सरकार ने बुधवार को संसद को बताया कि दिल्ली में 2019 की तुलना में वर्ष 2020 में अपराध की घटनाओं में 16.8 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। राज्यसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा रिपोर्ट किए गए अपराध के आंकड़ों को सदन के सामने रखा। उन्होंने कहा कि हमारे पास 2020 तक की रिपोर्ट उपलब्ध हैं।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने राज्यसभा में विपक्ष के हंगामे और शोर-शराबे के बीच बांध सुरक्षा विधेयक (संशोधन)-2019 पेश किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि देश में छोटे-बड़े 5,000 बांध हैं। इनमें से ज्यादातर बांध 25 साल से पुराने हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इनमें से 670 बांध भूकंप के लिहाज से संवेदनशील हैं।
नई दिल्ली। लोकसभा में बुधवार को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए कानून बनाने की मांग की। उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट की हालिया व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि आजादी के 75 साल बाद भी इसे लागू न किया जाना दुखद है। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर बंटवारे के बावजूद भारत धर्मनिरपेक्ष देश है। यहां धर्म आधारित निजी कानून को स्वीकार नहीं किया जा सकता। हम समान नागरिक संहिता लागू नहीं कर रहे, इसलिए इसमें अदालतों को लगातार हस्तक्षेप करना पड़ रहा है।
रेलवे ने संसद को बताया कि किराए में छूट की वजह से होने वाला नुकसान 2019-20 में 2,059 करोड़ से घटकर 2020-21 में 38 करोड़ तक आ गया है। यह ऐसे वक्त है, जब मरीज या छात्रों को दी जाने वाली हर तरह की सब्सिडी कोरोना महामारी की वजह से निलंबित है।
आंध्र प्रदेश में संभावित 45 वेयरहाउस प्रोजेक्ट में 25 के लिए जारी किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर फंड को वापस ले लिया गया है। सरकार ने बुधवार को संसद में बताया कि संभावित जगह पर जमीन की अनुपलब्धता के कारण यह फैसला लिया गया है। वेयरहाउस इंफ्रास्ट्रक्चर फंड को नाबार्ड के लिए सेटअप किया गया था। इसका मकसद पब्लिक और प्राइवेट सेक्टर को वेयरहाउस, सिलोस, कोल्ड स्टोरेज के निर्माण के लिए लोन उपलब्ध कराना था।
सरकार ने बुधवार को संसद को बताया किया कि पांच साल से अधिक समय से कुल 64 मामलों की सीबीआई जांच लंबित है। लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा 1,256 मामलों की जांच की जा रही है और इनमें से 64 पांच साल से अधिक समय से लंबित है।
भारी हंगामे के बीच राज्यसभा की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्ष के शोरशराबे और हंगामे के चलते कार्यवाही कल दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
लोकसभा में रेल मंत्रालय ने कहा है कि ट्रेन के 4934 डिब्बों में और 838 स्टेशनों पर CCTV कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं। GRP द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार रेलवे के अंतर्गत अपराध की घटनाएं 2018 से 2020 के दौरान लगातार कम हुई हैं।
बॉर्डर पर किसानों की मृत्यु हुई क्या इसकी जानकारी सरकार को नहीं है ? 700 लोगों का अगर सरकार के पास आंकड़ा नहीं है तो सरकार ने कोरोना से मृत लोगों का आंकड़ा कहां से लिया। सरकार जनगणना के आधार पर गिनती करे और मृत किसानों को मुआवज़ा दें: कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे
विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा में आज केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने बांध सुरक्षा विधेयक आगे बढ़ाया। हालांकि, जब इस पर चर्चा नहीं हो पाई तो सदन की कार्यवाही को 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में लिखित जवाब में कहा है कि भारत में इस वक्त 4557 अफगान नागरिक वीजा की अवधि बढ़वाकर रह रहे हैं। 24 नवंबर तक 200 ई-इमरजेंसी एक्स-मिस्क वीजा भी जारी किे जा चुके हैं।
केंद्र सरकार ने संसद को बताया है कि जम्मू कश्मीर में 2018 के बाद से घुसपैठ और आतंकी घटनाओं में लगातार कमी देखी गई है। गौरतलब है कि सरकार ने 2019 में अनुच्छेद 370 को रद्द करने के साथ ही राज्य को केंद्र शासित प्रदेश में बांटकर सुरक्षाबलों की संख्या काफी बढ़ा दी थी।
महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने बैठना हास्यास्पद है। मैं उनसे अनुरोध करता हूं कि कम से कम पश्चाताप व्यक्त करें... आज लोकसभा को चलाने की हम पूरी कोशिश कर रहे हैं। विपक्ष का रवैया क्या रहता है, देखते हैं। हम तो लोकसभा चलाना चाहते हैं: केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
विपक्ष के हंगामे के बाद राज्यसभा की कार्यवाही एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। इससे पहले राज्यसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई थी।
राज्यसभा की निलंबित TMC सांसद डोला सेन ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि BJP जब विपक्ष में थी तो उन्होंने कई बार सदन की कार्यवाही को बाधित किया। लेकिन उनपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जनता सब देख रही है, जैसे जनता ने 2021 के बंगाल चुनाव में उन्हें गुड बाय किया है वैसे ही 2024 में देश की जनता उन्हें गुड बाय करेगी।
विपक्ष का हंगामा राज्यसभा के साथ-साथ लोकसभा में भी जारी है। इसके चलते सदन की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को किसान आंदोलन में हुई किसानों की मौत का मुद्दा उठाया। इस दौरान विपक्षी सांसदों ने हमें न्याय चाहिए के नारे लगाए। गौरतलब है कि लोकसभा में आज केंद्र सरकार को कई विधेयक पेश करने हैं।
राज्यसभा में आज एक बार फिर 12 सांसदों के निलंबन के खिलाफ विपक्ष ने हंगामा और नारेबाजी की। इसके चलते सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बैठक शुरू कर दी। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, सड़क एवं परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, कानून मंत्री किरण रिजिजू और संसदीय मामलों के मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल हुए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में देश में बढ़ती महंगाई और एलीपीजी गैस के दामों को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है।
संसद में आज दोपहर 1 बजे केंद्रीय कैबिनेट की बैठक तय की गई है। इसमें पीएम मोदी समेत सभी मंत्री मौजूद रहेंगे और संसद में आगे पेश होने वाले विधेयकों पर चर्चा करेंगे।
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने खाद्यान्न, तेल, पेट्रोल-डीज़ल व रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि पर चर्चा के लिए सदन में स्थगन प्रस्ताव दिया है।
संसद के कमरा नंबर-59 में आज सुबह 8 बजे आग लग गई। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। फिलहाल किसी तरह की अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है।