फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games Opening Ceremony 2026: एशियन गेम्स का शानदार आगाज, मनु और पवन ने की भारतीय दल की अगुआई

Sat, 19 Sep 2026 03:55 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

Asian Games Opening Ceremony 2026 Highlights: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से आइची नागोया एशियन गेम्स की शुरुआत हो चुकी है। भारत इस साल हांगझोउ में 2023 में एशियन गेम्स के मेडल्स रिकॉर्ड को तोड़ने उतरा है। तब भारत ने 28 स्वर्ण समेत 107 पदक जीते थे। नीरज चोपड़ा इस साल एशियाड का हिस्सा नहीं होंगे। एशियाड 2026 का आधिकारिक आगाज हो चुका है।
विज्ञापन
मनु और पवन भारत के ध्वजवाहक रहे - फोटो : twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:38 PM, 19-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एशियन गेम्स 2026 में भारत पर एक नजर

  • 501 भारतीय खिलाड़ी एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
  • 36 खेलों में भारत के खिलाड़ी पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे।
  • भारतीय दल में 260 से ज्यादा पुरुष और 230 से ज्यादा महिला खिलाड़ी शामिल हैं।
  • भारत के दल में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी सबसे युवा खिलाड़ी हैं।
  • 55 वर्षीय घुड़सवार श्रुति वोरा सबसे उम्रदराज भारतीय खिलाड़ी हैं।
  • भारत के दल में 40 साल का उम्र का अंतर है, जो युवा जोश और अनुभव का शानदार मेल दिखाता है।
  • भारत हांगझोउ 2022 के 107 पदकों के रिकॉर्ड प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती के साथ उतरेगा।
  • सात खेलों में लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफिकेशन का मौका जुड़ा है।
  • ये सात खेल हैं, तीरंदाजी, हॉकी, स्क्वैश, टेनिस, सर्फिंग, नौकायन और ट्रायथलॉन।
  • एशियन गेम्स में भारत के दल में अनुभवी सितारों के साथ कई युवा प्रतिभाएं भी शामिल हैं।
  • आइची-नागोया में भारतीय खिलाड़ी पदकों की संख्या बढ़ाने के साथ अपनी नई पीढ़ी को बड़े मंच पर साबित करने की कोशिश करेंगे।

04:33 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: आइची-नागोया में जले एशियन गेम्स के कड़ाह

वह ऐतिहासिक भी आ गया जब पालोमा मिजुहो स्टेडियम में एशियन गेम्स के कड़ाह प्रज्वलित किए जा रहे हैं। ओपनिंग सेरेमनी के सबसे खास पलों में से एक में जैसे ही कड़ाह की लौ जली, एशियन गेम्स 2026 के आयोजन ने एक नए अध्याय में प्रवेश कर लिया। आइची-नागोया एशियन गेम्स के आधिकारिक आगाज के बाद अब पूरे एशिया से पहुंचे खिलाड़ी पदकों की दौड़ में उतरने के लिए तैयार हैं।

04:33 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: पूर्व बैडमिंटन स्टार अयाका ताकाहाशी ने थामी एशियन गेम्स की मशाल

आइची-नागोया एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में जापान की पूर्व बैडमिंटन स्टार अयाका ताकाहाशी ने एशियन गेम्स की मशाल थामी। ताकाहाशी ने टोक्यो 2020 ओलंपिक में महिला युगल का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था। उन्होंने युकी फुकुशिमा के साथ मिलकर यह उपलब्धि हासिल की थी। इसके अलावा उन्होंने 2018 जकार्ता-पालेमबांग एशियन गेम्स में भी महिला युगल का स्वर्ण पदक जीता था।

विज्ञापन
04:32 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: जापानी कुश्ती स्टार अकारी फुजिनामी ने थामी एशियन गेम्स की मशाल

आइची-नागोया एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में जापान की स्टार पहलवान अकारी फुजिनामी ने एशियन गेम्स की मशाल थामी। पेरिस 2024 ओलंपिक में महिलाओं के 53 किग्रा वर्ग की स्वर्ण पदक विजेता फुजिनामी जापान की प्रमुख खेल हस्तियों में शामिल हैं। उन्हें इन एशियन गेम्स के लिए फ्लैग-बेयरर भी चुना गया है। ओपनिंग सेरेमनी में मशाल लेकर उनकी मौजूदगी ने समारोह के इस खास पल को और यादगार बना दिया।

04:31 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: शुभंकर होनोहो पेश, जापानी शब्द ‘लौ’ से जुड़ा है नाम

एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में आइची-नागोया खेलों के आधिकारिक शुभंकर होनोहो से भी परिचय कराया गया। होनोहो का नाम जापान के एक पुराने शब्द से लिया गया है, जिसका अर्थ ‘लौ’ होता है। यह शुभंकर एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के जुनून, ऊर्जा और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। होनोहो प्रतियोगिता की भावना के साथ जापानी संस्कृति की खास झलक भी पेश करता है। यह उस जज्बे और जुनून को दर्शाता है, जो खिलाड़ियों को अपने सपनों का पीछा करने और खेलों के इतिहास में अपनी छाप छोड़ने के लिए प्रेरित करता है।
 

विज्ञापन
03:49 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: सम्राट नारुहितो ने एशियन गेम्स के आधिकारिक रूप से आगाज का किया एलान

एशियन गेम्स 2026 का आधिकारिक आगाज हो गया है। जापान के सम्राट नारुहितो ने आइची-नागोया में 20वें एशियन गेम्स को आधिकारिक रूप से खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही भव्य ओपनिंग सेरेमनी अपने ऐतिहासिक पड़ाव पर पहुंच गई। अब पूरे एशिया से पहुंचे खिलाड़ी पदकों के लिए मैदान में उतरेंगे। एशियन गेम्स की औपचारिक शुरुआत के साथ ही प्रतियोगिताओं का रोमांच और पदकों की दौड़ शुरू हो गई है।

03:48 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: ओसीए अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी ने खिलाड़ियों को संबोधित किया

अब ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) के अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित कर रहे हैं। पालोमा मिजुहो स्टेडियम में उनका संबोधन हो रहा है, जहां एशियन गेम्स 2026 का आधिकारिक आगाज हो चुका है। भव्य ओपनिंग सेरेमनी में पूरे एशिया से खिलाड़ी और अधिकारी जुटे हैं। ओसीए अध्यक्ष का संबोधन इसी समारोह का हिस्सा है, जिसके साथ एशियाई खेलों के एक और बड़े आयोजन की औपचारिक शुरुआत हो रही है।

03:47 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: आइची के गवर्नर ओमुरा हिदेआकी ने खिलाड़ियों को किया संबोधित

आइची प्रीफेक्चर के गवर्नर ओमुरा हिदेआकी ने एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान पालोमा मिजुहो स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित किया। उनका संबोधन जापानी भाषा में हो रहा है। 20वें एशियन गेम्स के लिए आइची और नागोया पूरे एशिया से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत कर रहे हैं और ऐसे मौके पर गवर्नर की मौजूदगी समारोह के महत्व को और बढ़ा रही है।

03:46 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: नीरज चोपड़ा ने भारतीय दल को दी शुभकामनाएं

नीरज चोपड़ा इस बार एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, लेकिन भारतीय दल के लिए उनका समर्थन बरकरार है। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता चोपड़ा टखने के लिगामेंट में चोट के कारण एशियन गेम्स से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि इन खेलों से दूर रहना उनके लिए मुश्किल है और वह बाहर से भारतीय दल का समर्थन करेंगे। 2018 और 2023 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके चोपड़ा ने नागोया पहुंचे भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एथलीटों से अपने लिए खास यादें बनाने और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने की अपील की।

03:34 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: खेल, संस्कृति और एकता के रंग में रंगा नागोया

आइची-नागोया एशियन गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी अब तक शानदार रही है। एशिया के इस खेल महाकुंभ के 20वें संस्करण में 45 देशों के एथलीट एक साथ जुटे हैं। नागोया में आयोजित इस भव्य समारोह की थीम 'हार्ट बीट आइची नागोया रखी गई है। भारत की ओर से मनु भाकर और पवन सेहरावत ने फ्लैग-बेयरर के रूप में भारतीय दल की अगुआई की। तिरंगा थामे दोनों के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। समारोह में खेल के साथ जापानी संस्कृति और एशिया की एकता की भी शानदार झलक देखने को मिल रही है।

03:31 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: देशों की परेड का समापन

एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में परेड ऑफ नेशंस का समापन हो गया है। मेजबान जापान के दल ने शानदार अंदाज में परेड को समाप्त किया। इसके साथ एशिया के अलग-अलग देशों से आए एथलीटों की रंगारंग परेड पूरी हुई, जिसमें पूरे महाद्वीप के खिलाड़ियों ने एक साथ आकर खेलों के इस बड़े मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। मेजबान जापान के दल की एंट्री के साथ इस भव्य और उत्साह से भरे मार्च का समापन हुआ।

02:57 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: भारतीय दल का मार्च

मनु भाकर और पवन सेहरावत की अगुआई में भारतीय दल ने एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में शान से मार्च किया। दोनों फ्लैग-बेयरर हाथों में तिरंगा थामे सबसे आगे रहे, जबकि उनके पीछे भारतीय खिलाड़ियों का दल पूरे जोश और गर्व के साथ स्टेडियम में पहुंचा। नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में भारत की एंट्री के दौरान माहौल में देशभक्ति और उत्साह साफ नजर आया। यह पल भारतीय खिलाड़ियों के लिए एशियन गेम्स के इस बड़े मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का खास अनुभव रहा।

02:54 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: शुरू हुआ एथलीटों का मार्च

अब एथलीटों के स्टेडियम में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। एथलीटों की परेड आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है और अफगानिस्तान का दल सबसे पहले मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में पहुंचा, जिसके बाद बहरीन का दल आया। एशिया के अलग-अलग देशों के खिलाड़ी अब एक-एक कर इस बड़े मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं। हर दल के लिए यह खास पल है, जब उसे हजारों दर्शकों के सामने अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिल रहा है। भारत की बारी अभी बाकी है और उसके मार्च का इंतजार खास तौर पर किया जा रहा है।

02:46 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: जापान ने परंपरा के साथ किया शानदार आगाज

जापान ने एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी की शुरुआत अपनी परंपरा और खास अंदाज के साथ की। पारंपरिक जापानी कलाकारों ने मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में नृत्य और संगीत की शानदार प्रस्तुति दी, जिसने समारोह में रंग और ऊर्जा भर दी। परफॉर्मेंस का अंत भी बेहद खास अंदाज में हुआ। सभी कलाकारों ने एक साथ खड़े होकर ऐसी आकृति बनाई, जिससे विशाल वेल्कम (WELCOME) शब्द नजर आया। इस शानदार अंदाज के साथ जापान ने शुरुआती परफॉर्मेंस को यादगार बनाया और अब समारोह आगे बढ़ रहा है।

02:43 PM, 19-Sep-2026
ओपनिंग सेरेमनी के दौरान राष्ट्रपति बॉक्स में जापान के सम्राट नारुहितो, सम्राज्ञी मासाको, क्राउन प्रिंस अकिशिनो फुमिहितो, क्राउन प्रिंसेस किको और ओसीए अध्यक्ष शेख जुआन बिन हमद अल थानी। - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: नागोया में ओपनिंग सेरेमनी शुरू, जश्न में डूबा स्टेडियम

और अब शुरुआत हो गई है! नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है। समारोह में आईओसी प्रमुख और जापान के सम्राट एवं सम्राज्ञी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद हैं। सेरेमनी शुरू होते ही स्टेडियम जश्न और उत्साह से भर गया है। एशिया के अलग-अलग देशों से पहुंचे एथलीट और उनके दल इस बड़े मंच पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल खेलों का रोमांच थोड़ी देर के लिए थमा हुआ है। अभी पूरा ध्यान रंगारंग कार्यक्रम, समारोह और एशियन गेम्स के इस भव्य आगाज पर है।

02:42 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: एशिया के लिए ‘हार्मोनिक हार्ट बीट’ का संदेश

अब इस भव्य आयोजन के पीछे छिपे संदेश की बारी है। युकिहिको त्सुत्सुमी के निर्देशन में होने वाली एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी की थीम ‘हार्मोनिक हार्ट बीट’ रखी गई है। इसका उद्देश्य ऐसे महाद्वीप में एकता और एकजुटता का संदेश देना है, जहां भू-राजनीतिक तनाव और खेलों की प्रतिद्वंद्विता अक्सर देशों को अलग-अलग खड़ा कर देती है। नागोया में एशियन गेम्स की तैयारियों के दौरान कई तरह की चुनौतियां सामने आईं, लेकिन ओपनिंग सेरेमनी के साथ ध्यान एक बार फिर उन चीजों पर केंद्रित करने की कोशिश है, जो पूरे एशिया के खिलाड़ियों को एक-दूसरे से जोड़ती हैं। अगले कुछ घंटों के लिए एशिया एक ही मंच, एक ही जश्न और एक ही धड़कन के साथ नजर आएगा।
 

02:39 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: ब्लू इंपल्स ने भरी उड़ान

20वें एशियन गेम्स आइची-नागोया 2026 के खास प्रदर्शन के तहत ब्लू इंपल्स एरोबैटिक टीम ने आसमान में विशेष उड़ान भरी। ओपनिंग सेरेमनी से पहले इस हवाई प्रदर्शन ने माहौल में रोमांच भर दिया। एथलीटों के मुख्य समारोह में पहुंचने से पहले दर्शकों को आसमान में शानदार नजारा देखने को मिला। अब ओपनिंग सेरेमनी का इंतजार भी हर पल कम होता जा रहा है।

02:38 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: जापानी मार्शल आर्ट का शानदार प्रदर्शन

ओपनिंग सेरेमनी से पहले जापानी परंपरा की शानदार झलक देखने को मिल रही है। एक पारंपरिक मार्शल आर्ट समूह के सदस्य ओपनिंग सेरेमनी से पहले खास प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके प्रदर्शन ने माहौल में ऊर्जा और जापानी संस्कृति का रंग भर दिया है। नागोया का माहौल धीरे-धीरे गर्म हो रहा है और अब मुख्य समारोह का इंतजार लगभग खत्म होने वाला है।
 

02:37 PM, 19-Sep-2026
एशियन गेम्स ओपनिंग सेरेमनी - फोटो : Twitter

Asian Games Opening Ceremony Live: आईएनआई ने प्री-शो में बांधा समां

एशियन गेम्स का जश्न अब आधिकारिक तौर पर शुरू हो गया है। जापानी बॉय बैंड आईएनआई ने नागोया में ओपनिंग सेरेमनी से पहले होने वाले प्री-शो में मंच संभाल लिया है। एथलीटों और विभिन्न देशों के दलों के मुख्य समारोह में पहुंचने से पहले दर्शकों को मनोरंजन की झलक मिल रही है। स्टेडियम में माहौल लगातार रंगीन होता जा रहा है और अब सभी की नजरें मुख्य ओपनिंग सेरेमनी पर हैं, जिसका आगाज अभी होना बाकी है।
 

02:36 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: भारतीय क्रिकेटरों की किट का झंझट जारी

किट को लेकर भारतीय दल की परेशानी अभी खत्म नहीं हुई है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम अब भी सही साइज की कुछ एशियन गेम्स जर्सी का इंतजार कर रही है। श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली टीम को रविवार सुबह नागोया के लिए रवाना होना है। ज्यादातर खिलाड़ियों की किट के साइज से जुड़ी समस्या दूर कर दी गई है, लेकिन कुछ जर्सी की डिलीवरी अभी बाकी है।

पहले नियमित जर्सी, फिर एशियन गेम्स किट
इस मामले में एक और पेच है। भारतीय पुरुष टीम 22 सितंबर को जापान के खिलाफ होने वाले टी20 मैच में अपनी नियमित भारतीय जर्सी पहनेगी। इसके बाद टीम एशियन गेम्स की आधिकारिक जर्सी में नजर आएगी। एशियन गेम्स क्रिकेट प्रतियोगिता की शुरुआत 28 सितंबर से क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के साथ होगी। यानी टीम को एक ही अभियान में दो अलग-अलग जर्सी का इस्तेमाल करना होगा।

बीसीसीआई ने होटल की भी अलग व्यवस्था की
किट की समस्या के अलावा भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के ठहरने को लेकर भी अलग व्यवस्था की गई है। आयोजकों की ओर से उपलब्ध कराए गए कमरों को लेकर चिंता सामने आई थी। बताया गया कि कुछ कमरों में खिलाड़ियों के किट बैग रखने तक के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। इसके बाद बीसीसीआई ने पुरुष टीम के लिए अलग होटल की व्यवस्था की है। वहीं, एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के नागोया पहुंचने से पहले किट से जुड़ी बची हुई डिलीवरी पूरी होने का इंतजार है।
 

02:34 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: किट का इंतजार

भारत के लिए एशियन गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी से पहले किट को लेकर एक और परेशानी सामने आई है। एनएनआईएस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय एथलेटिक्स दल के खिलाड़ी आज रात होने वाली ओपनिंग सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाएंगे, क्योंकि उनके आधिकारिक सेरेमनी किट अभी तक नहीं पहुंचे हैं। मामला सिर्फ ओपनिंग सेरेमनी की पोशाक तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ भारतीय खिलाड़ी अब भी अपनी खेल और पोडियम किट का इंतजार कर रहे हैं। भारतीय ओलंपिक संघ ने किट से जुड़ी पूरी व्यवस्था की जिम्मेदारी जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स को दी है। किट की देरी का असर अब भारत के एशियन गेम्स अभियान के शुरुआती हिस्से में भी दिखाई देने लगा है। फ्लैग-बेयरर को लेकर आखिरी वक्त पर हुए बदलाव को भी इसी किट से जुड़ी समस्या से जोड़ा गया है।

02:01 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: उद्घाटन से पहले ही भारत ने शुरू कर दी पदकों की दौड़

उद्घाटन समारोह में अभी कुछ ही समय बाकी है, लेकिन भारत का अभियान पहले ही रफ्तार पकड़ चुका है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं, टेेकबॉल में क्विंसी डिसूजा की कहानी भी चर्चा में है। वह अब दो कांस्य पदकों की दौड़ में बनी हुई हैं।

हालांकि, कुछ निराशाएं भी मिली हैं। भारतीय पुरुष सॉफ्ट टेनिस टीम का अभियान क्वार्टर फाइनल में खत्म हो गया, जबकि क्विम्सी को शनिवार सुबह महिला एकल सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उनके पास पदक जीतने के दो और मौके हैं। रविवार को वह मिश्रित युगल में मोहम्मद अनस इमरान बेग के साथ भी चुनौती पेश करेंगी। यानी उद्घाटन समारोह से पहले ही भारत के लिए एशियन गेम्स में जश्न, जीत और कुछ मायूसी के पल देखने को मिल चुके हैं।

02:00 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: भारत के ध्वजवाहक में आखिरी वक्त पर बदलाव

उद्घाटन समारोह से पहले भारत के ध्वजवाहकों को लेकर आखिरी वक्त पर बदलाव हुआ है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ही उद्घाटन समारोह में भारत की महिला ध्वजवाहक रहेंगी, लेकिन पुरुष ध्वजवाहक के रूप में तजिंदरपाल सिंह तूर की जगह कबड्डी स्टार पवन सेहरावत को चुना गया है। तजिंदरपाल को समारोह के लिए जरूरी आधिकारिक किट मिलने में देरी के कारण यह बदलाव किया गया। वहीं, पवन सेहरावत हांगझोउ एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय कबड्डी टीम का हिस्सा रहे थे। मनु भाकर अपने तीसरे एशियन गेम्स में भारत की अगुवाई करती नजर आएंगी। दूसरी ओर, तजिंदरपाल अब अपना पूरा ध्यान एथलेटिक्स प्रतियोगिता पर लगाएंगे। वह शॉटपुट में अपने एशियन गेम्स खिताब का बचाव करने उतरेंगे।

01:42 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony Live: 20वां संस्करण

एशिया के इस सबसे बड़े खेल महाकुंभ का 20वां संस्करण 16 दिनों तक चलेगा। पूरे महाद्वीप से आए खिलाड़ी पदकों के लिए जोर लगाएंगे, यादगार पल बनाएंगे और इतिहास में अपना नाम दर्ज कराने की कोशिश करेंगे। खेलों में मुकाबले शुरू हो चुके हैं, लेकिन आज का दिन बड़े मंच, लहराते झंडों, खिलाड़ियों और जश्न के नाम है। भारत का दल भी उद्घाटन समारोह में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार है। तो आइए, एशियन गेम्स 2026 के उद्घाटन समारोह से जुड़े हर खास पल पर नजर डालते हैं।

01:33 PM, 19-Sep-2026

Asian Games Opening Ceremony 2026: एशियन गेम्स का शानदार आगाज, मनु और पवन ने की भारतीय दल की अगुआई

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज से आइची नागोया एशियन गेम्स की शुरुआत होने जा रही है। भारत इस साल हांगझोउ में 2023 में एशियन गेम्स के मेडल्स रिकॉर्ड को तोड़ने उतरा है। तब भारत ने 28 स्वर्ण समेत 107 पदक जीते थे। नीरज चोपड़ा इस साल एशियाड का हिस्सा नहीं होंगे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें