फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Winter Session 2021: सदन में दिन भर मचा रहा हंगामा, लोक सभा में बुधवार को ओमिक्रॉन वैरिएंट पर हो सकती है चर्चा

Tue, 30 Nov 2021 05:23 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

संसद के शीतकालीन सत्र में 12 सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्षी दलों का हंगामा जारी है। हालांकि, राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू निलंबन वापस लेने से साफ इनकार कर दिया। 
विज्ञापन
राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:20 PM, 30-Nov-2021

लोक सभा में ओमिक्रॉन पर चर्चा संभव

लोक सभा में बुधवार को नियम 193 के तहत कोविड19 के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन पर चर्चा हो सकती है। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। 
 

03:40 PM, 30-Nov-2021

दोनों सदन स्थगित

लोक सभा सभा और राज्य सभा एक दिसंबर तक स्थगित। हंगामे के चलते आज दोनों सदनों को कई बार स्थगित करना पड़ा था। 
 

03:13 PM, 30-Nov-2021

मल्लिकार्जुन खड़गे भी वेंकैया नायडू को लिखेंगे चिट्ठी

विपक्ष के 12 सांसदों को राज्यसभा से निलंबित किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा सभापति वेंकैया नायडू को चिट्ठी लिखेंगे। खड़गे इससे पहले कह चुके हैं कि निलंबित सांसदों ने कोई गलती नहीं की थी, इसलिए वे माफी भी नहीं मांगेंगे। हालांकि, सभापति नायडू साफ कर चुके हैं कि वे बिना माफी के किसी सांसद का निलंबन माफ नहीं करेंगे। 

विज्ञापन
02:16 PM, 30-Nov-2021

विपक्ष के हंगामे को लेकर पीयूष गोयल नाराज

12 सांसदों के निलंबन पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने विपक्ष के हंगामे पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- "पिछले सत्र में विपक्ष की मंशा सत्र को ना चलने देने की थी। अध्यक्ष का अपमान किया गया, पेपर फेंके गए। लेडी मार्शल को चोट लगी। इसे देखते हुए आवश्यक था कि ये कार्रवाई की जाए। सदस्य को माफी मांगनी चाहिए।"

02:09 PM, 30-Nov-2021

लोकसभा की कार्रवाई फिर स्थगित

12 सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा की कार्यवाही मंगलवार को तीसरी बार स्थगित की गई। पहले दोपहर 12 बजे तक, फिर दोपहर 2 बजे और अब फिर लोकसभा को 3 बजे तक के लिए स्थगित किया गया है। 

विज्ञापन
02:04 PM, 30-Nov-2021

पूर्व पीएम एचडी देवगौड़ा से मिले प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संसद पहुंचकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर वरिष्ठ मंत्रियों के साथ चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा से भी मुलाकात की। सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें मोदी को देवगौड़ा का हाथ पकड़कर कुर्सी पर बिठाते देखा जा सकता है। 

01:49 PM, 30-Nov-2021

मुंद्रा पोर्ट पर पकड़ी गई हेरोइन की जांच एनआईए के पास

गृह मंत्रालय ने लोकसभा में लिखित जवाब में कहा है कि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पकड़ी गई 21 हजार करोड़ रुपए की हेरोइन के मामले में जांच एनआईए को सौंपी गई है। फिलहाल निजी एयरपोर्ट्स या बंदरगाहों और पकड़े गए नशीले पदार्थों को लेकर ऐसा कोई डेटा या स्टडी नहीं है, जिससे इनका संबंध स्थापित होता हो। 

गृह मंत्रालय ने आगे कहा कि हाल ही में असम राइफल्स के बेड़े पर जो हमला हुआ था। उस मामले की जांच भी एनआईए को सौंपी गई है। हालांकि, इसमें किसी विदेशी ताकत के हाथ होने की बात सामने नहीं आई है। 

01:42 PM, 30-Nov-2021

निलंबन के खिलाफ धरना देंगे 12 सांसद

राज्यसभा से निलंबित किए गए 12 सांसद राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू को चिट्ठी लिखकर अपने निलंबन के खिलाफ तर्क प्रस्तुत करेंगे। वे बुधवार को संसद के सामने लगी गांधी प्रतिमा पर धरना भी देंगे।

01:23 PM, 30-Nov-2021

बिना माफी मांगे वापस नहीं होगा 12 सांसदों का निलंबन

राज्यसभा में 12 सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आठ विपक्षी दलों का एक गुट उपसभापति वेंकैया नायडू से भी मिला। सूत्रों के मुताबिक, नायडू ने यहां विपक्ष को साफ कर दिया कि सांसद अगर माफी नहीं मांगेंगे तो उनका निलंबन जारी रहेगा।

12:56 PM, 30-Nov-2021

सांसदों के निलंबन पर राहुल गांधी का ट्वीट

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 12 सांसदों के निलंबन को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने निलंबन वापसी के लिए सांसदों की ओर से माफी मांगे जाने की अटकलों पर कहा- "किस बात की माफ़ी? संसद में जनता की बात उठाने की? बिलकुल नहीं!"

12:41 PM, 30-Nov-2021

'कश्मीर में सामान्य स्थिति लानी है, तो अनुच्छेद 370 फिर लागू हो'

नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के सांसद फारूक अब्दुल्ला ने संसद में फिर अनुच्छेद 370 को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर कश्मीर में सामान्य स्थिति बनाई जानी है, तो अनुच्छेद 370 को लागू करना होगा।

12:22 PM, 30-Nov-2021

भारत में ओमिक्रॉन वैरिएंट का मामला नहीं: मनसुख मंडाविया

राज्यसभा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने बताया है कि भारत में अब तक कोरोनावायरस के ओमीक्रोन वेरिएंट का कोई मामला दर्ज़ नहीं किया गया है।

12:17 PM, 30-Nov-2021

12 सांसदों के निलंबन पर विपक्षी नेताओं की एक और बैठक

विपक्षी सांसदों ने 12 सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर संसद में एक और बैठक की है। बताया गया है कि यह बैठक कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खडगे के दफ्तर में हुई। इससे पहले भी विपक्षी सांसद बैठक कर चुके हैं। उधर कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने 12 सांसदों के निलंबन के मुद्दे पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हमने आज पूरे दिन के लिए लोकसभा की कार्यवाही के बहिष्कार का फैसला किया है। 

11:55 AM, 30-Nov-2021

संसद में गांधी प्रतिमा के सामने विपक्ष का प्रदर्शन

विपक्षी नेताओं ने 12 सांसदों को राज्यसभा से निलंबित किए जाने के फैसले के खिलाफ मंगलवार को संसद परिसर में स्थित गांधी प्रतिमा के पास खड़े होकर प्रदर्शन किया। यह सांसद लोकसभा और राज्यसभा से वॉकआउट कर के बाहर जुटे थे। 

11:30 AM, 30-Nov-2021

विपक्ष ने किया वॉकआउट

राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू की ओर से सांसदों के निलंबन को वापस न लिए जाने के बाद कांग्रेस समेत कई विपक्षी पार्टियों के सांसदों ने वॉकआउट कर दिया।

11:26 AM, 30-Nov-2021

सांसदों का निलंबन रद्द करने की अपील खारिज

राज्यसभा सभापति वेंकैया नायडू ने विपक्ष के 12 सांसदों का निलंबन वापस लेने की अपील को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि सभापति को कार्रवाई करने का अधिकार है और वह कार्रवाई कर सकता है। उन्होंने कहा कि पिछले सत्र का कड़वा अनुभव हमें आज भी याद है। उधर, एलओपी मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सांसदों पर की कई कार्रवाई का मुद्दा पिछले सत्र का है, तो इस पर अब निर्णय कैसे लिया जा सकता है। 

11:19 AM, 30-Nov-2021

लोकसभा दो बजे तक स्थगित

कांग्रेस, डीएमके और नेशनल कांफ्रेंस के वॉकआउट के बाद लोकसभा को दो बजे तक स्थगित कर दिया गया है। 

11:13 AM, 30-Nov-2021

सांसदों के निलंबन पर चल रही विपक्ष की बैठक

12 सांसदों के निलंबन पर विपक्षीय दलों की बैठक शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक, सभी निलंबित सांसद 12 बजे उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू से भी मुलाकात कर सकते हैं। उधर, राज्यसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि सांसदों का निलंबन करके सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। उन्होंने कहा कि सांसदों को अपना जवाब देने की अनुमति मिलनी चाहिए। 

11:05 AM, 30-Nov-2021

पीएम मोदी की वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक 

सांसदों के निलंबन से विपक्ष की नाराजगी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी संसद पहुंच कर वरिष्ठ मंत्रियों के साथ अहम बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के अलावा कई मंत्री मौजूद हैं। 


 

10:11 AM, 30-Nov-2021

विपक्ष की आवाज दबाने का काम- मल्लिकार्जुन खड़गे

शीतकालीन सत्र के दौरान 12 सांसदों के निलंबन पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कांग्रेस नेता व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपने बयान में कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाना चाहती है। लेकिन माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। दरअसल, सदन की ओर से कहा गया था कि अगर सांसद सार्वजनिक तौर पर माफी मांग लेते हैं तो उनका निलंबन वापस लेने पर विचार किया जा सकता है। 

09:35 AM, 30-Nov-2021

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी व मणिकम टैगोर ने दिया स्थगन प्रस्ताव

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी की ओर से संसद में स्थगन प्रस्ताव नोटिस भेजा गया है। उन्होंने शीतकालीन सत्र में किसान आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों का रिकॉर्ड बनाने और उन्हें मुआवजा देने पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव भेजा है। इसके अलावा सांसद मणिकम टैगोर की ओर से भी एक स्थगन प्रस्ताव भेजा गया है। उन्होंने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर वृद्धि के कारणों और पेट्रोल-डीजल व एलपीजी की कीमतों को 2013 के स्तर पर लाने संबंधित विषय पर चर्चा के लिए स्थगन प्रस्ताव भेजा है। 

07:50 AM, 30-Nov-2021

टीएमसी नहीं होगी शामिल, अलग से बनाएगी रणनीति

कांग्रेस द्वारा बुलाई गई 13 विपक्षी दलों की बैठक में तृणमूल कांग्रेस शामिल नहीं होगी। पार्टी की ओर से अलग से बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगामी शीतकालीन सत्र के लिए रणनीति तैयार की जाएगी। पार्टी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ ब्रॉयन ने बताया कि 12 निलंबित सांसदों में से दो सांसद टीएमसी के भी हैं, इसलिए पार्टी आगे की रणनीति तैयार करेगी।

07:34 AM, 30-Nov-2021

Winter Session 2021: सदन में दिन भर मचा रहा हंगामा, लोक सभा में बुधवार को ओमिक्रॉन वैरिएंट पर हो सकती है चर्चा

संसद में हंगामे के बीच वापस हुए तीनों कृषि कानूनों और 12 सांसदों के निलंबन के बाद संसद पूरी तरह ठप होने के आसार हैं। दरअसल, राज्यसभा के सभापति वेंकैया नायडू ने 12 सांसदों के निलंबन को सही बताते हुए इसे वापस लेने से साफ इनकार कर दिया। इसके चलते विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट करने का फैसला किया। उधर लोकसभा को सुबह ही हंगामे के चलते स्थगित किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि पूरा विपक्षी शीतकालीन सत्र से दूरी बना सकता है, जिससे वर्तमान सत्र का हश्र भी बीते मानसून सत्र की तरह हो सकता है। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें