में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने तीसरे प्रयास में सफलतापूर्वक 100 किलो वजन उठाया। जसप्रीत के अब 96.4 अंक हैं और वह शीर्ष पर बनी हुई हैं। जसप्रीत का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और वह अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहीं। 

08:12 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: लॉन बॉल में भारत ने बढ़ाई बढ़त

लॉन बॉल महिला पेयर सेक्शन बी राउंड-2 मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बढ़त बना ली है। भारत ने पहला सेट 6-4 से अपने नाम किया है। 

08:09 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में शीर्ष पर भारत

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स इवेंट में सब-डिविजन 1 और 2 के खत्म होने के बाद भारत कुल 208.550 अंक के साथ सबसे आगे है। सब-डिविजन 3 में इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, स्कॉटलैंड, साइप्रस और वेल्स जैसी टीमें शामिल हैं। भारत मेडल जीतेगा या नहीं, यह इन टॉप टीमों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा। वहीं, व्यक्तिगत वर्ग में तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह 71.700 और 71.400 के स्कोर के साथ ऑल-अराउंड स्टैंडिंग में क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। उन्हें भी सब-डिविजन 3 के नतीजों का इंतजार करना होगा। तपस्वरनाथ दास 61.000 के स्कोर के साथ 11वें स्थान पर हैं।

08:02 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जसप्रीत दूसरे प्रयास में विफल

जसप्रीत कौर दूसरे प्रयास में 99 किलो वजन उठाने में असफल रहीं, लेकिन वह ग्रुप बी में शीर्ष पर बनी हुई हैं। जसप्रीत अब तीसरे और अंतिम प्रयास में 100 किलो वजन उठाने का प्रयास करेंगी। 

07:52 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जसप्रीत पदक की दौड़ में

महिला पैरा पावरलिफ्टिंग में जसप्रीत कौर पदक की दौड़ में बनी हुई हैं। महिला लाइटवेट ग्रुप बी में जसप्रीत शीर्ष पर मौजूद हैं और पदक जीतने की दावेदार हैं। जसप्रीत ने पहले प्रयास में 95 किलो वजन उठाया और वह फिलहाल 91.6 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। 

07:33 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: लॉन बॉल में भारत का मुकाबला शुरू

लॉन बॉल में भारत का मुकाबला शुरू हो चुका है। महिला पेयर सेक्शन बी राउंड-2 मैच भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से हो रहा है। भारत की ओर से रुपा रानी और पिंकी दक्षिण अफ्रीका की थाबेलो मुवहांगो और जैकी वान बेनबर्ग की चुनौती का सामना कर रही हैं। 

07:05 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जिम्नास्ट में भारत का दमदार प्रदर्शन

जिम्नास्टिक में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है और वह टीम स्पर्धा में शीर्ष पर आ गई है। तापेश्वरनाथ, स्वाथिश, तपन मोहंती और योगेश्वर सिंह की चौकड़ी ने प्रभावित किया है। हालांकि, व्यक्तिगत वर्ग में इनका प्रदर्शन खास नहीं रहा है। 

06:55 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: अशोक तीसरे प्रयास में चूके

भारत के एक अन्य पावरलिफ्टर अशोक तीसरे प्रयास में चूक गए और 205 किलो का वजन सफलतापूर्वक नहीं उठा सके। अशोक 143.8 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे और पदक लाने से चूक गए। अशोक ने दूसरे प्रयास में 200 किलो वजन उठाया जो उनका निजी सर्वश्रेष्ठ है। अशोक के पास पदक जीतने का अच्छा अवसर था, पर वह इससे चूक गए। 

06:49 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: परमजीत फिर विफल

भारत के परमजीत कुमार तीसरे प्रयास में भी विफल रहे और 179 किलो का वजन सफलतापूर्वक उठा नहीं सके। परमजीत ने सिर्फ एक सफल प्रयास कर सके, जबकि अगले दोनों प्रयास में वह विफल रहे। परमजीत छठे स्थान पर हैं। परमजीत ने कुल 135.6 अंक हासिल किए। हालांकि, अशोक पदक की दौड़ में बने हुए हैं। 

06:42 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: परमजीत चूके, अशोक का दमदार प्रदर्शन

भारत के दोनों पैरा पावरलिफ्टर मेडल के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। परमजीत दूसरे प्रयास में हालांकि, विफल रहे। परमजीत ने पहले प्रयास में 176 किलो वजन उठाया, लेकिन दूसरे प्रयास में वह 179 किलो का वजन नहीं उठा सके। वहीं, अशोक ने पहले प्रयास में 195 किलो का वजन उठाया, जबकि दूसरे प्रयास में 200 किलो वजन उठाकर खुद को पदक की दौड़ में शामिल रखा है। फिलहाल अशोक चौथे और परमजीत छठे स्थान पर हैं। 

06:22 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पैरा पावरलिफ्टिंग शुरू

पैरा पावरलिफ्टिंग का मुकाबला शुरू हो गया है। भारत के दो खिलाड़ी पुरुष लाइटवेट में पदक लाने की दौड़ में शामिल हैं। भारत के परमजीत कुमार पहले प्रयास में 180 किलो के लिए गए, जबकि अशोक ने 200 किलो को चुना। परमजीत ने पहले प्रयास में 176 और अशोक ने 195 किलो का वजन उठाया। 

06:02 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जिम्नास्टिक में दूसरे स्थान पर भारत

पुरुषों की आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स टीम प्रतियोगिता में भारत ने अपनी शानदार शुरुआत जारी रखी और फ्लोर एक्सरसाइज तथा पोमेल हॉर्स रोटेशन के बाद कुल 63.500 अंक हासिल किए। भारतीय टीम फ्लोर पर 32.250 और पोमेल हॉर्स पर 31.250 अंकों के साथ दोनों अपरेटस में आगे है और लाइव स्टैंडिंग में सिंगापुर के बाद कुल मिलाकर दूसरे स्थान पर बनी हुई है। व्यक्तिगत रूप से योगेश्वर सिंह ने पोमेल हॉर्स पर 11.100 अंक बनाए, जबकि तपन मोहंती ने 9.850 अंक हासिल किए।

05:52 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पैरा पावरलिफ्टिंग में पदक की उम्मीद

पैरा पावरलिफ्टिंग पुरुष लाइटवेट में भारत की ओर से परमजीत कुमार और अशोक कुछ ही देर में चुनौती पेश करेंगे। 

05:31 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: व्यक्तिगत वर्ग में भारतीयों का प्रदर्शन

भारत के जिम्नास्ट ने पुरुषों की व्यक्तिगत प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की है। तपन मोहंती ने फ्लोर एक्सरसाइज में 12.150 का स्कोर करके देश की चुनौती को आगे बढ़ाया है और वे लाइव स्टैंडिंग में सातवें स्थान पर हैं। योगेश्वर सिंह 10.600 के स्कोर के साथ 10वें स्थान पर हैं, जबकि तापेश्वरनाथ दास 9.500 के स्कोर के साथ 11वें स्थान पर हैं। भारतीय तिकड़ी के लिए अभी सिर्फ फ्लोर एक्सरसाइज पूरी हुई है, इसलिए जैसे-जैसे बाकी इवेंट्स होंगे, उनके पास रैंकिंग में ऊपर चढ़ने का अच्छा मौका है।

05:09 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: भारतीय जिम्नास्ट पेश कर रहे चुनौती

भारतीय जिम्नास्ट का मुकाबला जारी है और भारत के चार जिम्नास्ट चुनौती पेश कर रहे हैं। भारत की ओर से आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक के पुरुष टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास, योगेश्वर सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। 

04:09 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: श्रीहरि नटराज सेमीफाइनल में

पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक हीट में श्रीहरि नटराज ने निराश किया और पांचवें स्थान पर रहे। हालांकि, वह अगले दौर के लिए क्वालिफाई करने में सफल रहे। हीट 4 में अपने अभियान की शुरुआत करने वाले नटराज ने 25.52 सैकेंड का समय लिया और वह अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहे। इस इवेंट में शीर्ष 16 खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है जिसमें नटराज भी शामिल हैं। नटराज के पास भले ही फाइनल में पहुंचने का मौका है, लेकिन वह हीट में उम्मीद के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। सेमीफाइनल मुकाबला भारतीय समयानुसार आज रात 12:30 बजे होगा।

03:57 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: जूडोका तुलिका मान को झटका

भारतीय अभियान को जूडोका तुलिका मान के राष्ट्रमंडल खेलों से हटने के कारण झटका लगा है। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतने वाली जूडो खिलाड़ी तुलिका मान को ग्लासगो में चल रहे गेम्स से हटा दिया गया है। नेशनल एंटी-डोपिंग एजेंसी (नाडा) ने पिछले 12 महीनों में तीन बार अपनी लोकेशन की जानकारी न दे पाने (वेयरअबाउट्स फेलियर) के कारण उन्हें अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है।

03:50 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: रवि तीसरे स्थान पर रहे

रवि ने हीट में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 स्पर्धा में 57.10 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वह लीडर स्टीफन क्लेग से 0.53 सेकेंड पीछे रहे और अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया। अली इमाम भी 1:05.32 के समय के साथ अगले राउंड में पहुंच गए। वह लीडर से 8.75 सेकेंड पीछे रहे। इमाम आठवें स्थान पर रहे। 

03:44 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पैरा तैराकी का मैच शुरू

पुरुष S13 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट का मैच शुरू हो गया है। भारत की ओर से रवि और इमाम चुनौती पेश कर रहे हैं। 

03:36 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: फ्रीस्टाइल हीट में उतरेंगे रवि-इमाम

पुरुष S13 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट में रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली उतरेंगे। ये मुकाबला अब से कुछ ही देर में शुरू होने जा रहा है। 

02:45 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ग्लास्गो गए भारतीय दल को शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, राष्ट्रमंडल खेल की शुरुआत हो रही है, ऐसे में मैं भारतीय दल को अपनी शुभकामनाएं देता हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि हमारे खिलाड़ी जोश, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन प्रदर्शन की भावना के साथ इन खेलों में हिस्सा लेंगे। हमारे खिलाड़ियों का हुनर और लगन हमेशा भारतीयों को प्रेरित करता है।

02:39 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: पैरा तैराक पेश करेंगे चुनौती

दूसरे दिन भारत के लिए सबसे पहले पैरा तैराक चुनौती पेश करेंगे। पुरुष S13 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट में रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना और इमाम अली उतरेंगे। ये क्वालिफिकेशन दौर के मैच होंगे और अगर फाइनल में पहुंचे तो आज रात इस इवेंट से भारत को पदक मिल सकता है। 

02:37 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: भारतीय जिम्नास्ट को करना होगा इंतजार

भारतीय जिम्नास्ट को चुनौती पेश करने के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। पहले भारतीय खिलाड़ियों के मैच 2:30 बजे शुरू होने थे, लेकिन अब ये शाम को पांच बजे होंगे। भारत की ओर से पुरुष टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास, योगेश्वर सिंह प्रतिस्पर्धा करेंगे।

02:14 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: तैराकी-पैरा तैराकी के कार्यक्रम

  • दोपहर 3:40 बजे – पुरुष S13 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट
    खिलाड़ी: रवि वीरा वेंकट भवानी कार्तिक बुडिग्ना
  • दोपहर 3:40 बजे – पुरुष S13 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट
    खिलाड़ी: इमाम अली
  • दोपहर 3:56 बजे – पुरुष 50 मीटर बैकस्ट्रोक हीट
    खिलाड़ी: श्रीहरि नटराज

02:09 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Live: आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक से होगी शुरुआत

भारत दूसरे दिन अपने अभियान की शुरुआत आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक से करेगा। पुरुष टीम फाइनल और व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन के मुकाबले खेले जाएंगे। भारत की ओर से तपन मोहंती, स्वाथिश केपी, तपेश्वरनाथ दास, योगेश्वर सिंह प्रतिस्पर्धा करेंगे। इसकी शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे से होगी। 

02:04 PM, 24-Jul-2026

CWG 2026 Day 2 Highlights: पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने खोला पदक का खाता, कांस्य पदक अपने नाम किया

Glasgow Commonwealth Games Day 2 Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। राष्ट्रमंडल खेलों का आज दूसरा दिन है। भारतीय खिलाड़ी आज कई स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। तैराकी, पैरा तैराकी, मुक्केबाजी, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक तक भारतीय खिलाड़ी अपना दम दिखाएंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें