प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को चार महीने में दूसरी बार राजस्थान का दौरा करेंगे। इस बार उनका कार्यक्रम बांसवाड़ा जिले के नापला गांव में होगा। प्रधानमंत्री यहां करीब 1 लाख 8 हजार 468 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी 2800 मेगावाट क्षमता वाली माही-बांसवाड़ा परमाणु विद्युत परियोजना की नींव भी रखेंगे। इस परियोजना पर लगभग 42 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। परियोजना माही डैम के पास स्थापित की जाएगी और यह देश के परमाणु ऊर्जा मिशन का हिस्सा होगी। प्रधानमंत्री नापला में आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके लिए भाजपा ने सभा स्थल पर तीन बड़े डोम बनाए हैं, जहां कार्यकर्ता और पदाधिकारी बैठेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर नापला पहुंचे। वे चार्टर प्लेन से तलवाड़ा हवाई पट्टी पहुंचे और वहां से हेलिकॉप्टर के जरिए सभा स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ और वरिष्ठ नेता राजेंद्र राठौड़ भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दो घंटे तक सभा स्थल, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के बाद शाम को वापस लौट गए।
सभा स्थल पर करीब 1 लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं के लिए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन सिंह राठौड़ सहित संगठन के सभी बड़े पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। भाजपा पूरे प्रदेश से कार्यकर्ताओं को जुटाकर इसे शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी का पिछला दौरा 22 मई को राजस्थान के बीकानेर जिले में हुआ था। उस दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद देशनोक करणी माता मंदिर में दर्शन किए, देशनोक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया और पलाना में विशाल जनसभा को संबोधित किया। चार महीने बाद यह उनका दूसरा दौरा है, जिसमें वे बांसवाड़ा को बड़ी सौगात देंगे।