अमृतसर में दो चरणों में होगी मॉक ड्रिल
अमृतसर की डीसी साक्षी साहनी ने कहा कि मॉक ड्रिल दो चरणों में की जाएगी। पहला चरण शाम 4 बजे होगा, जिसमें एक सायरन बजेगा। यह एक सिमुलेशन एक्सरसाइज होगी। यह मुख्य रूप से एक अभ्यास ड्रिल होगी। दूसरा चरण रात 10:30 बजे होगा, जिसमें एक और सायरन बजेगा। उस समय ब्लैकआउट किया जाएगा। सभी लोगों से अनुरोध है कि उस समय अपने घरों की लाइट्स बंद रखें। बिजली थोड़ी देर बाद सामान्य रूप से बहाल कर दी जाएगी।
डीसी ने कहा कि मुझे जानकारी मिली है कि कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं और कालाबाजारी भी कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चेतावनी दी जाती है कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन सभी लोगों को जरूरी जानकारी और अपडेट देता रहेगा। लोगों से अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
अटारी सीमा पर भी रिट्रीट सेरेेमनी रद्द कर दी गई है।
सरहद पर भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते बीएसएफ ने आज से हुसैनीवाला बॉर्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी पर पूर्ण तौर पर रोक लगा दी है। अब हुसैनीवाला जॉइंट पॉइंट पर शाम को होने वाली रिट्रीट सेरेमनी नहीं होगी। इस आदेश को देखते हुए लोगों के दिलों में युद्ध का भय बढ़ने लगा है। लोग अब खान-पान और राशन जुटाना शुरू हो गए हैं।
पंचकूला की डीसी मोनिका गुप्ता ने बताया कि मॉकड्रिल में रात को 7.50 से आठ बजे तक सभी जगह लाइट बंद रहेगी। लाइट बंद होने के साथ सरकारी और प्राइवेट अस्पताल में भी ब्लैक आउट रहेगा। इस दौरान मॉकड्रिल सेक्टर-20 और लघु सचिवालय में की जाएगी। ये समय मॉकड्रिल शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक की जाएगी
फिरोजपुर के हुसैनी वाला बॉर्डर से सटे सीमावर्ती गांव के बहुत से लोग अपना कीमती सामान ट्रैक्टर ट्रालियों पर लादकर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सरहद पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और कल रात जो हुआ उसको देखते हुए वह अपना सामान और बच्चों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचा रहे हैं। क्योंकि दरिया के उस पार लगभग 18 गांव हैं और उनके शहर की तरफ आने का एकमात्र पुल ही रास्ता है। जब तनाव की स्थिति पैदा हो जाती है या युद्ध छिड़ जाता है तो इस पुल से आना-जाना बंद कर दिया जाता है। उनके पास सुरक्षित जगहों पर पहुंचने के लिए नाव ही एक सहारा रहती है। इसलिए वह लोग 1965 और 1971 की जंग को देखते हुए अपना सुरक्षित सामान अपने रिश्तेदारों तक पहुंचा रहे हैं। अपने बच्चों को वहां पर छोड़ रहे हैं क्योंकि स्कूलों में भी छुट्टी कर दी गई है। तनाव सरहद पर बढ़ता ही जा रहा है। ग्रामीण मंगल सिंह का कहना है कि उसका गांव बिल्कुल सीमा से सटा हुआ है इसीलिए वह अपना सामान ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं क्योंकि जब माहौल बिगड़ता है तो उनके सुरक्षित जगह पर पहुंचने के लिए बहुत मुश्किल होती है। पिछली बार भी जब-जब सरहद पर तनाव हुए हैं उनका सामान का काफी नुकसान हुआ है। इसीलिए वह अपना सामान अभी से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने में जुटे हैं।
सेना के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर चंडीगढ़ के मंदिर में पहली आरती भारतीय सेना को समर्पित रहा। सेक्टर 30 के श्री महाकाली मंदिर में भारतीय सेना की मंगल कामना और पराक्रम के लिए आरती की गई।
मंदिर के प्रधान जतिंदर जौहर ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों को नेस्तानबूद करने के लिए एयर स्ट्राइक की है। उसमें सफलता मिली है। पहलगाम में आतंकी हमले के कारण पूरा देश क्रोध में था। देश के लोगों ने सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। यह मांग पूरी हो चुकी है।
पंजाब आप अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा कहते हैं कि कल पहलगाम में 26 लोगों की नृशंस हत्या का भारतीय सेना और देशवासियों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। पंजाब की पाकिस्तान से लगती सीमा को देखते हुए सभी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। पंजाब पुलिस दूसरी रक्षा पंक्ति के तौर पर तैयार है। सीमावर्ती जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक समारोह और कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। पंजाब सरकार भारत सरकार द्वारा जारी की गई एडवाइजरी का पूरी तरह से पालन कर रही है।
अमृतसर में सीमांत क्षेत्र के गांवों में विधायकों की ओर से युद्ध नशे के विरुद्ध आदि रखे गए अलग-अलग सरकारी कार्यक्रमों को अगले आदेशों तक रद्द कर दिया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद बढ़े हुए सुरक्षा तनाव के बीच एहतियात के तौर पर करतारपुर साहिब कॉरिडोर को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है।
एसएसपी गुरदासपुर आदित्य के अनुसार रात को लोगों ने विस्फोटक की आवाज को सुना है, परन्तु अभी इस संबंधी कुछ भी जानकारी नहीं है कि क्या हुआ था। उन्होंने आम लोगो से पैनिक ना क्रिएट करने की बात कही।
फिरोजपुर के सभी स्कूलों को अगले आदेशों तक बंद कर दिया गया है। डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने एक बयान जारी कर कहा है कि भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते सीमावर्ती जिले में स्कूल बंद रहेंगे।
चंडीगढ़ एयरपोर्ट से सभी 33 फ्लाइट बंद कर दी गई हैं। वहीं अमृतसर एयरपोर्ट को दस मई सुबह साढ़े पांच बजे तक बंद कर दिया गया है सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है सभी यात्री को मैसेज भेज दिया गया है आप घर से एयरपोर्ट पर मत आएं।
तनाव के माहौल को देखते हुए अमृतसर के सांसद गुरजीत औजला सरहदी गांव राजा तल पहुंचे।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत वायु सेना की ओर से की गई एयर स्ट्राइक के बाद अमृतसर में श्री गुरु रामदास इंटरनेशनल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है। जिसके चलते अमृतसर आने जाने वाली फ्लाइट को फिलहाल अन्य शहरों के लिए डायवर्ट कर दिया है। वहीं दूसरी तरफ सीमा के आसपास लगते गांव में बीएसएफ की ओर से लगातार गुरुद्वारों में अनाउंसमेंट करवाई जा रही है और लोगों को अपना जरूरी सामान लेकर जल्द से जल्द गांव खाली करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
हालांकि लोगों की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि वह अपने घर छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे जो भी होगा देखा जाएगा। लेकिन बीएसएफ की ओर से लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वह जल्द से जल्द सीमा के आसपास के क्षेत्र को खाली कर दें ताकि उनको किसी भी तरह से जान माल का नुकसान ना हो। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी स्कूल और कॉलेज फिलहाल अगले आदेशों तक बंद करने के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
अमृतसर के स्कूलों में भी बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। स्कूल प्रबंधकों ने बच्चों को वापस भेज दिया है।
भारत पाकिस्तान तनाव को देखते हुए पंजाब में किसानों ने आज अपना रेल रोको आंदोलन स्थगित कर दिया है।
पंजाब के 20 जिलों में बुधवार को मॉक ड्रिल की जाएगी। यह देशभर के 244 जिलों में बुधवार को होने वाली सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का हिस्सा होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वह हमेशा आपात स्थिति में देश के साथ खड़े हुए हैं। केंद्र और सेना की ओर से जो गाइडलाइंस जारी किए गए थे, उसके मुताबिक पंजाब डीजीपी की अगुआई में बुधवार को प्रदेश के 20 जिलों में यह मॉक ड्रिल होगी।
डीसी पठानकोट आदित्य उप्पल की ओर से आज से तीन दिनों के लिए जिला पठानकोट के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: Operation Sindoor: भारत की पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक; पहलगाम हमले का लिया बदला, आतंक के 9 ठिकानों को बनाया निशाना
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए पाकिस्तान और पीओके में आतंक के ठिकानों को तबाह कर दिया है। इस ऑपरेशन को ऑपरेशन सिंदूर का नाम दिया गया है। भारत की इस कार्रवाई से जहां पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है वहीं पंजाब में सरहदी इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पंजाब की करीब 550 किलोमीटर की सीमा पाकिस्तान से लगती है।