फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajya Sabha Election LIVE: कर्नाटक में कांग्रेस को तीन, भाजपा को एक सीट; UP-हिमाचल में मतगणना के दौरान हंगामा

Tue, 27 Feb 2024 07:56 PM IST
नितिन गौतम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

Rajya Sabha elections 2024 Voting Result Live Updates : कांग्रेस विधायक राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डालने के लिए विधानसभा पहुंचे। सभी विधायक बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हुए थे और बस में बैठकर एक साथ वोट डालने पहुंचे।
विज्ञापन
Rajya Sabha Election - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:55 PM, 27-Feb-2024

सत्तारूढ़ दल के प्रत्याशी को हरा भाजपा के हर्ष महाजन ने राज्यसभा सीट जीत रचा इतिहास

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट के मंगलवार को विधानसभा परिसर में हुए मतदान का नतीजा घोषित हो गया है। सत्तारूढ़ दल कांग्रेस के प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी को हराकर भाजपा के हर्ष महाजन ने राज्यसभा चुनाव जीत कर इतिहास रच दिया है। दोनों दलों के प्रत्याशियों को 34-34 वोट मिले थे। इसके बाद पर्ची से फैसला हुआ जिसमें भाजपा ने बाजी मारी। कांग्रेस विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा जीत के करीब पहुंची।

07:55 PM, 27-Feb-2024

कर्नाटक के नतीजे

अजय माकन, जी सी चन्द्रशेखर, सैयद नसीर हुसैन (सभी कांग्रेस), नारायणसा भांडगे (भाजपा) ने कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव जीता।

06:50 PM, 27-Feb-2024

कर्नाटक के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने तीन सीटें जीतीं

कर्नाटक के राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस ने तीन सीटें जीतीं। इसके अलावा भाजपा ने एक सीट जीती।

विज्ञापन
05:52 PM, 27-Feb-2024

JDS के राज्यसभा उम्मीदवार के खिलाफ एफआईआर

पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव लड़ रहे जेडीएस नेता डी कुपेंद्र रेड्डी और उनके सहयोगियों के खिलाफ बंगलूरू के विधान सौधा पुलिस स्टेशन में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी पुष्टि की कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायकों को धमकी देने के लिए एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

05:28 PM, 27-Feb-2024

मतगणना जारी

राज्यसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना चल रही है। थोड़ी देर में नतीजों का एलान कर दिया जाएगा।

विज्ञापन
04:25 PM, 27-Feb-2024

बसपा विधायक ने भाजपा प्रत्याशी को किया वोट

यूपी के एकमात्र बसपा विधायक उमा शंकर पांडेय ने राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को वोट किया है। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों ने मुझसे वोट देने के लिए नहीं कहा इसलिए मैंने भाजपा प्रत्याशी को वोट किया। भाजप प्रत्याशी संजय सेठ ने मुझसे समर्थन मांगा था। राज्यसभा चुनाव के लिए अब तक 395 विधायक वोट कर चुके हैं।

03:36 PM, 27-Feb-2024

कर्नाटक में दोपहर एक बजे तक 214 विधायकों कर चुके थे मतदान

कर्नाटक में राज्यसभा चुनाव के लिए दोपहर एक बजे तक 214 विधायक अपने मत का इस्तेमाल कर चुके थे। मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ था और शाम चार बजे तक चलेगा। वहीं शाम पांच बजे मतगणना शुरू होगी। 

03:24 PM, 27-Feb-2024

अखिलेश यादव ने लिखा- ये सच्चे साथियों की परीक्षा थी

हमारी राज्यसभा की तीसरी सीट दरअसल सच्चे साथियों की पहचान करने की परीक्षा थी और ये जानने की कि कौन-कौन दिल से PDA के साथ और कौन अंतरात्मा से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के ख़िलाफ़ है। अब सब कुछ साफ़ है, यही तीसरी सीट की जीत है।
 

03:21 PM, 27-Feb-2024

एंबुलेंस में मतदान करने पहुंचे विधायक

उत्तर प्रदेश में अपना दल के विधायक एंबुलेंस में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करने पहुंचे। अपना दल विधायक नील रतन पटेल कोरोना संक्रमित हैं, ऐसे में वे एंबुलेंस से मतदान करने पहुंचे। 

03:18 PM, 27-Feb-2024

एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस पर लगाए आरोप

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका पर जेडीएस नेता एचडी कुमारस्वामी ने कांग्रेस पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हर दिन उनकी पार्टी के नेताओं को परेशान कर रही है। हर दिन वे कह रहे हैं कि 12-13 जेडीएस विधायक कांग्रेस में शामिल होने के लिए तैयार हैं।
 

01:58 PM, 27-Feb-2024

भाजपा विधायक अरविंद बेलाड ने अपने गठबंधन के दोनों उम्मीदवारों की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस विधायकों में भारी असंतोष है। किसी भी विकास कार्य के लिए किसी को एक रुपया भी जारी नहीं किया गया है। पिछले नौ महीने में कांग्रेस सरकार पूरी तरह से निष्क्रिय रही है। हमें विश्वास है कि असंतुष्ट विधायक हमारे राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) उम्मीदवार को वोट देंगे।'

01:24 PM, 27-Feb-2024

यूपी में भी क्रॉस वोटिंग की आशंका

यूपी में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंका है। दरअसल सपा विधायक मनोज पांडेय और आशुतोष मौर्य ने भाजपा प्रत्याशी को वोट देने का एलान किया है। दोनों सपा विधायक मतदान के बाद यूपी के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल के कक्ष में भी पहुंचे।

01:22 PM, 27-Feb-2024

कर्नाटक में कांग्रेस का क्रॉस वोटिंग का दावा

कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीट पर चुनाव के लिए ‘क्रॉस वोटिंग’ की आशंका के बीच मंगलवार को मतदान जारी है और राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने विरोधी खेमे के विधायकों से समर्थन मिल सकने का दावा किया है। ‘क्रॉस वोटिंग’ की आशंका के कारण कांग्रेस तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) गठबंधन ने अपने-अपने विधायकों को सोमवार को एक निजी रिसॉर्ट में रखा था।

12:30 PM, 27-Feb-2024

'हमारे तीनों उम्मीदवार जीतेंगे'

सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि 'भाजपा ने भी जीतने के लिए अपने उम्मीदवार उतारे हैं लेकिन पांचवें उम्मीदवार को जीतने के लिए 45 वोट चाहिए, लेकिन क्या उनके पास 45 वोट हैं? बिना नंबर्स के वो कैसे जीतेंगे? वे हमारे विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, यही वजह है कि हमने एफआईआर दर्ज की है। हमें उम्मीद है कि हमारे तीनों उम्मीदवार जीतेंगे।'

कांग्रेस की तरफ से वरिष्ठ नेता अजय माकन, नासिर हुसैन और जीसी चंद्रशेखर उम्मीदवार हैं। कांग्रेस के पास 133 विधायक हैं। ऐसे में पार्टी को अपने तीनों उम्मीदवारों के जीतने की उम्मीद है। अगर कोई फेरबदल नहीं होता है तो कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों में से तीन कांग्रेस को और एक भाजपा को मिल सकती है। कर्नाटक से भाजपा ने राज्यसभा के लिए जिन उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है, उनमें नारायण बंदेग और भाजपा-जेडीएस के संयुक्त उम्मीदवार कुपेंद्र रेड्डी शामिल हैं। भाजपा के पास 66 विधायक हैं, ऐसे में बंदेग का चुनाव जीतना तय है। कुपेंद्र रेड्डी को जीत के लिए जेडीएस के 19 विधायकों के साथ ही तीन निर्दलीय और तीन कांग्रेस विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी। 
 

11:41 AM, 27-Feb-2024

भाजपा-जेडीएस नेताओं ने किया मतदान

भाजपा नेता और पूर्व सीएम बासवराज बोम्मई और जेडीएस चीफ एचडी कुमारस्वामी समेत आर अशोक, विजयेंद्र येदियुरप्पा ने किया राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान।
 

11:38 AM, 27-Feb-2024

सीएम ने अपने मताधिकार का किया इस्तेमाल

कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने राज्यसभा चुनाव के लिए किया मतदान। 
 

11:28 AM, 27-Feb-2024

'हमारे तीनों उम्मीदवार स्पष्ट बहुमत से जीतेंगे'

कांग्रेस नेता और कर्नाटक सरकार के मंत्री रामालिंगा रेड्डी ने कहा 'हमारे तीनों उम्मीदवार स्पष्ट बहुमत से जीतेंगे। कोई क्रॉस वोटिंग नहीं होगी। कांग्रेस के तीन और भाजपा के एक उम्मीदवार मैदान में हैं। जनार्दन रेड्डी क्या करेंगे, ये मुझे नहीं पता, लेकिन वे कांग्रेस को समर्थन दे सकते हैं।'

11:24 AM, 27-Feb-2024

राज्यसभा चुनाव के लिए एकसाथ वोट डालने पहुंचे कांग्रेस विधायक

कांग्रेस विधायक राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डालने के लिए विधानसभा पहुंच गए हैं। सभी विधायक बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में ठहरे हुए थे और बस में बैठकर एक साथ वोट डालने पहुंचे।
 

10:54 AM, 27-Feb-2024

कांग्रेस तीन सीटें जीतने को लेकर आश्वस्त

कांग्रेस ने चार अन्य विधायकों में से दो निर्दलीय और सर्वोदय कर्नाटक पक्ष के दर्शन पुत्तनैया का समर्थन होने का दावा किया है तथा वह तीन सीट जीतने को लेकर आश्वस्त है। दिलचस्प बात यह है कि इन चार विधायकों में से जी. जनार्दन रेड्डी (कल्याण राज्य प्रगति पक्ष) ने सोमवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया से मुलाकात की थी।

10:53 AM, 27-Feb-2024

कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों पर चुनाव के लिए मतदान जारी

कर्नाटक से राज्यसभा की चार सीट के लिए मंगलवार को मतदान किया जा रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस के 134 विधायक जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 66 और जनता दल-सेक्युलर (जद -एस) के 19 विधायक हैं, जबकि चार अन्य विधायक हैं।

10:31 AM, 27-Feb-2024

'शाम पांच बजे तक का इंतजार करिए'

राज्यसभा चुनाव के लिए कर्नाटक के पूर्व सीएम और भाजपा नेता बासवराज बोम्मई ने मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'शाम पांच बजे तक का इंतजार करिए।'
 

10:26 AM, 27-Feb-2024

कैसे होता है राज्यसभा सांसदों का चुनाव

संविधान के अनुच्छेद 80 (4) के अनुसार, राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव राज्य विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्यों द्वारा आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत होता है। मतलब राज्यसभा के सांसदों का चुनाव सीधे जनता नहीं करती है बल्कि राज्य की जनता के प्रतिनिधि यानी कि विधायक वोट देकर राज्यसभा सदस्यों का चुनाव करते हैं। यह चुनाव एकल संक्रमणीय मत प्रणाली से होता है, जिसमें एक विधायक का वोट एक ही गिना जाता है, लेकिन वह कई उम्मीदवारों को अपनी प्राथमिकता के आधार पर अरेंज करता है। मतलब विधायक वरीयता के आधार पर पहले नंबर के उम्मीदवार, दूसरे नंबर के उम्मीदवार और तीसरे नंबर के उम्मीदवार का चयन कर सकता है। 

कुल विधायकों की संख्या और राज्यसभा सीटों के आधार पर राज्यसभा में वोटों की संख्या तय की जाती है। हर विधायक का वोट एक ही होता है, लेकिन उसकी वैल्यू 100 होती है। राज्यसभा चुनाव का फार्मूला ये है कि इसमें कुल विधायकों की संख्या को 100 से गुणा किया जाता है। इसके बाद जितनी सीटों पर चुनाव हो रहा है, उसमें एक जोड़ते हैं, फिर इस संख्या को विधायकों की संख्या को 100 से गुणन की संख्या को भाग देते हैं। जो संख्या मिलती है, वही वांछित वोटों की संख्या होती है। 
 

10:18 AM, 27-Feb-2024

कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग का डर

कर्नाटक में क्रॉस वोटिंग का खतरा है। यही वजह है कि कांग्रेस ने अपने विधायकों के साथ बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में सोमवार शाम को बैठक की और बैठक के बाद सभी विधायकों को होटल में ही ठहराया गया। राज्य के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने बताया कि विधायकों को मॉक वोटिंग का अभ्यास कराया गया और सभी विधायक होटल से सीधे वोट डालने जाएंगे। 

10:06 AM, 27-Feb-2024

'चुनाव आयोग से शिकायत कर सकती है कांग्रेस'

कर्नाटक राज्यसभा चुनाव में एनडीए उम्मीदवार कुपेंद्र रेड्डी ने कहा कि 'क्रॉस वोटिंग होने का पूरा अनुमान है। अगर हम किसी को धमकाएं तो कांग्रेस को चुनाव आयोग से शिकायत करनी चाहिए। हमनें किसी से भी वोट नहीं मांगा है।'

10:03 AM, 27-Feb-2024

बेंगलुरु में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान जारी

राज्यसभा चुनाव के लिए बेंगलुरु के पोलिंग बूथ पर तैयारियां पूरी। मतदान शुरू हुआ। 
 

09:45 AM, 27-Feb-2024

Rajya Sabha Election LIVE: कर्नाटक में कांग्रेस को तीन, भाजपा को एक सीट; UP-हिमाचल में मतगणना के दौरान हंगामा

राज्यसभा की 15 सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विधानसभा में बने पोलिंग बूथ पर अपने-अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव आयोग ने 15 राज्यों की 56 राज्सभा सीटों के लिए चुनाव की घोषणा की थी। इनमें से 12 राज्यों में भाजपा के 20 उम्मीदवार समेत कुल 41 सदस्य निर्विरोध चुन लिए गए हैं। आज सिर्फ उत्तर प्रदेश की 10, कर्नाटक की चार और हिमाचल प्रदेश की एक राज्यसभा सीट के लिए मतदान हो रहा है। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें