फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान पंचायत चुनाव लाइव : सुबह 10 बजे तक 19.29% मतदान, समराऊ में सबसे ज्यादा वोटिंग

Fri, 30 Oct 2026 12:18 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

राजस्थान में पंचायत आम चुनाव के दूसरे चरण के तहत 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है। सरपंच पद के लिए 21,839 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
विज्ञापन
राजस्थान पंचायत चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:17 PM, 30-Oct-2026

सुबह 10 बजे तक 19.29%

राजस्थान में पंच-सरपंच चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक प्रदेश की पंचायत समितियों में कुल 19.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। जोधपुर जिले की समराऊ पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 29.61 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि नागौर की मूंडवा पंचायत समिति में सबसे कम 6.61 प्रतिशत मतदान हुआ है।

समराऊ में सबसे ज्यादा, मूंडवा में सबसे कम मतदान

सुबह 10 बजे तक जोधपुर की समराऊ पंचायत समिति में 29.61 प्रतिशत मतदान हुआ। बीकानेर की बीठनोक में 29.13 प्रतिशत, हदां में 26.98 प्रतिशत, बाड़मेर की बाटाडू में 26.56 प्रतिशत और जोधपुर की मंडोर पंचायत समिति में 26.13 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

वहीं, नागौर की मूंडवा पंचायत समिति में सबसे कम 6.61 प्रतिशत वोटिंग हुई। उदयपुर की गोगुंदा में 12.25 प्रतिशत, सीकर की पाटन में 19.93 प्रतिशत, अलवर की राजगढ़ में 12.68 प्रतिशत और पाली की देसूरी में 14.04 प्रतिशत मतदान हुआ।

जयपुर की पंचायत समितियों में मतदान का हाल

जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में भी सुबह से मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक रामपुरा-डाबड़ी में 21.33 प्रतिशत, शाहपुरा में 20.68 प्रतिशत, जालसू में 19.79 प्रतिशत, अमरसर में 19.37 प्रतिशत और आमेर में 18.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

 बैलेट पेपर से डाले जा रहे वोट, शाम 6 बजे तक मतदान

पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराया जा रहा है। प्रत्येक मतदाता दो वोट डाल रहा है। पहला वोट वार्ड पंच के उम्मीदवार और दूसरा सरपंच पद के प्रत्याशी के लिए है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतगणना शुरू होगी और ग्राम पंचायत स्तर पर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

10:37 AM, 30-Oct-2026

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव: 185 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरू

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को सात पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगने लगीं। कई मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। इस चरण में 631 मतदान केंद्रों पर 5 लाख 45 हजार 969 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा।

सुबह से मतदान केंद्रों पर जुटने लगे मतदाता

भीलवाड़ा जिले की सात पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों में सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। मतदान शुरू होते ही ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही बढ़ने लगी। ग्रामीण अपने गांव की सरकार चुनने के लिए उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं।

कई केंद्रों पर महिला मतदाताओं की लंबी कतारें

आसींद क्षेत्र की कालियास, बोरला और कटार सहित कई ग्राम पंचायतों में सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। कई जगह पुरुषों की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक नजर आई। महिलाएं समूहों में मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रही हैं।

सहाड़ा की डेलाना पंचायत में भी दिखा उत्साह

सहाड़ा पंचायत समिति की डेलाना ग्राम पंचायत में भी मतदान को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं। ग्रामीण सरपंच और वार्ड पंच चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं।

 सात पंचायत समितियों के 631 केंद्रों पर मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी जसमीत सिंह संधू के अनुसार, दूसरे चरण में आसींद, हुरड़ा, फूलियाकलां, रायपुर, सहाड़ा, शाहपुरा और शंभूगढ़ पंचायत समितियों की कुल 185 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है। इन क्षेत्रों में 631 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 5,45,969 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

 पंचायत समिति के अनुसार मतदान केंद्र और मतदाता

पंचायत समिति

मतदान केंद्र

मतदाता

फूलियाकलां

97

73,672

रायपुर

97

84,410

सहाड़ा

112

96,424

शाहपुरा

81

67,760

आसींद

82

76,223

हुरड़ा

87

78,277

शंभूगढ़

75

69,203

कुल

631

5,45,969

शाम 6 बजे तक होगा मतदान, इसके बाद मतगणना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए हो रहे मुकाबलों में ग्रामीणों के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं।

185 ग्राम पंचायतों में गांव की सरकार चुनेंगे मतदाता

दूसरे चरण का मतदान भीलवाड़ा जिले की सात पंचायत समितियों की 185 ग्राम पंचायतों में स्थानीय नेतृत्व चुनने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इस चरण में 5.45 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान पूरा होने के साथ ही उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।

09:20 AM, 30-Oct-2026

झालरापाटन की 32 ग्राम पंचायतों में मतदान जारी, बूथों पर लगी कतारें

राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में झालावाड़ जिले की झालरापाटन पंचायत समिति की 32 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। शुक्रवार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बूथों के बाहर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। गांवों में चुनावी माहौल बना हुआ है। प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांगते नजर आ रहे हैं। मतदाता पंच और सरपंच दोनों पदों के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। शहर के नजदीक झिरनिया ग्राम पंचायत के मतदान केंद्र पर भी वोटिंग जारी है।

 मतदान केंद्रों पर पुलिस तैनात, अधिकारी कर रहे निगरानी

झालरापाटन क्षेत्र में मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। मतदान केंद्रों पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। कोतवाली थानाधिकारी मुकेश मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखी है। वह पुलिस टीम के साथ मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं और व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से संवेदनशील गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है, ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।

विज्ञापन
09:19 AM, 30-Oct-2026

 एक मतदाता डालेगा दो वोट, बैलेट पेपर से हो रहा मतदान


राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कुल 1 करोड़ 6 लाख 56 हजार 127 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 55 लाख 19 हजार 336 पुरुष और 51 लाख 36 हजार 744 महिला मतदाता शामिल हैं। पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से कराया जा रहा है। इस चुनाव में प्रत्येक मतदाता दो वोट डालेगा। पहला वोट अपने वार्ड के पंच प्रत्याशी के लिए और दूसरा वोट सरपंच पद के उम्मीदवार के पक्ष में होगा।

09:19 AM, 30-Oct-2026

 मतदान के बाद होगी मतगणना, 31 अक्टूबर को उपसरपंच का चुनाव



जालोर जिले की सातों पंचायत समितियों में सुबह से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी। वहीं, ग्राम पंचायतों में उपसरपंच पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर को आयोजित होगी।

विज्ञापन
09:19 AM, 30-Oct-2026

 भीनमाल की 37 ग्राम पंचायतों में वोटिंग जारी



जालोर की भीनमाल पंचायत समिति की 37 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान जारी है। यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान के लिए 154 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 19 संवेदनशील बूथ हैं। क्षेत्र में कुल 1,32,125 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 69,129 पुरुष और 62,996 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 649 दिव्यांग मतदाता भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए गए हैं।

09:18 AM, 30-Oct-2026

जालोर की सात पंचायत समितियों में मतदान शुरू

जालोर जिले की सात पंचायत समितियों आहोर, जालोर, भाद्राजून, सायला, भीनमाल, जसवंतपुरा और उम्मेदाबाद में पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है। जिले में 220 सरपंच और 2,186 वार्ड पंच पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। मतदान के लिए कुल 843 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 9 सहायक मतदान केंद्र, 66 अतिसंवेदनशील और 12 संवेदनशील बूथ शामिल हैं। जिले में कुल 7,73,881 मतदाता हैं। इनमें 4,05,134 पुरुष, 3,68,742 महिला और पांच थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

09:18 AM, 30-Oct-2026

 जोधपुर की 442 पंचायतों में मतदान जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


जोधपुर जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है। जिले की 17 पंचायत समितियों की 442 ग्राम पंचायतों में चुनाव हो रहे हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
 

07:58 AM, 30-Oct-2026

शाम 6 बजे तक होगा मतदान

 

दूसरे चरण के मतदान को लेकर सभी संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान की प्रक्रिया जारी है। मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर गांव की सरकार चुनेंगे। चुनाव के नतीजों को लेकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों की निगाहें टिकी हुई हैं।

07:57 AM, 30-Oct-2026

जोधपुर में सबसे ज्यादा उम्मीदवार

 

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, सरपंच पद के लिए सबसे ज्यादा 1,551 उम्मीदवार जोधपुर जिले में मैदान में हैं। सीकर में 1,516, डूंगरपुर में 1,362, अलवर में 1,336 और जालोर में 1,334 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कोटा जिले में सबसे कम 360 उम्मीदवार सरपंच पद के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

07:57 AM, 30-Oct-2026

राजस्थान पंचायत चुनाव लाइव : सुबह 10 बजे तक 19.29% मतदान, समराऊ में सबसे ज्यादा वोटिंग

राजस्थान में पंचायत आम चुनाव के दूसरे चरण के तहत पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश के 22 जिलों की 3,626 ग्राम पंचायतों में आज वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। दूसरे चरण में सरपंच पद के लिए कुल 21,839 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 45 ग्राम पंचायतों में सरपंच का निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। ऐसे में बाकी ग्राम पंचायतों में उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें