फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Election 2026 Live Updates: AIADMK ने टीवीके को समर्थन देने से इनकार किया; राज्यपाल ने 16वीं विधानसभा भंग की

Wed, 06 May 2026 10:21 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई

खास बातें

Election 2026 Live Updates Hindi: टीवीके प्रमुख विजय ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया और 112 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। राज्यपाल अभी संतुष्ट नहीं हैं। इसी बीच 16वीं तमिलनाडु विधानसभा को 5 मई 2026 से भंग करने का निर्णय लिया गया। एआईएडीएमके ने टीवीके को समर्थन से इनकार किया है, जबकि पश्चिम बंगाल भाजपा ने टीएमसी पर अशांति फैलाने का आरोप लगाया है। चुनावी राज्य में नई सरकार के गठन से जुड़े सभी अपडेट के लिए इस पेज पर बने रहें...
विज्ञापन
टीवीके प्रमुख विजय थलापति। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:21 PM, 06-May-2026

टीएमसी ने विधायकों की गैरहाजिरी पर दिया स्पष्टीकरण

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया था कि आज हुई बैठक में कुछ विधायक शामिल नहीं हुए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस (AITC) के आधिकारिक सूत्रों ने स्थिति स्पष्ट की है। पार्टी के अनुसार, बैठक में अनुपस्थित सभी विधायकों ने पहले ही अपनी गैरमौजूदगी की सूचना दे दी थी। कुछ विधायकों को स्वयं पार्टी की ओर से बैठक में शामिल न होने के लिए कहा गया था, खासकर उत्तर बंगाल क्षेत्र से जुड़े नेताओं को। सूत्रों ने यह भी बताया कि सागरदिघी के विधायक पारिवारिक मेडिकल इमरजेंसी के कारण बैठक में नहीं आ सके।

वहीं, बीरभूम के काजल शेख को पार्टी ने निर्देश दिया था कि वे क्षेत्र में ही रहकर उन परिवारों की मदद करें जो चुनाव के बाद हुई हिंसा से प्रभावित हुए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया कि यह कोई अनुशासनहीनता या अंदरूनी मतभेद का मामला नहीं है, बल्कि सभी निर्णय पहले से तय और समन्वित थे।

07:59 PM, 06-May-2026

टीएमसी के कथित 'गुंडा वाहिनी' पर भाजपा का आरोप, सख्त कार्रवाई की चेतावनी

पश्चिम बंगाल भाजपा ने एक बयान जारी कर कहा है कि उन्हें जानकारी मिली है कि तृणमूल कांग्रेस के कथित 'गुंडा वाहिनी' से जुड़े कुछ लोग भाजपा कार्यकर्ताओं की नकल कर लोगों को गुमराह करने और राज्य में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा ने साफ कहा है कि वह इस तरह की किसी भी धोखाधड़ी या गलत गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगी। 

पार्टी के अनुसार जो भी व्यक्ति किसी का रूप धारण कर जनता को भ्रमित करने, डराने-धमकाने या कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भाजपा ने यह भी कहा कि ऐसे सभी असामाजिक तत्वों पर कानून के तहत पूरी सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी हालत में छोड़ा नहीं जाएगा। पार्टी ने दावा किया कि आने वाली सरकार कानून के शासन को मजबूत करने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और हर नागरिक की सुरक्षा बिना किसी भेदभाव के करने के लिए प्रतिबद्ध है।

07:21 PM, 06-May-2026

किसी भी परिस्थिति में TVK को समर्थन नहीं दिया जाएगा- AIADMK

AIADMK के उप समन्वयक के.पी. मुनुसामी ने स्पष्ट बयान देते हुए कहा है कि पार्टी किसी भी परिस्थिति में टीवीके का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने साफ किया कि राजनीतिक हालात चाहे जैसे भी हों, AIADMK अपने रुख पर अडिग रहेगी और टीवीके के साथ कोई सहयोग नहीं करेगी।

विज्ञापन
06:40 PM, 06-May-2026

TVK के पास सरकार गठन के क्या विकल्प

तमिलनाडु में चुनाव नतीजों में विजय की टीवीके 234 सीटों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है, लेकिन वह 118 सीटों के बहुमत के आंकड़े से 10-11 सीटें पीछे है। इसकी वजह यह है कि विजय खुद दो सीटों से चुनाव जीते थे, जिसके कारण उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। 

विजय एक अल्पमत सरकार भी बना सकते हैं जो सशर्त या मुद्दे-आधारित समर्थन पर निर्भर हो। इस परिस्थिति के तहत विधानसभा में बहुमत साबित करने (फ्लोर टेस्ट) के दौरान सदन में उपस्थित विधायकों के आधार पर ही गिनती होती है।  अगर फ्लोर टेस्ट के दौरान विपक्षी दलों के कुछ विधायक अनुपस्थित हो जाते हैं, तो बहुमत का आंकड़ा कम हो जाएगा। उदाहरण के लिए, अगर 21 विधायक वोटिंग से दूर रहते हैं, तो बहुमत का आंकड़ा गिरकर 106 हो जाएगा, जिसे टीवीके अकेले ही साबित कर लेगी। अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें...

06:31 PM, 06-May-2026

राज्यपाल ने 16वीं विधानसभा को किया भंग

तमिलनाडु में राज्यपाल ने 16वीं तमिलनाडु विधानसभा को 5 मई 2026 से प्रभावी रूप से भंग करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में आधिकारिक जानकारी लोक भवन की ओर से दी गई है।

विज्ञापन
06:08 PM, 06-May-2026

सरकार गठन में फंसा पेच!

टीवीके प्रमुख विजय ने बुधवार को राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से राजभवन में मुलाकात की। उन्होंने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के अनुसार, विजय ने राज्यपाल को विधायकों के समर्थन का जो पत्र सौंपा है, उसमें 112 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, राज्यपाल अभी तक टीवीके के दावे से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं क्योंकि पार्टी के पास बहुमत साबित करने के लिए पर्याप्त आधिकारिक आंकड़े नहीं हैं। 

02:53 PM, 06-May-2026

कांग्रेस ने किया टीवीके का समर्थन, भविष्य के चुनावों में भी साथ लड़ने का एलान

तमिलनाडु की राजनीति में बुधवार को बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिला। अपने पुराने सहयोगी दल द्रमुक से वर्षों पुराना नाता तोड़ते हुए कांग्रेस पार्टी ने आधिकारिक तौर पर टीवीके  का समर्थन करने का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस अब राज्य में नई सरकार बनाने के लिए अभिनेता से राजनेता बने विजय की पार्टी टीवीके का पूरा साथ देगी। इसके साथ ही कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि टीवीके के साथ उनका यह नया राजनीतिक गठबंधन केवल मौजूदा सरकार गठन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में होने वाले सभी चुनावों में भी दोनों पार्टियां एक साथ मिलकर मैदान में उतरेंगी।

02:51 PM, 06-May-2026

टीवीके-कांग्रेस के नए गठबंधन पर भाजपा का करारा तंज

तमिलनाडु में द्रमुक का साथ छोड़कर टीवीके को समर्थन देने पर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि चुनाव नतीजे आते ही 'INDIA' गठबंधन ताश के पत्तों की तरह ढह गया है। उन्होंने इसे गठबंधन का 'अंतिम संस्कार' बताते हुए कहा कि सहयोगियों को धोखा देना कांग्रेस का पुराना इतिहास है। पूनावाला ने चेतावनी दी कि जो द्रमुक के साथ हुआ, वह भविष्य में सपा के साथ भी हो सकता है। वहीं, द्रमुक ने भी कांग्रेस के इस कदम को पीठ में छुरा घोंपना बताया है। गौरतलब है कि 234 सीटों वाली विधानसभा में 108 सीटें जीतने वाली टीवीके को सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों की जरूरत है।

