फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियन पैरा गेम्स LIVE: भारत की जबरदस्त शुरुआत, पहले ही दिन मोना ने जीता स्वर्ण, अवनि को रजत से करना पड़ा संतोष

Mon, 19 Oct 2026 12:33 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

Asian Para Games Day 1 Result Live Updates : एशियन पैरा गेम्स के पहले दिन भारत के 168 सदस्यीय दल का अभियान शुरू हो गया है। निशानेबाजी में दो पदक आ भी गए हैं। एक स्वर्ण और एक रजत आया है। तीरंदाजी और बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। भारत की नजरें पिछले संस्करण के 111 पदकों से बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

विज्ञापन
अवनि और मोना - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:32 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: मिश्रित युगल बैडमिंटन में भारत का पदक पक्का

भारत के नितेश कुमार और तुलसीमथि मुरुगेसन ने मिश्रित युगल SL3-SU5 के सेमीफाइनल में जगह बनाकर पदक पक्का कर लिया है। चीन की यांग जियानयुआन और यांग क्यूशिया की जोड़ी के खिलाफ वॉकओवर मिलने के बाद भारतीय जोड़ी ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद नितेश और तुलसीमथि ने चेन पेंगफेई और हुआंग जिक्सुआन को 21-4, 21-18 से हराया।

एकल मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों की जीत
पुरुष एकल SL3 मुकाबले में नितेश कुमार ने दक्षिण कोरिया के जू डोंगजे को 21-13, 21-15 से हराया। वहीं, पुरुष एकल SU5 के ग्रुप मुकाबले में ऋतिक रघुपति ने थाईलैंड के सोमसिरी प्रीचा को 21-12, 21-12 से मात दी।
 

12:25 PM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पदक तालिका

चीन पदक तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है, जबकि भारत फिलहाल दूसरे स्थान पर है।

देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल मेडल 
चीन 2 1 1 4
भारत 1 1 0 2
कजाखस्तान 1 1 0 2
जॉर्डन 1 0 0 1
मलयेशिया 1 0 0 1
दक्षिण कोरिया 0 1 2 3

11:58 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: निशानेबाजी में दो पदकों के बाद भारत की नजरें और पदकों पर

मोना अग्रवाल के स्वर्ण और अवनी लेखरा के रजत पदक जीतने के बाद भारत के पास आज दोपहर कई और पदक जीतने के मौके होंगे। इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें:
 

  • दोपहर 1:00 बजे: जसप्रीत कौर – महिला पैरा पावरलिफ्टिंग, 45 किग्रा तक फाइनल
  • दोपहर 1:30 बजे: गोपीचंद लिंगुतला और निरंजन मुकुंदन – पुरुष 400 मीटर फ्रीस्टाइल S7 फाइनल
  • दोपहर 1:38 बजे: वैश्णवी विनोद जगताप – महिला 400 मीटर फ्रीस्टाइल S8 फाइनल
  • दोपहर 1:40 बजे: निषाद कुमार – पुरुष लंबी कूद T47 फाइनल
  • दोपहर 2:30 बजे: परमजीत कुमार और मनीष कुमार – पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग, 59 किग्रा तक फाइनल
  • दोपहर 2:57 बजे: रवि कार्तिक बुडिगिना – पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल S13 फाइनल
  • शाम 4:03 बजे: रक्षित राजू और रवन्नी वलसानी – महिला 1500 मीटर T11 फाइनल
  • शाम 4:30 बजे: प्रणव देसाई – पुरुष 200 मीटर T64 फाइनल
  • शाम 4:46 बजे: अजय हिंदुराव भोसले और कपिल कुमार – पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल S10 फाइनल

क्या निशानेबाजी में मिले दो पदकों के बाद भारतीय खिलाड़ी पदक तालिका में और इजाफा कर पाएंगे?

विज्ञापन
11:57 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पैरा बैडमिंटन में नितेश-तुलसीमथि ने पक्का किया पदक

भारत के नितेश कुमार और तुलसीमथि मुरुगेसन ने मिश्रित युगल SL3-SU5 के सेमीफाइनल में जगह बनाकर बैडमिंटन में कम से कम एक पदक पक्का कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने अपने अजेय अभियान को जारी रखा। शुरुआती मुकाबले में वॉकओवर मिलने के बाद दोनों ने ग्रुप बी में शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने चीन के चेन पेंगफेई और हुआंग जिक्सुआन को केवल 23 मिनट में 21-4, 21-18 से हराया।

एकल मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों की जीत
एकल स्पर्धाओं में भी भारत के लिए अच्छी खबर रही। पेरिस पैरालंपिक चैंपियन नितेश कुमार ने पुरुष एकल SL3 मुकाबले में दक्षिण कोरिया के जू डोंगजे को 21-13, 21-15 से आसानी से हराया। वहीं, पुरुष एकल SU5 के ग्रुप चरण में ऋतिक रघुपति ने थाईलैंड के सोमसिरी प्रीचा को 21-12, 21-12 से मात दी।

11:16 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: मोना ने जीता निशानेबाजी में स्वर्ण, अवनि को रजत

महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 फाइनल में भारत को इससे रोमांचक मुकाबले की उम्मीद नहीं रही होगी। अवनि लेखरा ने शुरुआती बढ़त हासिल की। उन्होंने पहली सीरीज में 53.2 अंक जुटाए और दूसरी सीरीज के बाद उनका स्कोर 104.8 हो गया। वहीं, मोना अग्रवाल 102.9 अंकों के साथ उनके ठीक पीछे थीं। इसके बाद मोना ने अंतर कम करना शुरू किया। स्टेज-2 की पहली सीरीज के बाद वह 123.7 अंकों पर थीं, जबकि अवनि के 126.4 अंक थे। हालांकि, अगली सीरीज के बाद अवनि 146.8 अंकों के साथ आगे थीं और मोना के 144.7 अंक थे।

मुकाबले के दौरान दोनों निशानेबाजों के बीच बढ़त लगातार बदलती रही। स्टेज-2 की तीसरी सीरीज में मोना ने अवनि को पीछे छोड़ते हुए 165.7 अंक हासिल किए, जबकि अवनि के 167.2 अंक थे। इसके बाद अवनि ने फिर बढ़त बनाई। उनके 186.9 अंक थे, जबकि मोना 187.1 अंकों के साथ आगे निकल गईं। आखिरी सीरीज में दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। अंत में मोना ने 250.0 अंकों के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अवनि लेखरा ने 249.6 अंकों के साथ रजत पदक जीता। दोनों के बीच अंतर महज 0.4 अंक का रहा। दक्षिण कोरिया की ली युनरी 227.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। भारत के लिए यह शानदार नतीजा रहा। स्वर्ण और रजत पदक का फैसला बेहद मामूली अंतर से हुआ और दोनों भारतीय निशानेबाजों ने शीर्ष दो स्थान हासिल किए।
 

विज्ञापन
11:10 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: शूटिंग में गोल्ड और सिल्वर

2026 एशियाई पैरा खेलों में भारत ने शानदार शुरुआत की है। मोना अग्रवाल और अवनी लेखरा ने महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 के फाइनल में शीर्ष दो स्थान हासिल किए। मोना ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनी ने रजत पदक अपने नाम किया। खेलों की शुरुआत में ही भारत ने दुनिया में अपनी धाक जमा दी है।

11:08 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 फाइनल

फाइनल मुकाबला अब बेहद रोमांचक हो गया है और निर्णायक सीरीज करीब आ रही हैं। मोना अग्रवाल और अवनी लेखरा स्वर्ण और रजत पदक जीतने की स्थिति में हैं। आठवीं सीरीज के बाद दोनों भारतीय निशानेबाजों के बीच अंकों का अंतर बेहद मामूली है। मोना 228.8 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि अवनी 228.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अब देखना होगा कि भारत के लिए स्वर्ण पदक कौन जीतेगा?

10:56 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 फाइनल

अवनी लेखरा ने महिला 10 मीटर एयर राइफल SH1 के फाइनल में शुरुआती चार सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया है। दूसरी सीरीज के बाद उन्होंने कुल 104.8 अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान पर पहुंच गईं। वहीं, मोना अग्रवाल ने पहली दो सीरीज के बाद 102.9 अंक जुटाए और छठे स्थान पर हैं। वहीं, अवनि चार सीरीज के बाद 146.8 अंकों के साथ वह अब भी शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। वहीं, मोना अग्रवाल थोड़ी पीछे चल रही हैं। चौथी सीरीज के बाद 144.7 अंकों के साथ वह पांचवें स्थान पर हैं।

10:10 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: जूडो में महिला J2 -52 किग्रा सेमीफाइनल

भारतीय जूडो खिलाड़ी कोकिला ने महिला J2 -52 किग्रा के सेमीफाइनल में चीन की मौजूदा विश्व चैंपियन यी लियू को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस जीत के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब वह दोपहर 12:30 बजे स्वर्ण पदक के मुकाबले में किर्गिस्तान की आइबिके उलानबेक क्यजी से भिड़ेंगी।

10:08 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: बैडमिंटन में SL3 और SU5

पैरा बैडमिंटन में भारत को दोहरी निराशा हाथ लगी। पुरुष एकल SL3 के ग्रुप चरण में उमेश कुमार को चीन के यी युझे के खिलाफ 11-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद ग्रुप चरण में उनका रिकॉर्ड एक जीत और एक हार का हो गया है। वहीं, पुरुष एकल SU5 वर्ग में राकेश पांडे को चीनी ताइपे के फांग जेन-यू ने 21-5, 21-9 से हराया। ग्रुप चरण में यह राकेश की लगातार दूसरी हार है।

09:16 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: निशानेबाजी में पुरुष 10 मीटर एयर राइफल SH1 में पदक से चूके स्वरूप उन्हालकर

एशियन पैरा गेम्स में भारत को निशानेबाजी में मामूली अंतर से पदक नहीं मिल सका। पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा के फाइनल में स्वरूप उन्हालकर चौथे स्थान पर रहे। कजाखस्तान के येर्किन गब्बासोव ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि दक्षिण कोरिया के जुनहो पार्क और जांगहो ली ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए।

09:09 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पुरुष 10 मीटर एयर राइफल SH1 फाइनल

पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा का फाइनल शुरू हो गया है। भारत के स्वरूप महावीर उन्हालकर और राकेश निदागुंडी निशाना लगा रहे हैं। दोनों ने क्वालिफिकेशन राउंड में अंतिम स्थानों पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। लाइव अपडेट के लिए जुड़े रहें!

09:01 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला J2 -52 किग्रा सेमीफाइनल

भारतीय जूडो खिलाड़ी कोकिला ने महिला J2 -52 किग्रा के सेमीफाइनल में मौजूदा विश्व चैंपियन चीन की यी लियू को हराकर सबको चौंका दिया। इस जीत के साथ उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब वह दोपहर 12:30 बजे स्वर्ण पदक के मुकाबले में किर्गिस्तान की आइबिके उलानबेक क्यजी से भिड़ेंगी।

08:32 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: शीतल देवी ने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की

भारत की पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने महिला कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 720 में से 704 अंक हासिल किए। इसके साथ ही उन्होंने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने 698 अंकों के पिछले एशियाई रिकॉर्ड को छह अंकों के अंतर से तोड़ दिया।

08:31 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: जूडो, पुरुष J1 -70 किग्रा

पेरिस पैरालंपिक के कांस्य पदक विजेता कपिल परमार ने पुरुषों के J1 -70 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने मंगोलिया के बाट-एर्डेने बातारसुरेन को 4 मिनट 53 सेकंड में इप्पोन के जरिए हराकर अंतिम चार में अपना स्थान पक्का किया।

08:30 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पुरुष 10 मीटर एयर राइफल क्वालिफिकेशन SH1

राकेश निदागुंडी (619.3 अंक) और स्वरूप उन्हालकर (617.4 अंक) ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। दोनों भारतीय निशानेबाज क्वालिफिकेशन राउंड में क्रमशः सातवें और आठवें स्थान पर रहे। भारतीय जोड़ी अब सुबह 8:40 बजे शुरू होने वाले फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए निशाना लगाएगी।

08:29 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1

मोना सिंह और अवनी लेखरा का क्वालिफिकेशन राउंड पूरा हो गया है। छह सीरीज के बाद कुल 629.1 अंक हासिल कर मोना ने एशियन पैरा गेम्स का क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हालांकि, वह 629.4 अंकों के विश्व रिकॉर्ड से मामूली अंतर से चूक गईं। यह रिकॉर्ड उनकी हमवतन अवनी लेखरा और स्लोवाकिया की वाकोविचोवा वेरोनिका के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। वहीं, अवनी लेखरा 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही हैं। हालांकि, कुछ अन्य खिलाड़ियों का क्वालिफिकेशन राउंड अभी पूरा होना बाकी है।

08:28 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: महिला W1 तीरंदाजी में स्वाति चौधरी शीर्ष पर

भारत की स्वाति चौधरी ने महिला W1 तीरंदाजी स्पर्धा के रैंकिंग राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया। छह खिलाड़ियों के इस मुकाबले में उन्होंने 648 अंक हासिल किए, जो गेम्स रिकॉर्ड भी है। इसके साथ ही स्वाति ने शीर्ष वरीयता हासिल की।

08:28 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पुरुष रिकर्व तीरंदाजी रैंकिंग राउंड

हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुष रिकर्व रैंकिंग राउंड पूरा कर लिया है। हरविंदर 631 अंकों के साथ पांचवें और विजय 630 अंकों के साथ सातवें स्थान पर रहे। दक्षिण कोरिया के क्वाक गॉनह्वी ने 661 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, जबकि इंडोनेशिया के खोलिदीन 640 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। 

08:26 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पैरा बैडमिंटन, मिश्रित युगल में भारतीय जोड़ियों का दमदार प्रदर्शन

आज दोनों भारतीय जोड़ियों ने शानदार शुरुआत की। नितेश कुमार और तुलसीमती मुरुगेसन ने ग्रुप बी में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने चीन के पेंगफेई चेन और जिक्सुआन हुआंग को 21-4, 21-18 से हराया। यह मुकाबला केवल 23 मिनट चला। इस जीत के साथ भारतीय जोड़ी ग्रुप में अजेय बनी हुई है।

मानसी-रुथिक ने पहली जीत दर्ज की
वहीं, मानसी जोशी और रुथिक रघुपति ने शुरुआती दो हार के बाद वापसी करते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने कैथलीन पेड्रोसा और खियान काइल उर्बानो को 21-5, 21-15 से हराया। प्रत्येक जोड़ी को ग्रुप में तीन मुकाबले खेलने हैं। इनमें से शीर्ष छह जोड़ियां क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

08:26 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: तीरंदाजी और बैडमिंटन में भारतीय खिलाड़ी मैदान में

पहले दिन तीरंदाजी में पायल नाग और शीतल देवी महिला कंपाउंड व्यक्तिगत और युगल क्वालिफिकेशन में चुनौती पेश कर रही हैं। वहीं, हरविंदर सिंह और विजय सुंडी पुरुष रिकर्व व्यक्तिगत और युगल क्वालिफिकेशन में हिस्सा ले रहे हैं। पैरा बैडमिंटन में अल्फिया जेम्स, प्रेम कुमार, नितेश कुमार, रुथिक रघुपति, प्रमोद भगत और सुकांत कदम समेत कई भारतीय खिलाड़ी अपने अभियान की शुरुआत कर रहे हैं।

08:25 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: पहले दिन भारत की चुनौती शुरू

एशियन पैरा गेम्स के पहले दिन भारत की चुनौती शुरू हो गई है। आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ी तीरंदाजी, बैडमिंटन और निशानेबाजी समेत विभिन्न स्पर्धाओं में उतर रहे हैं। भारत के 168 सदस्यीय दल में सुमित अंतिल और अवनी लेखरा जैसे पैरालंपिक सितारे शामिल हैं। भारतीय टीम की नजरें हांगझोऊ में पिछले संस्करण में जीते गए 111 पदकों से बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

08:21 AM, 19-Oct-2026

एशियन पैरा गेम्स LIVE: भारत की जबरदस्त शुरुआत, पहले ही दिन मोना ने जीता स्वर्ण, अवनि को रजत से करना पड़ा संतोष

एशियन पैरा गेम्स के पहले दिन भारत की चुनौती शुरू हो गई है। आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ी तीरंदाजी, बैडमिंटन और निशानेबाजी समेत विभिन्न स्पर्धाओं में उतर रहे हैं। भारत के 168 सदस्यीय दल में सुमित अंतिल और अवनी लेखरा जैसे पैरालंपिक सितारे शामिल हैं। भारतीय टीम की नजरें हांगझोऊ में पिछले संस्करण में जीते गए 111 पदकों से बेहतर प्रदर्शन करने पर होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें