फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Monsoon 2022 Live: महाराष्ट्र में 99 लोगों की मौत, गुजरात के आठ जिलों में रेड अलर्ट; गंगानगर में सेना ने मोर्चा संभाला

Fri, 15 Jul 2022 05:07 PM IST
प्रांजुल श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Gujarat Flood, Maharashtra Rains, IMD Rainfall Alert News in Hindi: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है। गुजरात के कई इलाके भीषण बाढ़ की चपेट मे हैं। यहां के आठ जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। महाराष्ट्र में बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं। दो बांधों से पानी ओवरफ्लो होने के कारण पूर्णा नदी का जलस्तर बढ़ गया हैं। वहीं मुंबई की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। इसके अलावा डांग और कच्छ में भी दो नेशनल हाईवे बंद करने पड़े हैं। 
विज्ञापन
महाराष्ट्र में भारी बारिश और बाढ़ - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:07 PM, 15-Jul-2022

पकादिगुडम बांध से छोड़े गए पानी के पास कई लोग पहुंचे

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पकादिगुडम बांध से छोड़े गए पानी के पास कई लोग पहुंच गए। इतना ही नहीं कुछ लोग तो मछली पकड़ने के लिए पानी में भी उतर भी गए। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के बीच घटना का एक वीडियो सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिले के अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।

02:05 PM, 15-Jul-2022

नागपुर में एक व्यक्ति की मौत

 महाराष्ट्र के नागपुर शहर में भारी बारिश के बाद मकान ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। घटना न्यू बाबुलखेड़ा इलाके के तीन मंडी चौक पर बृहस्पतिवार रात लगभग 11 बजे हुई।

01:40 PM, 15-Jul-2022

तेलंगाना में बाढ़ में बहे टीवी पत्रकार का शव बरामद

 तेलंगाना में कुछ दिन पहले भारी बारिश से संबंधित सूचनाएं जुटाने के दौरान बाढ़ में बहे टीवी पत्रकार का शव जगित्याल जिले में रामजीपेट के निकट शुक्रवार सुबह बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि जगित्याल में एक समाचार चैनल के पत्रकार जमीर (36) बारह जुलाई को बाढ़ से संबंधित खबरें कवर करने के लिए जिले के रैकल गांव में गये थे और इसके बाद वह लापता हो गए थे। उन्होंने बताया कि वाहन को गुरुवार को बाढ़ग्रस्त इलाके से बरामद किया गया और पत्रकार का शव शुक्रवार सुबह रामजीपेट गांव में मिला।

विज्ञापन
01:11 PM, 15-Jul-2022

लगातार बारिश से गंगानगर शहर में स्थिति बिगड़ी

राजस्थान के सीमावर्ती गंगानगर शहर में लगातार तीन दिन से जारी भारी बारिश के कारण ज्यादातर हिस्सों में जलभराव हो गया है।एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गंगानगर में लगातार तीन दिन से भारी बारिश से पैदा हुई जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सेना की मदद मांगी थी और सेना के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है।

12:38 PM, 15-Jul-2022

गुजरात: नवसारी में फंसे करीब 40 लोग

गुजरात के नवसारी के भाथा गांव में बाढ़ के कारण 40 लोग फंस गए हैं। इन लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ को तैनात किया गया है। सब-इंस्पेक्टर संदीप ने बताया तीन से चार दिनों से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। करीब 200 से 250 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। अभी 30 से 40 लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है। 

विज्ञापन
10:05 AM, 15-Jul-2022

पीएम मोदी रख रहे हालात पर नजर

गुजरात में भारी बारिश और बाढ़ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार नजर रखे हुए हैं। यह जानकारी गुजरात भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने दी। उन्होंने बताया, वायु सेना के दो हेलीकॉप्टरों व एनडीआरएफ की टीम ने आज सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। 

08:53 AM, 15-Jul-2022

पालघर-पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट 

महाराष्ट्र के पालघर, पुणे व सतारा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, अकोला, अमरावती, भंडारा, बुलढाणा, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वर्धा, वाशिम और यवतमाल में आज येलो अलर्ट जारी किया है। 

08:43 AM, 15-Jul-2022

महाराष्ट्र में अब तक 99 लोगों की मौत

महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण देर रात चार लोगों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक, बाढ़ और बारिश के कारण यहां अब तक 99 लोगों की मौत हो गई है। लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए एनडीआरएफ की कुल 14 टीमें और 6 एसडीआरएफ को तैनात किया गया है। अब तक  7,963 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। 

08:41 AM, 15-Jul-2022

लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी- सीएम शिंदे

महाराष्ट्र में बाढ़ के कारण कई लोग फंस गए हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। मैं बारीकी से निगरानी कर रहा हूं। सभी अधिकारी मेरे संपर्क में हैं। सभी डीएम मैदान में हैं। हमारी सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

08:38 AM, 15-Jul-2022

महाराष्ट्र को तेलंगाना से जोड़ने वाली सड़क डूबी 

महाराष्ट्र में भारी बारिश के कारण वर्धा नदी उफान पर है। इस कारण महाराष्ट्र और तेलंगाना को जोड़ने वाली सड़क जलमग्न हो गई है। चंद्रपुर शहर के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात हैं। 

08:30 AM, 15-Jul-2022

गुजरात के आठ जिलों में रेड अलर्ट

गुजरात बीते एक सप्ताह से बारिश का सितम झेल रहा है। यहां लगातार हो रही बारिश से कई इलाके बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां के आठ जिलों सूरत, जूनागढ़, गिर, भावनगर, तापी, डांग, वलसाड और नवसारी में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

08:22 AM, 15-Jul-2022

Monsoon 2022 Live: महाराष्ट्र में 99 लोगों की मौत, गुजरात के आठ जिलों में रेड अलर्ट; गंगानगर में सेना ने मोर्चा संभाला

भारी बारिश के चलते मुंबई की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बंद कर दिया गया है। नवसारी और वलसाड में बाढ़ में कई लोग फंस गए हैं। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए यहां एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा डांग और कच्छ में भी भारी बारिश के चलते दो नेशनल हाईवे बंद किए गए हैं। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें