फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ayodhya Ram Mandir Live : गर्भगृह में विराजमान हुए रामलला, पहली तस्वीर आई सामने, पीएम बोले- हर जगह श्रीराम

Fri, 19 Jan 2024 06:43 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, अयोध्या

खास बातें

Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha Live News in Hindi: रामलला के प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान कार्यक्रम के अनुसार ही रामलला को गर्भ गृह में स्थापित कर दिया गया है। इसकी तस्वीर भी सामने आई है। 
विज्ञापन
गर्भ गृह में पहुंचे राम लला.., पहली तस्वीर - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:38 AM, 19-Jan-2024

श्रीश्री ने कहा- महान क्षण है यह

यह हमारी सभ्यता के लिए, पूरे देश के लिए एक महान क्षण है। एक ऐसा क्षण जिसका लोग पिछले 500 वर्षों से इंतजार कर रहे थे। यह लोगों के लिए उस भावना को बाहर निकालने का समय है जिसे वे वर्षों से दबा कर रखे हुए हैं। यह सही व्यक्ति द्वारा सही तरीके से हो रहा है।

04:59 AM, 19-Jan-2024

अयोध्या आमंत्रण पर बोले कैलाश खेर

राम का धाम गाने में राम मंदिर की यात्रा और उसके संघर्ष को दिखाया गया है।  राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' समारोह का निमंत्रण पाकर मैं बहुत खुश हूं। मैंने सभी तैयारियां कर ली हैं क्योंकि मैं समारोह में भाग लेने के लिए वहां जाने के लिए बहुत उत्साहित हूं। 

12:15 AM, 19-Jan-2024

गर्भ गृह में रामलला

गर्भ गृह में रामलला की अचल मूर्ति पहुंच गई है। इसकी एक तस्वीर भी सामने आई है। 

विज्ञापन
10:58 PM, 18-Jan-2024

विहिप नेता आलोक कुमार बोले- राम मंदिर में विपक्ष का स्वागत

22 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम को लेकर कई विपक्षी दलों ने निमंत्रण को ठुकरा दिया है। जिसके बाद अब  विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने गुरुवार को कहा कि यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस ने अहंकार के कारण अयोध्या में प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण अस्वीकार किया। उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी नेता जब भी चाहें, राम मंदिर का दौरा करने के लिए उनका स्वागत है।

10:57 PM, 18-Jan-2024

अमरावती से भेजी गईं 500 किलो कुमकुम की पत्तियां

22 जनवरी को राम मंदिर की मूर्ति प्रतिष्ठा के लिए महाराष्ट्र के अमरावती से 500 किलोग्राम 'कुमकुम' की पत्तियां अयोध्या भेजी गईं।

विज्ञापन
10:55 PM, 18-Jan-2024

पीएम मोदी बोले- भारत के हर हिस्से में प्रभु श्रीराम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के हर हिस्से में प्रभु श्रीराम के प्रति भक्ति है। हर भाषा में भी आपको उन्हें समर्पित कई भजन मिल जाएंगे। पीएम मोदी ने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर नमिता अग्रवाल का गाया भगवान श्रीराम का उड़िया भक्ति भजन ‘अयोध्या नगरी नाचे रमनकु पाई’ भी साझा किया। इसे सरोज रथ ने संगीतबद्ध किया है। मोदी लगातार अलग अलग भाषाओं में प्रभु श्रीराम की भक्ति में की गई प्रस्तुतियों को साझा कर रहे हैं।

10:52 PM, 18-Jan-2024

छत्तीसगढ़ में 22 जनवरी को लेकर एलान, ढाई बजे के बाद हाफ डे

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर बड़ी घोषणा की है। सरकार ने अब छत्तीसगढ़वासियों को अपने आराध्य के प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर को देखने का मौका दिया है। भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में भी रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर प्रदेशवासियों में जबरदस्त उत्साह  देखने को  मिल रहा है। सभी भगवान राम के स्वागत की तैयारी को लेकर काफी उत्सुक हैं। रामलला के बाल स्वरूप के दर्शन करने के लिए उत्साहित हैं।

09:41 PM, 18-Jan-2024

कर्मकांड के बाद गर्भगृह में रामलला की प्रतिमा हुई विराजित

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का विधिवत कर्मकांड गुरुवार को गणेश पूजन के साथ शुरू हो गया है। हिंदू धर्म में किसी भी शुभ कार्य से पहले भगवान गणेश की पूजा की जाती है। इसी मान्यता के चलते शुभ मुहूर्त में दोपहर 1:20 बजे गणेश, अंबिका और तीर्थ पूजा की गई। इससे पहले दोपहर 12:30 बजे रामलला की अचल मूर्ति को उनके आसन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विराजित कराया गया। पहले दिन करीब सात घंटे तक पूजन चला। गुरुवार को मुख्य यजमान के रूप में अशोक सिंहल फाउंडेशन के अध्यक्ष महेश भागचंदका रहे।

08:44 PM, 18-Jan-2024

कमलनाथ-नकुलनाथ भी राम भक्ति में लीन

कांग्रेस नेतृत्व ने भले ही अयोध्या के राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का न्योता ठुकरा दिया हो, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ राम भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। कमलनाथ छिंदवाड़ा से 4 करोड़ 31 लाख राम नाम लिखे पत्रकों को अयोध्या भेजने की तैयारी कर रहे हैं।

07:56 PM, 18-Jan-2024

अयोध्या में पकड़े गए दो संदिग्ध

अयोध्या से दो संदिग्ध पकड़े जाने की खबर है। दोनों संदिग्ध सुक्खा दुनके, अर्श डल्ला गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। पकड़े संदिग्धों में धर्मवीर और एक अन्य पकड़ा गया है। अर्श डल्ला को भारत सरकार ने आतंकी घोषित किया है।

07:38 PM, 18-Jan-2024

देश के सभी 8300 स्टेशन 22 जनवरी को होंगे राममय

अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इस दिन देश के सभी 8300 से अधिक रेलवे स्टेशन रोशनी में नहाते नजर आएंगे। रेलवे ने कुछ ऐसे रेलवे स्टेशनों की पहचान की है, जिनके नाम के आगे या पीछे भगवान राम का नाम जुड़ा है। उस दिन इन स्टेशनों पर खास व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह मां सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी के नाम से जुड़े स्टेशनों पर भी खास इंतजाम किए गए है। रेलवे सूत्रों ने बताया कि मौजूदा समय में देश में 8300 से अधिक रेलवे स्टेशन हैं। इनमें 354 ऐसे रेलवे स्टेशन हैं, जिनके आगे या पीछे श्रीराम जुड़ा है। 22 जनवरी के दिन इन सभी रेलवे स्टेशनों पर खास तैयारी की जाएगी। इसके लिए रेलवे स्टेशनों पर तैयारियां करने के लिए बोल दिया है। ताकि समय रहते यहां पर दिए से रोशनी की जा सके।

07:20 PM, 18-Jan-2024

रामललाकी प्राण प्रतिष्ठा पर उठे सवाल

बीती 17 जनवरी को सायं काल समाचार माध्यमों से जानकारी मिली कि रामलला की मूर्ति किसी स्थान विशेष से राम मंदिर परिसर में लाई गई है। उसी की प्रतिष्ठा निर्माणाधीन मन्दिर के गर्भगृह में की जानी है। एक ट्रक भी दिखाया गया। जिसमें वह मूर्ति लाई जा रही। इससे यह अनुमान होता है कि नवनिर्मित श्री राम मंदिर में किसी नवीन मूर्ति की स्थापना की जाए जबकि, श्रीरामलला विराजमान तो पहले से ही परिसर में विराजमान हैं।

अब प्रश्न यह उठता है कि यदि नवीन मूर्ति की स्थापना की जाएगी तो श्रीरामलला विराजमान का क्या होगा? अभी तक राम भक्त यही समझते थे कि यह नया मंदिर श्रीरामलला विराजमान के लिए बनाया जा रहा है। लेकिन अब किसी नई मूर्ति के निर्माणाधीन मंदिर के गर्भगृह में प्रतिष्ठा के लिए लाये जाने पर आशंका प्रकट हो रही है कि कहीं इससे श्रीरामलला विराजमान की उपेक्षा ना हो जाए।

07:12 PM, 18-Jan-2024

अचल मूर्ति के साथ विराजमान रामलला भी होंगे पूजित-प्रतिष्ठित

रामलला के नवनिर्मित मंदिर में अचल विग्रह की स्थापना के साथ-साथ विराजमान रामलला को भी पूजित-प्रतिष्ठित किया जाएगा। राममंदिर के गर्भगृह में सोने के सिंहासन पर रामलला की 51 इंच की अचल मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जानी है, वहीं विराजमान रामलला को भी इसी गर्भगृह में स्थापित किया जाएगा। वे मंदिर में चल मूर्ति यानि उत्सव मूर्ति के रूप में पूजित होंगे।

06:34 PM, 18-Jan-2024

22 जनवरी को अस्पताल में होगी फ्री डिलीवरी

कर्नाटक के एक अस्पताल ने एलान करते हुए कहा है कि 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर कार्यक्रम के दिन महिलाओं की फ्री डिलीवरी होगी। इस निर्णय की घोषणा 'श्री सिद्धेश्वर लोक कल्याण चैरिटेबल ट्रस्ट' द्वारा की गई, जो जेएसएस सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चलाता है।

06:30 PM, 18-Jan-2024

देश के सभी रेलवे स्टेशनों पर लाइव दिखाया जाएगा प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम

भारतीय रेलवे ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की लाइव स्क्रीनिंग देश के सभी रेलवे स्टेशनों पर होगी। देश में कम से कम 9 हजार स्क्रीन उपलब्ध हैं।

06:30 PM, 18-Jan-2024

अपर्णा यादव ने की पीएम मोदी की तारीफ

 

05:55 PM, 18-Jan-2024

रामलला को महेश्वर सिंह भेंट करेंगे चांदी की चरण पादुका

22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भगवान रघुनाथ के मुख्य सेवक महेश्वर सिंह चांदी से बने  चौउंर, चरण पादुका और चौकी लेकर रवाना हो गए। महेश्वर सिंह गुरुवार सुबह 11:15 बजे सरवरी से अयोध्या के लिए निकले, उनके साथ रघुनाथ के पुजारी दिनेश किशोर व अयोद्यानंद वजीर भी जा रहे हैं। महेश्वर सिंह रघुनाथ की ओर से पूजा-अर्चना व आरती के समय इस्तेमाल किए जाने वाले चौउंर, चरण पादुका और चौकी को भगवान श्रीराम को भेंट स्वरूप प्रदान करेंगे।

05:36 PM, 18-Jan-2024

प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले आचार्यवर्णम अनुष्ठान

05:33 PM, 18-Jan-2024

आचार्य प्रमोद कृष्णम को मिला प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण

कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि भगवान राम भारत की आत्मा है। आप भारत की भगवान राम के बिना कल्पना नहीं कर सकते हैं। प्रमोद को भी प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण मिला है।
 

05:19 PM, 18-Jan-2024

गर्भगृह में स्थापित हुई रामलला की मूर्ति, चार घंटे का लगा समय

अयोध्या में बने भव्य श्रीराम मंदिर के गर्भगृह में रामलला अपने आसन पर विराजमान हो गए हैं। उनकी अचल मूर्ति को बुधवार देर रात गर्भगृह में पहुंचा दिया गया था। इसके लिए जरूरी कर्मकांड गुरुवार दोपहर से ही शुरू कर दिए गए थे। कर्मकांड की शुरुआत गणेश पूजन के साथ हुई। किसी भी अनुष्ठान के शुभारंभ से पहले भगवान गणेश का आह्वान किया जाता है। इसी मान्यता के चलते गणेश पूजन व अंबिका पूजन के साथ अनुष्ठान शुरू हुआ।

05:18 PM, 18-Jan-2024

बैतूल के चंदेल ने सीताराम और ॐ अक्षरों को जोड़कर लिखा 1200 पन्नों का ग्रंथ

अयोध्या में बन रहे श्री राम जन्मभूमि मंदिर और उसमें रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में काफी उत्साह है। इसकी चर्चा हर जगह है। ऐसे समय में कुछ अद्वितीय राम भक्तों की भी कहानियां सामने आ रहीं हैं। ऐसे ही एक भक्त हैं मध्य प्रदेश के बैतूल में रहने वाले केदार सिंह चंदेल। बैतूल जिले के देवगांव में रहने वाले 65 वर्षीय केदार सिंह चंदेल ने होश संभालते ही 22 साल की आयु में श्री राम के नाम को कागजों पर लिखना शुरू कर दिया। फिर उन्होंने सीता राम से मिलकर पूरे सुंदरकांड को लिखा। 

केदार सिंह की भक्ति यहीं नहीं थमी। फिर साल 1997 में उनके एक दोस्त की प्रेरणा से मन में सियाराम के अक्षरों को जोड़कर रामचरितमानस लिखने का विचार आया। इसके बाद केदार सिंह ने रोजाना एक घंटे से ज्यादा का समय निकालकर रामचरित मानस लिखना शुरू किया। लगभग आठ साल में इस कार्य को पूरा किया। अब जब पूरे देश में श्रीराम मंदिर और राम भक्तों की चर्चा है, तो केदार सिंह चंदेल की भक्ति भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही है।

05:17 PM, 18-Jan-2024

द्रमुक राम मंदिर के खिलाफ नहीं

अयोध्या में राम मंदिर में 'प्राण प्रतिष्ठा समारोह' के लिए अब कुछ ही दिनों का समय शेष है। लेकिन, उससे पहले इसको लेकर विपक्षी दलों के नेताओं की टिप्पणियों का सिलसिला नहीं थम रहा है। इस बीच, द्रमुक नेता उदनिधि स्टालिन ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी राम मंदिर निर्माण के खिलाफ नहीं है। लेकिन, वह मस्जिद गिराने के बाद मंदिर बनाने का विरोध कर रही है।

04:34 PM, 18-Jan-2024

सीएम योगी शुक्रवार को अयोध्या जाएंगे

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या के दौरै पर जा रहे हैं। जहां वह प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगे। 

03:57 PM, 18-Jan-2024

सुरक्षा एजेंसियों की अग्नि परीक्षा

प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक आयोजन से पहले ही देश की सुरक्षा एजेंसियां अग्नि परीक्षा से गुजर रही हैं। सुरक्षा पर दिन रात काम चल रहा है। पहली बार कई आधुनिक उपकरणों का उपयोग करके चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही हैं। तकनीक का भी भरपूर इस्तेमाल हो रहा है। जिले में ड्रोन के आधार पर एंटी सैबोटॉज चेकिंग हो रही है। 20 टीमें लैंडमाइन डिटेक्शन कर रही हैं। फेसियल रिकग्निशन सिस्टम भी लागू है। इसकी मदद से स्किन पैटर्न को पहचानने से लेकर चेहरे की 3डी आकृति तक बनाई जाएगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में वीडियो एनालिटिक्स भी हो रही है।

03:57 PM, 18-Jan-2024

भगवान राम की पांच वर्ष वाली प्रतिमा ही क्यों चुनी गई?

अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा का अनुष्ठान शुरू हो चुका है। 17 जनवरी को भगवान की चांदी की एक प्रतीकात्मक प्रतिमा को मंदिर भ्रमण कराया गया। 18 जनवरी को उनकी मुख्य मूर्ति को आसन पर विराजमान कर पूजन कार्यक्रम शुरू कर दिया जाएगा। मुख्य प्रतिमा के रूप में भगवान राम की पांच वर्ष के बालक रूप को मुख्य मूर्ति के रूप में चयनित किया गया है। भगवान राम की प्रतिमा के रूप में उनका पांच वर्ष का स्वरूप ही क्यों चुना गया, बहुत सोच विचार के बाद यह निर्णय किया गया था।

03:35 PM, 18-Jan-2024

22 जनवरी को सभी केंद्रीय संस्थानों में रहेगा हाफ-डे

केंद्र सरकार ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर देश भर में सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 22 जनवरी 2024 को दोपहर 2:30 बजे तक आधे दिन की बंदी की घोषणा की है।
 

03:03 PM, 18-Jan-2024

बदरीनाथ के साधु-संतों को मिला प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण

बर्फबारी के बीच बदरीनाथ धाम की गुफाओं में साधनारत साधु-संतों तक भी अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण पहुंचाया गया है। साधु-संतों को अयोध्या से आए पूजित अक्षत प्रसाद, राममंदिर का चित्र भी भेंट किया गया। धाम में मौजूदा समय में 16 साधु-संत साधनारत हैं। उन्हें न्योता देने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्वयं सेवक मंगलवार को देर शाम बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने साधु-संतों की कुटिया और गुफाओं में जाकर उन्हें अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण सौंपा।

02:51 PM, 18-Jan-2024

आज शाम तक राम मंदिर में अपने आसन पर विराजमान होंगे रामलला

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य कर्मकांड आज दोपहर शुभ मुहूर्त में प्रारंभ हो गया। इससे पहले रामलला की अचल मूर्ति को बुधवार देर रात गर्भगृह में पहुंचा दिया गया है। आज शाम तक उन्हें विधि विधान पूर्वक अपने आसन पर विराजमान कर दिया जाएगा। कर्मकांड की शुरुआत गणेश पूजन के साथ होगी। किसी भी अनुष्ठान के शुभारंभ से पहले भगवान गणेश का आवाहन किया जाता है। इसी मान्यता के चलते गणेश पूजन व अंबिका पूजन के साथ अनुष्ठान शुरू होंगे।

02:23 PM, 18-Jan-2024

जेपी नड्डा ने दिल्ली के विश्वास नगर में पशुपति नाथ मंदिर में की सफाई

पीएम मोदी द्वारा अयोध्या राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा' से पहले मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाने के आह्वान के बाद, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिल्ली के विश्वास नगर में पशुपति नाथ मंदिर में सफाई सेवा की।

02:01 PM, 18-Jan-2024

मोहसिन रजा ने 'स्वच्छता अभियान' में हिस्सा लिया

उत्तर प्रदेश हज समिति के अध्यक्ष और भाजपा नेता मोहसिन रजा ने लखनऊ के हनुमान मंदिर में 'स्वच्छता अभियान' में हिस्सा लिया।

01:44 PM, 18-Jan-2024

रामलला को महेश्वर सिंह भेंट करेंगे चांदी की चरण पादुका, चौउंर और चौकी

अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में भाग लेने के लिए भगवान रघुनाथ के मुख्य सेवक महेश्वर सिंह गुरुवार को अयोध्या रवाना हो गए हैं। उनके साथ रघुनाथ के पुजारी सहित तीन लोग शामिल हैं। भगवान श्रीराम को रघुनाथ की ओर से चांदी की चरण पादुका, चौउंर और चौकी  भेंट की जाएगी।  रामलला की जन्मभूमि अयोध्या से देवभूमि कुल्लू का 374 साल पुराना रिश्ता है।

01:05 PM, 18-Jan-2024

हैदराबाद में रामभक्तों ने किया यज्ञ

राम भक्तों ने हैदराबाद के कालबैरव हनुमान मंदिर पुराने शहर हुसैनी आलम क्षेत्र में लोक शांति के लिए महायज्ञ का आयोजन किया।

12:55 PM, 18-Jan-2024

चंपत राय को सौंपा कड़ा

उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय को फिरोजाबाद का 10,000 प्रसिद्ध कांच का कड़ा (चूड़ी) सौंपा, जिस पर 'जय श्री राम' लिखा हुआ था।

12:12 PM, 18-Jan-2024

जेलों में होगा सजीव प्रसारण

कारागार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने 22 जनवरी को अयोध्या में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सभी जिलों में दूरदर्शन के माध्यम से सजीव प्रसारण कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इससे बंदी भी समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन जेलों में मंदिर हैं, वहां दीपोत्सव व भजन कीर्तन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस दौरान कारागारों में भी उत्सव जैसा माहौल हो। उन्होंने बताया कि जेलों में निरुद्ध बंदी राम-सीता की फोटो वाले थैले इत्यादि भी बना रहे हैं। फतेहपुर जेल में बंदियों ने 1100 थैले बनाए हैं, जिस पर राम मंदिर की फोटो छपी है।

12:06 PM, 18-Jan-2024

पीएम मोदी ने राम मंदिर पर डाक टिकट किया जारी

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर स्मारक डाक टिकट और दुनिया भर में भगवान राम पर जारी टिकटों की एक पुस्तक जारी की।

11:35 AM, 18-Jan-2024

'गर्भगृह' में लाई गई भगवान राम की मूर्ति

भगवान राम की मूर्ति को 'गर्भगृह' में लाया गया है। 22 जनवरी को अयोध्या राम मंदिर 'प्राण प्रतिष्ठा होगी।

11:21 AM, 18-Jan-2024

श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर ने अयोध्या राम मंदिर को धनुष 'ओनाविल्लू' उपहार में दिया

अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले तिरुवनंतपुरम में प्रसिद्ध श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर गुरुवार को एक समारोह में पारंपरिक औपचारिक धनुष 'ओनाविल्लू' को भगवान राम मंदिर को उपहार में दिया।

11:09 AM, 18-Jan-2024

बेंगलुरु से श्रद्धालुओं ने अयोध्या के लिए भरी उड़ान

बेंगलुरु के एक समूह ने बेंगलुरु से अयोध्या तक की यात्रा के दौरान भजन गाते हुए उड़ान भरी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल बेंगलुरु, कोलकाता और अयोध्या के बीच पहली एयर इंडिया एक्सप्रेस उड़ान को हरी झंडी दिखाई थी।

10:23 AM, 18-Jan-2024

वैदिक मंत्रोंच्चारों से गूंजा मंदिर परिसर

बुधवार दोपहर 10 किलो वजनी चांदी से बनी रामलला की प्रतिमा को मुख्य यजमान डॉ. अनिल मिश्रा ने पालकी पर विराजमान कर मंदिर के अंदर व मंदिर के चारों तरफ भ्रमण कराया। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोंच्चारों से गूंजता रहा। आचार्यों व मंदिर निर्माण में लगे इंजीनियरों व सुरक्षा कर्मियों ने प्रतिमा पर पुष्पवर्षा भी की। वहीं राम जन्मभूमि परिसर की भव्य सजावट भी की गई है। इससे पहले विहिप के संरक्षक मंडल सदस्य दिनेश चंद्र व मुख्य यजमान डॉ. अनिल मिश्र ने रामलला की रजत प्रतिमा का पूजन भी किया। इसके पहले दिन में 2:30 बजे निर्मेाही अखाड़ा के महंत दिनेंद्र दास और पुजारी सुनील दास ने गर्भगृह में पूजा की। 

09:49 AM, 18-Jan-2024

अचल मूर्ति आज विराजेगी आसन पर

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के दूसरे दिन रामलला की चांदी की मूर्ति को राममंदिर परिसर का भ्रमण कराया गया है। पहले रामलला की अचल मूर्ति को राम जन्मभूमि परिसर में भ्रमण कराने की योजना था, लेकिन मूर्ति का वजन अधिक होने व सुरक्षा कारणों से इस योजना को निरस्त कर दिया गया। परिसर भ्रमण की रस्म रामलला की छोटी रजत प्रतिमा को लेकर पूरी कराई गई। वहीं देर शाम को रामसेवक पुरम स्थित योग केंद्र विवेक सृष्टि परिसर से रामलला की अचल मूर्ति को रामजन्मभूमि परिसर में पहुंचा दिया गया है। आज आसन पर विराजित कर शुरू होगा पूजन। 

09:48 AM, 18-Jan-2024

नवाबों के बनवाए मंदिरों में लगेगा रामभक्तों के लिए भंडारा

अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर राष्ट्रीय शिया समाज रामभक्तों के लिए नवाबों द्वारा बनवाए गए भगवान शंकर के मंदिर पर 20 जनवरी को भंडारे का आयोजन करेगा। राष्ट्रीय शिया समाज के अध्यक्ष व भाजपा एमएलसी बुक्कल नवाब ने बताया कि लखनऊ में कुड़ियाघाट स्थित भगवान शंकर का मंदिर उनके पिता स्व. दारा नवाब ने बनवाया था। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को दोपहर 1.30 बजे मंदिरों के सफाई कार्यक्रम का आगाज करने के बाद रामभक्तों के लिए भंडारा और जलपान का आयोजन किया जाएगा। भंडारे में शुद्ध देसी घी से भोजन तैयार करवाया जाएगा।

09:44 AM, 18-Jan-2024

'अपने-अपने घरों में चरागां कर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मनाएंगे'

सैयद रजा हुसैन रिजवी ने कहा कि मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारी और कार्यकर्ता देश भर में अपने-अपने घरों में चरागां कर मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की खुशी मनाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा तक तमाम दरगाहों पर चादर पेश कर चरागां किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को मुस्लिम राष्ट्रीय मंच सूफी संत शाह मलंग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक ताहिर शाह ने बाराबंकी के देवां स्थित हाजी वारिस अली शाह दरगाह पर चादर पेश कर गुलपोशी की। उन्होंने इस दौरान दरगाह पर चरागां किया।

09:42 AM, 18-Jan-2024

'श्रीराम देश के राष्ट्र नायक हैं'

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के राष्ट्रीय संयोजक सैयद रजा हुसैन रिजवी ने बताया कि श्रीराम देश के राष्ट्र नायक हैं। उनकी जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि अल्लाह के रसूल सल. की हदीस है जिस मुल्क में रहो उस मुल्क के कानून पर अमल करो। उन्होंने कहा कि मुसलमान मुल्क का बेहतरीन हिस्सा हैं और अमन व शांति से निवास करते आ रहे हैं। मुसलमान भी अन्य धर्म के मानने वालों की तरह देश का विकास चाहता है।

09:39 AM, 18-Jan-2024

Ayodhya Ram Mandir Live : गर्भगृह में विराजमान हुए रामलला, पहली तस्वीर आई सामने, पीएम बोले- हर जगह श्रीराम

अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कार्यकर्ता देशभर में अपने घरों में चरागां कर जश्न मनाएंगे। इस दौरान घरों को मोमबत्ती और दीयों से रोशन किया जाएगा। मंच ने मुस्लिम समुदाय से अपने-अपने घरों में दीये रोशन करने की अपील की है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें