Rahul Gandhi in indore: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इंदौर में होने वाले छात्रों की गूंज कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मंच पर पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी छात्रों से संवाद कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षाओं के दौरान कुछ अभ्यर्थियों से भी गलतियां हुई हैं, लेकिन कहीं न कहीं उनका सिस्टम पर भरोसा खत्म हो गया है। इस पर छात्रों की ओर से आवाज आई, “सर, हम सिस्टम से हार गए।”
राहुल गांधी ने कहा कि सिस्टम के अंदर बैठे कुछ लोग भ्रष्ट हो जाते हैं। पैसे के लालच में पेपर लीक कर देते हैं और लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर भ्रष्ट लोग परीक्षा व्यवस्था का हिस्सा बने रहेंगे और परीक्षा प्रणाली ही भ्रष्ट होगी, तो इसका नुकसान छात्रों को उठाना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि अगर आज हम छात्रों से बात करें तो वे खुश नहीं हैं। छात्र असहज हैं, उन्हें अपना भविष्य स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है और वे दबाव में हैं। उन्होंने कहा, “आइए, छात्रों की आवाज सुनते हैं। वे सिस्टम के बारे में क्या कह रहे हैं, इसे सुनते हैं। छात्रों के मन में सवाल है कि परीक्षाओं पर भरोसा कैसे किया जाए? कैसे भरोसा करें कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ हो रही है? कैसे पता चले कि किसी परीक्षा में सही तरीके से चयन हुआ है या नहीं?”
राहुल गांधी ने इंदौर में अपने स्वागत के लिए लोगों का आभार जताते हुए कहा, “आपने मेरा जिस तरह स्वागत किया, उसके लिए धन्यवाद। मैं यहां आकर बहुत खुश हूं।” उन्होंने कहा कि कोटा, देहरादून और पुणे के बाद अब ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम इंदौर में आयोजित किया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि हर शहर में कार्यक्रम के दौरान छात्रों से जुड़े मुद्दों और उनके भविष्य को लेकर सवाल उठाए जाते हैं। इनमें पेपर लीक, संस्थागत विफलता, इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी, शिक्षा की बढ़ती लागत और निजीकरण जैसे विषय शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “इंदौर में हमने तय किया है कि आज का विषय ‘सिस्टम बनाम स्टूडेंट्स’ होगा। छात्र बताएंगे कि सिस्टम क्या है, वह छात्रों को किस तरह प्रभावित कर रहा है और उनके भविष्य के सामने किस तरह की चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।”
राहुल गांधी ने कहा कि कार्यक्रम में कई युवा मंच पर आकर खुलकर अपनी बात रखेंगे। इसके साथ ही उन्होंने इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत की।
कांग्रेस नेता सोहराब पटेल की विमानतल पर जेब कट गई। वे एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के स्वागत के लिए पहुंचे थे। पर्स में करीब आठ हजार रुपये रखे थे। पटेल ने एरोड्रम थाने में जेब कटने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले युवाओं और छात्रों की भीड़ को नियंत्रित करने को लेकर पुलिस और आयोजकों के बीच बहस हो गई। इसी दौरान डीसीपी नरेंद्र रावत मंच पर पहुंचे और कार्यक्रम का संचालन कर रहे व्यक्ति से उनकी तीखी बहस हुई। डीसीपी के अचानक मंच पर पहुंचने से आयोजकों और पुलिस के बीच जमकर विवाद हुआ। बहस के बीच जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े भी मंच पर पहुंचे।
खरगोन के छात्र बड़ी संख्या में इंदौर पहुंचे हैं। वे राहुल गांधी को नर्सिंग कॉलेज से जुड़ी अपनी समस्याएं बताना चाहते हैं। छात्रों का कहना है कि 5 से 6 साल हो गए हैं, लेकिन उनकी परीक्षाएं नहीं हो रही हैं। इसे लेकर वे कई बार आंदोलन भी कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। छात्रों का कहना है कि अब वे राहुल गांधी को ही अपनी समस्या के समाधान के लिए अंतिम विकल्प मान रहे हैं।
राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल पर दोपहर 12 बजे के बाद से ही भीड़ जुटना शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रहे हैं। आसपास के सभी रास्तों पर भी युवाओं की भीड़ नजर आ रही है। राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
राहुल गांधी का काफिला इंदौर के चंद्रगुप्त चौराहे पर ट्रैफिक के बीच फंस गया। राहुल गांधी करीब 10 मिनट तक ट्रैफिक में रुके रहे। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ भी उनकी कार के पास पहुंच गई।
राहुल गांधी इंदौर एयरपोर्ट से होटल के लिए रवाना हो गए हैं। राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल के आसपास उनके विरोध में बड़ी संख्या में होर्डिग लगे हुए हैं। कांग्रेस नेताओं ने होर्डिंग को निकालने का पूरा प्रयास किया लेकिन अभी भी शहर में जगह-जगह इन होर्डिग को देखा जा रहा है। भवरकुआं क्षेत्र जहां मुख्य रूप से छात्र सबसे अधिक संख्या में रहते हैं और कांग्रेस ने सबसे अधिक दिनों तक यहां प्रचार अभियान चलाया। इस इलाके में बड़ी संख्या में झूठ की गूंज के नाम से होर्डिग लगाए गए हैं। इन पोस्टर में में राहुल गांधी का चेहरा काला किया गया है। उनके चेहरे के ऊपर झूठ की गूंज लिखा हुआ है। नगर निगम और प्रशासन के द्वारा अभी तक किया जानकारी नहीं दी गई है कि यह होर्डिंग किसने लगाए हैं।
एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा होने लगी है। बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता अपने समर्थकों के साथ आ रहे हैं। एमआर 10 चौराहे पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी का स्वागत करने उमड़े हैं। एयरपोर्ट से होटल तक राहुल गांधी के स्वागत के लिए कांग्रेस नेताओं ने मंच लगाए हैं हालांकि किसी भी मंच पर राहुल गांधी नहीं जाएंगे। वे एयरपोर्ट से सीधे होटल के लिए रवाना होंगे।
इंदौर एयरपोर्ट पर राहुल गांधी के स्वागत के लिए कई कांग्रेसी नेता पहुंचे हैं। एयरपोर्ट पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी आ चुके हैं। कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने इंदौर में लगे राहुल गांधी के खिलाफ पोस्टर को लेकर कहा कि भाजपा घबरा गई है और आईसीयू में पहुंच चुकी है।
राहुल गांधी अपनी इंदौर यात्रा के दौरान 56 दुकान भी जा सकते हैं। राहुल गांधी दिल्ली से इंदौर के लिए रवाना हो चुके हैं। वे 1.45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से वे रेडिसन होटल आएंगे। फिर शाम 5:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे
राहुल गांधी एबी रोड से आयोजन स्थल तक जाएंगे। पहले होटल से सुपर कॉरिडोर, एयरपोर्ट रोड होते हुए जाने का रूट तय किया गया था जिसका कांग्रेस नेताओं ने विरोध किया था।
राहुल गांधी की इंदौर यात्रा में राजनीति के साथ शहर के जायके का रंग भी नजर आ रहा है। शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ आयोजन से एक दिन पहले राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर इंदौर के पोहे-जलेबी का जिक्र कर युवाओं से जुड़ने की कोशिश की।
कार्यक्रम स्थल पर करीब 15 हजार छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम में प्रवेश पंजीकरण कराने वाले छात्रों को ही दिया जाएगा। छात्रों की एंट्री दोपहर करीब 2:30 बजे से पास स्कैन करने के बाद शुरू होगी। कार्यक्रम में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता व्यवस्थाएं संभालेंगे, जबकि आयोजन स्थल पर किसी भी नेता को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
राहुल गांधी दोपहर करीब 1:45 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद उनका विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है। शाम 5:30 बजे क्षेत्रीय पार्क परिसर के सामने तैयार किए गए भारत जोड़ो मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम का मुख्य फोकस छात्रों और युवाओं से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक तथा प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद करना है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज इंदौर दौरे पर हैं। वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के युवाओं और छात्रों से शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम शनिवार, 19 सितंबर को इंदौर के क्षेत्रीय पार्क के सामने स्थित आईडीए मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जिसे ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया गया है। राहुल गांधी के दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उनकी अगवानी करेंगे। इसके बाद राहुल गांधी रेडिसन होटल जाएंगे और वहां से सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।