फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab Nikay Chunav 2026: दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान, सुनाम में गर्मी से दो महिलाएं बेहोश

Tue, 26 May 2026 05:58 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Punjab Nikay Chunav, Municipal Election 2026 Live Updates : पंजाब के 108 निकायों में आज मतदान होगा। आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों पर 7555 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हो गया है। जानें सभी अपडेट... 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:52 PM, 26-May-2026

जीरा में सियासी पार्टियों के समर्थक भिड़े, पोलिंग बूथ का दरवाजा किया बंद 

फिरोजपुर के विधानसभा हलका जीरा में मतदान के अंतिम समय सियासी पार्टियों के समर्थक आपस में भिड़े। धक्का मुक्की के चलते पोलिंग बूथ का दरवाजा बंद किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच समर्थकों को खदेड़ा।

05:46 PM, 26-May-2026

मतदान समाप्त

निकाय चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है।

04:07 PM, 26-May-2026

जगरांव में आप विधायक और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के बीच बहस

जगरांव नगर काउंसिल के 23 वार्डों में हो रहे चुनावों के दौरान मंगलवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आप विधायक सरबजीत कौर मानूके और एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करवा दिया, लेकिन कुछ समय बाद माहौल फिर बिगड़ गया जब कुछ युवकों ने कथित तौर पर इन्फ्लुएंसर पर हमला कर दिया। हमले की जानकारी मिलते ही कांग्रेसी वर्करों ने सड़क पर धरना लगा दिया। 

जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 1 की वोटिंग सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) में चल रही थी। बताया जा रहा है कि विधायक सरबजीत कौर मानूके अपनी वोट डालने के बाद काफी समय तक मतदान केंद्र के अंदर ही मौजूद रहीं। इसी दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह ने उन्हें मतदान केंद्र में खड़े रहने पर एतराज जताते हुए बाहर जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस धीरे-धीरे तेज नोकझोंक में बदल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में विधायक सरबजीत कौर मानूके ने कहा कि जगरांव में किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह किसी भी राजनीतिक पार्टी से जुड़ा व्यक्ति क्यों न हो।

मामला शांत होने के बाद इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह अपने कैमरामैन गुरवीर सिंह विर्क के साथ वीडियो कवरेज करने में जुट गया। आरोप है कि करीब आधे घंटे बाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी मौके पर पहुंची, जिसमें से उतरे कुछ युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। इस दौरान इन्फ्लुएंसर की पगड़ी उतार दी गई, जबकि उसके कैमरामैन गुरवीर सिंह विर्क पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौके पर पहुंच गए तथा आम आदमी पार्टी की विधायक और पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना लगा दिया। वहीं पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु भी जगरांव पहुंचे। दूसरी ओर विधायक सरबजीत कौर मानूके भी दोबारा स्कूल परिसर में पहुंच गईं। इन्फ्लुएंसर सुखविंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी की विधायक और पुलिस पर कथित तौर पर हमला करवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

विज्ञापन
02:54 PM, 26-May-2026

बठिंडा के वार्ड नंबर 37 में धक्केशाही के आरोप

बठिंडा निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर 37 में चुनावी माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब अकाली दल की उम्मीदवार सविता बंसल के पति बीरु बंसल ने आम आदमी पार्टी के नेताओं और समर्थकों पर धक्केशाही करने के आरोप लगाए। 

बीरू बंसल ने आरोप लगाया कि उनके बूथ पर आप नेताओं द्वारा गुंडे भेजकर माहौल खराब किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव में धक्केशाही और दबाव ही बनाना था तो फिर चुनाव करवाने का क्या मतलब है। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ पर पहुंचे कुछ लोगों ने कैमरों के साथ भी छेड़छाड़ की। मामले की शिकायत मिलने के बाद जिला चुनाव कार्यालय से अधिकारी जांच के लिए मौके पर पहुंचे। हालांकि अधिकारियों ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।

 मौके पर पहुंचे अकाली दल नेता बब्ली ढिल्लों ने भी प्रशासन पर निष्क्रियता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसएसपी और डीसी को लगातार शिकायतें दी जा रही हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के समर्थक चुनाव के दौरान दबाव और गुंडागर्दी का माहौल बना रहे हैं। घटना के बाद बूथ के आसपास तनाव का माहौल बना रहा, जबकि पुलिस और चुनाव अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।

02:53 PM, 26-May-2026

बरनाला में वार्ड नंबर 15 में भाजपा उम्मीदवार के पति पर हमला

बरनाला के वार्ड नंबर 15 में चल रहे मतदान के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच जबरदस्त लड़ाई हुई। झड़प के दौरान भाजपा उम्मीदवार दीपइंदर कौर के पति जसवीर सिंह के सिर में गंभीर चोट भी आई। घायल को तुरंत बरनाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इस मौके पर भाजपा उम्मीदवार के पति जसवीर सिंह ने बताया कि वे 15 नंबर वार्ड से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आज उनके वार्ड में सुबह से ही आम आदमी पार्टी से संबंधित बाहरी लोग घूम रहे थे, जिनके बारे में उन्होंने पुलिस प्रशासन को कई बार अवगत कराया, परंतु उनकी कोई सुनवाई नहीं की गई।

इन बाहरी लोगों द्वारा वार्ड में फर्जी वोट डाले जा रहे थे। जब इसे रोका गया, तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया। मेरी पगड़ी उतार दी गई और मेरे सिर पर चोटें पहुंचाई गईं। जबकि चुनाव लड़ रही मेरी पत्नी और अन्य लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरेआम धक्काशाही पर उतर आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन चुनावों में सरेआम फर्जी वोट डलवाए जा रहे हैं और चुनाव आयोग व पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनकर देख रहा है। उन्होंने मांग की कि जिन लोगों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

विज्ञापन
02:47 PM, 26-May-2026

दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान

दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान हो चुका है।

01:56 PM, 26-May-2026

तेज गर्मी के कारण सुनाम में दो महिला मतदाता बेहोश

तेज गर्मी के कारण सुनाम के वार्ड 17 में दो महिला मतदाता मतदान केंद्र में बेहोश हो गई।

01:55 PM, 26-May-2026

पठानकोट के बूथ नंबर 2 में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं में हुई झड़प 

पठानकोट के आनंदपुर रडा स्थित पोलिंग बूथ नंबर 2 पर कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं में हुई झड़प के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को शांत करवा पुलिस कार्रवाई करने की चेतावनी दे वापिस भेज दिया। पोलिंग बूथ में माहौल तनावपूर्ण होने के पीछे का कारण एक बुजुर्ग महिला के साथ उसके परिवार सदस्य के पोलिंग स्टेशन में साथ जाना बना। दोनों पक्ष एक दूसरे के साथ गाली गलौज भी करने लगे। बीजेपी के कार्यकर्ताओं का आरोप था कि एक व्यक्ति अकेला ही वोट डालने जा सकता है और कांग्रेस अन्य लोगों को साथ भेज मतदान हेरफेर करवाने की कोशिश कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सिर्फ एक बुजुर्ग महिला जिससे चलना भी मुश्किल हो रहा था उसका एक परिवार सदस्य मतदान करने के लिए गया है और उसी बात को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आधार बना उनके वर्करों के साथ झगड़ा शुरू कर दिया है। इस झड़प की वजह से लोगों में अफरा तफरी मच जाने से कुछ समय के लिए मतदान भी प्रभावित हुआ। जबकि भाजपा कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि जिस भी पोलिंग बूथ पर पहुंच रहे हैं भीषण गर्मी के बीच पानी तक का जिला प्रशासन की तरफ से प्रबंध नहीं किए गए।

01:40 PM, 26-May-2026

अरविंद केजरीवाल ने मतदान की अपील

मेरा सभी मतदाताओं से अनुरोध है कि पंजाब में चल रहे निकाय चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। आपका वोट लोकतंत्र में आपकी ताकत है। आपकी छोटी-बड़ी समस्याओं का हल और पूरे परिवार की खुशहाली आपका वोट तय करता है।
 

12:43 PM, 26-May-2026

दोपहर 12 बजे 31.6 फीसदी मतदान

राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चाैधरी ने बताया कि दोपहर 12 बजे 31.6 फीसदी मतदान हो चुका है। पूरे प्रदेश में ओवरऑल चुनाव शांतिपूर्ण चल रहा है। आठ निगमों के 396 वार्डों, 75 परिषदों के 1282 वार्डों और 20 नगर पंचायतों के 218 वार्डों में चुनाव करवाए जा रहे हैं। 

12:30 PM, 26-May-2026

सीएम के पूर्व ओएसडी प्रो. ओंकार सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया

सीएम मान के पूर्व ओएसडी प्रोफेसर ओंकार सिंह को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रोफेसर ओंकार सिंह कुछ माह पहले आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। धूरी में काउंसिल चुनाव के दौरान ओंकार सिंह के खिलाफ कार्रवाई हुई है। एसएसपी डाॅ. रवजोत ग्रेवाल ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को बताया कि एहतियातन प्रो. ओंकार सिंह को डिटेन किया गया है।  रवनीत बिट्टू ने एसएसपी और एसपी को फटकार लगाई है।

12:29 PM, 26-May-2026

भुच्चो मंडी आप विधायक मास्टर जगसीर सिंह का विरोध

बठिंडा के एक बूथ पर पहुंचे भुच्चो मंडी से आप विधायक मास्टर जगसीर सिंह को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों ने विरोध करते हुए आप विधायक को कहा कि आप यहां क्या करने आए हो। विरोध को देखते हुए आप विधायक वापस चले गए। 

12:19 PM, 26-May-2026

मंडी गोबिंदगढ़ में सभी पार्टियों के उम्मीदवारों ने साथ खिंचवाई तस्वीर

मंडी गोबिंदगढ़ के वार्ड नंबर 27 में सभी पार्टियों के उम्मीदवारों ने संयुक्त रूप से तस्वीर खिंचवाकर भाईचारे और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। लोकतंत्र में इस तरह की भाईचारे की भावना का होना बेहद जरूरी है। आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार पल्लवी सिंगला, कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार राधा गोयल तथा भाजपा की उम्मीदवार श्वेता मैदान ने पोलिंग बूथ के बाहर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

11:18 AM, 26-May-2026

सीएम के विधानसभा हलके में सबसे कम मतदान

आप के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा के विधानसभा क्षेत्र में पहले दो घंटे में सबसे अधिक मतदान हुआ है । लोंगोवाल भी सुनाम विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। वहीं इसी जिले में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के धूरी विधानसभा इलाके में सबसे कम मतदान हुआ है ।

11:01 AM, 26-May-2026
बैलगाड़ी पर वोट देने जाते अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग - फोटो : अमर उजाला

बैलगाड़ी पर सवार होकर वोट डालने पहुंचे राजा वड़िंग

पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग मंगलवार को पत्नी अमृता वड़िंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर मुक्तसर के वार्ड नंबर पांच में वोट डालने पहुंचे। महंगाई के खिलाफ सांकेतिक विरोध जताते हुए उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम इस कदर बढ़ गए हैं कि आम आदमी के लिए गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है।



राजा वड़िंग ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से ऐसे हालात बन गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं। गरीब व्यक्ति कैसे चलेगा? जिसकी आमदनी कम है, वो घर चलाएगा या वाहन चलाएगा? उन्होंने बताया कि पंजाब में औसतन पेट्रोल 105.44 और डीजल 95.38 प्रति लीटर तक पहुंच गया है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी को केवल चुनाव जीतने के लिए प्रधानमंत्री नहीं बनाया गया है। जनता को राहत देना भी सरकार की जिम्मेदारी है। बैलगाड़ी से वोट डालने का मकसद सरकार को संदेश देना था कि महंगाई ने हालात इतने खराब कर दिए हैं कि लोगों को फिर से बैलगाड़ियों का सहारा लेना पड़ेगा।

राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस देशभर और पंजाब में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि बीते 10 दिनों में चौथी बार दाम बढ़े हैं। लगातार बढ़ रहे दामों से ट्रांसपोर्ट महंगा हो रहा है और सब्जी, राशन समेत जरूरी सामान के दाम भी बढ़ने की आशंका है। राजा वड़िंग ने कहा कि महंगाई ने आम घर का बजट 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। किसानों पर भी बोझ बढ़ रहा है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर सड़क से संसद तक यह मुद्दा उठाएगी।
 

10:40 AM, 26-May-2026

सुबह दस बजे तक 13.5% मतदान 

पंजाब निकाय चुनाव में सुबह दस बजे तक 13.5% मतदान हुआ है।

10:08 AM, 26-May-2026

मोगा में पोलिंग बूथ के बाहर आप के बड़े होर्डिंग का बीजेपी ने किया विरोध

मोगा निगम चुनाव के दौरान गीता भवन चौक के पास बने पोलिंग बूथ के बाहर लगे आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बीजेपी जिला प्रधान डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. हरजोत कमल ने आरोप लगाया कि पोलिंग बूथ से 100 मीटर के दायरे में आम आदमी पार्टी के बड़े-बड़े होर्डिंग लगे हुए हैं, जो चुनाव नियमों का उल्लंघन हो सकता है। उन्होंने कहा कि इससे यह संदेश जा रहा है कि कहीं न कहीं प्रशासन मौजूदा सरकार के उम्मीदवारों को समर्थन दे रहा है। उन्होंने बताया कि मोगा नगर निगम और कोट ई शेखा नगर पंचायत चुनाव में बीजेपी के कुल 51 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और पार्टी को जनता का अच्छा समर्थन मिल रहा है। हालांकि सीटों की संख्या को लेकर उन्होंने कहा कि इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद होगा, लेकिन आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में पंजाब में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया।

डॉ. हरजोत कमल ने चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से मांग की कि पोलिंग बूथ के नजदीक लगे राजनीतिक होर्डिंगों की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो

मोगा के 106 नंबर बूथ पर जाली वोट डालने पर बहस
मोगा में 106 नंबर पोलिंग बूथ पर कथित फर्जी वोटिंग का मामला सामने आया है। मतदान शुरू होने के करीब एक घंटे बाद यह विवाद सामने आया। पोलिंग बूथ के अंदर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के बीच इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस भी हुई। आरोप लगाए गए हैं कि कुछ स्थानों पर वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं हो रही थी, जिससे पारदर्शिता को लेकर सवाल उठे हैं। वहीं, यह भी दावा किया गया कि एक मतदाता के वोट डाले बिना ही उसके नाम पर दो बार वोट पड़ चुके थे। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन या चुनाव अधिकारियों की ओर से नहीं की गई है। मामले को लेकर जांच और प्रशासनिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

09:48 AM, 26-May-2026

रायकोट में कांग्रेस प्रत्याशी पर जानलेवा हमला, पीजीआई रेफर 

रायकोट में वोटिंग की शुरुआत हिंसा से हुई है। वार्ड नंबर चार से कांग्रेस के प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा पर तड़के बूथ में जानलेवा हमला हुआ है। हमलावर आम आदमी पार्टी के बताए जा रहे हैं। जग्गा को पहले सिविल अस्पताल फिर वहां से शहर के सबसे बड़े प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। जानकारी आ रही है कि जग्गा के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें पीजीआई चंडीगढ रेफर किया जा रहा है। 

रायकोट में सोमवार दोपहर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी समर्थकों के बीच शुरू हुई तकरार रात होते-होते खूनी संघर्ष में बदल गई और वार्ड नंबर चार युद्ध का अखाड़ा बन गया। पुलिस की मौजूदगी में रायकोट ट्रक यूनियन के प्रधान और आप विधायक हाकम सिंह ठेकेदार के राइट हैंड बिंदरजीत सिंह गिल को वार्ड नंबर चार में कांग्रेस के प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा के समर्थकों ने बुरी तरह पीटा। ईंट पत्थर चले और बिंदरजीत सिंह गिल की पगड़ी भी उछाल दी गई। 

रायकोट नगर काउंसिल चुनाव के लिए वार्ड नंबर चार से कांग्रेस प्रत्याशी जगदेव सिंह जग्गा का आपराधिक रिकॉर्ड है और ट्रक यूनियन प्रधान बिंदरजीत सिंह गिल पर भी दर्जनों आपराधिक केस दर्ज हो चुके हैं। कभी अकाली दल में एक साथ काम कर चुके जगदेव सिंह जग्गा और बिंदरजीत सिंह गिल अब कट्टर विरोधी बन बैठे हैं। जग्गा वार्ड नंबर चार से कांग्रेस के प्रत्याशी हैं और आप की तरफ से बिंदरजीत सिंह गिल का खास दोस्त अमनदीप सिंह मांगट मैदान में है। चुनाव पूर्व रात को डोर टू डोर कर रहे दोनों के समर्थक रात साढ़े नौ बजे आमने सामने हो गये और विवाद हिंसक हो गया।  
 

09:30 AM, 26-May-2026

बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में देर रात हंगामा, वोट खरीदने के आरोपों से भड़का विवाद

नगर निगम चुनाव के बीच बठिंडा के वार्ड नंबर 2 में सोमवार देर रात उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद इलाके में भारी हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने देर रात कैंट थाना के बाहर धरना देकर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। देर रात तक थाना परिसर के बाहर नारेबाजी और बहस जारी रही।

घटना के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता देर रात कैंट थाना पहुंच गए और पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सरूपचंद सिंगला की अगुवाई में धरना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने आप प्रत्याशी और संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक निष्पक्ष जांच और कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों की शिकायतें ली गई हैं और घटनास्थल के वीडियो फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
 

09:21 AM, 26-May-2026

पठानकोट में मतदान केंद्रों पर लगी भारी भीड़

निकाय चुनावों के चलते पठानकोट में सुबह से मतदान केंद्रों में भारी भीड़ इकठ्ठा होनी शुरू हो गई है। लोग अपने प्रत्याशी को वोट देने के लिए पोलिंग सेंटरो में आ रहे है। सुबह 9 बजे तक गर्मी भी तेज हो गई है। कई बजुर्ग मतदान केंद्रों के बाहर गर्मी की वजह से बैठे भी देखे गए हैं।

पठानकोट निवासी दिव्यांग काका राम 55 वर्षीय ने एबी कालेज में अपने वोट डालने के बाद प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों को सराहा है। वहीं, जिला पठानकोट पुलिस की ओर से वोटिंग केंद्रों के कुछ जरूरी हिदायत के पोस्टर भी लगाए हुए हैं। जैसे मोबाइल फोन पर रोक, चाकू, गन, माचिस की डिब्बी, लाइटर, पानी की बोतल, शाही वाली डिब्बी, कैमरा अन्य वस्तुओं पर प्रतिबंध लगाया है। कार्पोरेशन पठानकोट के चुनावों के दौरान वोटरों की संख्या 1,48,328 है जबकि सुजानपुर में वोटरों की संख्या 23962 है। पठानकोट में 50 और सुजानपुर में 15 पोलिंग स्टेशन पर मतदान करवाया जा रहा है।

08:44 AM, 26-May-2026

बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में फायरिंग 

बठिंडा के वार्ड नंबर 3 में वोटिंग शुरू होने से पहले सुबह करीब 5:00 बजे फायरिंग करने का मामला सामने आया है वार्ड नंबर 3 में आजाद उम्मीदवार ने सत्ताधारी पार्टी के लोगों पर वार्ड में पैसे बांटने और उनके द्वारा रोकने पर उन पर जानलेवा हमला करते हुए सरेआम फायरिंग करने के आरोप लगाए हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद बठिंडा शहरी विधायक जगरूप सिंह मौके पर पहुंचे और उन्होंने एसएसपी को फोन कर पूरे मामले की निपक्ष जांच करने और आरोपी लोगों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। फायरिंग के रोष में आजाद उम्मीदवार और उनके समर्थकों ने धरना भी दिया। उनका आरोप है कि सत्ताधर पार्टी के लोग सरेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और पैसे देकर वोट खरीद रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फायरिंग के वक्त सत्ताधारी पार्टी का एक नेता भी मौजूद था जो अपने समर्थकों के साथ वहां पर आया था और जब लोगों ने उनका विरोध किया तो वह गाड़ी लेकर वहां से भाग गए।

08:00 AM, 26-May-2026

मतदान शुरू

निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। जो मतदाता शाम 5 बजे तक केंद्रों पर पहुंचेंगे, वे वोट डाल सकेंगे। कुल 3977 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पूरी प्रक्रिया जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में हो रही है। मोहाली नगर निगम के 50 वार्डों के लिए मतदान शुरू हो गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने सेक्टर-89 लखनौर में अपने परिवार सहित वोट डाला।

 वार्ड नंबर 42 से विधायक कुलवंत सिंह के बेटे सरबजीत सिंह समाना चुनाव मैदान में हैं, जिस कारण इस वार्ड पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। नगर निगम चुनाव को लेकर पूरे शहर में राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।

07:35 AM, 26-May-2026

बैलेट पेपर से होगा मतदान

निकाय चुनाव में इस बार बैलेट पेपर से मतदान होगा।

06:53 AM, 26-May-2026

अकाली दल ने की मतदान का समय बढ़ाने की मांग 

शिरोमणि अकाली दल ने राज्य चुनाव आयोग से मतदान का समय बढ़ाने की मांग की है। अकाली नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि मतदान का समय सुबह 8 से 5 बजे की जगह सुबह 7 से शाम 6 बजे तक बढ़ाया जाना चाहिए। चीमा ने कहा कि प्रदेश में इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप है जिसका असर मतदान प्रतिशत पर पड़ सकता है। अगर सुबह और शाम के चलते मतदान का समय दो घंटे बढ़ा दिया जाए तो उससे मतदान प्रतिशत में वृद्धि होगी। मौजूदा समय मजदूरों के लिए भी उपयुक्त नहीं है क्योंकि वो काम के कारण अपने मताधिकार का उपयोग नहीं कर पाएंगे।

06:34 AM, 26-May-2026

मुकेरियां में भाजपा-शिअद साथ आए

मुकेरियां में निकाय चुनाव के दौरान भाजपा और शिरोमणि अकाली दल का स्थानीय स्तर पर गठजोड़ भी देखने को मिला। भाजपा विधायक जंगी लाल महाजन ने स्पष्ट किया कि यह गठजोड़ केवल मुकेरियां निकाय चुनाव तक सीमित है। उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में दोनों दलों के गठबंधन को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है और इस संबंध में अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर ही होगा।

06:10 AM, 26-May-2026

कई वार्डों में चेहरों का असर भी अहम

स्थानीय निकाय चुनाव होने के कारण कई वार्डों में प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि और पकड़ भी अहम फैक्टर बनकर उभरी। कई जगहों पर स्थानीय मुद्दों से ज्यादा उम्मीदवारों की व्यक्तिगत पहचान और प्रभाव चुनाव प्रचार में दिखाई दिया। कुछ वार्डों में प्रत्याशियों के बीच व्यक्तिगत टिप्पणियां और सीधी राजनीतिक टक्कर भी देखने को मिली।

05:58 AM, 26-May-2026

सत्ता के सेमीफाइनल में आप ने झोंकी ताकत

इन निकाय चुनावों को सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है। ऐसे में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए यह चुनाव बेहद अहम बन गया है। वहीं विपक्षी दल भी इस बार मजबूती से मैदान में दिखे। पूरे चुनाव प्रचार के स्वरूप को देखें तो मुकाबला एक तरफ आम आदमी पार्टी की ‘डबल इंजन सरकार’ की चाह और दूसरी तरफ विपक्ष की घेराबंदी के बीच नजर आया।

आम आदमी पार्टी के विधायकों और मंत्रियों के लिए यह चुनाव किसी परफॉर्मेंस टेस्ट से कम नहीं माना जा रहा। करीब आठ महीने बाद विधानसभा चुनाव होने हैं इसलिए पार्टी नेतृत्व यह परखना चाहता है कि साढ़े चार साल के कार्यकाल के बाद शहरी मतदाताओं पर पार्टी की पकड़ कितनी मजबूत है। यही कारण रहा कि पार्टी के कई बड़े चेहरे इस बार सीधे प्रचार में कम और रणनीतिकार की भूमिका में अधिक दिखाई दिए।

05:46 AM, 26-May-2026

सबसे अधिक उम्मीदवार आप के

सबसे अधिक उम्मीदवार सत्तापक्ष आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव लड़ रहे हैं जिनकी संख्या 1801 हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के 1550, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 1316, शिरोमणि अकाली दल के 1251, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के 96, 1528 निर्दलीय और 13 अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। निकाय चुनाव सभी दलों के लिए अहम हैं, क्योंकि इसे 2027 में विधानसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

05:29 AM, 26-May-2026

आठ निगमों में चुनाव

पंजाब के आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों की सीटों के लिए यह चुनाव हो रहे हैं। चुनाव के लिए 7555 उम्मीदवार मैदान में हैं क्योंकि 79 उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया है। 2393 उम्मीदवारों ने अपना नाम वापस ले लिया था।

05:23 AM, 26-May-2026

Punjab Nikay Chunav 2026: दोपहर दो बजे तक 45.60 फीसदी मतदान, सुनाम में गर्मी से दो महिलाएं बेहोश

पंजाब के 105 नगर निकायों के लिए आज मतदान है। 29 मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। आठ निगम, 75 नगर परिषद और 20 नगर पंचायतों के लिए भारी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जिसके लिए 32 हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

32 हजार चुनाव कर्मियों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। कुल 35,45,567 मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 18,33,712 पुरुष, 17,11,635 महिलाएं और 220 अन्य मतदाता शामिल हैं। सरकार ने 740 बूथों को संवेदनशील और 274 को अतिसंवेदनशील घोषित किया है, जहां सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें