इस बीच, सूत्रों ने कहा है कि झामुमो के साथ-साथ गठबंधन में शामिल दूसरे दलों के विधायकों को राज्य से बाहर भेजने की तैयारी हो रही है। सूत्रों के मुताबिक दो विमानों में सवार विधायक हैदराबाद भेजे जा रहे हैं।
कांग्रेस का भाजपा पर गंभीर आरोप
इसी बीच कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भाजपा पर जनादेश का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय के दम पर झारखंड में मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया।
राज्यपाल से मिले पहुंचे चंपई सोरेन
झामुमो के विधायक दल के नेता चुने गए चंपई सोरेन राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिलने उनके आवास पर पहुंच गए हैं। इससे पहले उन्होंने पत्र लिखकर राज्यपाल से मिलने का समय मांगा था। जिसके बाद राज्यपाल ने उन्हें 5.30 बजे का समय दिया था। चार और विधायक भी उनके साथ गए हैं। जिनमें आलमगीर आलम, झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य भी हैं।
हेमंत सोरेन आज की रात जेल में ही रहेंगे
हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के विधायक दल के नेता चुने गए चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। गुरुवार को उन्होंने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन से मिलने का समय मांगा। राजभवन ने चंपई सोरेन को शाम 5.30 बजे बुलाया है। माना जा रहा है कि उन्हें सीएम पद की शपथ दिलाई जा सकती है। खबरों के अनुसार राज्यपाल से कुल पांच लोग मिल सकते हैं।
प्र वर्तन निदेशालय (ईडी) ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बृहस्पतिवार को यहां धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) अदालत में पेश किया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन को बुधवार रात यहां उनके आधिकारिक आवास पर धनशोधन मामले में सात घंटे की पूछताछ के बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था। ईडी ने भारी सुरक्षा के बीच सोरेन को यहां पीएमएलए अदालत में पेश किया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सूत्रों ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय ने हेमंत सोरेन को 10 दिनों की हिरासत पर भेजने की अपील की है।
झारखंड में झामुमो के विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने राज्यपाल से मिलने का वक्त मांगा है। बताया गया है कि उन्होंने तीन बजे मुलाकात की मांग की है। हालांकि, अगर उन्हें राज्यपाल समय नहीं देते तो वह विधायकों को दूसरी जगह ले जा सकते हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने झारखंड में अपने समकक्ष हेमंत सोरेन को कथित भूमि घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी लोकसभा चुनाव जीतने के लिए विपक्षी नेताओं को जेल में डाल रही है।
हेमत सोरेन का पक्ष रखते हुए सिब्बल ने सोरेन की गिरफ्तारी के समय और अन्य प्रक्रियात्मक पहलुओं का जिक्र किया और कहा कि यह एक गंभीर मामला है। उन्होंने यह सवाल भी किया कि किसी राज्य के मुख्यमंत्री को इस तरह कैसे गिरफ्तार किया जा सकता है। इस पर एएसजी ने जवाब दिया, ‘‘उनके खिलाफ बहुत गंभीर आरोप भी हैं।’’ सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एस वी राजू ने सोरेन की याचिका का विरोध करते हुए कहा कि उच्च न्यायालय गुरुवार को याचिका पर पहले ही सुनवाई करने वाला था।"
झारखंड उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी सोरेन की अपील पर बृहस्पतिवार को सुनवाई करने वाले थे। लेकिन सोरेन की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल, अभिषेक सिंघवी तथा अन्य कानूनी सहयोगियों ने रणनीति बदली और झारखंड उच्च न्यायालय से राहत पाने की दिशा में आगे बढ़ने के बजाय उच्चतम न्यायालय का रुख करने का फैसला किया।
हेमंत सोरेन ने पहले झारखंड के उच्च न्यायालय में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती दी और आज उन्होंने अपने वकीलों के माध्यम से उच्चतम न्यायालय का रुख किया। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री की याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करने के लिए सहमत हुई। सिब्बल ने इस दौरान बेंच से कहा, ‘‘हम उच्च न्यायालय में दायर याचिका वापस ले लेंगे...आम चुनाव से ठीक पहले गिरफ्तार किए जाने के तरीके से देश की राजनीति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।’’
हेमंत सोरेन अब ईडी द्वारा अपनी गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंचे हैं। उनके वकील कपिल सिब्बल ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने उनकी याचिका स्वीकार कर ली है। दो फरवरी को मामले में सुनवाई होगी।
ईडी द्वारा पूछताछ के संबंध में झारखंड के पूर्व CM हेमंत सोरेन की गिरफ़्तारी से पहले का एक वीडियो जारी किया गया है। जिसमें उन्होंने कहा, "ऐसे विषय पर मुझे गिरफ़्तार करने का फैसला सुनाया गया जो चीजें मुझसे जुड़ी ही नहीं....जाली कागज़ बनाकर, फर्जी शिकायत के आधार पर मुझे गिरफ़्तार किया जा रहा है, आज नहीं तो कल सत्य की विजय होगी... हाल ही में एक राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बिहार हुआ है, अब ये दूसरा शिकार झारखंड को बनाना चाहते हैं..."
झामुमो विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद चंपई सोरेन ने कहा, "गुरु जी हमारे आदर्श हैं... गुरु जी के आदर्श को मानकर हम झारखंड में अस्मिता बचाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे... आपलोगों ने देखा है कि कैसे सालों से आदिवासियों की आवाज़ को दबाया जा रहा है..."
ईडी के समन के खिलाफ हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है। मामले की सुनवाई कल सुबह 10:30 बजे होगी।
भाजपा नेता प्रतुलशाह देव ने कहा, "बुरे काम का बुरा नतीजा, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ यह तो होना ही था... मुख्यमंत्री भूल गए थे कि कानून सबसे ऊपर होता है। वे 40 घंटे तक गायब रहे, उसके बाद झारखंड आए पूछताछ हुई और गिरफ्तारी हो गई। काश उन्होंने ईमानदारी और कानून, संविधान के प्रति आस्था और निष्ठा की जो शपथ ली थी उसका पालन किया होता तो यह दिन नहीं देखना पड़ता।"
सोरेन की गिरफ्तार से नाराज आदीवासी संगठनों ने आज झारखंड बंद का आह्नान किया है। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय टिरके ने बताया कि 15 से 20 आदिवासी संगठनों भी झारखंड बंद के आह्वान में शामिल होंगे।
Hemant Soren Arrest LIVE: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को कथित जमीन घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इससे पहले ही सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद सत्तारूढ़ झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन ने नए राज्य प्रमुख के रूप में वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन का नाम प्रस्तावित किया। आज राजभवन में चंपई सोरेन का शपथग्रहण हो सकता है। इस बीच झारखंड में कुछ आदिवासी संगठनों ने बंद का आह्वान किया है। वहीं, हेमंत सोरेन की तरफ से झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर हुई है, जिस पर आज सुबह 10.30 बजे सुनवाई होगी। अमर उजाला के साथ जानें झारखंड का पल-पल का अपडेट...