09:34 AM, 30-Mar-2024
MP Lok Sabha Chunav Live: छह सीटों पर नाम वापसी का आज आखिरी दिन, भाजपा में शामिल होंगे कांग्रेस के कई नेता
Madhya Pradesh Lok Sabha Chunav Live: मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव का सियासी शोर जारी है। कांग्रेस और भाजपा के नेता एक दूसरे पर जमकर सियासी हमले बोल रहे हैं। वहीं, दूसरी तरह चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों के लिए दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में किए गए नामांकन वापसी का आज आखिरी दिन है, ऐसे में देखना यह होगा कि कितने प्रत्याशी अपना नाम वापस लेते हैं।
पहले चरण में छह सीटों पर वोटिंग
पहले चरण में सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा समेत छह सीटों पर मतदान होगा। इन सीटों पर उतरने वाले प्रत्याशी नामांकन कर चुके हैं। आज 30 मार्च नाम वापसी का अंतिम दिन हैं। 19 अप्रैल को यहां मतदान होना है।
इन सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी
प्रदेश की सात लोकसभा सीट टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद और बैतूल के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है। राजनीतिक पार्टियों समेत निर्दलीय प्रत्याशी चार अप्रैल तक नामांकन कर सकते हैं और आठ अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 26 अप्रैल को इन सीटों पर मतदान होगा।