04:31 PM, 23-Feb-2025
बचाव दल बोरिंग मशीन वाले स्थान पर पहुंचे
श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर परियोजना की सुरंग की छत का एक हिस्सा शनिवार को ढहने के बाद लगभग 14 किलोमीटर अंदर आठ लोगों के फंस जाने के बाद बचाव दल आगे बढ़ा और उस स्थान पर पहुंच गया, जहां घटना के दौरान सुरंग बोरिंग मशीन काम कर रही थी। नगरकुरनूल के जिला कलेक्टर बी संतोष ने रविवार को यह जानकारी दी। हालांकि, गाद के कारण उस स्थान तक पहुंचने में चुनौती बनी हुई है, जहां लोगों के फंसे होने की आशंका है।
बचाव अभियान की निगरानी कर रहे कलेक्टर ने कहा कि एनडीआरएफ की चार टीमें- एक हैदराबाद से और तीन विजयवाड़ा से, जिनमें 138 सदस्य शामिल हैं, सेना के 24 जवान, एसडीआरएफ के जवान, एससीसीएल के 23 सदस्य उपकरणों के साथ और इंफ्रा फर्म के सदस्य बचाव अभियान में लगे हुए हैं। सुरंग में ऑक्सीजन और बिजली की आपूर्ति उपलब्ध करा दी गई है। पानी और गाद निकालने का काम भी चल रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी तक हमारा उनसे (फंसे हुए लोगों से) संपर्क नहीं हो पाया है। बचावकर्मी अंदर जाकर देखेंगे और फिर हम बता पाएंगे।