मौसम विभाग ने रविवार को यूपी,बिहार और महाराष्ट्र समेत 23 राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। जबकि, गुजरात के कुछ हिस्से, तेलंगाना, पुदुचेरी, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल व पूर्वोत्तर भारत के सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में रविवार को एक फुटबॉल मैच के दौरान बिजली गिरने से कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य झुलस गए। यह घटना राज्य की राजधानी से लगभग 350 किलोमीटर दूर जिले के नुआगांव ब्लॉक के बनीलाटा में एक स्थानीय फुटबॉल मैच के दौरान हुई। मृतकों में से एक फुटबॉल खिलाड़ी था, पुलिस ने कहा कि घायलों में से अधिकांश दर्शक थे। इस बीच आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में एक चक्रवात के कारण राज्य में दो और दिनों के लिए बारिश की गतिविधियों का सामना करना पड़ेगा।
गोरखपुर में बारिश की वजह से राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, जिससे कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
कुमाऊं मंडल के जिलों में आज रविवार को कहीं-कहीं भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कुमाऊं मंडल के इन स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के बाकी स्थानों पर कहीं-कहीं तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुसीबत बनी बारिश से उफनाई राप्ती नदी श्रावस्ती व बलरामपुर जिले में कहर बरपा रही है। इन दोनों ही जिलों के साथ ही बहराइच में उफनाई सरयू का पानी अब तक 607 गांवों को अपनी चपेट में ले चुका है। इस दौरान श्रावस्ती में बाढ़ के पानी की चपेट में आकर शनिवार को चार और बहराइच में तीन लोगों की डूब जाने से मौत हो गई।
राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। यहां के उदयपुर में मौसम में अचानक से बदलाव हुआ, जिसके बाद बारिश शुरू हो गई।