फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games: भारत की झोली में अब तक कुल 25 पदक, निशानेबाजों का फिर स्वर्णिम निशाना, वूशु में रोशिबिना की चांदी

Thu, 28 Sep 2023 09:50 PM IST
शक्तिराज सिंह स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, हांगझोऊ

खास बातें

Asian Games 2023 Highlights: एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और चार दिन में भारत की झोली में 22 पदक आए। पांचवें दिन भी कई खिलाड़ियों ने भारत की झोली में पदक डाले। प्रतियोगिता के पहले दिन भारत को पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन, चौथे दिन आठ पदक मिले और पांचवें दिन तीन पदक मिले।

भारत के पास कितने पदक
स्वर्णः 6

रजतः 8
कांस्यः 11
कुलः 25

 
विज्ञापन
भारतीय हॉकी टीम - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:43 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: आज का लेखाजोखा

भारतीय निशानेबाजों ने एशियाई खेलों में अपने स्वर्णिम प्रदर्शन का क्रम गुरुवार को भी जारी रखा। सरबजोत सिंह, अर्जुन सिंह चीमा और शिवा नरवाल की तिकड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल टीम का स्वर्ण 1734 के स्कोर के साथ मेजबान चीन (1733) को महज एक अंक के अंतर से परास्त कर जीता। वियतनाम (1730) ने कांस्य जीता। यह निशानेबाजों की ओर से जीता गया अब तक चौथा स्वर्ण और कुल 13वां पदक है। हालांकि सरबजोत और अर्जुन चीमा फाइनल में कोई करिश्मा नहीं दिखा सके। सरबजोत चौथे और अर्जुन यहां आठवें स्थान पर रहे। बृहस्पतिवार को रोशिबिना देवी वूशु में रजत पदक जीतने वाली देश की दूसरी महिला खिलाड़ी बनीं। इससे पहले 2010 के ग्वांग्झू एशियाई खेलों में संध्या रानी ने रजत जीता था। घुड़सवारी के ड्रेसेज में अनुश ने व्यक्तिगत मुकाबलों में कांस्य पदक जीता।

सरबजोत-अर्जुन फाइनल में पहुंचे
टीम मुकाबले में भारतीय शूटरों की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सरबजोत ने पहली दो सीरीज 95, 95, अर्जुन ने 97, 96 की सीरीज खेलीं, लेकिन टोक्यो पैरालंपिक में स्वर्ण जीतने वाले पैरा निशानेबाज मनीष नरवाल के छोटे भाई शिवा नरवाल ने 92 और 96 की सीरीज खेलीं। इस दौरान भारतीय टीम पदक की दौड़ में नहीं थी, लेकिन इसके बाद सरबजोत ने 97,98,97,98 की सीरीज के साथ कुल 580, अर्जुन ने 97,97, 96, 95 की सीरीज के साथ 578 और शिवा ने 97, 99, 97, 95 की सीरीज के साथ 576 का स्कोर किया। सरबजोत क्वालिफाइंग में पांचवें और अर्जुन आठवें स्थान पर रहकर फाइनल में पहुंचे। शिवा 14वें स्थान पर रहे। वियतनाम के फाम कुआंग ने स्वर्ण जीता।

नरूका-गनेमत की जोड़ी फाइनल में पहुंचने से चूकी
इस साल भोपाल विश्वकप में स्वर्ण जीतने वाले सरबजोत ने फाइनल में 9.8, 9.4 और 8.9 का स्कोर कर अपने को पदक की दौड़ से बाहर कर लिया। वह पदक जीत सकते थे, लेकिन चौथे स्थान पर रहे। वहीं अर्जुन यहां आठवें स्थान पर रहे। वहीं स्कीट की मिश्रित स्पर्धा में गनेमत सेखों और अनंतजीत सिंह नरूका की जोड़ी शीर्ष छह के फाइनल में स्थान नहीं बना सकी। यह जोड़ी सातवें स्थान पर रही। गनेमत ने 75 में से 67 और नरूका ने 71 निशाने लगाकर 138 का स्कोर किया। नरूका ने इससे पहले बुधवार को व्यक्तिगत मुकाबलों में रजत और टीम का कांस्य पदक जीता था।

रोशिबिना चीनी खिलाड़ी को नहीं पेश कर सकीं चुनौती
वूशु के सांडा में 60 भार वर्ग के फाइनल में रोशिबिना देवी के सामने चीन की वू जियाओ वेई थीं। वह पिछली बार की विजेता भी हैं। रोशिबिना फाइनल में वू को कड़ी चुनौती पेश नहीं कर पाईं और वह यह मुकाबला 0-2 से हार गईं। वूशु में भारत का यह इकलौता पदक रहा। जकार्ता एशियाड में भारत ने चार पदक जीते थे, इनमें रोशिबिना का नाम भी शामिल था। घुड़सवारी में एक और पदक भारत की झोली में आया। अनुश ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। अनुश और उनका घोड़ा एट्रो व्यक्तिगत ड्रेसेज में तीसरे स्थान पर रहे और 73.030 का स्कोर हासिल कर कांस्य पदक जीता। टीम स्वर्ण के बाद अनुश और एट्रो के लिए एशियाई खेलों में यह दूसरा पदक रहा।
 

08:28 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जापान को हराया

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई खेलों के पूल-ए के मैच में जापान को 4-2 से हरा दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने अब तक पूल-ए के अपने तीनों मैच जीत लिए हैं। उज्बेकिस्तान को 16-0 से हराने के बाद टीम इंडिया ने सिंगापुर को 16-1 से शिकस्त दी थी। अब जापान को हराकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने सेमीफाइनल के लिए अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का अब 30 सितंबर को पाकिस्तान से सामना होगा।

07:12 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: भारत का तीसरा गोल

तीसरे क्वार्टर में 34वें मिनट में भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला। हार्दिक के लॉन्ग पास और सुखजीत के पास पर अमित रोहिदास ने ड्रैग फ्लिक पर शानदार गोल किया।  भारत ने 35 मिनट के खेल के बाद 3-0 की बढ़त बना ली है।

विज्ञापन
07:06 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: हाफटाइम तक भारत 2-0 से आगे

दूसरे क्वार्टर में 24वें मिनट में भारत ने दूसरा गोल दागा। मनदीप ने निलकांता के फ्लिक पास को सर्किल के बाहर से गोल में तब्दील किया। हाफटाइम तक भारत 2-0 से आगे है।

06:35 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: भारत का पहला गोल

पुरुष हॉकी के पूल-ए के मैच में भारत ने जापान के खिलाफ पहले क्वार्टर में गोल दागा। पेनल्टी कॉर्नर पर अभिषेक ने रिवर्स स्टिक से पहला गोल दागा। पहले क्वार्टर का खेल खत्म हो चुका है और शुरुआती 15 मिनट में भारतीय टीम ने 1-0 की बढ़त बना रखी है।

विज्ञापन
06:20 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: पुरुष हॉकी के पूल-ए में भारत बनाम जापान

पुरुष हॉकी के पूल-ए में भारत का सामना जापान से जारी है। जापान की टीम 2018 एशियाई खेलों की गोल्ड मेडलिस्ट है। भारत को जापान से कड़ी चुनौती मिल सकती है। दोनों टीमें 35 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें भारत ने 28 बार जीत हासिल की है, जापान ने तीन बार जीत हासिल की है और चार मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं। पिछली बार दोनों टीमें चेन्नई में खेले गए एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के सेमीफाइनल में आमने-सामने आई थीं, जहां भारत ने जापान को 5-0 से हराया था।

05:37 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: टेनिस में बोपन्ना-रुतुजा की जोड़ी ने भी पदक पक्का किया

टेनिस की मिक्स्ड डबल्स स्पर्धा में भारत के रोहन बोपन्ना और रुतुजा भोसले की जोड़ी ने कजाखस्तान के झिबेक कुलमबयेवा और ग्रीगोरी लोमाकिन की जोड़ी को 7-5, 6-3 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इन्होंने कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया है। सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीम पदक पक्का कर लेती है।

05:35 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: भारत-सऊदी अरब फुटबॉल मैच जारी

एशियाई खेलों में फुटबॉल में भारत का सामना सऊदी अरब से प्री क्वार्टरफाइनल यानी राउंड ऑफ 16 में जारी है। पहले हाफ में सऊदी अरब लगातार काउंटर अटैक कर रहा है। हालांकि, भारतीय डिफेंस ने अब तक कड़ी चुनौती दी है।

03:59 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: रामनाथन-साकेत की जोड़ी ने टेनिस में किया कमाल

रामकुमार रामनाथन और साकेत मयनेनी की जोड़ी ने एशियाई खेलों के टेनिस के पुरुष युगल के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की सियोंगचान होंग और सूनवू क्वोन की जोड़ी को हरा दिया है। इसी के साथ रामनाथन और साकेत ने टेनिस के पुरुष युगल में कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। फाइनल में स्वर्ण पदक के लिए लड़ते दिखेंगे। भारत ने पिछले पांच एशियाई खेलों में से चार में पुरुष युगल में स्वर्ण जीता है। रामनाथन और साकेत के पास इसे पांच करने का मौका होगा। साकेत इससे पहले 2014 एशियाई खेलों में पुरुष युगल में रजत और 2014 एशियाई खेलों में ही मिश्रित युगल में स्वर्ण जीता था। 2018 के स्क्वॉड में उन्हें शामिल नहीं किया गया था।

02:49 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: अनुश ने कांस्य जीता

घुड़सवारी में एक और पदक भारत की झोली में आया है। अनुश ने कांस्य पदक अपने नाम किया है। अनुश और उनका घोड़ा एट्रो व्यक्तिगत ड्रेसेज में तीसरे स्थान पर रहे और 73.030 का स्कोर हासिल कर कांस्य पदक जीता! टीम स्वर्ण के बाद अनुश और एट्रो के लिए यह दूसरा पदक है।
 

02:40 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: घुड़सवारी में एक और पदक की उम्मीद

अनुश अग्रवाल और एट्रो तीसरे स्थान पर हैं! इस शानदार प्रदर्शन और 73.030 के स्कोर ने उन्हें कांस्य पदक की दौड़ में शामिल कर दिया है। अब जापान के खिलाड़ी के प्रदर्शन के बाद यह तय होगा कि अनुश को कांस्य पदक मिलेगा कि नहीं।

12:37 PM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: जैस्मिन की एकतरफा जीत

मुक्केबाजी में जैस्मिन ने एकतरफा अंदाज में अपना मैच जीत लिया है। पहले राउंड में ही उन्होंने विपक्षी खिलाड़ी पर मुक्कों की बरसात कर दी और 5-0 से अपने इसे अपने पक्ष में किया। दूसरे राउंड में भी वह लगातार हदील अशोर पर हमले करती रहीं और रेफरी ने बीच में ही मैच रोक दिया। इसके साथ ही जैस्मिन को विजेता घोषित कर दिया गया।

11:10 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: टेबल टेनिस में शरत-साथियान अंतिम 16 में पहुंचे

शरत कमल और साथियान ने पुरुष युगल के राउंड 32 में मंगोलिया के सेर-ओड गंखुयाग और मनलाईजर्गल मुंख-ओचिर को आसानी से 3-0 (11-5, 11-3, 11-3) से हराया। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी अंतिम 16 में पहुंच गई।

09:19 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: सरबजोत पदक से चूके

भारतीय निशानेबाज सरबजोत 10 मीटर एयर पिस्टल की निजी स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे। वह करीबी अंतर से पदक जीतने से चूक गए। हालांकि, टीम इंडिया को स्वर्ण पदक दिलाने में उनका योगदान बेहद अहम था।

08:46 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: बेकहम करीबी मैच में हारे

डेविड बेकहम पुरुष स्प्रिंट क्वार्टर फाइनल में जापान के काइया ओटा से हार गए। पहली रेस में एक बार गिरने के बाद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, दूसरी रेस में उन्होंने आक्रामक रुख अपनाया और आगे निकल गए, लेकिन वह थोड़ा जल्दी कर गए। अंत में ओटा ने सबसे कम अंतर (0.046 सेकेंड) से जीत हासिल की।

08:23 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: टेबल टेनिस में भारत की हार

मनिका बत्रा और साथियान राउंड-16 के मुकाबले में सिंगापुर के क्लेरेंस च्यू और झेंग जियान से हार गए हैं। भारतीय टीम 2-0 से आगे थी और क्वार्टरफाइनल की ओर अग्रसर दिख रही थी, लेकिन सिंगापुर के खिलाड़ियों ने अंत में दमदार वापसी कर मुकाबला 13-11, 12-10, 11-3 से अपने नाम किया और टीम मुकाबले में सिंगापुर की वापसी कराई।

मिश्रित युगल में, हरमीत देसाई और श्रीजा अकुला राउंड 16 में थाईलैंड के फाकपूम एस और ओरावन पी से हार गए।

07:57 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: पुरुष टीम ने जीता स्वर्ण

सरबजोत सिंह, अर्जुन चीमा और शिव नरवाल की पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने चीन को एक अंक से हरा दिया है। भारत ने 1734 (स्वर्ण), चीन ने 1733 (रजत) और वियतनाम ने 1730 (कांस्य) के स्कोर के साथ पदक पर कब्जा जमाया।
 

07:51 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: शूटिंग में दो भारतीय फाइनल में पहुंचे

10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग में भारत के दो खिलाड़ी फाइनल में पहुंच गए हैं। शुरुआत में पिछड़ने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार वापसी की है।

07:47 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: बैडमिंटन में भारत की शानदार जीत

बैडमिंटन में भारत ने पहले मैच में मंगोलिया को 3-0 से हरा दिया है। भारत के लिए तीनों महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।

पीवी सिंधु ने 21-2, 21-3 से जीत दर्ज की
अश्मिता चालिहा ने 21-2, 21-3 से जीत दर्ज की
अनुपमा उपाध्याय ने 21-0, 21-2 से जीत दर्ज की

क्वार्टर फाइनल में अब भारत का सामना थाईलैंड से होगा। इस मैच में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।

07:41 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: बैडमिंटन में भारत की शानदार शुरुआत

पहले एकल मैच में पी वी सिंधु की एकतरफा जीत के बाद, अश्मिता चालिहा ने भी दूसरे मैच में 21-2, 21-3 - से शानदार जीत हासिल की। तीसरे मैच में अनुपमा उपाध्याय 21-0, 15-1 से आगे हैं। भारतीय टीम जीत के बेहद करीब है।

07:33 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: वूशु में मिला आज का पहला पदक

भारत को पांचवें दिन पहला पदक वूशु में मिला है। रोशिबिना देवी ने महिलाओं की 60 किग्रा वूशु सांडा में रजत पदक जीता है। जजों ने वू को पहले राउंड का विजेता माना और वह 1-0 से आगे हो गईं। दूसरे राउंड में भी वू ने जीत हासिल की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रोशिबिना देवी ने वुशु में महिलाओं के 60 किग्रा में रजत पदक जीता, 2018 में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था।
 

07:31 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: सिंधु की शानदार जीत

पीवी सिंधु ने शानदार जीत के साथ एशियाई खेलों में अपने अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने मंगोलिया की मायगमार्टसेरेन गणबातर को 21-2, 21-3 से हराया।

07:27 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: आज इन खेलों में पदक की उम्मीद

शूटिंग और घुड़सवारी में भारत को स्वर्ण पदक मिल चुके हैं और आज भी इन्हीं दो खेलों में पदक की उम्मीद सबसे ज्यादा है। इसके अलावा वूशु में भी पदक मिल सकता है। शाम में होने वाला फुटबॉल मैच भी अहम है। भारतीय स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु आज एशियाड में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। उनसे भी भारत को पदक की उम्मीद है। इस लिहाज से उनका मैच भी अहम होगा। हालांकि, वह आज फाइनल मैच नहीं खेलेंगी।

07:24 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: पदक तालिका में भारत छठे स्थान पर

एशियाई खेलों में चौथे दिन के बाद भारत पदक तालिका में छठे स्थान पर है। भारत की झोली में कुल 22 पदक हैं, जिनमें पांच स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। पदक तालिका का पूरा हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।

07:22 AM, 28-Sep-2023

Asian Games Live: एशियाई खेलों में चौथे दिन भारत ने जीते आठ पदक

एशियाई खेलों के चौथे दिन मंगलवार (27 सितंबर) को आठ पदक जीते। इससे पहले प्रतियोगिता के पहले दिन भारत को पांच, दूसरे दिन छह और तीसरे दिन तीन पदक मिले। कुल 22 पदकों के साथ भारत पदक तालिका में सातवें स्थान पर है। इसमें पांच स्वर्ण, सात रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। एशियाई खेलों में चौथे दिन का पूरा हाल जानने के लिए यहां क्लिक करें।

07:15 AM, 28-Sep-2023

Asian Games: भारत की झोली में अब तक कुल 25 पदक, निशानेबाजों का फिर स्वर्णिम निशाना, वूशु में रोशिबिना की चांदी

Asian Games 2023 Live Updates: नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है और चार दिन में भारत की झोली में 22 पदक आ चुके हैं। पांचवें दिन भी कई खिलाड़ियों से पदक की उम्मीद है। शूटिंग और घुड़सवारी में भारत को स्वर्ण पदक मिल चुके हैं और आज भी इन्हीं दो खेलों में पदक की उम्मीद सबसे ज्यादा है। प्रतियोगिता के पहले दिन भारत को पांच, दूसरे दिन छह, तीसरे दिन तीन और चौथे दिन आठ पदक मिले।

भारत के पास कितने पदक
स्वर्णः
5
रजतः 7
कांस्यः 10

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें