फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games 2026 Highlights: भारत को मिले दो रजत पदक, क्रिकेट, हॉकी और बैडमिंटन में भी मिली सफलता

Sun, 20 Sep 2026 06:01 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला दिन शानदार रहा है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हरा दिया। जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। वहीं, शूटिंग में भारत ने दो पदक जीत लिए। भारत को हॉकी और बैडमिंटन में भी सफलता मिली। मेडल्स टैली देखने के लिए यहां क्लिक करें...
विज्ञापन
बाएं से- रजत पदक के साथ विदर्सा, सोनम और इलावेनिल - फोटो : NRAI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:00 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: दिन के प्रदर्शन का सार

एशियन गेम्स 2026 का आगाज हो चुका है और पहले दिन भारतीय महिला निशानेबाजों ने पदक का खाता खोला। भारत को अब तक दो रजत पदक मिले हैं और ये दोनों ही पदक निशानेबाजी में आए हैं। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में जगह बना ली है और वह स्वर्ण पदक अपने नाम करने से एक कदम दूर है। पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने भी दमदार जीत के साथ एशियाड का आगाज किया है। महिला बैडमिंटन टीम ने भी क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। तैराकी में ऋषभ दास पदक नहीं जीत सके, जबकि टेबल टेनिस में मिलाजुला प्रदर्शन रहा। 

05:19 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: पुरुष टेबल टेनिस टीम हारी

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम को ईरान के खिलाफ हार का सामना पड़ा। भारत को शुरुआती तीनों मुकाबले में हार मिली। 

05:15 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: विक्रांत बालियान भी हारे

विक्रांत बालियान को वुशु 75 किग्रा 1/8 फाइनल में 0-2 से हार मिली। ईरान के सोहैल मोसावी ने बालियान को हराया। मोसामी ने दोनों राउंड 5-0 से जीते और बिना एक भी अंक गंवाए 10 अंक हासिल किए। 

विज्ञापन
05:10 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: वुशु में मिली हार

भारतीय वुशु एथलीट अपर्णा दहिया को महिला 52 किग्रा सांडा राउंड ऑफ 16 में हार का सामना करना पड़ा। अपर्णा को ईरान की सोगांद सिंकाएचेतान से 0-2 से हार मिली।

04:50 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: पुरुष टेबल टेनिस टीम का मुकाबला जारी

एशियन गेम्स में टेबल टेनिस की स्पर्धा जारी है। फिलहाल पुरुष टीम का मुकाबला चल रहा है। भारत का सामना ईरान से हो रहा है। 

विज्ञापन
03:41 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: महिला टेबल टेनिस टीम जीती

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने ग्रुप एफ में सिंगापुर को 3-2 से हराया। भारत के लिए सबसे पहले यशस्वनी घोरपड़े ने अपना मुकाबला जीता। लेकिन श्रीजा अकुला को हार का सामना करना पड़ा। तीसरे मैच में दिया चिताले को हार मिली और सिंगापुर ने 2-1 की बढ़त बना ली। भारत की श्रीजा अकुला ने वापसी कराई और अपना मैच जीतकर स्कोर 2-2 कर दिया। पांचवें मैच में फिर यशस्वनी ने अपना मुकाबला जीता और भारत को सिंगापुर पर जीत दिला दी। भारतीय महिला टीम ने इंडोनेशिया को भी 3-0 से हराया। 

03:19 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: टेबल टेनिस में सफलता

भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम ने इंडोनेशिया को 3-0 से हरा दिया है। पहले मैच में जी सातियान ने नेगारा मोहम्मद को 11-8, 11-7, 11-9 से हराया। इसके बाद मानव ठक्कर ने मोहम्मद जुनिंद्र को 11-7, 8-11, 11-6, 6-11, 11-9 से हराया। फिर मानुश शाह ने अफ्फान प्रात्मा को 11-9, 11-9, 12-10 से मात दी।

03:09 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: ऋषभ पदक से चूके

भारतीय तैराक ऋषभ दास पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक फाइनल में छठे स्थान पर रहे और पदक लाने से चूक गए। ऋषभ ने फाइनल में 54.77 सेकेंड का समय लिया और वह छठे स्थान पर रहे। 

02:29 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: राष्ट्रपति मुर्मू ने दी बधाई

एशियन गेम्स 2026 में भारत का पदक खाता महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम ने रजत पदक के साथ खोला। इलावेनिल वालारिवन, विदार्सा के विनोद और सोनम उत्तम मस्कर की तिकड़ी ने कुल 1898.0 अंक हासिल कर दूसरा स्थान पाया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ने भारत का पदक खाता खोला और देश को गौरवान्वित किया। सोनम 634.1 अंक के साथ तीसरे, इलावेनिल 633.5 के साथ सातवें और विदार्सा 630.4 अंक के साथ 12वें स्थान पर रहीं। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण और जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य जीता।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, 'एशियन गेम्स 2026 में महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर इलावेनिल वालारिवन, विदार्सा के विनोद और सोनम उत्तम मस्कर को हार्दिक बधाई। आपकी सराहनीय उपलब्धि ने खेलों में भारत का पदक खाता खोला है और इससे देश को अपार गर्व हुआ है। आपकी निरंतर सफलता के लिए मेरी शुभकामनाएं।'
 

01:40 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का धमाकेदार आगाज, इंडोनेशिया को 13-1 से रौंदा

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार शुरुआत की। भारत ने अपने पहले मुकाबले में इंडोनेशिया को 13-1 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने महिला टीम के 19-0 की जीत के बाद दमदार आगाज किया। भारत की ओर से दिलप्रीत सिंह ने चार गोल दागे, जबकि सुखजीत सिंह ने दो गोल किए। भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन के लिए यह टीम की ओर से शानदार शुरुआत रही। भारत ने पूरे मुकाबले में इंडोनेशिया पर दबाव बनाए रखा और एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की।

01:38 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: पीवी सिंधू के दम पर भारत क्वार्टर फाइनल में

भारत ने एशियन गेम्स 2026 के महिला बैडमिंटन टीम इवेंट के पहले दौर में कजाखस्तान को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। भारत ने 90 मिनट के भीतर ही मुकाबला अपने नाम कर लिया। तीनों भारतीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले सीधे गेम में जीते।

पहला मैच: पीवी सिंधू ने कमिला स्मागुलोवा को 21-7, 21-9 से हराया। मुकाबला 24 मिनट चला।
दूसरा मैच: उन्नति हुड्डा ने एलिसा कुलेशोवा को 21-7, 21-19 से हराया। उन्होंने 22 मिनट में जीत दर्ज की।
तीसरा मैच: तन्वी शर्मा ने डायना नामेनोवा को 21-5, 21-10 से हराया। मुकाबला सिर्फ 19 मिनट चला।

इस तरह सिंधू, उन्नति और तन्वी की लगातार तीन जीत से भारत ने कजाखस्तान का 3-0 से सफाया करते हुए अंतिम आठ में प्रवेश किया।

01:37 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में

भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंच गई है। उसने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रन से रौंद दिया। इस जीत के साथ भारत का एक और पदक पक्का हो गया है। भारत ने कम से कम रजत तो पक्का कर लिया है। अब 22 सितंबर को भारत का मुकाबला फाइनल में श्रीलंका से होगा। वहीं, बांग्लादेश की टीम 22 को ही पाकिस्तान के खिलाफ कांस्य पदक के लिए मुकाबला करेगी। भारत ने 2023 में हांगझोउ एशियाई खेलों में भी स्वर्ण जीता था। टीम इंडिया इस बार भी स्वर्ण जीतना चाहेगी। श्रीलंका ने आज सुबह दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया था। भारत और श्रीलंका की टीमें हाल ही में एशिया कप के फाइनल में भी आमने-सामने आई थीं। उसमें टीम इंडिया ने आसानी से जीत हासिल की थी।

सेमीफाइनल मुकाबले की बात करें तो भारत ने शेफाली के शतक की बदौलत 20 ओवर में चार विकेट पर 195 रन बनाए थे। शेफाली ने 49 गेंद में नाबाद 100 रन बनाए। वहीं, कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 33 गेंद में 40 रन की पारी खेली। स्मृति मंधाना ने 19 गेंद में 37 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 15.4 ओवर में 81 रन पर सिमट गई। दिलारा अख्तर ने सबसे ज्यादा 27 रन बनाए। वहीं, शर्मिन अख्तर ने 10 रन और सुल्ताना खातून ने 12 रन बनाए। इनके अलावा बांग्लादेश की कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सकीं। भारत की ओर से नंदिनी शर्मा और दीप्ति शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, श्री चरणी को दो विकेट मिला। क्रांति गौड़ और श्रेयांका पाटिल को एक-एक विकेट मिला।

12:38 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: भारतीय MMA फाइटर वरुण सान्याल एशियन गेम्स से अयोग्य

भारतीय MMA फाइटर वरुण सान्याल को एशियन गेम्स से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। वह सौना में बेहोश हो गए थे। इसके बाद उन्हें गंभीर डिहाइड्रेशन के कारण मुकाबले के लिए अनफिट घोषित किया गया। बताया गया कि नागोया में आवास मिलने में करीब 10 घंटे की देरी के बाद वरुण को डिहाइड्रेशन की समस्या का सामना करना पड़ा।

12:37 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: बैडमिंटन में भारत की शानदार शुरुआत

भारतीय महिला बैडमिंटन टीम ने एशियन गेम्स में कजाकिस्तान के खिलाफ पहले दौर के मुकाबले की शानदार शुरुआत की है। पीवी सिंधु ने कमिला स्मागुलोवा को सीधे गेम में 21-7, 21-9 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। सिंधु ने यह मुकाबला महज 22 मिनट में अपने नाम किया। अब उन्नति हुड्डा का मुकाबला एलिसा कुलेशोवा से चल रहा है।

12:37 PM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: शेफाली वर्मा का तूफानी शतक, 49 गेंदों में ठोका सैकड़ा

शेफाली वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ दिया। यह एशियन गेम्स की महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में किसी भारतीय बल्लेबाज का पहला शतक भी है। शेफाली ने 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। उन्होंने अपनी पारी में नौ छक्के और तीन चौके लगाए। खास बात यह रही कि उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर शतक पूरा किया। शेफाली की तूफानी पारी के दम पर भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम ने पूरे मैच में दबदबा बनाए रखा और अब बांग्लादेश के सामने 196 रन का लक्ष्य है।

11:40 AM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: इलावेनिल स्वर्ण से चूकीं, भारत को दूसरा पदक

भारत की स्टार शूटर इलावेनिल वलारिवन स्वर्ण पदक से चूक गईं। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में इलावेनिल ने 252.4 के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और रजत पर कब्जा किया। वह 0.6 पॉइंट से स्वर्ण चूक गईं। आखिरी तीन शॉट में वह जापान की शूटर हिनाता ताइची से पीछे आ गईं, वरना शुरू से वह शीर्ष पर चल रही थीं। हिनाता ने 253.0 के स्कोर के साथ स्वर्ण अपने नाम किया। वहीं, दक्षिण कोरिया की हियोजिन बान ने 230.4 के स्कोर के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। यह भारत का एशियन गेम्स 2026 में दूसरा पदक है। वहीं, इलावेनिल का भी यह इस एशियाड में दूसरा पदक है। इससे पहले उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल महिला टीम स्पर्धा में सोनम मस्कर और विदर्सा के साथ रजत जीता था। सोनम महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में छठे स्थान पर रहीं।

11:31 AM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: स्वर्ण पदक की ओर बढ़ रहीं इलावेनिल वलारिवन

इलावेनिल वलारिवन महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। 17 शॉट के बाद उनके 190.3 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर मौजूद हिनाता ताइची से एक अंक से अधिक आगे हैं। फिलहाल इलावेनिल स्वर्ण पदक की मजबूत दावेदार बनी हुई हैं। अगर वह स्वर्ण जीतती हैं तो यह एशियन गेम्स 2026 में भारत का पहला स्वर्ण पदक होगा। साथ ही, यह प्रतियोगिता में इलावेनिल का पहला स्वर्ण होगा। वह तीसरी बार एशियन गेम्स में हिस्सा ले रही हैं।

10:09 AM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: अब तक क्या हुआ

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने 20 सितंबर की सुबह अपने पदक अभियान की शुरुआत रजत पदक के साथ की। शूटिंग में महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारतीय टीम ने सिल्वर जीता। टेकबॉल में भी भारत ने पदक के लिए जोरदार चुनौती पेश की, लेकिन महिला एकल और मिश्रित युगल दोनों स्पर्धाओं में चौथे स्थान पर रहा। इसके अलावा सुचिका ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में एक और पदक पक्का कर लिया है। वह सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उनकी नजर स्वर्ण जीतने पर होगी।

सुबह के मुकाबलों में भारत के सभी नतीजे

  • वुशु – पुरुष चांगछुआन फाइनल: सूरज सिंह मयांगलंबम 11वें स्थान पर रहे।
  • शूटिंग – महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन: सोनम उत्तम मस्कर और इलावेनिल वलारिवान ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।
  • शूटिंग – महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम फाइनल: भारत ने रजत पदक जीता।
  • टेबल टेनिस, महिला टीम ग्रुप एफ: भारत ने इंडोनेशिया को 3-0 से हराया।
  • टेकबॉल, महिला एकल कांस्य पदक मुकाबला: क्विम्सी डिसूजा को यूइना सकामोटो के खिलाफ सीधे सेटों में हार मिली।
  • टेकबॉल, मिश्रित युगल कांस्य पदक मुकाबला: क्विम्सी डिसूजा और अनस की जोड़ी को वियतनाम की गुयेन/त्रिन्ह जोड़ी ने हराया।
  • सुमिक्स्ड मार्शल आर्ट्स, महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा क्वार्टरफाइनल: सुचिका तरियाल ने बैगलमा को 2-0 से हराकर पदक पक्का किया।
  • तैराकी, पुरुष 100 मीटर फ्रीस्टाइल हीट-5: आकाश मणि और बेनेडिक्टन बेनिस्टन फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके।
  • हॉकी, महिला पूल बी: भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया।
  • तैराकी, पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक हीट-3: ऋषभ दास ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया।

10:08 AM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: टेबल टेनिस से अपडेट

भारतीय महिला टेबल टेनिस टीम ने एशियन गेम्स में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है। भारत ने टीम स्पर्धा के पहले मुकाबले में इंडोनेशिया को 3-0 से हराकर जीत दर्ज की। पहले मैच में श्रीजा अकुला ने नी महारानी को 11-3, 8-11, 11-4, 11-4 से हराकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद दिया चिताले ने अलमायरा नेबुचदनेजर को 11-9, 11-8, 11-5 से सीधे गेम में हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। तीसरे मैच में यशस्विनी घोरपड़े ने सिट्रा रस्मी को 12-10, 11-4, 11-4 से हराकर भारत को 3-0 की जीत दिलाई। भारत का अगला मुकाबला ग्रुप चरण में सिंगापुर से होगा।

10:08 AM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: एशियन गेम्स में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट फाइनल का सपना टूटा

श्रीलंका ने एशियन गेम्स के हाई-स्कोरिंग सेमीफाइनल में पाकिस्तान को चौंका दिया। पाकिस्तान ने 20 ओवर में 177 रन बनाए, लेकिन श्रीलंका ने आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया। श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू ने 50 गेंदों में नाबाद 83 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। श्रीलंका ने 178 रन का लक्ष्य सिर्फ 17.5 ओवर में हासिल कर लिया। इसके साथ ही एशियन गेम्स क्रिकेट में भारत-पाकिस्तान फाइनल की संभावना भी खत्म हो गई।

10:06 AM, 20-Sep-2026

Asian Games Live: सोनम उत्तम और इलावेनिल फाइनल में

दो भारतीय निशानेबाज सोनम उत्तम और इलावेनिल वलारिवन ने भी महिला व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। चीन ने महिला टीम स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इससे पहले महिला 10 मीटर एयर राइफल का विश्व रिकॉर्ड 1902 अंक था, जिसे चीन ने 2025 एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में बनाया था। सोनम उत्तम ने व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 634.1 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, इलावेनिल वलारिवान ने 633.5 अंक जुटाए। दोनों की सीरीज का पूरा ब्योरा इस प्रकार है:


 

09:43 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत ने जीता पहला पदक

आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारत ने अपने पदक अभियान की शुरुआत कर दी है। भारतीय निशानेबाज इलावेनिल वलारिवन, सोनम मस्कर और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने महिला 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर जगह बनाई। इस पदक के साथ शूटिंग ने एशियन गेम्स में भारत का खाता खोल दिया। भारत ने 1898.0 अंक हासिल किए। चीन ने 1904.2 अंक के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया। वहीं, जापान ने 1897.1 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

09:19 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से हराया

भारत ने महिला हॉकी में पूल मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से हरा दिया। लालरेमसियामी ने छठे मिनट में, दीपिका ने आठवें, 22वें, 26वें, 33वे, 37वें, 38वें और 41वें और 54वें मिनट में, ईशिका ने 12वें, 42वें और 54वें मिनट में, बलजीत कौर ने 13वें मिनट में, नेहा ने 18वें और 29वें मिनट में, लालथानलुआंगी ने 43वें और 51वें मिनट में, साक्षी राणा ने 44वें मिनट में, नवनीत कौर ने 45वें मिनट में और रुतुजा पिसल ने 23वें मिनट में गोल दागे। दीपिका ने अकेले इस मैच में आठ गोल दागे जो वर्ल्ड रिकॉर्ड है। किसी एक मैच में यह सबसे ज्यादा इंडिविजुअल गोल है।

08:50 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सुचिका ने पहला पदक किया पक्का

भारत की सुचिका तरियाल ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबले  में मंगोलिया के अल्तानचिमेग बैगलमा को 2-0 से हरा दिया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस तरह उन्होंने भारत के लिए पहला पदक पक्का कर लिया है। सेमीफाइनल में पहुंचने पर कम से कम कांस्य पक्का हो गया है। हालांकि, उनके नजरें स्वर्ण जीतने पर होंगी। उनकी प्रोफाइल पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

08:12 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान पर 8-0 की बढ़त बनाई

महिला हॉकी में पूल मैच में भारत ने दूसरे क्वार्टर में उज्बेकिस्तान पर 8-0 की बढ़त बना ली है। अब तक भारत की छह खिलाड़ियों ने आठ गोल दागे हैं। लालरेमसियामी ने छठे मिनट में, दीपिका ने आठवें, 22वें और 26वें मिनट में, ईशिका ने 12वें मिनट में, बलजीत कौर ने 13वें मिनट में, नेहा ने 18वें मिनट में और रुतुजा पिसल ने 23वें मिनट में गोल दागे। हाफटाइम तक भारत 8-0 से आगे रहा।

08:10 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तैराकी अपडेट- ऋषभ दास फाइनल में, बेनेडिक्टन की राह मुश्किल

भारत के लिए सुबह के सत्र में तैराकी की दो स्पर्धाएं हुईं। ऋषभ दास ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली। वह हीट्स के संयुक्त परिणाम में पांचवें स्थान पर रहे। वहीं, 100 मीटर फ्रीस्टाइल की हीट्स में बेनेडिक्टन बेनिस्टन आखिरी स्थान पर रहे। वह फिलहाल 12वें स्थान पर हैं। अगर फाइनल में शामिल कोई तैराक अपना नाम वापस नहीं लेता है, तो बेनेडिक्टन प्रतियोगिता से बाहर हो जाएंगे।

08:10 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग लाइव- सोनम तीसरे, विदारसा नौवें स्थान पर

महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में भारत की सोनम उत्तम और विदारसा विनोद अपनी-अपनी सीरीज पूरी कर चुकी हैं। सोनम फिलहाल तीसरे, जबकि विदारसा नौवें स्थान पर हैं। एलावेनिल भी अब उतरेंगी शूटिंग पर। चीन की जिफेई वांग और दक्षिण कोरिया की ह्योजिन बान फिलहाल शीर्ष दो स्थानों पर हैं। निशानेबाजों का पहला सेट पूरा हो चुका है और दूसरा सेट जल्द शुरू होगा। भारत की एलावेनिल वालारिवन दूसरे सेट में निशाने पर उतरेंगी।


 

08:09 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: टेकबॉल में भारत को झटका, दोनों मुकाबले गंवाए

भारत को टेकबॉल में दोनों मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। महिला एकल और मिश्रित युगल, दोनों में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई। क्विंसी डिसूजा और अनस बेग को मिश्रित युगल के कांस्य पदक मुकाबले में वियतनाम के खिलाफ सीधे सेटों में हार मिली।

07:45 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: हॉकी में भारत ने दागे तीन गोल

महिला हॉकी में भारत ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ तीन गोल दाग दिए हैं। पहले क्वार्टर में लालरेमसियामी ने छठे मिनट और दीपिका ने आठवें मिनट में गोल दागा। फिर 12वें मिनट में इशिका ने शानदार गोल दागा।

07:44 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्विंसी की पीठ में परेशानी, भारत ने मांगा इंजरी ब्रेक

क्विंसी डिसूजा कोर्ट पर लेटी हुई हैं और फिजियो उनकी पीठ का उपचार कर रहे हैं। भारतीय टीम के लिए यह अच्छी खबर नहीं है। दूसरे सेट में भारत 5-9 से पीछे है। इसी दौरान भारतीय टीम प्रबंधन ने इंजरी ब्रेक मांगा है।

07:36 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत ने मिश्रित युगल कांस्य मुकाबले का पहला सेट गंवाया

मिश्रित युगल के कांस्य पदक मुकाबले में भारत को पहले सेट में हार का सामना करना पड़ा। वियतनाम की न्गुयेन/त्रिन्ह की जोड़ी ने 8-8 की बराबरी के बाद बढ़त बनाई और पहला सेट 12-9 से अपने नाम किया। ब्रेक के दौरान क्विम्सी पीठ की मालिश कराती हुई नजर आईं और दर्द में दिखाई दीं। यह भारत के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। फिलहाल मुकाबले में सबसे बड़ा अंतर वियतनाम के पुरुष खिलाड़ी त्रिन्ह का प्रदर्शन रहा है। उन्होंने शानदार डिफेंस और बेहतरीन टच दिखाए हैं। वहीं, मोहम्मद अनस बेग आज अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर नजर नहीं आए हैं।

07:31 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: हॉकी में भारत बनाम उज्बेकिस्तान

भारतीय महिला हॉकी टीम के अभियान के अपने पहले मुकाबले के लिए लाइनअप जारी हो गया है। भारत का सामना उज्बेकिस्तान से है।

07:28 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला 10 मीटर एयर राइफल, सोनम का शानदार प्रदर्शन

सोनम मास्कर ने क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए 634.1 अंक हासिल किए और व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने की मजबूत स्थिति में पहुंच गई हैं। वहीं, विदारसा के लिए मुकाबला मुश्किल रहा और वह 630.4 अंक के साथ कुल नौवें स्थान पर रहीं।

टीम स्पर्धा में भारत-जापान बराबरी पर
टीम स्पर्धा में भारत और जापान फिलहाल 1264.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। अब टीम के पदक की उम्मीद अनुभवी निशानेबाज एलावेनिल वालारिवन पर टिकी है। उनकी क्वालिफिकेशन रिले सुबह 8:15 बजे शुरू होगी।


07:28 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सोनम मजबूत, विदारसा को दो खराब सीरीज का झटका

सोनम ने शुरुआत से ही इस स्पर्धा में शानदार स्तर बनाए रखा है। हालांकि, विदारसा विनोद की दो खराब सीरीज के कारण वह लगातार आठवें से 10वें स्थान के बीच बनी हुई हैं। फिलहाल चीन और दक्षिण कोरिया के निशानेबाजों का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है। वहीं भारत और जापान तीसरे स्थान के लिए मुकाबले में हैं। हालांकि, यह निशानेबाजी है और इस खेल में स्थिति बहुत तेजी से बदल सकती है। अभी मुकाबला बाकी है और एक अच्छी सीरीज तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।

07:26 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्विंसी-अनस उतरे

एकल में कांस्य पदक मुकाबला हारने के कुछ ही मिनट बाद भारत की क्विंसी डिसूजा एक और पदक की चुनौती के लिए वापस कोर्ट पर उतर गई हैं। इस बार वह टेकबॉल के मिश्रित युगल में मोहम्मद अनस बेग के साथ जोड़ी बनाकर खेल रही हैं। भारतीय जोड़ी का सामना वियतनाम की गुयेन/त्रिन्ह की जोड़ी से हो रहा है। क्विंसी कुछ ही देर पहले सीधे सेटों में हार के बाद कांस्य पदक से चूक गई थीं। मुकाबले के बाद वह भावुक भी नजर आईं। लेकिन अब उन्हें तुरंत खुद को संभालकर एक और दबाव वाले पदक मुकाबले में उतरना पड़ा है। एशियन गेम्स जैसे बड़े मंच पर लगातार दो मुकाबलों के बीच इतनी जल्दी मानसिक और शारीरिक रूप से खुद को तैयार करना बड़ी चुनौती होती है। क्विंसी के लिए अब मिश्रित युगल मुकाबला एक और पदक हासिल करने का मौका है।

07:13 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में क्या चल रहा है?

10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में भारत की अच्छी शुरुआत ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी। हालांकि सोनम मस्कर शानदार प्रदर्शन करते हुए फिलहाल दूसरे स्थान पर बनी हुई हैं, लेकिन विदारसा विनोद की दूसरी सीरीज खराब रही, जिसके बाद वह खिसककर आठवें स्थान पर पहुंच गई हैं। फिलहाल दक्षिण कोरिया और चीन क्रमशः स्वर्ण और रजत पदक की स्थिति में हैं। हालांकि स्पर्धा खत्म होने तक स्थिति बदल सकती है। भारत की एलावेनिल वालारिवन ने अभी निशाना लगाना शुरू नहीं किया है। वह विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता और 2019 विश्व कप फाइनल की विजेता रह चुकी हैं।



 

07:07 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्विंसी हारीं

क्विंसी डिसूजा को टेकबॉल महिला एकल के कांस्य पदक मुकाबले में हार मिली। उन्हें जापान की यूइना साकामोटो ने 12-11, 12-11 से हरा दिया। हालांकि, क्विंसी को अनस के साथ मिक्स्ड डबल्स के कांस्य पदक मुकाबले में भी हिस्सा लेना है। यह मैच थोड़ी देर में शुरू होगा। दूसरे सेट में शानदार शुरुआत के बावजूद भारत की क्विंसी डिसूजा को दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी जापान की साकामोटो के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ क्विम्सी महिला टेकबॉल एकल में चौथे स्थान पर रहीं।

दूसरे सेट की शुरुआत से ही क्विंसी ने बढ़त बनाए रखी थी, लेकिन घरेलू खिलाड़ी साकामोटो ने उन पर जबरदस्त दबाव बनाया। उन्होंने कई मुश्किल कोण बनाते हुए मुकाबले में वापसी की। क्विंसी पदक से चूक गईं, लेकिन उन्होंने पूरे मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया।


06:50 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: वुशू में 11वें स्थान पर रहे सुरज सिंह मयांगलमबाम

वुशू के चांगक्वान फाइनल में भारत के सुरज सिंह 11वें स्थान पर रहे और पदक नहीं जीत सके।

06:48 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्विंसी पहला सेट हारीं

टेकबॉल में क्विंसी डिसूजा को पहले सेट में जापान की साकामोटो यूइना से 12-11 से हार मिली। एक वक्त स्कोर 11-11 से बराबर था और 12 पर सेट जीता जाता है, लेकिन साकामोटो जीत गईं। फिलहाल दूसरे सेट का खेल जारी है।

06:35 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: कांस्य पदक के लिए क्विंसी का मुकाबला

भारत की क्विंसी डिसूजा महिला टेकबॉल के कांस्य पदक मुकाबले में उतर गई हैं। उनके सामने जापान की युइना सकामोटो हैं। क्विंसी की नजर इस मुकाबले को जीतकर एशियन गेम्स में भारत के लिए टेकबॉल का पहला पदक हासिल करने पर है।

06:34 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: आठवें स्थान पर सूरज

पुरुष चांगक्वान फाइनल में सूरज सिंह मयांगलंबम फिलहाल आठवें स्थान पर हैं। उन्होंने कुल 9.683 अंक हासिल किए हैं। सूरज को मूवमेंट की गुणवत्ता के लिए 5 अंक, कुल प्रदर्शन के लिए 2.683 अंक और कठिनाई के स्तर के लिए 2 अंक मिले हैं।

06:30 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: वालारिवन, विदारसा और सोनम एक्शन में

सोनम उत्तम मस्कर, एलावेनिल वालारिवन और विदारसा विनोद इस समय भारत के लिए 10 मीटर एयर राइफल में निशाना साध रही हैं। इस स्पर्धा में भारत को पदक के दावेदारों में माना जा रहा है। यह मुकाबला व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन के साथ-साथ टीम फाइनल भी है। यानी इस क्वालिफिकेशन राउंड में तीनों निशानेबाजों के संयुक्त स्कोर का इस्तेमाल टीम फाइनल के लिए किया जाएगा। वहीं, इस राउंड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी। व्यक्तिगत फाइनल दिन में बाद में खेला जाएगा। शूटिंग की पहली सीरीज के बाद सोनम उत्तम मस्कर चौथे और विदारसा विनोद पांचवें स्थान पर हैं। हालांकि, अभी कई निशानेबाजों का मुकाबला शुरू होना बाकी है। ऐसे में मौजूदा रैंकिंग में आगे बदलाव हो सकता है।

06:28 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग स्पर्धा शुरू

भारत के लिए आज की दूसरी स्पर्धा शुरू हो गई है। महिला 10 मीटर एयर राइफल में तीन भारतीय निशानेबाज हिस्सा ले रही हैं। इस स्पर्धा का कोई सीधा प्रसारण उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मुकाबले से जुड़े हर लाइव अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।

06:26 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सूरज पर रहेंगी सभी की नजरें

मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की महिला ट्रेडिशनल 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल में सुचिका तारियाल का मुकाबला कुछ देर बाद होगा। ऐसे में शुरुआती नजरें वुशू और सूरज सिंह मयांगलंबम पर रहेंगी। वह पुरुष चांगक्वान फाइनल में पदक जीतने के इरादे से उतरेंगे। सूरज शुरुआत करने वाले खिलाड़ियों की सूची में 17वें स्थान पर हैं। इस स्पर्धा में कुल 21 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, ऐसे में उनके सामने कड़ी चुनौती होगी।

06:26 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत की पदक उम्मीदों पर नजर

एशियन गेम्स 2026 में तेजी से लोकप्रिय हुए खेल टेकबॉल में भी भारत को दो पदक मिल सकते हैं। क्विम्सी डिसूजा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। वह इस खेल में एशियन गेम्स का भारत के लिए पहला कांस्य पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं। मिश्रित युगल में भी वह मोहम्मद अनस के साथ मिलकर तीसरे स्थान के लिए मुकाबला करेंगी।

06:25 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्रिकेट सेमीफाइनल में देरी

जापान में एक और व्यवस्थागत समस्या सामने आई है। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच महिला क्रिकेट सेमीफाइनल मुकाबले की शुरुआत में देरी हुई है। इसकी वजह व्यवस्थागत समस्या बताई गई है। जापान पहुंचने के बाद से ही टीमों को इस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और अभी भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।
 

06:25 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सुबह 6:15 बजे शूटिंग का क्वालिफिकेशन

भारत की महिला 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन स्पर्धा सुबह 6:15 बजे शुरू होगी। भारत की एलावेनिल वालारिवन, सोनम मस्कर और विदारसा विनोद फाइनल में जगह बनाने के इरादे से उतरेंगी।
 

06:25 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्विंसी डिसूजा को ऐसे हुआ टेेकबॉल से प्यार

क्विंसी डिसूजा चोट से उबर रही थीं, तभी उन्होंने इंस्टाग्राम पर ब्राजील के दिग्गज फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो को टेकबॉल खेलते हुए देखा। उन्होंने खुद इस खेल को आजमाया और देखते ही देखते उन्हें इससे प्यार हो गया। क्विंसी ने कहा, 'पहले ही दिन मुझे इस खेल से प्यार हो गया।'

टेकबॉल के खेल से उनका जुड़ाव सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने कहा, 'मैंने यह बात किसी को नहीं बताई है, लेकिन टेेकबॉल के लोगो में 'क्यू' है। मुझे लगता है कि यह क्विम्सी को दर्शाता है। इसलिए मुझे लगता है कि यह खेल मेरे लिए ही है।' अब एशियन गेम्स 2026 में क्विम्सी भारत की पदक उम्मीदों में शामिल हैं।

06:24 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: वुशू से भारत की पदक तलाश शुरू

भारत का दिन वुशू से शुरू होगा। मयांगलंबम सूरज सिंह पुरुषों की चांगक्वान फाइनल स्पर्धा में हिस्सा लेंगे। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे शुरू होने वाला है।

06:23 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: आज कई पदकों की उम्मीद

भारत के लिए आज कई पदक मुकाबले होने हैं। खास तौर पर शूटिंग में भारतीय दल अपने अभियान की शुरुआत करेगा। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सेमीफाइनल में उतरेगी और जीत के साथ देश के लिए एक और पदक पक्का करने की कोशिश करेगी।

06:19 AM, 20-Sep-2026

Asian Games 2026 Highlights: भारत को मिले दो रजत पदक, क्रिकेट, हॉकी और बैडमिंटन में भी मिली सफलता

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए पहला दिन बेहद व्यस्त रहने वाला है। कई खेलों में पदक मुकाबले होंगे। भारतीय महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगी। जीत के साथ हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली टीम कम से कम रजत पदक पक्का कर लेगी। वहीं, शूटिंग और वुशू समेत कई खेलों में भारतीय खिलाड़ी पदक की दावेदारी पेश करेंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें