फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab Bandh: जालंधर में डायलिसिस करा रही पत्नी से मिलने जा रहे व्यक्ति से हाथापाई, भाजपा कार्यालय को बम धमकी

Fri, 21 Aug 2026 03:01 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Punjab Bandh Today News Live : कौमी इंसाफ मोर्चा सजा पूरी कर चुके बंदी सिखों की रिहाई, जेल में बंद जगतार सिंह हवारा को कम से कम 10 दिन की पैरोल की मांग कर रहा है। बंद को कई संगठनों ने अपना समर्थन दिया है। जानें सभी अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:33 PM, 21-Aug-2026

भाजपा के चंडीगढ़ कार्यालय को बम धमाके की धमकी

चंडीगढ़ स्थित भारतीय जनता पार्टी के स्टेट कार्यालय को शुक्रवार को धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। ई-मेल में 21 अगस्त को पंजाब बंद रखने की मांग करते हुए खुले रहने वाले शहरों में बम धमाके करने की धमकी दी गई है। इसके अलावा 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की बात भी कही गई है।

भाजपा स्टेट कार्यालय चंडीगढ़ के आधिकारिक ई-मेल पर यह संदेश भेजा गया। ई-मेल में ‘21 अगस्त पंजाब बंद’ और ‘31 अगस्त स्कूल बंद’ जैसे संदेश लिखे गए हैं। धमकी देने वाले ने पंजाब को पाकिस्तान से जोड़ते हुए आपत्तिजनक और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल किया है।

खुले शहरों में बम धमाके करने की धमकी
ई-मेल में 21 अगस्त को पंजाब बंद रखने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि जिन शहरों में बंद नहीं होगा, वहां बम धमाके किए जाएंगे। संदेश में 31 अगस्त को स्कूल बंद रखने और शहीद दिलावर सिंह बब्बर को याद करने की अपील भी की गई है।

धमकी भरा संदेश सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। ई-मेल की जांच शुरू कर दी गई है और इसके स्रोत तथा भेजने वाले की पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

डीजीपी के नाम का भी किया गया जिक्र
धमकी भरे ई-मेल में पंजाब के पुलिस महानिदेशक के नाम का भी जिक्र किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े संदर्भ भी संदेश में होने की बात कही गई है। सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की भाषा, उसमें इस्तेमाल किए गए नाम और अन्य डिजिटल सुरागों की जांच कर रही हैं।

भाजपा कार्यालय को धमकी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ाई गई है। हालांकि धमकी की गंभीरता और इसकी विश्वसनीयता का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

सुरक्षा एजेंसियां जुटीं जांच में
फिलहाल जांच एजेंसियों का फोकस धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले तक पहुंचने और उसके मकसद का पता लगाने पर है। ई-मेल के तकनीकी विवरण की जांच की जा रही है। साथ ही संभावित संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा को लेकर भी संबंधित एजेंसियों को सतर्क किया जा रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट संदेश पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। धमकी के संबंध में आधिकारिक जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

02:31 PM, 21-Aug-2026

जालंधर में व्यक्ति से हाथापाई

कौमी इंसाफ मोर्चे की ओर से पंजाब बंद की कॉल के बीच जालंधर में बंद करवाने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मकसूदां की सर्विस रोड पर जत्थेबंदियों द्वारा रास्ता बंद किया गया था। इसी दौरान कार सवार एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी पत्नी अस्पताल में डायलिसिस पर है और उसे अस्पताल जाना है। कार सवार व्यक्ति ने जत्थेबंदियों को अस्पताल की पर्ची और डायलिसिस से संबंधित दस्तावेज दिखाते हुए रास्ता देने की अपील की। उसका कहना था कि पत्नी की तबीयत को लेकर वह पहले ही परेशान है और उसे अस्पताल पहुंचना जरूरी है। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि इसी दौरान एक सिख व्यक्ति के साथ उसकी बहस हो गई। उसके मुताबिक, उस पर गाली देने का आरोप लगाया गया, जबकि उसने दावा किया कि उसने गाली किसी अन्य संदर्भ में दी थी। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।



घटना की सामने आई तस्वीरों में दोनों पक्षों के बीच थप्पड़बाजी और हाथापाई होती दिखाई दे रही है। हंगामे के दौरान एक सिख व्यक्ति ने अपने साथी से बरछा लेने की कोशिश की और कथित तौर पर उससे हमला करने का प्रयास किया, लेकिन साथी ने बरछा उसे नहीं दिया।

हंगामा बढ़ने पर मौके पर मौजूद अन्य सिख जत्थेबंदी के सदस्य आगे आए और मामला शांत करवाने का प्रयास किया। इसके बाद कार सवार व्यक्ति को वहां से जाने दिया गया। घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक हंगामा रहा। फिलहाल विवाद का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

01:16 PM, 21-Aug-2026

फिरोजपुर छावनी की चुंगी नंबर-7 पर धरना

फिरोजपुर छावनी की चुंगी नंबर-7 पर सिख जत्थेबंदियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। धरने के चलते फिरोजपुर से लुधियाना, दिल्ली, जालंधर और फाजिल्का जाने वाले प्रमुख राजमार्गों पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क मार्ग बंद किए जाने के कारण दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। राहगीरों और वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को काफी समय तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जबकि कुछ वाहन चालकों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया। सड़क बंद होने के कारण रोजाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों, यात्रियों और अन्य वाहन चालकों को भी दिक्कतें आईं। धरने के चलते क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को अपने जरूरी कामों के लिए अतिरिक्त समय लगाना पड़ा।

विज्ञापन
01:11 PM, 21-Aug-2026

पठानकोट में मिला जुला असर

कौमी इंसाफ मोर्चा की पंजाब बंद कॉल का असर पठानकोट में मिला जुला रहा। शहर के सभी मुख्य बाजार आम दिनों की तरह सुबह से खुले दिखे। जबकि प्राइवेट स्कूल और प्राइवेट बस बंद दिखी। सरकारी बस चालकों ने भी समर्थन किया। निजी स्कूलों के प्रबंधकों ने भी सुबह-सुबह अभिभावकों को छुट्टी का मैसेज भेज दिया था। पठानकोट के बस स्टैंड पर भी आम दिनों की तरह भीड़ नजर नहीं आई। सुबह 7 से दोपहर 2 बजे तक बस स्टैंड खाली पड़ा रहा। सरकारी बसें भी स्टैंड पर नहीं पहुंची। रशपलवा टोल प्लाजा भी किसानों ने बंद रखा। अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर 2 बजे के बाद सभी बसें आम दिनों की तरह चलेंगी।

12:05 PM, 21-Aug-2026

मोगा में साफ तौर पर दिखा पंजाब बंद का असर

मोगा के बस स्टैंड चौक पर अलग-अलग किसान जत्थेबंदियों और सिख जत्थेबंदियों के सदस्य एकत्रित हुए और मुख्य चौक को बंद कर सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया। मोगा में प्रदर्शन के चलते कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

गांव डगरू के पास लुधियाना-फिरोजपुर रोड जाम रहा। निहाल सिंह वाला का मुख्य चौक भी जाम किया गया। अजीतवाल में लुधियाना-फिरोजपुर रोड और बाघापुराना का मुख्य चौक भी बंद रहा। वहीं, धर्मकोट के गांव जलालाबाद के पास मोगा-जालंधर रोड पर भी यातायात बाधित रहा।

बंद के आह्वान के चलते मोगा शहर के बाजार पूरी तरह बंद नजर आए। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से जिले के अलग-अलग इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था और अमन-शांति बनाए रखी जा सके।

विज्ञापन
11:17 AM, 21-Aug-2026

अबोहर-जलालाबाद में बंद का व्यापक असर

पंजाब बंद के आह्वान का अबोहर में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। शहर के लगभग सभी बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। बंद के दौरान कुछ सरकारी बसें चल रही हैं, जबकि प्राइवेट बसों का संचालन बंद है।

वहीं, बंद का रेल सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है और रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। बैंक भी खुले हैं और आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। पंजाब बंद का आह्वान सुबह 7 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया है। वहीं जलालाबाद में बंद को पूर्ण समर्थन मिला है। दुकानें, व्यापारिक संस्थान, प्राइवेट स्कूल और कोचिंग सेंटर पूर्ण तौर पर बंद हैं। 

10:51 AM, 21-Aug-2026

अमृतसर में भी दिखा पंजाब बंद का व्यापक असर

बंदी सिंहों की रिहाई और जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से पंजाब बंद के आह्वान का अमृतसर में भी व्यापक असर देखने को मिला। शहर के विभिन्न इलाकों में सिख संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मार्च निकालकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों के हाथों में बैनर और झंडे थे। इस दौरान वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का काफिला भी नजर आया। लाउडस्पीकर से लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की गई।

बंद के चलते कई स्थानों पर बाजार, दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। प्रदर्शनकारियों ने ‘बंदी सिंह रिहा करो’ समेत कई नारे लगाए। सिख नेता भाई मुहकम सिंह ने केंद्र सरकार से सिखों की मांगों पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई के लिए पहले भाई गुरबख्श सिंह और सूरसिंह खालसा ने लंबी भूख हड़ताल की थी। अब कौमी इंसाफ मोर्चा लंबे समय से उनकी रिहाई की मांग कर रहा है।

भाई मुहकम सिंह ने आरोप लगाया कि सरकारों की ओर से किए गए वादे पूरे नहीं हुए और बंदी सिंहों को रिहाई के साथ पैरोल भी नहीं दी जा रही। उन्होंने कहा कि अलग-अलग समुदायों के लोगों ने कारोबार बंद रखकर एकजुटता का संदेश दिया है।

दूसरी ओर भाई रणजीत सिंह ने दावा किया कि पंजाब बंद को लोगों का समर्थन मिला और कई जगह दुकानें, कारखाने, पेट्रोल पंप व कुछ बैंक भी बंद रहे। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़कें जाम की गईं। उनके अनुसार पंजाब बंद का आह्वान दोपहर दो बजे तक किया गया था। उन्होंने कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई का संघर्ष जारी रहेगा और भाई जगतार सिंह हवारा को पैरोल मिलने की भी उम्मीद है।

10:42 AM, 21-Aug-2026

लालड़ू में बंद का मिला जुला असर 

पंजाब बंद के आह्वान का लालड़ू , हंडेसरा सहित आस पास इलाके में असर देखने को मिला। अकाली दल वारिस पंजाब ने इस बंद का समर्थन किया। अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित लालड़ू क्षेत्र में आवाजाही सुचारू थी जबकि अंबाला नारायणगढ़ मार्ग पर स्थित हंडेसरा में अकाली दल वारिस पंजाब के वरिष्ठ नेता और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) सदस्य निरमैल सिंह जौला के नेतृत्व में जाम लगाया गया। सुबह से ही लालड़ू मंडी व हंडेसरा बाजार की दुकानें, प्राइवेट स्कूल पूरी तरह बंद थे। जबकि कैमिस्ट, डाक्टर, दूध डेयरी की दुकानें और सरकारी संस्थान खुले थे। निरमैल सिंह जौला ने कहा कि बंदी सिंह अपनी सजा पूरी करने के बावजूद जेलों में बंद हैं और नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई के मामले में विभिन्न सरकारों का रवैया एक जैसा रहा है।

10:31 AM, 21-Aug-2026

जालंधर में बंद का व्यापक असर

जालंधर में बंद का असर दिखा है। सिख संगठन गुरु नानक मिशन चौक सहित विभिन्न इलाकों में धरना लगाकर बैठ गये हैं। बाजार और मुख्य मार्ग भी पूरी तरह से बंद हैं। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

10:18 AM, 21-Aug-2026

मुक्तसर में बंद को भरपूर समर्थन

बंदी सिंहों की रिहाई के लिए कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद के आह्वान पर मुक्तसर पूरी तरह बंद रहा। हालांकि, आवश्यक वस्तुओं की दुकानों सहित मेडिकल स्टोर खुले रहे। बस स्टैंड से किसी भी रूट पर बसें रवाना नहीं हुईं। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, बाजार, व्यावसायिक संस्थान और हाईवे पर यातायात बंद रहा, जबकि एम्बुलेंस, अस्पताल और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं जारी रहीं।

शहर के बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। बस स्टैंड भी यात्रियों से खाली नजर आया और बंद के दौरान वहां केवल इक्का-दुक्का यात्री ही दिखे। सड़क यातायात बंद रहने के दौरान रेल यातायात सुचारू रूप से चलता रहा।

शहर में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। 

10:14 AM, 21-Aug-2026

मोहाली बस अड्डे पर थमा बसों का पहिया

बंद की कॉल का मोहाली में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के चलते मोहाली बस अड्डे पर सरकारी और निजी बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और बस अड्डे पर सन्नाटा पसरा रहा।



बंद के मद्देनजर मोहाली पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। डीएसपी हरसिमरन सिंह बाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मोहाली के अलग-अलग स्थानों पर करीब 1500 पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।



डीएसपी ने कहा कि शरारती तत्वों पर भी पुलिस की विशेष नजर है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करने की अपील की है। वहीं फेज 7-8 की मेन लाइट पॉइंट पर मोर्चा के सदस्यों ने जाम लगाकर सड़क को बंद कर दिया।

10:02 AM, 21-Aug-2026

कोटकपूरा में पंजाब बंद का मिला-जुला असर

कोटकपूरा में कौमी इंसाफ मोर्चे की ओर से दिए गए पंजाब बंद के आह्वान का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। हालांकि शहर के ज्यादातर बाजारों में दुकानें बंद हैं, लेकिन सड़कों पर वाहनों की आवाजाही जारी है। ट्रांसपोर्ट सेवाएं बंद रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस दौरान बत्तियां वाला चौक में सिख संगठनों की ओर से बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। इस मौके पर बातचीत करते हुए अकाली दल वारिस पंजाब के सीनियर नेता रछपाल सिंह सोसन ने कहा कि कौमी इंसाफ मोर्चे की प्रमुख मांगों में जत्थेदार भाई जगतार सिंह हवारा को तुरंत पांच दिन की पैरोल देना शामिल है। उन्होंने कहा कि पहले 10 दिन की पैरोल की मांग की जा रही थी, लेकिन बातचीत के बाद पांच दिन की पैरोल पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों को रिहा करने, सांसद अमृतपाल सिंह खालसा समेत अन्य सिख नेताओं पर दर्ज झूठे मामलों को रद्द कर उन्हें रिहा करने की भी मांग की जा रही है।

09:59 AM, 21-Aug-2026

पंजाब बंद का चंडीगढ़ में नहीं दिखा कोई खास असर 

पंजाब बंद को लेकर जीरकपुर और मोहाली के हिस्से में लोगों ने दुकान बंद की हुई है और पब्लिक ट्रांसपोर्ट भी कहीं ना कहीं बंद के कारण अव्यवस्थित रहा, लेकिन इसका चंडीगढ़ पर कोई असर नहीं दिखा। चंडीगढ़ पुलिस की ओर से जीरकपुर से चंडीगढ़ के एंट्री पॉइंट पर नाकाबंदी की गई है।

09:53 AM, 21-Aug-2026

बंद की कॉल पर लुधियाना में सतर्कता

बंद के आह्वान का लुधियाना में मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई निजी स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी, जबकि कुछ स्कूल और कॉलेज सामान्य रूप से खुले हैं। सरकारी स्कूलों में भी विद्यार्थियों की उपस्थिति रोजाना के मुकाबले काफी कम रही। कई अभिभावकों ने एहतियातन बच्चों को स्कूल भेजने से परहेज किया।


बंद के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने शहर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घंटाघर, चौड़ा बाजार और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। दूसरी ओर, शहर के प्रमुख मार्गों पर फिलहाल जनजीवन सामान्य नजर आ रहा है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पहले ही सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी हालात पर नजर रख रहे हैं।


फिलहाल शहर में बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर बंद का असर पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। प्रमुख बाजारों में अभी ज्यादातर दुकानें बंद हैं, जबकि आसपास के इलाकों में  कई जगह दुकानें खुली भी हैं या आधे शटर खुले हैं। साथ ही अब दुकानें खुलने का वक्त हो रहा है, ऐसे में कारोबारी महौल का आकलन करने में जुटे हैं।

09:42 AM, 21-Aug-2026

खन्ना में बाजार खुले

खन्ना में बाजार खुलने लगे हैं। बैंक भी खुले हैं।

09:34 AM, 21-Aug-2026

अमृतसर बंद कराने निकले सिख संगठन

बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर विभिन्न सिख संगठनों की ओर से 21 अगस्त को पंजाब बंद का आह्वान किया गया है। इसी के तहत शुक्रवार सुबह अमृतसर के भंडारी पुल पर विभिन्न सिख संगठनों के कार्यकर्ता और समर्थक एकत्र हुए।



संगठनों के प्रतिनिधियों ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। बातचीत के बाद सिख संगठन अमृतसर बंद करवाने के लिए अलग-अलग बाजारों की ओर रवाना हो गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर नारेबाजी भी की।

सिख संगठनों का कहना है कि लंबे समय से जेलों में बंद सिखों को रिहा किया जाना चाहिए और सरकार को इस मुद्दे पर तत्काल निर्णय लेना चाहिए। बंद के मद्देनजर पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

09:28 AM, 21-Aug-2026

बठिंडा में नहीं खुले बाजार

बठिंडा में बाजार एवं अन्य जगहों पर दुकानें बंद रही। बसों ने बस स्टैंड से बाहर थोड़ी दूरी पर ही सवारियों को उतार दिया। प्राइवेट बसें चल रही हैं। वहीं रेलवे स्टेशन पर कोई प्रदर्शन नहीं है। सभी गाड़ियां निर्धारित समय पर चल रही हैं।



मोहाली में खरड़ फ्लाईओवर पर देसूमाजरा जंक्शन को बंद कर दिया गया है। हाईवे जाम होने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं लाउडस्पीकर से सहयोग की अपील की जा रही है। लोगों को खासी परेशानी हो रही है।

09:17 AM, 21-Aug-2026

Punjab Bandh: जालंधर में डायलिसिस करा रही पत्नी से मिलने जा रहे व्यक्ति से हाथापाई, भाजपा कार्यालय को बम धमकी

कौमी इंसाफ मोर्चा ने आज पंजाब बंद का आह्वान किया है। बंदी सिखों की रिहाई, जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने और 15 अगस्त को मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मोर्चे ने दोपहर दो बजे तक पंजाब बंद का एलान किया है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें