छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के मंत्री टीएस सिंह देव ने गहलोत गुट के विधायकों के विरोध को गलत बताया। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि अशोक गहलोत जैसा वरिष्ठ नेता विधायकों को कैसे नियंत्रित नहीं कर पाया और इस तरह के हालात बने। सिंह देव ने कहा, जिस तरह से राजस्थान में कुछ मंत्रियों और विधायकों ने अनुशासन की सीमा को पार किया वह अनुचित था। सिंह देव ने रायपुर में मीडिया से बात करते हुए यह बातें कहीं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और शांति धारीवाल मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। अशोक गहलोत आज दिल्ली जाने वाले हैं। ऐसे में डोटासरा और धारीवाल का उनके घर पहुंचना चर्चा का विषय बन गया है।
नोटिस को लेकर महेश जोशी ने कहा कि हमने आलाकमान को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हो, इसका ध्यान रखा। इसके साथ ही जोशी ने मांग की कि मानेसर गए लोगों में से किसी को मुख्यमंत्री नहीं बनाया जाए।
मीडिया रिपोर्टस के अनुसार प्रियंका गांधी थोड़ी देर में सचिन पायलट से मुलाकात कर सकती हैं। सचिन पायलट मंगलवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे।