गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नॉर्थ गोवा में घर-घर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता लगे हुए हैं, गोवा में भाजपा को बहुमत मिलेगा और हम सरकार बनाएंगे। मैं जमीनी स्तर पर काम कर रहा हूं यहां राहुल गांधी भी आएंगे तो भी फर्क नहीं पड़ेगा। विकास के सारे काम गोवा में हुए हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तराखंड के श्रीनगर में चुनाव प्रचार करने पहुंचे। यहां उन्होंने गांधी परिवार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 4 धाम सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा इनके नेता वहीं माथा टेकते हैं। यहां राहु-केतु घूम रहे हैं। राहु से राहुल गांधी और केतु से अरविंद केजरीवाल। यह दोनों यहां के विकास को ग्रहण लगा देंगे।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी गोवा में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची हैं। यहां उन्होंने कहा कि ये चुनाव न केवल राजनीतिक दलों के लिए बल्कि गोवा के भविष्य के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। गोवा संसाधनों, प्राकृतिक सौंदर्य, स्कील और युवा जनसंख्या के दृष्टि से समृद्ध है, लेकिन आज यहां देश में दूसरी सबसे ज्यादा बेरोजगारी भी है। मौजूदा सरकार को रोजगार, गोवा के प्राकृतिक सौंदर्य की रक्षा किस प्रकार की जाए इस पर काम करना होगा। लेकिन यहां सरकार का ध्यान इस पर नहीं बल्कि इस पर है कि किस प्रकार से सत्ता में काबिज रहा जाए।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पिथौरागढ़ में कहा कि देश की किसी भी राजनीतिक पार्टी देखें तो हर कोई अपना बेटा, अपना परिवार लेकर चल रहा है। विचार के साथ समाज की सेवा करना, देश की सेवा करना अगर कोई कर रहा है तो वो भाजपा है। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर नीचे गांव तक कोई भी कांग्रेस का नेता ले आएं, वे 15 मिनट अपनी सरकार के काम के बारे में नहीं बोल पाएंगे, क्योंकि उन्होंने काम ही नहीं किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड हमारे और आपके लिए तो देवभूमि है लेकिन ये लोग उत्तराखंड को अपनी तिजोरी समझते हैं, अपना ATM समझते हैं। ईश्वर ने उत्तराखंड को जो प्राकृतिक संसाधन दिए हैं उन्हें ये लूटते रहना चाहते हैं। अपनी जेब भरते रहना चाहते हैं। इन्होंने (कांग्रेस) उत्तराखंड को पीछे धकलने के लिए देश की सुरक्षा तक को ताक पर रखने में संकोच नहीं किया। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो खुद अच्छा नहीं करना चाहते हैं और कोई और अच्छा कर दे तो उनके पेट में दर्द होने लगता है। उत्तराखंड को लेकर कांग्रेस पार्टी का यही रवैया रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड में वर्चुअल रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा है जिसने सरकार में आने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उत्तराखंड राज्य बनाया। दूसरी ओर वे लोग हैं जिन्होंने उत्तराखंड के निर्माण को रोकने के लिए हर संभव षड्यंत्र किया। जितने हो सकते थे रोड़े अटकाए। जो लोग उत्तराखंड को राज्य के रूप में देखना ही नहीं चाहते थे वे उत्तराखंड का विकास होते हुए देखना चाहेंगे क्या? जो लोग उत्तराखंड के सपनों को इसलिए मारना चाहते थे ताकि उनकी विरासत चलती रहे, वे अब आपके संसाधनों की लूट बंद कर देंगे क्या? क्या वे कभी सुधरे हैं? वे कभी नहीं सुधरेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव प्रचार करने के लिए उत्तराखंड पहुंचे हैं। यहां उन्होंने श्रीनगर में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार किया।
वादा करने वालों का पिछला रिकॉर्ड देखें: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करे रहे हैं। यहां उन्होंने कहा कि आज कोई पार्टी या नेता यह कहे कि मैं कुछ करूंगा। तो उन्हें इस बात पर तोलना कि उन्होंने पीछे क्या किया है। वही तय करेगा कि वे आगे क्या करने वाले हैं। यह हमारी पार्टी है जो जनता के बीच में रिपोर्ट कॉर्ड लेकर जाती है और बोलती है कि आप ने हमें पांच साल पहले भेजा था अब यह लो हमारा रिपोर्ट कॉर्ड और काम अब हमें और पांच साल के लिए तैयार करें और आशीर्वाद दें।
Punjab Election: राम रहीम को 21 दिन की पैरोल
रेप और मर्डर केस में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को 21 दिन की पैरोल मिल गई है। गुरमीत अभी हरियाणा के रोहतक जेल में बंद है। पंजाब में गुरमीत राम रहीम का काफी असर माना जाता है। 23 जिलों में करीब 300 बड़े डेरे हैं और यहां राम रहीम का काफी ज्यादा प्रभाव है। चुनाव से ठीक पहले राम रहीम का बाहर आना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
अभिनेता अक्षय कुमार सोमवार को उत्तराखंड पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से मुलाकात की। धामी ने बताया कि उन्होंने अक्षय कुमार के सामने उत्तराखंड के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर काम करने का ऑफर दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
केजरीवाल ने कहा कि आज उत्तराखंड के अंदर सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी की है। जब तक किसी बेरोजगार को नौकरी नहीं मिलती है उसके लिए 5,000 रुपए का बेरोजगारी भत्ता होगा। 18 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के खाते में हर महीने 1,000 रुपए डाले जाएंगे।
आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल चुनाव प्रचार के लिए हरिद्वार पहुंचे हैं। यहां उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में 10 साल कांग्रेस और 11 साल भाजपा ने राज किया। इतने सालों में भ्रष्टाचार को छोड़कर उत्तराखंड के लोगों ने कुछ नहीं देखा। उत्तराखंड की दुर्दशा के लिए ये दोनों पार्टियां जिम्मेदार हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तराखंड में चुनाव प्रचार करेंगे। प्रचार शुरू करने से पहले उन्होंने बागेश्वर में बाबा बागनाथ मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की।
उत्तराखंड के कोटद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रोड शो किया।
Punjab Election: भाजपा में शामिल होंगी माही गिल
पंजाब की सभी 117 सीटों पर 20 फरवरी को मतदान होगा। वोटों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी। इस बीच खबर है कि अभिनेत्री माही गिल आज बीजेपी में शामिल होंगी। हिंदी फिल्मों के अलावा माही ने पंजाबी फिल्मों में भी काम किया है। और पंजाब में उनकी काफी पैन फॉलोइंग है।
Punjab Election: सुखबीर सिंह बादल पर एफआईआर दर्ज
शिरोमणि अकाली दल बादल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ थाना सिटी फरीदकोट में कोरोना नियमों के उल्लंघन को लेकर केस दर्ज हुआ है। इसके फरीदकोट से उम्मीदवार परमबंस सिंह बंटी रोमाणा को भी नामजद किया गया है। यह कार्रवाई रिटर्निंग अफसर द्वारा की गई लिखित सिफारिश के बाद दर्ज किया गया है। दोनों ने सरकारी हुक्म नहीं मानने पर आईपीसी की धारा 188 और डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Uttarakhand Election: उत्तराखंड में तीन दिन तक रहेंगे अरविंद केजरीवाल
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उत्तराखंड के सातवें दौरे पर हैं। रविवार को वह हरिद्वार पहुंचे। वे तीन दिन तक तीर्थ नगरी हरिद्वार से पार्टी के चुनाव प्रचार का मोर्चा संभालेंगे। माना जा रहा है कि केजरीवाल हरिद्वार से पार्टी का घोषणा पत्र जारी कर सकते हैं। वे हरिद्वार के एक होटल में मीडिया कान्क्लेव में शामिल होंगे। केजरीवाल हरिद्वार से ही प्रदेश की 70 सीटों पर पार्टी के चुनाव प्रचार का फीडबैक भी लेंगे। साथ ही अंतिम समय में चुनाव रणनीति को धार देंगे।
Uttarakhand Election 2022: पीएम मोदी की आज वर्चुअल रैली
उत्तराखंड में चुनावी हवा बनाने के लिए सियासी पिच पर किस्मत आजमा रहे भाजपा प्रत्याशियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दरकार है। चुनाव मैदान में उतरे सभी पार्टी प्रत्याशी चाहते हैं कि उनके क्षेत्र में मोदी की जनसभा हो। हालांकि भाजपा ने प्रदेश के पांचों लोकसभा क्षेत्रों में मोदी के वर्चुअल जन चौपाल कार्यक्रम दोबारा से तय कर दिए हैं। सात फरवरी को वो हरिद्वार लोकसभा सीट में वर्चुअल संबोधन करेंगे। भाजपा गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में मोदी की भौतिक चुनावी रैली कराने की भी तैयारी कर रही है।