फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

FIFA WC: क्रोएशिया को हरा छठी बार फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना, सेमीफाइनल में दिखा मेसी का जादू, अल्वारेज चमके

Wed, 14 Dec 2022 02:36 AM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, दोहा

खास बातें

Argentina vs Croatia FIFA World Cup 2022 Semi-Final Score News in Hindi: कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 3-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ ही अर्जेंटीना की टीम ने आठ साल बाद फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वह पिछली बार 2014 में खिताबी मुकाबले तक पहुंची थी, लेकिन तब जर्मनी के खिलाफ उसे हार मिली थी। अर्जेंटीना छठी बार विश्व कप के इतिहास में फाइनल खेलेगा। उसकी टक्कर 18 दिसंबर को फ्रांस या मोरक्को से होगी।
विज्ञापन
गोल करने के बाद लियोनल मेसी और जूलियन अल्वारेज - फोटो : FIFA World Cup/Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:26 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 3-0 से हराया

लियोनल मेसी ने अपने जादुई प्रदर्शन के दम पर अर्जेंटीना को फाइनल में पहुंचा दिया है। उनकी कप्तानी में अब अर्जेंटीना की टीम दूसरी बार फाइनल खेलेगी। पिछली बार 2014 में उनकी टीम को खिताबी मुकाबले में जर्मनी ने हरा दिया था। अर्जेंटीना ने लुसैल स्टेडियम में पिछली बार की उप विजेता टीम क्रोएशिया को 3-0 से हरा दिया। अब फाइनल में उसका मुकाबला गत चैंपियन फ्रांस या मोरक्को से 18 दिसंबर को इसी मैदान पर होगा।

अर्जेंटीना की टीम छठी बार फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 1930 में उसे उरुग्वे ने हराया था। 1978 के फाइनल में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड को हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा किया था। उसके बाद 1986 में उसने वेस्ट जर्मनी को फाइनल में शिकस्त दी थी। फिर 1990 में वेस्ट जर्मनी के खिलाफ खिताबी मैच में हार मिली थी। वहीं, 2014 में भी उसे जर्मनी ने हराया था।

मेसी का जादुई प्रदर्शन
मेसी ने मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम के लिए पहला गोल पेनल्टी पर 34वें मिनट में किया। उनके बाद जूलियन अल्वारेज ने 39वें मिनट में गोल किया। मेसी ने 69वें मिनट में कमाल दिखाया और क्रोएशिया के कई खिलाड़ियों को छकाते हुए गोलपोस्ट तक पहुंच गए। वहां उन्हें गोल करने के लिए जगह नहीं मिली तो गेंद को अल्वारेज की ओर मार दिया। अल्वारेज ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल कर दिया। यह गोल मेसी के शानदार असिस्ट के लिए याद लंबे समय तक याद किया जाएगा।

अर्जेंटीना ने क्रोएशिया से लिया बदला
अर्जेंटीना ने इस जीत के साथ क्रोएशिया से पिछली बार विश्व कप में मिली हार का बदला भी ले लिया। क्रोएशिया ने 2018 में रूस में हुए विश्व कप के ग्रुप दौर में अर्जेंटीना को 3-0 से हरा दिया था। अर्जेंटीना ने उस हार का बदला शानदार अंदाज में लिया। क्रोएशिया के खिलाफ विश्व कप में हुए तीन मैचों में अर्जेंटीना की टीम अब दो बार जीत चुकी है।

02:19 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: जीत के करीब अर्जेंटीना

अर्जेंटीना की टीम मैच में जीत के करीब पहुंच गई है। 88वें मिनट तक स्कोर 3-0 है। अर्जेंटीना के इस बढ़त की बराबरी करना अब क्रोएशिया के लिए मुश्किल है। लियोनल मेसी की टीम फाइनल में पहुंचने के करीब है।

02:00 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: मेसी के शानदार असिस्ट पर अल्वारेज का गोल

लियोनल मेसी ने 69वें मिनट में वह कमाल दिखाया, जिसके लिए वह जाने जाते हैं। मेसी कई खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए गेंद को गोलपोस्ट तक लेकर गए। उन्हें गोल करने के लिए जगह नहीं मिली तो गेंद को जूलियन अल्वारेज की तरफ पास कर लिया। अल्वारेज ने कोई गलती नहीं की और गोल कर दिया। यह उनका मैच में दूसरा गोल है। अर्जेंटीना की टीम मैच में अब 3-0 से आगे हो गई है।

विज्ञापन
01:50 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: मेसी गोल से चूके

लियोनल मेसी मैच में अपना दूसरा और टीम के लिए तीसरा गोल करने से 58वें मिनट में चूक गए। मेसी ने शानदार खेल दिखाते हुए खुद के लिए मौका बनाया। वह गोलपोस्ट के करीब पहुंच गए थे, लेकिन क्रोएशिया के गोलकीपर लिवाकोविच को भेद नहीं पाए। लिवाकोविच ने उनके शॉट को रोक लिया।

01:37 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: दूसरे हाफ का खेल शुरू

अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच दूसरे हाफ का खेल शुरू हो गया है। क्रोएशिया की नजर बराबरी करनी पर है। इसके लिए उसे जल्द से जल्द दो गोल करने होंगे। वहीं, अर्जेंटीना अपनी बढ़त को बढ़ाना चाहेगा।

विज्ञापन
01:21 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: हाफटाइम तक अर्जेंटीना 2-0 से आगे

अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच पहले हाफ का खेल हो चुका है। अर्जेंटीना की टीम हाफटाइम तक 2-0 से आगे है। उसके लिए कप्तान लियोनल मेसी और जूलियन अल्वारेज ने एक-एक गोल दागे हैं। अर्जेंटीना की टीम दूसरे हाफ में अपनी बढ़त को बढ़ाना चाहेगी। वहीं, क्रोएशिया की नजर वापसी पर होगी।

01:10 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: अल्वारेज ने अर्जेंटीना को दिलाई 2-0 की बढ़त

अर्जेंटीना के लिए दूसरा गोल जूलियन अल्वारेज ने किया। उन्होंने 39वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। अल्वारेज अकेले ही क्रोएशिया की मिडफील्ड को भेदते ही आगे बढ़ गए। उन्होंने डिफेंस को भी तोड़ दिया और गोलकीपर लिवाकोविच को छकाते हुए शानदार गोल कर दिया। अर्जेंटीना की टीम मैच में 2-0 से आगे हो गई।

01:05 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: मेसी ने किया गोल

लियोनल मेसी ने 34वें मिनट में पेनल्टी पर गोल कर अर्जेंटीना की टीम को मैच में 1-0 से आगे कर दिया। अर्जेंटीना के स्ट्राइकर जूलियन अल्वारेज गेंद को लेकर गोलपोस्ट की ओर जा रहे थे। वह गोलपोस्ट के जैसे ही करीब पहुंचे, क्रोएशिया के गोलकीपर लिवाकोविच ने उन्हें गिरा दिया। रेफरी ने लिवाकोविच को यलो कार्ड दिखाया और अर्जेंटीना को पेनल्टी दे दी। क्रोएशियाई खिलाड़ियों ने इस पेनल्टी का काफी विरोध किया। ज्यादा विरोध दर्ज कराने के कारण माटेओ कोवाचिच को भी यलो कार्ड दिखाया गया। रेफरी ने अपने फैसले को नहीं पलटा। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी पेनल्टी लेने आए और उन्हें ताकतवर शॉट लगाकर गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। मेसी का विश्व कप इतिहास में यह 11वां गोल है।

12:49 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: खचाखच भरा है लुसैल स्टेडियम

12:41 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: 10 मिनट में किसी ने नहीं लगाया गोल के लिए शॉट

अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच मुकाबले में 10 मिनट का खेल हो चुका है। अब तक किसी टीम ने गोल के लिए शॉट नहीं लगाया है। दोनों टीमें ज्यादा से ज्यादा पजेशन अपने पास रखना चाह रही हैं। अर्जेंटीना पिछले मैचों की तरह शुरुआत में आक्रामक नहीं हो रहा है। क्रोएशिया अपने शांत अंदाज में खेल रही है।

12:30 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच मैच शुरू

अर्जेंटीना और क्रोएशिया के बीच मुकाबला शुरू हो गया है। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी और क्रोएशिया के कप्तान लुका मौद्रिच पर सबकी नजरें हैं। मेसी को 2014 विश्व कप में गोल्डन बॉल और मोद्रिच को 2018 में गोल्डन बॉल मिला था।

12:24 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: मेसी ने की विश्व रिकॉर्ड की बराबरी

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी विश्व कप में अपना 25वां मैच खेल रहे हैं। वह सबसे ज्यादा मैच खेलने के मामले में जर्मनी लोथर मथौस के बराबर पहुंच गए हैं। अगर मेसी फाइनल में जाते हैं तो यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे।

12:10 AM, 14-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: तीसरी बार विश्व कप में आमने-सामने अर्जेंटीना और क्रोएशिया

अर्जेंटीना और क्रोएशिया की टीमें विश्व कप में तीसरी बार आमने-सामने होंगी। साथ ही पहली बार नॉकआउट मैच में दोनों का मुकाबला है। इससे पहले 1998 में अर्जेंटीना ने क्रोएशिया को 1-0 से हराया था। वहीं, 2018 में क्रोएशिया ने हिसाब बराबर करते हुए मैच को 3-0 से अपने नाम कर लिया था।

11:47 PM, 13-Dec-2022

Argentina vs Croatia Live Score: दोनों टीमों की शुरुआती एकादश

क्रोएशिया: डोमिनिक लिवाकोविच (गोलकीपर), बोर्ना सोसा, इवान पेरिसिच, देजन लोरेन, माटेओ कोवाचिच, आंद्रेज क्रेमेरिच, लुका मोद्रिच, मार्सेलो ब्रोजोविच, मारियो पासालिच, जोस्को ग्वार्दिओल, जोसिप जुरानोविच।

अर्जेंटीना: एमिलियानो मार्टिनेज (गोलकीपर), क्रिस्टियन रोमेरो, निकोलस ओटामेंडी, नाहुएल मोलिना, निकोलस टैगलियाफिको, लिएंड्रो परेडेस, रोड्रिगो डी पॉल, एलेक्सिस मैक एलिस्टर, एंजो फर्नांडीज, जूलियन अल्वारेज, लियोनेल मेसी।

11:33 PM, 13-Dec-2022

FIFA WC: क्रोएशिया को हरा छठी बार फाइनल में पहुंचा अर्जेंटीना, सेमीफाइनल में दिखा मेसी का जादू, अल्वारेज चमके

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। कतर में चल रहे फुटबॉल विश्व कप के पहले सेमीफाइनल में मंगलवार रात अर्जेंटीना के सामने क्रोएशिया की चुनौती है। लियोनल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना की नजर 2014 के बाद फाइनल में पहुंचने पर है। तब उसे खिताबी मुकाबले में जर्मनी ने हरा दिया था। दूसरी ओर, क्रोएशिया लगातार दूसरी बार फाइनल में जाना चाहेगा। पिछली बार 2018 में फ्रांस ने उसे चैंपियन नहीं बनने दिया था।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें