फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Parliament Budget Session Live: अखिलेश यादव बोले- मानसून के बाद सर्दियों का भी ऑफर आएगा; यूपी सरकार पर कसा तंज

Mon, 22 Jul 2024 03:36 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Parliament Budget Session Updates In Hindi: संसद का मानसून सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो रहा है। इसी क्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इस सत्र के दौरान विपक्ष भी ‘नीट’ पेपर लीक और रेल सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
विज्ञापन
संसद का मानसून सत्र - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:34 PM, 22-Jul-2024

संसद के मानसून सत्र पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, हम लगातार नीट का मुद्दा उठा रहे हैं। किसानों के लिए एमएसपी की आवाज भी हमने उठाई है। तेलंगाना के अधिकार को लेकर भी हमने आवाज उठाई। लेकिन हमें इस सरकार से कोई उम्मीद नहीं कि ये कोई भी ऐसा न्यायसंगत काम करेगी जिससे नौजवानों, किसानों और तेलंगाना को न्याय मिले। 

03:17 PM, 22-Jul-2024

अखिलेश यादव का सरकार पर तंज

अपने 'मानसून ऑफर- 100 को लाइए और सरकार बनाइए' के ट्वीट पर अखिलेश यादव ने कहा कि 'बरसात का समय है और इसके बाद सर्दियों का ऑफर भी आएगा। अपनी कुर्सी बचाने के लिए उन्होंने दुकानों के बाहर बोर्ड लगाने को कहा और सच्चाई ये है कि इसमें दिल्ली और लखनऊ की सरकारें मिली हुई हैं।'
 

02:25 PM, 22-Jul-2024

मौजूदा मानदंडों में बिहार विशेष राज्य का दर्जा पाने का पात्र नहीं- वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी

वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि पूर्व में राष्ट्रीय विकास परिषद द्वारा विशेष राज्य का दर्जा दिया गया था। इससे पहले 30 मार्च 2012 को एक अंतर मंत्रालयी समूह द्वारा बिहार को भी विशेष राज्य का दर्जा देने पर विचार किया गया था। हालांकि मौजूदा मानदंडों के आधार पर बिहार के लिए विशेष राज्य का दर्जा देने का मामला नहीं बनता है। 

विज्ञापन
02:14 PM, 22-Jul-2024

'सरकार को नीट मुद्दे पर जवाब देना चाहिए'

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 'आज प्रश्नकाल के दौरान सिर्फ छह सवाल लिए गए। कल सर्वदलीय बैठक में भी हमने सुझाव दिया था कि प्रश्नकाल और संसद सत्र की अवधि को बढ़ाया जाना चाहिए। नीट परीक्षा देने वाले छात्र आत्महत्या कर रहे हैं और ऐसे में सरकार को जवाब देना चाहिए। शिक्षा मंत्री को जवाब देना चाहिए।'
 

01:33 PM, 22-Jul-2024

लोकसभा की कार्यवाही स्थगित

लोकसभा की कार्यवाही दोपहर ढाई बजे तक स्थगित कर दी गई है। 

विज्ञापन
01:28 PM, 22-Jul-2024

'देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है'

सरकार ने आर्थिक सर्वेक्षण 2023-24 में बताया कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। देश की अर्थव्यवस्था का लगातार विस्तार हो रहा है। 
 

12:54 PM, 22-Jul-2024

राहुल गांधी बोले- शिक्षा मंत्री ये नहीं बता रहे कि वे नीट मुद्दे पर क्या कर रहे हैं

राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधानको जवाब देना चाहिए। वह सुप्रीम कोर्ट और पीएम मोदी की बात कर रहे हैं, लेकिन वो ये नहीं बता रहे कि वह क्या कर रहे हैं। नीट देश के युवाओं के लिए अहम मुद्दा है। हम हमेशा संसद में चर्चा चाहते हैं, लेकिन सरकार इसकी इच्छुक नहीं है, लेकिन हम ये मुद्दा उठाते रहेंगे और सरकार पर दबाव बनाते रहेंगे।

12:00 PM, 22-Jul-2024

लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश

लोकसभा में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आर्थिक सर्वेक्षण पेश कर दिया है। इस दौरान उन्होंने कहा कि 'देश में बिजनेस शुरू करने की प्रक्रिया को बेहद आसान बनाया गया है। साथ ही कई ऐसे नियमों को हटाया गया है, जिनकी वजह से उद्योगपतियों को परेशानी होती थी। एक केंद्रीय व्यवस्था बनाई गई है।'
 

11:43 AM, 22-Jul-2024

अखिलेश ने नीट मुद्दे पर शिक्षा मंत्री से किया सवाल

लोकसभा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नीट मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि देश के कई सेंटर्स पर कई हजार बच्चे प्रवेश परीक्षा में पास हो गए हैं, लेकिन क्या सरकार ने ये जानने की कोशिश की कि उन सेंटर्स पर इंफ्रास्ट्रक्चर कैसा है? इसके जवाब में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पूर्व की सरकारों में हुए पेपरलीक का मुद्दा उठाकर बचाव करने की कोशिश की और कहा कि उत्तर प्रदेश में पूर्व की सरकारों में जितने पेपरलीक हुए उन सब की सूची उनके पास है। 

11:43 AM, 22-Jul-2024

राज्यसभा में उत्तर प्रदेश मामले पर चर्चा से इनकार

राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा के दौरान दुकानदारों से नामपट्टिका लगाने के मुद्दे पर चर्चा के लिए पेश किए गए नोटिस को खारिज कर दिया। 

11:29 AM, 22-Jul-2024

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल गांधी के आरोपों पर दिया जवाब

राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। पूरी परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाना गलत है। मुझे जनता ने चुनकर सदन में भेजा है और मुझे किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।

11:26 AM, 22-Jul-2024

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट मुद्दे पर अपनी बात रखी और कहा कि नीट विवाद से लाखों छात्र प्रभावित हैं। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था में बड़ी खामियां हैं और पैसे के बल पर सौदा संभव है। राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में जो भी खामियां हैं, उन्हें दूर किया जाना चाहिए। 
 

11:16 AM, 22-Jul-2024

संसद सत्र का धमाकेदार आगाज

लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही नीट यूजी परीक्षा के कथित पेपरलीक के मुद्दे पर हंगामा शुरू हो गया है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नीट मुद्दे पर बयान दे रहे थे, जिस पर विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष का आरोप है कि नीट विवाद की वजह से कई छात्रों की मौत हुई। 

11:03 AM, 22-Jul-2024

संसद की कार्यवाही शुरू

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू हो गई है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि 'देश में इस समय सबसे ज्वलंत मुद्दा नीट परीक्षा का है। इसे लेकर काफी विवाद चल रहा है। साथ ही कांवड़ यात्रा, जम्मू कश्मीर के मुद्दे भी गंभीर हैं। महंगाई और अग्निपथ योजना का मुद्दा भी उठाया जाएगा। केसी वेणुगोपाल ने सरकारी कर्मचारियों के आरएसएस की गतिविधियों में शामिल होने की छूट के फैसले की भी आलोचना की और कहा कि सरकार ने जनादेश से ऐसा लगता है कि कोई सीख नहीं ली है।'

10:59 AM, 22-Jul-2024

नीट के मुद्दे पर हंगामे के आसार

संसद के मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं क्योंकि विपक्ष ने संकेत दिए हैं कि नीट का मुद्दा देश में फिलहाल सबसे अहम है और सदन में इस पर चर्चा होनी चाहिए। कांग्रेस सांसद के सुरेश ने कहा कि 'नीट मुद्दा देश के सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है। इस पर सदन में चर्चा होनी चाहिए। हम आतंकवादी हमलों में वृद्धि का मुद्दा भी उठाएंगे। भारत में रेल दुर्घटनाओं में वृद्धि, महंगाई जैसे मुद्दे भी उठाए जाएंगे। सरकार को यूपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे पर भी बयान देना चाहिए।'

10:36 AM, 22-Jul-2024

'संसद देश के लिए है, दल के लिए नहीं'

प्रधानमंत्री ने कहा 'देशवासियों ने हमें यहां देश के लिए भेजा है, दल के लिए नहीं भेजा है। ये सदन दल के लिए नहीं, देश के लिए है। मुझे विश्वास है कि हमारे सभी सांसद पूरी तैयारी के साथ चर्चा को समृद्ध करें, कितने ही विरुद्ध विचार होंगे। देश को नकारात्मकता की जरूरत नहीं है बल्कि देश को प्रगति की विचारधारा से आगे बढ़ाना है। हम लोकतंत्र के इस मंदिर से भारत की सामान्य मानविकी की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेंगे।'
 

10:33 AM, 22-Jul-2024

'अब सब एकजुट होकर देश के लिए काम करें'

प्रधानमंत्री ने विपक्ष से अपील करते हुए कहा कि 'साथियों मैं इस देश के सभी सांसदों से आग्रह करता हूं कि गत जनवरी से लेकर हमारे पास जितना सामर्थ्य था, जितनी लड़ाई लड़नी थी, लड़ ली, जो बात बतानी थी बता दी, लेकिन अब वो दौर समाप्त हुआ, देशवासियों ने अपना निर्णय दे दिया है। अब चुने हुए सभी सांसदों का कर्तव्य है और सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि आने वाले पांच वर्षों तक हमें देश के लिए लड़ना है, देश के लिए जूझना है, एक और नेक बनकर जूझना है। आइए हम आने वाले चार-साढ़े चार साल दल से ऊपर उठकर सिर्फ और सिर्फ देश को समर्पित होकर संसद के इस गरिमापूर्ण सत्र का उपयोग करें।'

10:33 AM, 22-Jul-2024

पीएम मोदी का संबोधन

संसद सत्र की शुरुआत से पहले मीडिया से बात करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 'भारत के लोगों की गौरव यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखता हूं। व्यक्तिगत रूप से मुझे भी और हमारे सभी साथियों के लिए भी यह अत्यंत गौरव का विषय है कि करीब साठ साल के बाद कोई सरकार तीसरी बार वापस आई और तीसरी पारी का पहला बजट पेश करने का सौभाग्य प्राप्त हो, ये भारत की गौरव यात्रा की गरिमापूर्ण घटना के रूप में देखा जा रहा है। ये बजट अमृतकाल का एक महत्वपूर्ण बजट है, हमें पांच साल का जो अवसर मिला है, आज का बजट हमारे पांच साल के कार्य की दिशा भी तय करेगा और 2047 तक विकसित भारत का जो हमारा सपना है, ये बजट उस सपने की नींव मजबूत करने वाला होगा। ये हर देशवासी के लिए गर्व की बात है कि भारत बड़ी अर्थव्यवस्था वाले देशों में सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश है। बीते तीन वर्षों में लगातार 8 प्रतिशत की विकास दर से हम आगे बढ़ रहे हैं। आज भारत को लेकर सकारात्मकता बढ़ रही है, निवेश चरम पर है, ये अपने आप में भारत की विकास यात्रा का अहम पड़ाव है।' 
 

10:03 AM, 22-Jul-2024

कांग्रेस सांसद मनिकम टैगोर ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया, जिसमें NEET-UG और UGC NET सहित परीक्षाओं के संचालन में पेपर लीक के अभूतपूर्व मामलों और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की विफलता पर चर्चा करने की मांग की गई। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव दिया, जिसमें सीमा की स्थिति और चीन के साथ भारी व्यापार घाटे पर चर्चा करने की मांग की गई।

10:02 AM, 22-Jul-2024

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा, "कल हमारी सर्वदलीय बैठक हुई थी और उसमें विपक्ष के सारे मुद्दे हमने नोट किए हैं...सरकार चर्चा के लिए तैयार है...जैसा कि राजनाथ सिंह ने कल कहा था कि सदन चले यह सबकी जिम्मेदारी है...हमने जो विकसित भारत बनाने का लक्ष्य लिया है, उसमें सभी मिलकर काम करेंगे तो अच्छा रहेगा..."

08:23 AM, 22-Jul-2024

इतिहास रचेंगी सीतारमण
मंगलवार को लगातार सातवीं बार आम बजट पेशकर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इतिहास रचेंगी। वह लगातार छह बजट पेश करने के मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ देंगी। देसाई 1959 से 1964 तक वित्त मंत्री थे और लगातार छह बजट पेश किया था। इनमें से पांच पूर्ण और एक अंतरिम बजट शामिल था। पिछले कुछ बजट की तरह ही 2024 का बजट भी पेपरलेस होगा। आम चुनाव की वजह से इस साल 1 फरवरी को अंतरिम बजट पेश किया गया था।

07:54 AM, 22-Jul-2024

दोनों सदनों में पेश होगा आर्थिक सर्वेक्षण
सीतारमण सोमवार को संसद में आर्थिक सर्वेक्षण भी पेश करेंगी। वित्त मंत्री सीतारमण 23 जुलाई को आम बजट पेश करने वाली हैं। संसद की बिजनेस लिस्ट के  मुताबिक, लोकसभा में प्रश्नकाल के तुरंत बाद यानी करीब एक बजे और राज्यसभा में दो बजे वित्त मंत्री आर्थिक सर्वे पेश करेंगी। यानी दोपहर दो बजे आर्थिक सर्वे को औपचारिक तौर पर सार्वजनिक किया जाएगा। इसके बाद 2:30 बजे मुख्य आर्थिक सलाहकार की प्रेस कांफ्रेंस होगी।

07:54 AM, 22-Jul-2024

जम्मू-कश्मीर के बजट के लिए संसद की मंजूरी भी मिलेगी
मानसून सत्र सोमवार (22 जुलाई) से शुरू हो रहा है। यह 12 अगस्त को समाप्त होगा। इस दौरान 19 बैठकें होंगी। इस सत्र में सरकार की ओर से छह विधेयक पेश किए जाने की उम्मीद है, जिनमें 90 साल पुराने विमान अधिनियम को बदलने वाला विधेयक भी शामिल है। इस सत्र में जम्मू-कश्मीर के बजट के लिए संसद की मंजूरी भी मिलेगी।

07:48 AM, 22-Jul-2024

Parliament Budget Session Live: अखिलेश यादव बोले- मानसून के बाद सर्दियों का भी ऑफर आएगा; यूपी सरकार पर कसा तंज

Parliament Budget Session Updates In Hindi: संसद का मानसून सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो रहा है। इसी क्रम में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। इस सत्र के दौरान विपक्ष भी ‘नीट’ पेपर लीक और रेल सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें