आदिवासी समुदाय से किया संवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहडोल जिले के पकारिया में आदिवासी समुदाय के नेताओं, स्वसहायता समूहों और पेसा कमेटी के नेताओं के साथ-साथ पकारिया गांव के फुटबॉल क्लबों के कप्तानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की ओर से जनजातीय समाज के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही आदिवासियों की चिंताओं को हर स्तर पर दूर करने का प्रयास किया।
मोदी ने कहा- रानी दुर्गावती की प्रेरणा से बनाया अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जय सेवा जय जौहार। आज मुझे रानी दुर्गावती जी की इस पावन धरती पर आप सभी के बीच आने का सौभाग्य मिला है। मैं रानी दुर्गावती जी के चरणों में अपनी श्रद्धांजलि समर्पित करता हूं। उनकी प्रेरणा से आज सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, एक बहुत बड़े अभियान की शुरुआत हो रही है। आज ही मध्य प्रदेश में एक करोड़ लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी दिए जा रहे हैं। इन दोनों ही प्रयासों के सबसे बड़े लाभार्थी हमारे गोंड समाज, भील समाज, या अन्य हमारे आदिवासी समाज के लोग हैं। मैं आप सभी को मध्य प्रदेश की डबल इंजन सरकार को बधाई देता हूं। हमारा देश के आदिवासी भाई-बहनों को सुरक्षित बनाने का संकल्प है। यह संकल्प है हर साल सिकल सेल एनीमिया की गिरफ्त में आने वाले ढाई लाख बच्चे और ढाई लाख परिवारों का जीवन बचाने का। मैंने देश के अलग-अलग इलाकों में आदिवासी समाज के बीच एक लंबा समय गुजारा है।
शिवराज बरसे कांग्रेस और कमलनाथ पर
सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ
जबलपुर से शहडोल के लिए रवाना हुए पीएम
पीएम मोदी शहडोल जिले के एक दिवसीय दौरे पर हैं। पीएम भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से जबलपुर के डुमना विमानतल पहुंच गए हैं। अब यहां से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर द्वारा शहडोल जिले के लालपुर के लिए रवाना होंगे, जहां आम सभा को संबोधित करने के साथ ही कई अन्य कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे।
मिलेट्स से बने व्यजंनों का स्वाद चखेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी पकरिया गांव में जनजातीय समाज के लोगों के साथ भोजन करेंगे। इसके लिए पकरिया गांव के टोला से 25 लोगों का चयन किया गया है। यह आदिवासी बहुल इलाका है। प्रधानमंत्री मिलेट्स से बने स्थानीय व्यंजन का स्वाद चखेंगे। यह भोजन सेल्फ हेल्प ग्रुप की दीदियां ही आदिवासी परिवार के घर में तैयार करेंगी। इससे पहले प्रधानमंत्री लालपुर में एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। यहां से प्रधानमंत्री सिकल सेल एनीमिया और आयुष्मान कार्ड का वर्चुअली वितरण भी करेंगे।
पीएम मोदी के दौरे के सियासी मायने
मध्यप्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव हैं। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही आदिवासी वोटरों को साधने के लिए ताकत झोंक रहीं हैं। बता दें, 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को आदिवासी वोटरों की नाराजगी का नुकसान हुआ था। मध्यप्रदेश में 230 में से 47 सीटें आदिवासी समाज के लिए आरक्षित हैं। 2013 में भाजपा ने 31 सीटें जीती थी, जबकि 2018 में यह सीटें कम होकर 16 पर आ गईं। भाजपा ने विधानसभा के साथ ही अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। यही, वजह है कि प्रधानमंत्री के दौरे के लिए मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित शहडोल का चयन किया गया, ताकि दोनों राज्यों के आदिवासी वोटरों को साधा जा सके।
शहडोल-बुढ़ार मार्ग का रूट डायवर्ट
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में आने वाली भीड़ को देखते हुए बुढ़ार-शहडोल मार्ग के रूटीन वाहनों के रूट को परिवर्तित किया गया है। इसमें सुबह आठ बजे से लेकर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम समाप्त होने तक बुढ़ार की ओर से शहडोल जाने वाले सभी वाहनों के लिए खैरहा सिंहपुर का रूट दिया गया है। इसी प्रकार शहडोल से बुढ़ार की ओर आने वाले वाहनों का रूट भी डायवर्ट रहेगा।
सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन का शुभारंभ करेंगे पीएम
सीएम शिवराज ने पीएम मोदी के शहडोल दौरे की जानकारी देते हुए कहा कि दूसरा महत्वपूर्ण कार्यक्रम सिकल सेल उन्मूलन मिशन है।
सिकलसेल एक बहुत जटिल और कष्टपूर्ण बीमारी है। अधिकतर हमारे आदिवासी भाई बहन इसके शिकार होते हैं। इससे निपटने के लिए सिकल सेल एनीमिया मिशन प्रधानमंत्री जी पूरे देश में लॉच करेंगे।
एक तरफ जहां आयुष्मान कार्ड से पांच लाख तक का इलाज एक साल के लिए पूरे परिवार के लिए होगा, तो वहीं जिन भाई बहनों को सिकल सेल एनीमिया है उसका इलाज, और आगे न हो उनके बचाव के उपाय भी बताएगा। आज हमारे जनजातीय भाई-बहनों और साथ ही लखपति बहने हैं, फुटबॉल के नन्हें खिलाड़ी और पेसा के हितग्राहियों से भी पकरिया गांव में भी संवाद करेंगे।
आज का दिन देश के लिए महत्वपूर्ण: CM
पीएम मोदी के शहडोल दौरे को लेकर सीएम शिवराज ने कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेश के साथ ही देश के लिए बहुत महत्वूर्ण है आज हमारे प्रधानमंत्री शहडोल पधार रहे हैं। मध्यप्रदेश की धरती पर नौ करोड़ मध्यप्रदेशवासियों की ओर से उनका हृदय से स्वागत और अभिनंदन। रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस के अवसर पर हमने पूरे प्रदेश में यात्राएं निकाली थीं। उन यात्राओं का समापन पहले 27 जून को शहडोल में था, लेकिन भारी बारिश के कारण जनता को कोई दिक्कत न हो इसलिए प्रधानमंत्री जी ने 27 जून का प्रवास बदलकर 1 जुलाई निर्धारित किया। वीरांगना रानी दुर्गावती के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। लेकिन इसके साथ दो महत्वपूर्ण अभियान साढ़े तीन करोड़ आयुष्मान कार्ड आज पूरे देश में वितरित किए जाएंगे। मध्यप्रदेश में भी एक करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड अलग अलग शहडोल के अलावा 25 हजार स्थानों पर वितरित किए जाएंगे। जहां हितग्राही भाई बहन रहेंगे।
पीएम खाट पर बैठकर करेंगे संवाद
पीएम मोदी पकरिया गांव में जनजातीय समुदाय, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न पंचायत समितियों के नेताओं और ग्राम फुटबॉल क्लब के कप्तानों समेत करीब 362 लोगों से खाट पर बैठकर संवाद करेंगे। बारिश की चेतावनी को देखते हुए पकरिया गांव की अमराई के बगल में ही वॉटर प्रूफ टेंट लगाया गया है। बारिश नहीं होने पर कार्यक्रम खुले आसमान के नीचे अमराई में करने के भी इंतजाम किए गए हैं।
वहीं, लालपुर के समीप स्थित रिलायंस के गेस्ट हाउस को एसपीजी ने अपने कब्जे में लिया है, बुढार थाना क्षेत्र के नगर में स्थित एक निजी बड़ी होटल को भी एसपीजी ने खाली कराया है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वापसी के समय अगर मौसम बिगड़ा तो उनके ठहरने की वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी की गई है, हालांकि पीएम मोदी के रुकने की आधिकारिक पुष्टि किसी बड़े अधिकारी ने नहीं की है।
पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
एसपीजी पर पीएम मोदी की सुरक्षा की जिम्मेदारी
पीएम मोदी करीब दोपहर 3:25 बजे शहडोल के लालपुर हेलीपैड पर पहुंचेंगे, जहां से लालपुर मैदान पर कार्यक्रम को संबोधित करने के बाद पकरिया गांव में आदिवासी समुदाय के लोगों से संवाद कर भोज करेंगे। पीएम के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। एसपीजी ने सुबह से ही चप्पे-चप्पे पर जांच शुरू कर दी है। पीएम मोदी की सुरक्षा का जायजा लेने के लिए डीजीपी सुधीर सक्सेना भी शुक्रवार शाम शहडोल पहुंचे थे और लालपुर सहित कार्यक्रम स्थल का उन्होंने जायजा लिया था। डीजीपी ने फाइनल रिहर्सल का भी जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। शनिवार सुबह भी डीजीपी जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर कार्यक्रम स्थल का जायजा लेने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री की सुरक्षा का जिम्मा एसपीजी ने खुद ले लिया है, और जगह-जगह पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (1 जुलाई) को शहडोल जिले के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी यहां राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की शुरुआत करेंगे। वह लाभार्थियों को सिकल सेल जेनेटिक स्टेटस कार्ड का वितरण भी करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित रानी दुर्गावती गौरव यात्रा का समापन भी पीएम मोदी करेंगे। इस दौरान वे रानी दुर्गावती को श्रद्धांजलि देंगे।
प्रधानमंत्री, एक अनूठी पहल के तहत शहडोल जिले के पकरिया गांव का दौरा करेंगे, जहां वह जनजातीय समुदाय, स्वयं सहायता समूहों, विभिन्न पंचायत समितियों के नेताओं और ग्राम फुटबॉल क्लब के कप्तानों से खाट पर बैठकर संवाद करेंगे। पीएम मोदी के दौरे की सारी तैयारी कर ली गई है। बता दें, इससे पहले पीएम मोदी 27 जून को शहडोल जिले के दौरे पर आने वाले थे, लेकिन भारी बारिश के चलते उनका दौरा स्थगित हो गया था