पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द कर दिया है। केंद्र सरकार ने मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। अब इस मसले पर चारों तरफ से प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने भारत सरकार की मंजूरी के बाद 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET-UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। अब यह परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथियों की घोषणा बाद में अलग से की जाएगी। NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने की खबर सामने आते ही देशभर के छात्रों में हड़कंप मच गया। मेडिकल प्रवेश परीक्षा को लेकर पहले ही विवाद चल रहा था और अब परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों की चिंता और बढ़ गई है।
विज्ञापन
पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बाद कार्रवाई
मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर देशभर में पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। इसके बाद केंद्र सरकार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। एनटीए ने कहा है कि परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने और छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया है।
22 लाख छात्रों को फिर देनी होगी परीक्षा
यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से करीब 22 लाख छात्र शामिल हुए थे। परीक्षा रद्द होने के बाद अब सभी छात्रों को दोबारा परीक्षा देनी होगी।
विज्ञापन
छात्रों का विरोध प्रदर्शन
परीक्षा रद्द होने के बाद नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। एनटीए ने कहा है कि परीक्षा दोबारा कराने की तारीखों की सूचना जल्द जारी की जाएगी। साथ ही एजेंसी ने छात्रों से आधिकारिक वेबसाइट और नोटिस पर नजर बनाए रखने की अपील की है।