राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने कहा, "हम आत्मविश्वासी हैं। हमारे सभी विधायक एकजुट हैं। हमारा यह भरोसा पार्टी और हमारे विधायकों की वजह से है। विनेश फोगाट ने साफ किया कि कांग्रेस के सभी विधायक मिलकर अपने उम्मीदवार का समर्थन करेंगे और पार्टी को जीत दिलाएंगे।
हरियाणा में राज्यसभा के मतदान के बीच कांग्रेस सांसद दीपिंदर हुड्डा ने कहा कि पार्टी को जीत मिलने में कोई शक नहीं है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि क्रॉस वोटिंग की कोई संभावना नहीं है और सभी 37 विधायक एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में वोट करेंगे। हुड्डा ने विश्वास जताया कि कांग्रेस इस चुनाव में विजयी होगी और सभी विधायक अपने दल के उम्मीदवार का समर्थन करेंगे।
राज्यसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए हर संभव तरीका अपनाती है। सांसद ने आगे कहा कि कभी-कभी यह पार्टी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल करती है, तो कभी विधायकों को आर्थिक प्रलोभन देकर प्रभावित करने की कोशिश करती है। इसी वजह से कई राजनीतिक दलों को अपने विधायकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी पड़ती है।
हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी के सभी विधायक वोट डालने के लिए हरियाणा विधानसभा पहुंच गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस के विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचे और अपने उम्मीदवार के समर्थन में मतदान करने की तैयारी की। पार्टी नेतृत्व भी मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी दल अपने-अपने विधायकों के साथ रणनीति बनाकर वोटिंग प्रक्रिया में शामिल हो रहे हैं। विधानसभा परिसर में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो सके। राज्यसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस पार्टी के उम्मीदवार को जीत मिलती है।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में जीत के लिए जनता के आदेश का समीकरण महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि हमारे पांचों उम्मीदवार सुशासन और विकास में योगदान देंगे। विपक्ष केवल रोने और आरोप लगाने में लगा रहता है। वही लोग कभी बिहार को रुलाते थे, लेकिन आज जनता उन्हें सबक सिखा रही है।
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए जारी मतदान पर बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि चुनाव में क्रॉस वोटिंग या सुपर क्रॉस वोटिंग हो सकती है, लेकिन उन्हें पूरा भरोसा है कि पांचों सीटें NDA के हाथ आएंगी। उन्होंने कहा कि पैसे के बल पर अब राज्यसभा का चुनाव नहीं होगा।
पहली बार राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने पहुंची मैथिली ठाकुर ने कहा कि वह पहली बार वोट देने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से बैठकें कर रहे थे ताकि मतदान प्रक्रिया में कोई गलती न हो। ठाकुर ने विश्वास जताया कि NDA इस चुनाव में जीत हासिल करेगी और हमें जनता और पार्टी के समर्थन पर भरोसा है।"
राजद विधायक रणविजय साहू ने कहा कि यह सिर्फ राज्यसभा का चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार और पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि लोग गठबंधन का समर्थन कर रहे हैं और विपक्षी NDA के लोग रडार से बाहर हो गए हैं । रणविजय साहू ने कहा कि आंकड़ा 50 तक जाएगा और गठबंधन के सभी सदस्य हमारे साथ हैं। यह चुनाव हमारी ताकत और जनता के समर्थन को दिखाने का अवसर है।"
चुनाव का समीकरण दिलचस्प हो गया है क्योंकि न तो सत्ताधारी भाजपा और न ही मुख्य विपक्षी बीजद के पास चौथी सीट जीतने के लिए पर्याप्त विधायक संख्या है। ऐसे में क्रॉस-वोटिंग की संभावना को नकारा नहीं जा सकता।
पश्चिम बंगाल की पांच राज्यसभा सीटों पर पर हो रहे चुनाव में टीएमसी 223 विधायकों के साथ चार सीटें जीत सकती है, जबकि भाजपा केवल एक सीट जीत पाएगी। कांग्रेस और CPI(M) अब किसी भी सीट पर दावा नहीं कर पाएंगे।
राज्यसभा चुनाव की सियासी लड़ाई सोमवार को पूरी रफ्तार के साथ शुरू हो गई है। इसके लिए 11 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गई है, जिनमें बिहार की पांच, ओडिशा की चार और हरियाणा की दो सीटें शामिल हैं। इस चुनाव में देश की राजनीति के हालात पर नजरें टिकी हैं, क्योंकि राज्यसभा में बहुमत के समीकरण सीधे केंद्र की नीतियों और विधायी शक्ति पर असर डालते हैं। इस बार कुल 37 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, लेकिन इनमें से 26 सीटों पर उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जिससे राजनीतिक समीकरण पहले ही स्पष्ट हो चुके हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, आज का मतदान न केवल इन राज्यों की सियासी ताकत दिखाएगा बल्कि केंद्र में सत्ता संतुलन के लिहाज से भी अहम साबित होगा।