10:45 AM, 21-Dec-2021
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से आशीर्वाद लेतीं एनसीपी की सांसद सुप्रिया सुले।
- फोटो : अमर उजाला
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव और संघ प्रमुख मोहन भागवत की फोटो पर उत्तर प्रदेश की सियासत गर्म होती जा रही है। अब समाजवादी पार्टी ने एक नई फोटो शेयर करके कांग्रेस पर पवलटवार किया है। इस फोटो में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव से एनसीपी नेता सुप्रिया सुले आशीर्वाद लेते हुए दिखाई दे रहीं हैं, पास में ही एनसीपी चीफ शरद पवार भी खड़े हैं।
फोटो के साथ समाजवादी पार्टी ने लिखा, 'राजनीतिक शिष्टाचार भूल चुकी है कांग्रेस! जिस कार्यक्रम की तस्वीर लगा रही कांग्रेस उसी कार्यक्रम में कांग्रेस की सहयोगी एनसीपी के नेताओं ने भी लिया नेताजी का आशीर्वाद। इस पर क्या कहेगी कांग्रेस ?'
एक दिन पहले ही भागवत और मुलायम की फोटो हुई थी वायरल
इससे पहले मंगलवार को सोशल मीडिया पर संघ प्रमुख मोहन भागवत और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की एकसाथ फोटो वायरल हुई थी। इसमें दोनों बैठकर किसी मुद्दे पर बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे थे। इस फोटो को शेयर करके यूपी कांग्रेस ने सपा पर हमला किया था। लिखा था, '"नई सपा" में 'स' का मतलब 'संघवाद' है?'