01:15 PM, 06-May-2026

क्या कांग्रेस के समर्थन से टीवीके बना लेगी सरकार? समझें सीटों का गणित

तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 118 विधायकों (बहुमत) की जरूरत होती है। चुनाव में टीवीके ने 108 सीटें जीती हैं और अब 5 विधायकों वाली कांग्रेस ने भी उन्हें अपना समर्थन दे दिया है। इन दोनों पार्टियों को मिलाने पर कुल आंकड़ा 113 (108+5) पहुंचता है। इसका सीधा मतलब है कि सिर्फ कांग्रेस के समर्थन भर से टीवीके पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं बना सकती है। बहुमत के जादुई आंकड़े (118) तक पहुंचने के लिए टीवीके को अभी भी कम से कम 5 और विधायकों की जरूरत है।

बहुमत साबित करने और सरकार बनाने के लिए टीवीके को अब अन्य दलों की मदद लेनी होगी। राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा तेज है कि अन्नाद्रमुक टीवीके को सरकार बनाने के लिए बिना शर्त समर्थन दे सकती है। इसके अलावा द्रमुक नेता कनिमोझी ने भी यह दावा किया है कि अन्नाद्रमुक के 21 विधायक टूटकर सीधे टीवीके में शामिल हो सकते हैं। अगर अन्नाद्रमुक का समर्थन मिलता है या कुछ अन्य छोटे दल और निर्दलीय विधायक टीवीके के पाले में आते हैं, तो विजय आसानी से बहुमत का यह आंकड़ा पार कर लेंगे और राज्य के मुख्यमंत्री बन जाएंगे।

12:52 PM, 06-May-2026

कांग्रेस ने विजय 'सरकार' को दिया सशर्त समर्थन

तमिलनाडु में नई सरकार बनाने के लिए टीवीके अध्यक्ष सी. विजय ने आधिकारिक तौर पर कांग्रेस से समर्थन मांगा था। इसके जवाब में तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी और कांग्रेस विधायक दल ने टीवीके को अपना पूर्ण समर्थन देने का अहम फैसला किया है। हालांकि, कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि उनका यह समर्थन सशर्त होगा। कांग्रेस की कड़ी शर्त है कि टीवीके इस गठबंधन से उन साम्प्रदायिक ताकतों को पूरी तरह दूर रखे, जो भारत के संविधान में विश्वास नहीं रखती हैं। कांग्रेस ने कहा कि टीवीके और उनका यह गठबंधन पेरियार के सामाजिक न्याय और डॉ. बीआर अंबेडकर के संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध है। यह गठबंधन राज्य में महान नेता कामराज के गौरवशाली दिनों को वापस लाने का प्रयास करेगा।

12:37 PM, 06-May-2026

प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति पर चर्चा, राज्य सचिवालय पहुंचे टीवीके नेता केए सेंगोट्टैयन

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी कड़ी में चेन्नई स्थित राज्य सचिवालय में राजनीतिक हलचल देखने को मिली। टीवीके के नेता और नवनिर्वाचित विधायक केए सेंगोट्टैयन राज्य सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने विधानसभा सचिव के साथ एक अहम मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार, इस विशेष मुलाकात का मुख्य उद्देश्य नई विधानसभा के लिए प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति के मुद्दे पर चर्चा करना था। सरकार गठन की दिशा में इसे एक अहम कदम माना जा रहा है, क्योंकि नई विधानसभा का सत्र शुरू होने पर प्रोटेम स्पीकर ही सभी नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाते हैं।

12:22 PM, 06-May-2026

आज राज्यपाल से मुलाकात करेंगे टीवीके प्रमुख विजय

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने एएनआई को इस बात की आधिकारिक पुष्टि की है कि टीवीके प्रमुख विजय आज उनसे मुलाकात कर रहे हैं। राज्यपाल ने बताया कि विजय ने उन्हें इसके लिए एक पत्र भी लिखा था।

12:21 PM, 06-May-2026

टीवीके को समर्थन पर कार्ति चिदंबरम की सफाई, कहा- यूरोप में भी चुनाव के बाद बनते हैं ऐसे गठबंधन

तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने के कांग्रेस के फैसले का पार्टी सांसद कार्ति चिदंबरम ने पुरजोर बचाव किया है। चेन्नई में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इसे एक सामान्य कूटनीतिक प्रक्रिया बताया। कार्ति ने कहा कि यह कोई असामान्य बात नहीं है; जब चुनाव में किसी एक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है, तो चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ लड़ने वाली पार्टियां भी साथ आ जाती हैं। 

उन्होंने यूरोपीय देशों का उदाहरण देते हुए कहा कि जर्मनी, नीदरलैंड और बेल्जियम में यह बहुत आम है। वहां कई बार गठबंधन सरकार बनाने में महीनों लग जाते हैं। कार्ति चिदंबरम ने कहा कि टीवीके एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने को लेकर बिल्कुल स्पष्ट है और राजनीतिक दलों से संपर्क साधकर सही दिशा में काम कर रही है। कांग्रेस ने टीवीके के इसी दृष्टिकोण और अपनी पार्टी के अंदर हर स्तर पर उचित विचार-विमर्श करने के बाद ही उन्हें अपना समर्थन देने का यह बड़ा फैसला किया है।

12:20 PM, 06-May-2026

अन्नाद्रमुक के 21 विधायक टीवीके में हो सकते हैं शामिल, द्रमुक की नेता का बड़ा दावा

तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है। कांग्रेस द्वारा टीवीके को समर्थन दिए जाने के बीच सत्ताधारी द्रमुक की नेता और प्रवक्ता कनिमोझी एनवीएन सोमू ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने भी मीडिया में ऐसी अटकलें पढ़ी हैं कि सीवी शनमुगम के साथ अन्नाद्रमुक के 21 विधायक अपनी पार्टी से अलग होकर टीवीके में शामिल हो सकते हैं। कनिमोझी ने यह भी कहा कि अगर अन्नाद्रमुक टीवीके को सरकार बनाने के लिए बिना शर्त समर्थन दे देती है, तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी। कल विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं, ऐसे में देखना होगा कि असली आंकड़े क्या हैं।

10:22 AM, 06-May-2026

'ऐसे फैसलों से खत्म हो जाएगी पार्टी', टीवीके से गठबंधन पर द्रमुक का कांग्रेस पर तंज

तमिलनाडु में टीवीके के साथ मिलकर सरकार बनाने के कांग्रेस के फैसले पर द्रमुक ने तीखा हमला बोला है। द्रमुक प्रवक्ता टीकेएस इलांगोवन ने चेन्नई में बयान देते हुए कहा कि शुरुआत से ही ऐसी चर्चा थी कि कुछ लोग विजय का समर्थन कर उनकी पार्टी में जाना चाहते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी हर राज्य में ऐसा ही कर रही है और अंततः हर जगह हार रही है। इलांगोवन ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली और पश्चिम बंगाल में पूरी तरह से साफ हो चुकी है और महाराष्ट्र में भी उसका कोई चांस नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस जो फैसले ले रही है, उससे एक दिन यह पार्टी ही खत्म हो जाएगी।

10:06 AM, 06-May-2026

कांग्रेस का टीवीके को समर्थन 'पीठ में छुरा घोंपने' जैसा- द्रमुक

तमिलनाडु में कांग्रेस द्वारा टीवीके को समर्थन देने पर द्रमुक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए बड़ा हमला बोला है। द्रमुक के प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कांग्रेस के इस कदम को 'पीठ में छुरा घोंपना' करार दिया है। उन्होंने कहा कि 7 मई को शपथ लेने जा रहे विजय को हमारी शुभकामनाएं हैं, लेकिन कांग्रेस के पाला बदलने का तर्क बिल्कुल भी गले नहीं उतर रहा है। 

अन्नादुरई ने चेतावनी दी कि नतीजे आने के मात्र एक दिन बाद ही जनादेश के खिलाफ जाने वाली कांग्रेस के इस अविश्वास का पूरे देश में असर होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस के इस धोखे का अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे जैसे अन्य गठबंधन सहयोगियों के मन पर क्या असर पड़ेगा? द्रमुक ने आज तक कभी भी कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा था।

10:04 AM, 06-May-2026

टीवीके ने अपने 108 विधायकों को महाबलीपुरम के होटल में ठहराया

तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल काफी तेज हो गई है। राज्य में सत्ता हासिल करने और बहुमत का जादुई आंकड़ा पार करने की कोशिशों के बीच टीवीके (TVK) ने अपने सभी 108 नवनिर्वाचित विधायकों को महाबलीपुरम (चेंगलपट्टू) के एक सुरक्षित होटल में ठहरा दिया है। पार्टी नेतृत्व का पूरा फोकस अब सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा जुटाने पर है। इसके लिए टीवीके द्वारा अन्य राजनीतिक दलों से समर्थन प्राप्त करने की लगातार कोशिश की जा रही है। नवनिर्वाचित विधायकों को एक साथ होटल में रखने का यह कदम किसी भी तरह की संभावित टूट से बचने और पार्टी को एकजुट रखने के लिए उठाया गया है।

09:59 AM, 06-May-2026

टीवीके के समर्थन पर क्या बोले कांग्रेस नेता

हैदराबाद में कांग्रेस नेता सामा राममोहन रेड्डी ने टीवीके प्रमुख विजय को बधाई दी है, जो कल तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। रेड्डी ने कहा कि कांग्रेस टीवीके को अपना समर्थन देकर खुश है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस जनादेश ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पूरा तमिलनाडु भाजपा की विचारधारा के सख्त खिलाफ है। उन्होंने आगे कहा कि यह इस बात का एक बहुत ही मजबूत संकेत है कि दक्षिण भारत, विशेष रूप से तमिलनाडु और केरल, कभी भी भाजपा की नफरत की राजनीति का शिकार नहीं बनेंगे।

09:53 AM, 06-May-2026

समर्थन देने पर कांग्रेस ने कहा अंतिम फैसला तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी का

कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया है कि टीवीके अध्यक्ष थिरु विजय ने तमिलनाडु में नई सरकार बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से समर्थन मांगा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि तमिलनाडु का जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष और संविधान की रक्षा करने वाली सरकार के लिए है।  पार्टी किसी भी हाल में भाजपा या उसके सहयोगियों को राज्य में सरकार चलाने की अनुमति नहीं देना चाहती है। कांग्रेस ने बताया कि विजय ने महान नेता पेरुंथलैवर कामराज से प्रेरणा लेने की बात कही है। इसे देखते हुए कांग्रेस आलाकमान ने तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी को चुनाव परिणामों और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विजय के इस अनुरोध पर अंतिम निर्णय लेने का निर्देश दिया है।

09:33 AM, 06-May-2026

Election 2026 Live Updates: AIADMK ने टीवीके को समर्थन देने से इनकार किया; राज्यपाल ने 16वीं विधानसभा भंग की

तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद नई सरकार बनाने की हलचल बहुत तेज हो गई है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके अब सत्ता पर काबिज होने के बेहद करीब पहुंच गई है। राज्य में एक धर्मनिरपेक्ष सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने विजय की पार्टी को अपना समर्थन देने का बड़ा एलान कर दिया है। चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी टीवीके के 108 नवनिर्वाचित विधायक फिलहाल एक होटल में डेरा डाले हुए हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें