फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal Election 2022 Live: भावुक हुए महेश्वर सिंह, बोले-यह मेरा अंतिम चुनाव, मंत्री बनने के लिए नहीं लड़ रहा

Fri, 21 Oct 2022 10:46 PM IST
अरविन्द ठाकुर न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला

सार

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अभी कांग्रेस प्रत्याशियों की तीसरी सूची घोषित की जानी है। शुक्रवार दोपहर को सोशल मीडिया में कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल हो गई। पढ़ें पल-पल के अपडेट्स..
विज्ञापन
भावुक हुए महेश्वर सिंह । - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को पांचवें दिन नामांकन प्रक्रिया जारी है। शिमला जिले में कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज और कांग्रेस प्रत्याशी अनिरूद्ध सिंह ने नामांकन दाखिल किया। शिमला शहरी  विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश जनारथा भी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। वहीं हमीरपुर से कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी आशीष शर्मा का कड़ा विरोध किया जा रहा है। नामांकन से पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी के दो दर्जन पदाधिकारियों ने सामूहिक इस्तीफे की चेतावनी दी है। पदाधिकारियों ने कहा कि अगर आशीष को कांग्रेस ने प्रत्याशी घोषित किया तो चुनावों में जमानत जब्त कराएंगे। 

विज्ञापन


25 अक्तूबर तक दाखिल कर सकते हैं नामांकन

प्रत्याशी 25 अक्तूबर तक सुबह 11:00 से दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की छंटनी 27 अक्तूबर को सुबह 11:00 बजे की जाएगी। 23 और 24 अक्तूबर को अवकाश के कारण नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। अधिसूचना के अनुसार 29 अक्तूबर को दोपहर 3:00 बजे तक नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे।

नामांकन के दिन भी वंदना नाराज, नहीं पहुंचीं भाई के नामांकन में

चुनावी जनसभा में पहुंचे महेंद्र सिंह और रजत ठाकुर। - फोटो : संवाद
नामांकन के दिन भी वंदना गुलेरिया नाराज रहीं। वंदना भाई के नामांकन में नहीं पहुंचीं। पिता महेंद्र सिंह के मनाने के बावजूद वंदना भाई रजत ठाकुर के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने पर अड़ी हैं। रजत ठाकुर धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी हैं। भाजपा और कांग्रेस में कई नेता बगावत पर उतर आए हैं जिससे समीकरण बिगड़ सकते हैं।

हरीश नड्डा ने बंबर ठाकुर पर साधा निशाना

त्रिलोक जम्वाल की चुनावी जनसभा में पहुंचे सीएम जयराम ठाकुर। - फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर सदर विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक जम्वाल की चुनावी जनसभा में सीएम जयराम ठाकुर भी पहुंचे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बेटे हरीश नड्डा ने कहा कि त्रिलोक जम्वाल की इस चुनाव में जीत होनी चाहिए। मैं जिम्मेदारी लेता हूं कि इस चुनाव में भाजपा की जीत हो। हरीश नड्डा ने कांग्रेस प्रत्याशी बंबर ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे व्यक्ति को कभी जीतने नहीं देंगे जो गुंडागर्दी करता है, महिलाओं का अपमान करता हो और नशे को बढ़ावा देता हो। मौजूदा विधायक सुभाष ठाकुर और उनके समर्थक बिलासपुर सदर से भाजपा प्रत्याशी त्रिलोक जम्वाल की जनसभा का हिस्सा नहीं बने। टिकट न मिलने से नाराज होकर उन्होंने कार्यक्रम में शिरकत नहीं की। वहीं झंडूता भाजपा में बगावत हो गई। पूर्व भाजपा मंत्री रिखी राम कौंडल के बेटे राजकुमार कौंडल नामांकन भरने जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए अभी कांग्रेस प्रत्याशियों की तीसरी सूची घोषित की जानी है। शुक्रवार दोपहर को सोशल मीडिया में कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल हो गई। फर्जी सूची में पांवटा साहिब से अवनीत सिंह लांबा, मनाली से हरी चंद शर्मा, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, जयसिंहपुर से सुशील कौल और हमीरपुर से पुष्पेंद्र वर्मा को प्रत्याशी तक घोषित कर दिया गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया में शरारती तत्वों ने कांग्रेस प्रत्याशियों की फर्जी सूची वायरल की है। कांग्रेस पुलिस में केस दर्ज कराएगी।

सुभाष शर्मा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया

नामांकन दाखिल करने जाते सुभाष शर्मा। - फोटो : अमर उजाला
बिलासपुर सदर भाजपा से बगावत कर भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य सुभाष शर्मा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया। कांग्रेस प्रत्याशी खिमी राम शर्मा ने बंजार में नामांकन दाखिल किया। भोरंज से भाजपा प्रत्याशी व पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान ने नामांकन दाखिल किया। हमीरपुर से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर ने नामांकन दाखिल किया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर के गांधी चौक में चुनावी रैली को संबोधित किया। ऊना सदर से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा और नाहन से भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजीव बिंदल ने नामांकन दाखिल किया। सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत सिंह ने नामांकन दाखिल किया। कुल्लू से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने नामांकन दाखिल किया। कुटलैहड़ से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने नामांकन दाखिल किया। सोलन से भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश कश्यप ने नामांकन दाखिल किया। सोलन से कांग्रेस प्रत्याशी धनी राम शांडिल ने नामांकन दाखिल किया।

भारद्वाज, अनिरूद्ध सिंह मिले आमने-सामने

सुरेश भारद्वाज और अनिरूद्ध सिंह। - फोटो : संवाद
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश भारद्वाज और कांग्रेस प्रत्याशी अनिरूद्ध सिंह ने शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय शिमला में रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दोनों की आमने-सामने मुलाकात हो गई। सुरेश भारद्वाज और अनिरूद्ध सिंह गले मिले और एक दूसरे का हालचाल पूछा। कुछ ही पलों में दोनों की यह तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई। 

भावुक हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर

भावुक हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर। - फोटो : संवाद
केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर शुक्रवार को सुजानपुर में भाजपा प्रत्याशी रिटायर्ड कैप्टन रणजीत सिंह की नामांकन सभा में भावुक हो गए। भाषण के दौरान केंद्रीय मंत्री के आंसू तक छलक गए और उन्होंने हमीरपुर जिला भाजपा कार्यकर्ताओं को नमन भी किया। मंच पर बोलने की उन्होंने काफी हिम्मत जुटाई है लेकिन फिर भी वह अपने आंसुओं को नहीं रोक पाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशी के लिए डटकर प्रचार करने की अपील की है। उन्होंने भावुक होकर कार्यकर्ताओं का उनके परिवार को दिए गए सम्मान व प्रेम का आभार व्यक्त किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि छोटे से जिला हमीरपुर से मेरे पिता को मुख्यमंत्री और मुझे केंद्रीय मंत्री बनाया है। उन्होंने कहा कि जिस मंत्रालय में मैं केंद्रीय मंत्री हूं। उस पद पर कभी देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, चंद्रशेखर, लालकृष्ण आडवाणी सहित देश के कई नेता अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

हाईकमान को दो दिन का अल्टीमेटम

चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि दागदार चरित्र के व्यक्ति को टिकट मिलने से चिंतपूर्णी ब्लाक कांग्रेस कमेटी में आक्रोश है। मैं पार्टी हाईकमान से कहना चाहता हूं कि चिंतपूर्णी विधानसभा से किसी साफ छवि वाले कार्यकर्ता को ही उम्मीदवार बनाएं। अंब में ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ कुलदीप ने बैठक की। इस दौरान पार्टी हाईकमान को दो दिन में चिंतपूर्णी से टिकट बदलने का अल्टीमेटम दिया गया। कुलदीप ने कहा कि दिल्ली में हाईकमान के समक्ष इस मामले को रखा जाएगा। वहीं किन्नौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज पूर्व विधायक तेजवंत नेगी ने बगावत कर दी है। तेजवंत नेगी ने आजाद उम्मीदवार चुनाव लड़ने का एलान किया है। शुक्रवार को मनाली विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार गोविंद ठाकुर, भरमौर से कांग्रेस उम्मीदवार ठाकुर सिंह भरमौरी, गगरेट से कांग्रेस प्रत्याशी चैतन्य शर्मा, चंबा से कांग्रेस प्रत्याशी नीरज नैयर, चंबा से भाजपा प्रत्याशी नीलम नैयर ने नामांकन दाखिल किया।

एनएसयूआई के 71 सदस्यों ने दिया इस्तीफा

 कांग्रेस के टिकट आवंटन पर पार्टी में बगावत शुरू हो गई है। करसोग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस नेता मनसा राम के पुत्र महेश राज को टिकट मिलने से नाराज करसोग महाविद्यालय की एनएसयूआई इकाई के 71 सदस्यों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। इन्होंने एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष को ई मेल से इस्तीफा भेजा है। एनएसयूआई जगतराम जगत के लिए टिकट की वकालत कर रही थी। एनएसयूआई इकाई के अध्यक्ष भूपेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने करसोग विधानसभा क्षेत्र में टिकट का सही आवंटन नहीं किया है। ऐसे में सभी सदस्यों ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। 
विज्ञापन

कुल्लू सदर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र भरने के बाद रथ मैदान में कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे पूर्व सांसद महेश्वर सिंह भावुक हो गए। आंखों से छलके आंसुओं के बीच महेश्वर ने कहा कि यह उनका अंतिम चुनाव है। कहा कि वह मंत्री बनने के लिए नहीं लड़ रहे हैं। यही चाहते हैं कि मेरे हाथ में कुछ हो और मेरे घर से कोई खाली न जाए। भाषण देते हुए वह रो पड़े ओर उन्हें बीच में अपना भाषण रोकना पड़ा। इस दौरान मौजूद कई महिला कार्यकर्ता भी भावुक हो गईं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें