बठिंडा में किसानों ने जब अमृतसर नेशनल हाईवे जाम करने का प्रयास किया तो पुलिस ने 10 से ज्यादा किसानों को डिटेन कर लिया। इसके बाद उन्हें नजदीकी पुलिस थाना में ले जाया गया। एसपी सिटी अशवंत सिंह ने कहा कि शांत तरीके से प्रदर्शन पर कोई रोक नहीं, लेकिन रोड जाम करने नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा आम पब्लिक को कोई मुश्किल नहीं आने दी जाएगी।
झोटा हत्याकांड में सिटी पुलिस स्टेशन-2 की महिला स्टेशन हाउस ऑफिसर बेअंत कौर को सस्पेंड कर दिया गया है। गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा के पिता, भीम सिंह ने आरोप लगाया था कि उनके बेटे द्वारा कई बार शिकायतें दर्ज कराने और ड्रग तस्करों के बारे में जानकारी देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। झोटा हत्याकांड के संबंध में डीआईजी हरजीत सिंह ने भी कहा था कि लापरवाही के दोषी पाए जाने वाले किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि सिटी पुलिस स्टेशन-2 की महिला एसएचओ बेअंत कौर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है और उन्हें पुलिस लाइन्स में रिपोर्ट करने का आदेश दिया गया है।
पंजाब बंद के तहत मोहाली में सड़क जाम कर दी गई है। सरकारी बसों को भी रोक दिया गया है।
मानसा एक्शन कमेटी' के आह्वान पर पंजाब बंद की काल के चलते वीरवार को मुक्तसर में बंद का असर देखने को मिला। वहीं कुछ जगह खुली दुकानों को सिख संगठनों की ओर से बंद करवाया गया। बंद के समर्थन में आज बीकेयू (एकता-उगराहां), बीकेयू (एकता-दकोंडा-धनेर गुट), पंजाब खेत मजदूर यूनियन, क्रांतिकारी यूनियन एकता (बुट्टर गुट) और क्रांतिकारी पेंडु मजदूर यूनियन सहित विभिन्न भाईचारे संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
सुबह से ही मुक्तसर के बाजार पूरी तरह बंद रहे। दुकानों के शटर नहीं खुले, जिससे बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि, सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी रही। बंद के दौरान आम जनजीवन पर पड़ने वाले असर को देखते हुए विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी लगातार लोगों से बंद का समर्थन करने की अपील कर रहे हैं। वहीं मुक्तसर में कई जगह पर सिख संगठनों की ओर से बाजार बंद करवाए गए। पंजाब बंद के आह्वान के चलते निजी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया गया । वही सुबह के समय सरकारी बसें चलती रहीं लेकिन निजी बसें बंद रही।
एसपीडी अशोक मीना ने कहा कि बंद के चलते शांति बनाएं रखने के लिए जगह जगह पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया गया । किसी भी शरारती अनसर को माहौल खराब करने की इजाजत नही दी जाएगी।
परविंदर सिंह 'झोटा' की हत्या के बाद, मानसा शहर लगातार तीसरे दिन भी पूरी तरह बंद है। इसके अलावा, मानसा क्षेत्र के सभी शहरों और कस्बों में आज बंद के आह्वान को भारी समर्थन मिला है। पंजाब में इस बंद का आह्वान मानसा में परविंदर सिंह 'झोटा' की याद में बनाई गई 31 सदस्यीय समिति ने किया है; इस समिति में उनके पिता, भीम सिंह फौजी भी शामिल हैं।
मानसा के आस-पास के कस्बे भीखी, बुढलाडा, बरेटा, बोहा, सरदुलगढ़ और झूनीर पूरी तरह बंद हैं। इन कस्बों के निवासियों और दुकानदारों ने आज सुबह अपनी दुकानें नहीं खोलीं। साथ ही, इन कस्बों से होकर गुजरने वाली सभी निजी बसें और ज्यादातर सरकारी बसें भी नहीं चल रही हैं। जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में छुट्टी है।
मानसा में परविंदर सिंह 'झोटा' की हत्या के बाद से लगातार तीन दिनों से विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। भारी बारिश के कारण प्रदर्शन स्थल पर पानी भर गया था, लेकिन इसके बावजूद वहां लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है। बाद में, प्रशासन ने ट्यूबवेल की मदद से वहां से पानी निकलवाया। मानसा के एसएसपी वैभव चौधरी ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मोगा में भी पंजाब बंद का व्यापक असर देखने को मिला। बंद के दौरान शहर के बाजार पूरी तरह बंद रहे और व्यापारिक गतिविधियां ठप नजर आईं।
दुकानें बंद करवाने पहुंचे विभिन्न संगठनों के नेताओं और समर्थकों को मोगा पुलिस ने शहर के अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया। स्थिति को देखते हुए मोगा पुलिस की ओर से जिले भर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने कहा कि जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
फिलहाल मोगा में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। पुलिस प्रशासन की ओर से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बठिंडा में वीरवार सुबह पंजाब बंद का असर दिखने लगा। सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी हैं। दुकानदार संजीव का कहना था कि यह नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे पंजाब के बच्चों के लिए है, इसी लिए सभी लोग साथ देंगे। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति चाहता है कि पंजाब नशा मुक्त हो जाए। नशे की चपेट में आकर जवानी बर्बाद हो रही है, जिसको बचाना जरूरी है।
मानसा के परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में विरोध जताते हुए अमृतसर में किसान नेता सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में प्रदर्शन शुरू किया गया। प्रदर्शन की शुरुआत अमृतसर के गोल्डन गेट से की गई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला जलाया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने परमिंदर झोटा हत्याकांड को लेकर रोष जताया और मामले में न्याय की मांग उठाई। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने इस मामले को लेकर पंजाब सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि झोटा हत्याकांड के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने डीजीपी को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि साजिश में किसी की भूमिका सामने आई तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पंजाब बंद की काॅल का लुधियाना में भी असर है। शहर में तमाम स्कूल, कालेज एवं शिक्षण संस्थान बंद हैं। इसके अलावा सुबह के वक्त आवश्यक वस्तुओं की दुकानें भी कहीं-कहीं खुलीं। अभी शहर के प्रमुख बाजार बंद हैं। जो दुकानें खुली हैं, उनको प्रदर्शनकारी बंद करा रहे हैं। सराभा नगर स्थित किप्स मार्केट को भी सिख संगठनों ने बंद करा दिया। इसके अलावा हैबोवाल मार्केट में भी जो दुकानें खुली हैं उनको बंद कराया जा रहा है। इसके अलावा सिख संगठनों एवं राजनीतिक दलों की ओर से बंद में लोगों से पूर्ण सहयोग की अपील की है। इसके अलावा दिन में सिख संगठन विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मानसा में देर रात हुई बारिश के कारण शहर के विभिन्न इलाकों में पानी भर गया। वहीं, परमिंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर डीसी तिकोणी चौक पर लगाए गए धरने की जगह पर भी पानी जमा हो गया, जिससे धरने पर बैठे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
धरना कमेटी के सदस्यों ने इस समस्या को लेकर डिप्टी कमिश्नर मानसा नवजोत कौर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद इंसाफ कमेटी के सदस्यों ने नगर काउंसिल मानसा के प्रधान भूषण कुमार मत्ती से फोन पर बातचीत की। कमेटी सदस्यों ने धरनास्थल पर जमा पानी निकालने के लिए मोटरें लगाने और दो घंटे के भीतर पानी की निकासी करवाने की मांग की।
उधर, परमिंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर 15 अक्टूबर को दिए गए पंजाब बंद के आह्वान के तहत मानसा में बसें और दुकानें पूरी तरह बंद हैं। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों की ओर से भी धरने को समर्थन दिया जा रहा है।
झोटा हत्याकांड को लेकर पंजाब बंद के आह्वान का फरीदकोट जिले में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। फरीदकोट समेत कोटकपूरा और जैतो में ज्यादातर बाजार बंद पड़े हैं। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की ओर से अमृतसर-बठिंडा नेशनल हाईवे जाम करने की तैयारी को पुलिस प्रशासन ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष तेज सिंह पक्का समेत अन्य किसान नेताओं को हिरासत में लेकर थाना सदर में बंद कर दिया है। उधर, जुबली सिनेमा चौक में एकत्रित हुए सिख संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए लोगों से बंद को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने समर्थन दिया है। एसजीपीसी के कार्यालय और इसके अधीन आने वाले सभी संस्थान आज बंद रहेंगे। आम आदमी पार्टी के विधायकों की श्री अकाल तख्त साहिब में पेशी अब 16 अक्तूबर को होगी।
एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि एसजीपीसी नशे के खिलाफ संघर्ष करने वाले लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। कमेटी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग भी देगी। धामी ने पंजाब में नशे की गंभीर समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की हत्या बेहद चिंताजनक है। सरकार को नशा तस्करी के खिलाफ संघर्ष करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। नशे के खात्मे के लिए केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने की जरूरत है। मीरी-पीरी खालसा मार्च के दौरान नशे की खुलेआम बिक्री सामने आई थी। इससे सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े होते हैं। हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि पंजाब की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना आवश्यक है। एसजीपीसी ऐसे लोगों के साथ खड़ी है जो नशे के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिया। धामी ने सरकार से नशे के खात्मे के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने विधायकों की पेशी की तारीख बदल दी है। आम आदमी पार्टी के कुछ विधायकों और नेताओं को अब 15 अक्तूबर के बजाय 16 अक्तूबर को सुबह 11 बजे पेश होना होगा। यह मामला पायल के विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा से जुड़ा है। सचिवालय में प्रवेश को लेकर हुए विवाद के बाद जत्थेदार ने उन्हें स्पष्टीकरण देने के लिए तलब किया था। सचिवालय ने जाति के आधार पर रोके जाने के आरोपों को खारिज किया।
अकाली दल वारिस पंजाब दे की ओर से लोगों और समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से पंजाब बंद को सफल बनाने की अपील की गई है। जारी संदेश के अनुसार, बंद का समय सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान यातायात ठप रखने और बाजार बंद रखने का आह्वान किया गया है।
जारी दिशा-निर्देशों में समर्थकों से कहा गया है कि वे किसी भी राहगीर या दुकानदार के साथ बहस न करें और न ही किसी पर दबाव बनाकर दुकान बंद करवाएं। लोगों से हाथ जोड़कर विनम्रता के साथ सहयोग की अपील करने को कहा गया है। इसके अलावा किसी भी तरह की हुड़दंगबाजी या शरारत से दूर रहने और प्रदर्शन के दौरान शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि धरने में शामिल होने के इच्छुक किसी भी व्यक्ति या संगठन को नहीं रोका जाना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान सतनाम-वाहेगुरु का जाप करने और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने की अपील की गई है।
आवश्यक सेवाओं को बंद से छूट
अपील में दवाइयों की दुकानों, अस्पतालों और डेयरियों को खुला रखने की बात कही गई है। दूध विक्रेताओं को भी नहीं रोकने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, किसी भी राजनीतिक पार्टी या संस्था के पोस्टर और फ्लेक्स न फाड़ने की अपील की गई है।
अकाली दल वारिस पंजाब दे ने समर्थकों से बंद को शांतिपूर्ण बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया है।
संघर्ष कमेटी के नेता एडवोकेट गुरलाभ सिंह महल ने कहा कि डीजीपी की बर्खास्तगी तक धरना जारी रहेगा। कमेटी ने 15 अक्तूबर को सुबह से शाम तक पंजाब बंद रखने का एलान किया है। आपातकालीन सेवाओं को बंद से छूट दी गई है। कमेटी ने साफ किया है कि मांगें पूरी होने तक झोटा का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पिता भीम सिंह ने कहा कि वह नशे के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। उनके मुताबिक न वह झुकेंगे और न बिकेंगे।
डीआईजी हरजीत सिंह ने बताया कि झोटा के पिता भीम सिंह के बयान पर मानसा सिटी-2 थाने में अश्वनी कुमार और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया गया है। उसके दो साथियों को भी काबू किया गया है। मामले में अन्य अज्ञात लोगों की भूमिका की जांच जारी है।
झोटा हत्याकांड के विरोध में पंजाब बंद की कॉल के तहत फिरोजपुर शहर के बाजार पूरी तरह बंद नजर आए, जबकि सब्जी मंडी सामान्य दिनों की तरह खुली रही।
जानकारी के अनुसार, परमिंदर सिंह झोटा मेडिकल स्टोरों से नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए आवाज उठा रहे थे। इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में बंद का आह्वान किया गया है। इस घटना को लेकर लोगों में रोष है और नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
गुरुवार सुबह फिरोजपुर शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानों के शटर बंद रहे। वहीं, सब्जी मंडी में रोजमर्रा की तरह कारोबार होता दिखाई दिया। शहर में बंद का असर बाजारों में साफ नजर आया।
मंगलवार को नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने के दौरान परविंदर सिंह झोटा को गोली मार दी गई थी। घटना के समय फेसबुक लाइव चल रहा था। झोटा के साथी भी घायल हुए थे। हत्या के बाद से परिजनों और समर्थकों में रोष है। वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
झोटा सिंह के पिता भीमा सिंह ने पंजाब के लोगों को बंद का समर्थन करने की अपील की है। वहीं दूसरी तरफ स्कूल कॉलेज बस ऑपरेटर यूनियन पंजाब के प्रधान गुरप्रीत सिंह ने बंद का पूर्ण तौर पर समर्थन करते हुए कहा कि आज कोई भी स्कूल बस नहीं चलेगी।
नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाले एंटी ड्रग टास्क फोर्स के एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या ने पंजाब में उबाल ला दिया है। संघर्ष कमेटी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस्तीफे और डीजीपी गौरव यादव की बर्खास्तगी की मांग पर आज पंजाब बंद का एलान किया है। कमेटी ने साफ किया है कि मांगें पूरी होने तक झोटा का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।