प्रभु श्रीराम के दर्शनों के लिए राम मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद पहली सुबह भक्त पूजा करने और श्री राम लला के दर्शन करने के लिए मंदिर में उमड़ पड़े हैं।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर वासुदेव घाट पर दीपोत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा, "पीएम मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का उद्घाटन किया और उनकी मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की, आज पूरा भारत और विश्व राममय हो गया है। वासुदेव घाट को पूरा होने में अभी करीब दो महीने और लगेंगे। आज यहां पर 300 किलो का एक घंटा लगाया गया है और यहां पर आरती भी की गई। पीएम मोदी की इच्छा थी कि यहां पर एक घाट बने। उनकी इच्छा से यहां पर ये कार्यक्रम हो रहा है। आने वाले समय में इस घाट को बहुत सुंदर बनाया जाएगा।"
राष्ट्र सेविका समिति ने सोमवार को कहा कि अयोध्या में उनके नए मंदिर में राम लला की मूर्ति की सफल 'प्राण प्रतिष्ठा' ने यह विश्वास पैदा किया है कि भविष्य में कोई भी हिंदू भावनाओं को "आहत" नहीं कर सकता है।
नेपाल के जनकपुर में भी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में 'दीपोत्सव' मनाया जा रहा है। जनकपुर रंगबिरंगी रोशनी और सैकड़ों दीयों से जगमगा उठा है।
अभिनेता जैकी श्रॉफ बोले- बहुत अच्छा लगा कि मुझे बुलाया गया
बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा कि मुझे रामलला का आशीर्वाद मिला है। मुझे बहुत अच्छा लग रहा है कि मुझे बुलाया गया। जब भी मुझे इंस्पेक्टर की भूमिका दी जाती थी, तो मेरा नाम राम होता था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर प्राणप्रतिष्ठा समारोह के बाद एक बच्चे को गोद में लेकर दुलारा। साथ ही लोगों का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भक्तों का स्वागत किया।
अयोध्या राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के बाद भावनाओं से भरे जगद्गुरु रामभद्राचार्य कहते हैं कि यह एक अद्भुत दिन है।
अभिनेता शैलेश लोढ़ा ने कहा, "इससे बड़ी ईश्वर की कृपा क्या हो सकती है कि आज ही प्राण प्रतिष्ठा हुई और आज ही दर्शन हो गए। आज प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर मैं यहां उपस्थित था। प्रधानमंत्री मोदी ने अद्भूत संदेश दिया कि यह ऊर्जा का एक नया संचार है।
अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने कहा कि भगवान राम ने मुझे भावुक कर दिया। उनका (राम लल्ला) रूप सुंदर है। मूर्तिकला बहुत अच्छी है। मुझे लगता है कि भगवान राम वास्तव में मूर्ति के भीतर आए थे... मैं बहुत भावुक था और मैंने आशीर्वाद मांगा।
अभिनेता आयुष्मान खुराना ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक क्षण है, मुझे यहां आमंत्रित करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। हर किसी को यहां आना चाहिए..."
बाबागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत में नई ऊर्जा है...देश में जातिवाद का जहर मिटेगा क्योंकि राम शबरी के थे, राम वाल्मिकी के थे, राम सबके हैं और राम सबके रहेंगे।
अभिनेता राम चरण ने कहा कि शानदार, यह बहुत सुंदर था...इसे देखना हर किसी के लिए सम्मान की बात है।
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि "प्रभु राम लला भव्य अपने दरबार में पधार चुके हैं ये अद्भूत क्षण है।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर स्पेशल डीजी (लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा कि "सभी चीजें व्यवस्थित हो गई हैं। अभी सभी लोग दर्शन कर रहे हैं। ये हमारे लिए बड़ा मौका था हमने नया अनुभव भी प्राप्त किया जिसका हम आगे महाकुंभ में प्रयोग करेंगे।
अयोध्या राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह में भाग लेने के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि "जीवन धन्य हो गया है, 'राम लला विराजमान हो गए', उनके जन्मस्थान में। मुझे उन्हें करीब से देखने का मौका मिला।
अयोध्या भूमि विवाद मामले में पूर्व वादी इकबाल अंसारी आज राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' के लिए आमंत्रित लोगों में से थे। उन्होंने कहा कि ''मैं आज कार्यक्रम में शामिल हुआ क्योंकि मुझे आमंत्रित किया गया था।
जन सेना प्रमुख पवन कल्याण ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए काफी भावुक रहा है। प्राणप्रतिष्ठा के समय मेरी आंखों से आंसू बहने लगे थे। इसने भारत को एक राष्ट्र के रूप में मजबूत और एकीकृत किया है।
राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह में शामिल हुईं बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि हम भाग्यशाली हैं कि हमें ऐसा समारोह देखने को मिला।
#WATCH | Prime Minister Narendra Modi sprinkles flowers on the idol of Jatayu at the Ram Temple premises in Ayodhya, Uttar Pradesh. pic.twitter.com/azJNLWTtTp
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुबेर टीला स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए पहुंचे अतिथियों का अभिवादन किया।
छोटे-बड़े हर प्रयास की ताकत होती है, योगदान होता है: पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि आदिवासी मां शबरी कब से कहती थी- राम आएंगे। प्रत्येक भारतीय में जन्मा यही विश्वास समर्थ, सक्षम, भव्य भारत का आधार बनेगा। हम सब जानते हैं कि निषाद राज की मित्रता सभी बंधनों से परे है। उनका अपनापन कितना मौलिक है। सब अपने हैं, सभी समान हैं। सभी भारतीयों में अपनत्व की भावना नए भारत का आधार बनेगी। यही देव से देश और राम से राष्ट्र की चेतना का विस्तार है। आज देश में निराशावाद की जगह नहीं है। अगर कोई यह सोचे कि मैं सामान्य और छोटा हूं तो उसे गिलहरी को याद करना चाहिए। यह सिखाएगा कि छोटे-बड़े हर प्रयास की ताकत होती है, योगदान होता है। यही भावना समर्थ, सक्षम, भव्य, दिव्य भारत का आधार बनेगी।
उन्होंने कहा कि लंकापति ज्ञानी रावण ज्ञानी थे, लेकिन जटायु कि मूल्य निष्ठा देखिए। वे महाबली रावण से भिड़ गए। उन्हें पता था कि वे परास्त नहीं कर पाएंगे, फिर भी उन्होंने रावण को चुनौती दी। कर्तव्य की यही परकाष्ठा समर्थ, सक्षम, भव्य, दिव्य भारत का आधार है। आइए हम संकल्प लें कि राम काज से राष्ट्र काज करेंगे। समय का पल-पल, शरीर का कण-कण इसमें लगा देंगे।
राम भारत की आस्था हैं, भारत के आधार हैं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि यह मंदिर मात्र एक दैव मंदिर नहीं है, यह भारत की दृष्टि का, दर्शन का, दिग्दर्शन का मंदिर है। यह राम के रूप में राष्ट्र चेतना का मंदिर है। राम भारत की आस्था हैं, भारत के आधार हैं। राम भारत का विचार है, विधान हैं। चेतना है, चिंतन हैं। प्रतिष्ठा हैं, प्रताप हैं। राम नेकी भी है, नीति भी है। नित्यता भी है, निरंतरता भी हैं। राम व्यापक हैं, विश्व हैं, विश्वात्मा हैं। जब राम की प्रतिष्ठा होती है तो उसका प्रभाव वर्षों, शताब्दियों तक नहीं होता, हजारों वर्षों के लिए होता है। आज अयोध्या भूमि सवाल कर रही है कि श्रीराम का भव्य मंदिर तो बन गया, अब आगे क्या। सदियों का इंतजार तो खत्म हुआ, अब आगे क्या। जो दैवीय आत्माएं हमें आशीर्वाद देने उपस्थित हुई हैं, उन्हें क्या हम ऐसे ही विदा करेंगे। आज मैं पूरे पवित्र मन से महसूस कर रहा हूं कि कालचक्र बदल रहा है। हमारी पीढ़ी को कालजयी शिल्पकार के रूप में चुना गया है। हजारों वर्ष बाद की पीढ़ी हमें याद करेगी। यही समय है, सही समय है। हमें आज इस पवित्र समय से अगले एक हजार साल के भारत की नींव रखनी है। मंदिर निर्माण से आगे बढ़कर सभी देशवासी समर्थ, सक्षम, भव्य, दिव्य भारत के निर्माण की सौगंध लेते हैं। राम के विचार जनमानस में भी हों, यही राष्ट्र निर्माण की सीढ़ी है। हमें चेतना का विस्तार देना होगा। हनुमान जी की भक्ति, उनकी सेवा, उनका समर्पण ऐसे गुण हैं, जिन्हें हमें बाहर नहीं खोजना पड़ता। प्रत्येक भारतीय में भक्ति, सेवा के भाव आधार बनेंगे। यही है देव से देश, राम से राष्ट्र की चेतना का विस्तार।
न्याय के पर्याय श्रीराम का मंदिर भी न्यायबद्ध तरीके से बना
पीएम मोदी ने कहा कि दैवीय आशीर्वाद और दिव्य आत्माओं की वजह से यह कार्य पूरा हुआ है। मैं इन सभी दिव्य चेतनाओं को भी नमन करता हूं। मैं आज प्रभु श्रीराम से क्षमा याचना भी करता हूं। हमारे पुरुषार्थ, हमारे त्याग, तपस्या में कुछ तो कमी रह गई होगी कि हम इतनी सदियों तक ये कार्य कर नहीं पाए। आज वो कमी पूरी हुई है। मुझे विश्वास है कि प्रभु राम आज हमें अवश्य क्षमा करेंगे। लंबे वियोग से आई आपत्ति का अंत हो गया। त्रेता युग में तो वह वियोग केवल 14 वर्षों का था, तब भी इतना असह्य था। इस युग में तो अयोध्या और देशवासियों ने सैकड़ों वर्षों का वियोग सहा है। हमारी कई-कई पीढ़ियों ने वियोग सहा है। भारत के तो संविधान की पहली प्रति में भगवान राम विराजमान है। संविधान के अस्तित्व में आने के बाद भी दशकों तक प्रभु राम के अस्तित्व को लेकर कानूनी लड़ाई चली। मैं भारत की न्यायपालिका का आभार व्यक्त करूंगा, जिसने न्याय की लाज रख ली। न्याय के पर्याय प्रभु राम का मंदिर भी न्यायबद्ध तरीके से ही बना।
...ऐसे ही नव इतिहास का सृजन करता है: पीएम
पीएम मोदी ने कहा कि गुलामी की मानसिकता को तोड़कर उठ खड़ा हुआ राष्ट्र ऐसे ही नव इतिहास का सृजन करता है। आज से हजार साल बाद भी आज की इस तारीख और पल की चर्चा करेंगे। यह कितनी बड़ी रामकृपा है कि हम सब इस पल को जी रहे हैं, इसे साक्षात घटित हो रहे हैं। आज दिन-दिशाएं, दिग-दिगंत, सब दिव्यता से परिपूर्ण हैं। ये समय सामान्य नहीं है, यह काल के चक्र पर सर्वकालिक स्याही से अंकित हो रही अमिट स्मृति रेखाएं हैं। साथियों हम सब जानते हैं कि जहां राम का काम होता है, वहां पवन पुत्र हनुमान अवश्य विराजमान होते हैं। इसलिए मैं रामभक्त हनुमान और हनुमान गढ़ी, माता जानकी, अयोध्या पुरी और सरयू को भी प्रणाम करता हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि 22 जनवरी 2024 का यह सूर्य अद्भुत आभा लेकर आया है। यह कैलेंडर पर लिखी तारीख नहीं, यह एक नए कालचक्र का उद्गम है। राम मंदिर के भूमि पूजन के बाद से प्रतिदिन पूरे देश में उमंग और उत्साह बढ़ता ही जा रहा है। निर्माण कार्य देख देशवासियों में हर दिन नया विश्वास पैदा हो रहा है। आज हमें सदियों के उस धैर्य की धरोहर मिली है। आज हमें श्रीराम का मंदिर मिला है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्राण प्रतिष्ठा के बाद समारोह के लिए आए अतिथियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सियावर रामचंद्र की जय! आपको सबको प्रणाम, सबको राम-राम! आज हमारे राम आ गए हैं। सदियों की प्रतिक्षा के बाद हमारे राम आ गए हैं। सदियों का अभूतपूर्व धैर्य, अनगिनत बलिदान, त्याग और तपस्या के बाद हमारे प्रभु राम आ गए हैं। इस शुभ घड़ी की आप सभी को, समस्त देशवासियों को बधाई। मैं गर्भ गृह में ईश्वरीय चेतना का साक्षी बनकर आपके सामने उपस्थित हुआ हूं। कितना कुछ कहने को है, लेकिन कंठ अवरूद्ध है, शरीर स्पंदित है, चित्त अभी भी उस पल में लीन है। हमारे रामलला अब टेंट में नहीं रहेंगे। हमारे रामलला अब दिव्य मंदिर में रहेंगे। मेरा पक्का विश्वास है, अपार श्रद्धा है, जो घटित हुआ है, इसकी अनुभूति देश और विश्व के कोने-कोने में राम भक्तों को हो रही होगी। यह क्षण आलौकिक है। यह पल पवित्रतम है। यह माहौल, वातावरण, यह घड़ी, प्रभु श्रीराम का हम सब पर आशीर्वाद है।
मोहन भ उनके प्रयासों को कोटि बार नमन है। इस युग में आज के दिन रामलला के फिर वापस आने का इतिहास जो-जो स्मरण करेगा, वह राष्ट्र के लिए होगा। राष्ट्र का सब दुख हरण होगा, ऐसा इस इतिहास का सामर्थ्य है। हमारे लिए कर्तव्य का आदेश भी है। प्रधानमंत्री जी ने तप किया, अब हमें भी तप करना है। राम राज कैसा था, यह याद रखना है। हम भी भारत वर्ष की संतानें हैं। कोटि-कोटि कंठ हमारे हैं जो जयगान करते हैं। हमें अच्छा व्यवहार रखने का तप-आचरण करना होगा। हमें भी सारे कलह को विदाई देनी होगी। छोटे-छोटे परस्पर मत रहते हैं, छोटे-छोटे विवाद रहते हैं। उसे लेकर लड़ाई करने की आदत छोड़नी पड़ेगी। सत्य कहता है कि सभी घटकों राम हैं। हमें समन्वय से चलना होगा। हम सबके लिए चलते हैं, सब हमारे हैं, इसलिए हम चल पाते हैं। आपस में समन्वय रखकर व्यवहार रखना ही सत्य का आचरण। करुणा दूसरा कदम है, जिसका मतलब है सेवा और परोपकार।
योगी आदित्यनाथ के बाद संघ प्रमुख मोहन भागवत ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या में रामलला के साथ भारत का स्व लौटकर आया है। संपूर्ण विश्व को त्रासदी से राहत देने वाला भारत खड़ा होगा। जोश की बातों में होश की बात करने का काम मुझे ही दिया जाता है। आज हमने सुना कि प्रधानमंत्री जी ने यहां आने से पहले कठोर तप रखा। जितना कठोर तप रखा जाना चाहिए था, उससे ज्यादा कठिन तप रखा। मेरा उनसे पुराना परिचय है। मैं जानता हूं, वे तपस्वी हैं ही। परंतु, वे अकेले तप कर रहे हैं, हम क्या करेंगे? अयोध्या में रामलला आए। अयोध्या से बाहर क्यों गए थे? रामायणकाल में ऐसा क्यों हुआ था। अयोध्या में कलह हुआ था। अयोध्या में उस पुरी का नाम है, जिसमें कोई द्वंद्व, कलह और दुविधा नहीं। फिर भी 14 वर्ष वनवास में गए। दुनिया के कलह को मिटाकर वापस आए। आज रामलला वापस फिर से आए हैं, पांच सौ वर्ष के बाद। जिनके त्याग, तपस्या, प्रयासों से आज हम यह स्वर्ण दिवस देख रहे हैं, उनका स्मरण प्राण-प्रतिष्ठा के संकल्प में हमने किया।
योगी ने कहा कि भारत का हर मार्ग रामजन्मभूमि की ओर आ रहा है। उन्होंने कहा कि 500 साल बाद रामलला विराजे हैं। मंदिर वहीं बना है, जहां बनाने का संकल्प लिया था।
योगी ने रामलला भगवान की जय बोलने के साथ भारत माता की जय और जैजै सीतारम से भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि मन भावुक है। भावविभोर है। खुशी व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं है। प्राण प्रतिष्ठा की सभी को बधाई।
रामजी का चरणामृत पिलाकर रामजन्मभूमि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविन्ददेव गिरी ने प्रधानमंत्री का व्रत खुलवाया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि मंदिर में पीएम नरेंद्र मोदी को अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
उत्तर प्रदेश: अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के दृश्य।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में 'साधुओं' से आशीर्वाद लिया। पीएम मोदी अब मंदिर के प्रांगण में आ गए हैं। पीएम मोदी मुख्यमंत्री, राज्यपाल, मोहन भागवत के साथ सभा स्थल पर पहुंच गए हैं।
पीएम मोदी ने साष्टांग प्रणाम के बाद परिक्रमा भी की। इसके बाद मंदिर का भ्रमण किया। राममंदिर के शिलान्यास की नींव रखने वाले कामेश्वर चौपाल से प्रधानमंत्री ने मंदिर के भीतर मुलाकात की। उनकी पीठ थपथपाई।
पीएम मोदी अब गर्भगृह से बाहर आ गए हैं। गर्भगृह से निकलते समय शंकराचार्य वाशुदेवानंद महाराज ने पीएम मोदी को सोने की अंगुठी पहनाई और दूसरे संत ने तुलसी की माला पहनाई। एक और संत ने पीएम मोदी को सोने की अंगुठी पहनाई है। इसके बाद विहिप के कोषाध्यक्ष गोविन्ददेव गिरी ने मुख्यमंत्री, संघ प्रमुख व राज्यपाल को अंगूठी भेंट की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में भगवान राम लला को दंडवत प्रणाम् किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला की आरती की। प्रधानमंत्री ने पहले 11 दिवसीय अनुष्ठान किया था, उन्होंने ही 'प्राण प्रतिष्ठा' अनुष्ठान का नेतृत्व किया, जो भगवान विष्णु की प्रार्थना के साथ शुरू हुआ।
श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर के ऊपर हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की जा रही है।
अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर से राम लला की प्रतिमा की पहली झलक।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अनुष्ठान का नेतृत्व किया।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो गई है। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राण प्रतिष्ठा हुई।
रामलला राम मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हो गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा के अनुष्ठान में पीएम मोदी, संघ प्रमुख भागवत और सीएम योगी यजमान बने।
पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में राम लला की मूर्ति का अनावरण किया
प्रधानमंत्री मोदी और मोहन भागवत ने हाथ में कुशा धारण की। गर्भ गृह में प्रधानमंत्री मोदी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बैठे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चांदी का छत्र लेकर राम मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम मंदिर में प्रवेश कर लिया है। थोड़ी देर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। मंगल ध्वनि के बीच राम लला का प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान शुरू हो गया है। पीएम मोदी के साथ मोहन भागवत भी मौजूद हैं। पीएम मोदी राम मंदिर के गर्भगृह में पूजा कर रहे हैं।
श्री राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव ने कहा कि राम मंदिर के लिए देशभर से दोनों हाथों से दान किया है। देश का ऐसा कोई कोना नहीं रहा है जहां से राम के लिए उपहार ना आए हों। एक बानगी गिनाते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर के लिए घंटा कासगंज से आया तो नीचे पड़ने वाली राख रायबरेली के ऊंचाहार से आई है। गिट्टी मध्य प्रदेश के छतरपुर से पहुंची तो ग्रेनाइट तेलांगाना से आया है। पत्थर राजस्थान के भरतपुर से पहुंचे तो दरवाजों की लकड़ी महाराष्ट से। उस दरवाजे पर पर सोने और डायमंड का काम मुंबई के एक व्यापारी का है। पत्थर कर्नाटक का है। जिन्होंने बनाया वो मैसूर के हैं। गरुण की मूर्ति राजस्थान के कलाकार ने बनाई है। लकड़ी के काम के कारीगर कन्याकुमारी के हैं और कपड़े और भगवान के वस्त्र दिल्ली के एक युवक मनीष त्रिपाठी ने बनाए। आभूषण लखनऊ से बनवाए गए हैं। इनकी नक्काशी राजस्थान में हुई है। देश का ऐसा कोई कोना नहीं है जहां से राम मंदिर के लिए समर्पण ना आया हो।
राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह पर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के निदेशक ईशा अंबानी ने कहा कि "आज का दिन हमारे लिए सबसे पवित्र दिनों में से एक है। हम बहुत खुश हैं।"
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरपर्सन मुकेश अंबानी, रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और चेयरपर्सन नीता अंबानी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। नीता अंबानी कहती हैं, ''यह एक ऐतिहासिक दिन है। मुकेश अंबानी ने कहा, "आज भगवान राम आ रहे हैं, 22 जनवरी को पूरे देश के लिए राम दिवाली होगी।"
अभिनेता सुमन ने पीएम मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को बधाई और शुभकामनाएं दीं। ये दोनों राम और लक्ष्मण की तरह हैं और अगर यह मंदिर यहां आया, तो मुझे लगता है कि यह भगवान का काम है। उन्होंने इस मंदिर को बनाने के लिए उन्हें बनाया। यह भारत के लिए राष्ट्रीय स्मारक होगा।
पीएम नरेंद्र मोदी राम मंदिर परिसर पहुंच गए हैं। पीएम मोदी मंदिर के उत्तरी गेट पर पहुंचे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी ने पीएम का स्वागत किया। उत्तरी गेट से पीएम मोदी ने मंदिर में प्रवेश किया।
फिल्म निर्माता सुभाष घई कहते हैं कि "राम मंदिर भारत का एक ऐतिहासिक प्रतीक बन गया है। इससे बड़ी खुशी क्या हो सकती है? मैं आज बहुत खुश हूं। हम बचपन में सपने देखते थे और अयोध्या के बारे में पढ़ते और सुनते थे। इस ऐतिहासिक दिन पर आज हम अयोध्या में हैं।
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में गायक शंकर महादेवन ने भजन की प्रस्तुति की।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कहा कि "500 वर्षों से हम इस दिन का इंतजार कर रहे थे। आज पूरा देश राममय हो गया है..."
अयोध्या: श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में गायिका अनुराधा पौडवाल और कविता पौडवाल ने राम भजन की प्रस्तुति की।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले आज बीजेपी नेता उमा भारती और साध्वी ऋतंभरा ने एक-दूसरे को गले लगाया।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले अपने आवास पर पूजा-अर्चना की।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले कहते हैं कि "यह एक खुशी का दिन है। दुनिया भर से लोग प्राणप्रतिष्ठा समारोह में भाग ले रहे हैं। समारोह पर राजनीतिक विवाद पर वे कहते हैं, ''अगर यह बीजेपी का एजेंडा होता तो विपक्ष को निमंत्रण नहीं दिया जाता। उन सभी को निमंत्रण मिला। प्रसिद्ध हस्तियों और राजनेताओं को आमंत्रित किया गया है। यह बीजेपी नहीं है'। विपक्ष को यहां आना चाहिए था। लेकिन उन्होंने इसका बहिष्कार किया, मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे आगामी चुनाव में उनका बहिष्कार करें।
#WATCH | Ayodhya, Uttar Pradesh: Shri Ram Janmabhoomi Temple all set for the Pran Pratishtha ceremony today. pic.twitter.com/bxIiLVCK87
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में गायक सोनू निगम ने 'राम सिया राम' भजन की प्रस्तुति दी।
राम लला की प्रतिमा बनाने वाले मूर्तिकार योगीराज अरुण ने कहा ने कहा कि "मुझे लगता है कि मैं इस धरती पर सबसे भाग्यशाली व्यक्ति हूं। कभी-कभी मुझे ऐसा लगता है जैसे मैं सपनों की दुनिया में हूं।"
संगीतकार अनु मलिक ने कहा कि मैं यहां आकर बहुत खुश हूं और हम उस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं जब प्राण प्रतिष्ठा होगी... मैं भगवान श्री राम और भगवान हनुमान का आभारी हूं कि मैं इस पल का साक्षी बन रहा हूं।"
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जो मूर्ति पत्थर की थी आज प्राण-प्रतिष्ठा के बाद वो भगवान का रूप ले लेगी, जो रास्ता भगवान राम ने दिखाया, उससे वे मर्यादा पुरूषोत्तम राम कहे गए, उम्मीद है कि भगवान राम ने जिस राम राज्य की कल्पना की थी जिसमें गरीब दुखी ना रहे... हम सब उस रास्ते पर चलेंगे।"
केंद्रीय मंत्री वी.के. सिंह ने कहा कि आज बहुत शुभ दिन है। ऐसे शुभ दिन पर सब 'जय श्री राम' बोलें तो हर जगह सब अच्छा होगा।"
रिलायंस जीयो के अध्यक्ष आकाश अंबानी ने कहा कि "यह दिन इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा, हमें यहां आकर बहुत खुशी हो रही है।"
अभिनेता रजनीकांत राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे।
अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे।
अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे
पूर्व क्रिकेटर मिताली राज का कहना है कि मुझे लगता है कि जब कोई किसी धार्मिक स्थान पर होता है तो उसे क्या महसूस होता है। हम सभी बहुत लंबे समय से यही चाहते थे और मुझे लगता है कि इस बड़े अवसर पर यहां आना एक आह्वान है। यह एक उत्सव है।
अभिनेता मनोज जोशी कहते हैं कि ये सिर्फ मेरी भावनाएं नहीं हैं, यहां आए हर राम भक्त को भी ऐसा ही महसूस हो रहा है, हर भारतीय के मन में यह खुशी है कि यहां रामलला की 'प्राणप्रतिष्ठा' हो रही है। पूरा भारत और पूरी दुनिया देखेगी यह दिव्य रूप। इस खुशी को मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकता। हर कोई इस वक्त भावुक है। पीएम मोदी के कार्यकाल में यह मंदिर बना और भगवान राम ने उन्हें भेजा है। हर किसी को लगता है कि 'राम राज्य' शुरू हो गया है।
अयोध्या में कवि कुमार विश्वास ने कहा कि "यह बड़े सौभाग्य का क्षण है। इस क्षण के लिए लोगों ने 550 साल तक इंतजार किया...यह खुशी का त्योहार है..." प्राणप्रतिष्ठा और राम मंदिर आंदोलन के बारे में बोलते हुए अभिनेता मनोज जोशी भावुक हो गए।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, कि कुछ देर बाद सदियों का इंतजार समाप्त होने वाला है... पूरा विश्व इस क्षण के इंतजार में है।"
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में अपने आवास पर पूजा-अर्चना की। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस पल, जिस क्षण और जिस दिन की लंबे समय से प्रतीक्षा थी, वर्षों से इंतजार था आज वो इंतजार समाप्त हो रहा है। भगवान राम अपने जन्मस्थान पर विराजित हो रहे हैं... आज एक ऐसा दिन है जिसकी हर राम भक्त हमेशा प्रतीक्षा कर रहा था।
अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से कुछ दे रहले ही आरएसएस अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेडकर ने कहा कि हम इस उत्सव का कई सालों से इंतजार कर रहे हैं। यह एक खुशी का अनुभव है। जिसका हमने कई सालों से इंतजार किया। मुझे लगता है कि आज हर कोई खुश होगा। यह खुशी का मौका हर किसी के लिए है।
अभिनेता चिरंजीवी और राम चरण अयोध्या पहुंचे। अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह आज हो रहा है।
भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव ने कहा, "हम लोगों का सौभाग्य है कि आज जब भगवान राम का दरबार सज रहा है और प्रभु श्री राम अयोध्या धाम में विराजमान हो रहे हैं तो गुरु जी का आशीर्वाद भी हमें प्राप्त हो रहा है।
अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने कहा कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण पाकर मैं अपने आप को बहुत सौभाग्यशाली मानती हूं। मुझे लगता है कि आज देश और दुनिया के लोग जो श्रीराम को मानते हैं उन्हें अपने जीवन के सबसे ज्यादा खुशी के पलों की अनुभूति हो रही होगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए श्री राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से भी बात की।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के लिए अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और अनिल अंबानी अयोध्या पहुंच गए हैं।
उत्तर प्रदेश: अयोध्या के राम मंदिर में आज प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। जय श्री राम के नारे के मोदी-योगी की जयकारा लगाते हुए अतिथि अयोध्या जा रहे हैं।
अभिनेता अनुपम खेर कहते हैं कि आज मैं उन लाखों कश्मीरी हिंदुओं का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं जिन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा। आज भगवान राम अपने घर लौट रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि हम भी जल्द लौटेंगे। मैं हनुमान गढ़ी भी गया। दुनिया भर में लोग इस दिन का जश्न मना रहे हैं। आज दिवाली है और यह सिर्फ एक धार्मिक त्योहार नहीं है, यह बहुत कुछ है।
अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पहले अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर भी राम की भक्ति में नजर आया। टाइम्स स्क्वायर पर भगवान राम की तस्वीर नजर आई साथ ही श्री राम के नारों से पूरा शहर गुंज उठा। ओवरसीज फ्रेंड्स ऑफ राम मंदिर के सदस्यों ने रविवार को न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में लड्डू बांटे। संस्था के जुड़े सदस्य प्रेम भंडारी ने कहा कि अमेरिका में भी लोग खासा उत्साहित हैं।
भोजपुरी अभिनेता दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ और अभिनेत्री आम्रपाली ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मुलाकात की।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद 22 जनवरी को राम लला अपने जन्मस्थान पर विराजमान होने जा रहे हैं। राम लला वर्षों का इंतजार खत्म कर रहे हैं। इस घड़ी का इंतजार देश-दुनिया कर रही है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवाड़ी में कहा कि "आज राम लला अवधपुरी के दिव्य और भव्य मंदिर में विराजित होंगे। प्रधानमंत्री के हाथों प्राण-प्रतिष्ठा होगी। वो मंदिर सिर्फ भगवान राम का मंदिर नहीं है बल्कि राष्ट्र का है। आज मैं उन सभी बलिदानियों के चरणों में श्रद्धा के सुमन अर्पित करता हूं। 500 साल तक लगातार ये दिन देखने के लिए ये संघर्ष चला और इस संघर्ष में जिन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया उनके चरणों में प्रणाम।
श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भक्तों ने दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यह अत्यंत गौरव की बात है जब हमारी पीढ़ी भगवान राम को उनके जन्मस्थान पर विराजित होते देखेगी। घंटे भी नहीं कुछ मिनट शेष रह गए हैं और इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज तक जीवन का एक संदेश जाने वाला है।
अभिनेत्री और भाजपा सांसद हेमा मालिनी अयोध्या के एक होटल से रवाना हुईं।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने कहा कि सब कुछ बहुत अच्छे से हो रहा है। राम भक्त जो चाहते थे, वह आज पूरा हो रहा है। रामलला विराजमान होते ही सभी कठिनाइयां समाप्त हो जाएंगी।
सेना के हेलीकॉप्टर अयोध्या में फूलों की वर्षा करेंगे और प्राण प्रतिष्ठा दिवस पर राम जन्मभूमि मंदिर में आरती के समय 30 कलाकार मंदिर परिसर में विभिन्न भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाएंगे। मंदिर प्राधिकारियों के अनुसार, सभी मेहमानों को घंटियां दी जाएंगी, जिन्हें वे आरती के दौरान बजाएंगे। सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शन करने वाले 30 संगीतकार किसी समय एक सुर में अपने वाद्ययंत्र बजाएंगे।
अभिनेता रणबीर कपूर, अभिनेत्री आलिया भट्ट और निर्देशक रोहित शेट्टी श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए अयोध्या रवाना हुए।
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित अपने पति डॉ. श्रीराम माधव नेने के साथ अयोध्या के लिए रवाना हुईं। अयोध्या के राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह आज होगा।
पीएम मोदी सोमवार को चार घंटे अयोध्या में रहेंगे। सुबह 10:25 बजे अयोध्या एयरपोर्ट और 10:55 पर राम जन्मभूमि पहुंचेंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के बाद एक बजे प्रस्थान कर सभा को संबोधित करेंगे। 2:10 पर कुबेर टीला के दर्शन कर दिल्ली लौट जाएंगे।
पीएम मोदी सोमवार को चार घंटे अयोध्या में रहेंगे। सुबह 10:25 बजे अयोध्या एयरपोर्ट और 10:55 पर राम जन्मभूमि पहुंचेंगे। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के बाद एक बजे प्रस्थान कर सभा को संबोधित करेंगे। 2:10 पर कुबेर टीला के दर्शन कर दिल्ली लौट जाएंगे।
श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा का पूरा कार्यक्रम दोपहर एक बजे तक पूरा हो जाएगा। सभी पूजा-विधि समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संघ प्रमुख मोहन भागवत संदेश देंगे। वहीं श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास आशीर्वाद देंगे।
शुभ मुहूर्त दिन के 12 बजकर 29 मिनट और 08 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट और 32 सेकंड तक का रहेगा। यानि प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त केवल 84 सेकंड का है। पूजा-विधि के जजमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों श्रीरामलला के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा होगी। यह अनुष्ठान काशी के प्रख्यात वैदिक आचार्य गणेश्वर द्रविड़ और आचार्य लक्ष्मीकांत दीक्षित के निर्देशन में 121 वैदिक आचार्य संपन्न कराएंगे। इस दौरान 150 से अधिक परंपराओं के संत-धर्माचार्य और 50 से अधिक आदिवासी, गिरिवासी, तटवासी, द्वीपवासी, जनजातीय परंपराओं की भी उपस्थिति होगी।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की विधि 22 जनवरी को दोपहर 12:20 बजे शुरू होगी। प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा अभिजीत मुहूर्त में की जाएगी। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का समय काशी के विद्वान गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ ने निकाला है। यह कार्यक्रम पौष माह के द्वादशी तिथि (22 जनवरी 2024) को अभिजीत मुहूर्त, इंद्र योग, मृगशिरा नक्षत्र, मेष लग्न एवं वृश्चिक नवांश में होगा।
मेहमानों को 10:30 बजे तक रामजन्मभूमि परिसर में प्रवेश करना होगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने बताया कि उसके द्वारा जारी की गई प्रवेशिका के जरिए ही प्रवेश संभव है। केवल निमंत्रण पत्र से आगंतुक प्रवेश नहीं कर पाएंगे। प्रवेशिका पर बने क्यूआर कोड के मिलान के बाद ही परिसर के प्रवेश मिलेगा। ट्रस्ट ने सोशल मीडिया पर प्रवेशिका का एक प्रारूप भी साझा किया है।
अयोध्या में रामलला के आगमन का इंतजार खत्म होने वाला है। आज (22 जनवरी) होने वाले राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूरी राम नगरी को आध्यात्मिक रंग देकर सजाया गया है। मंदिर परिसर की छटा देखती ही बनती है। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकप्रिय क्रिकेटर, मशहूर हस्तियां, उद्योगपति, संत और विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों न्योता मिला है। अब भारत समेत दुनिया की नजरें प्राण प्रतिष्ठा की ऐतिहासिक घड़ी पर टिकी हुई हैं।