शिवसेना के संजय राउत की राह मुश्किल
भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि पीयूष गोयल और अनिल बोंडे को 48-48 वोट मिले हैं। हमारे तीसरे उम्मीदवार को शिवसेना के संजय राउत से ज्यादा वोट मिले हैं।
भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा जीते
कांग्रेस के अजय माकन हार गए हैं। चुनाव में भाजपा के कृष्ण लाल पंवार और निर्दलीय कार्तिकेय शर्मा जीत गए हैं।
महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव की छह सीटों के लिए वोटों की गिनती शुरू।
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बोले- महा विकास अघाड़ी दल ही जीतेगा
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि हमने भाजपा विधायक एस मुनगंटीवार और निर्दलीय विधायक रवि राणा के बारे में चुनाव आयोग से शिकायत की है। चुनाव आयोग मामले की सुनवाई कर रहा है। हार के डर से भाजपा ने मतगणना प्रक्रिया को रोकने की कोशिश की, लेकिन महा विकास अघाड़ी दल ही जीतेगा।
राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर महा विकास अघाड़ी पार्टी ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा। उन्होंने भाजपा विधायक सुधीर मुंगंटीवार और निर्दलीय विधायक रवि राणा के वोट अवैध घोषित करने की मांग की।
महाराष्ट्र और हरियाणा में राज्यसभा सीटों पर हुए मतदान के तहत वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। इससे पहले राजस्थान और कर्नाटक के नतीजों का एलान हो चुका है। राजस्थान में कांग्रेस ने तीन तो भाजपा ने एक सीट जीती है। उधर, कर्नाटक में भाजपा की झोली में तीन और कांग्रेस के खाते में एक सीट गई है।
राज्यसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद जयराम रमेश मीडिया से रूबरू हुए। उन्होंने कहा, 'यह मेरी नहीं, कांग्रेस टीम की जीत है। पूरी कांग्रेस पार्टी, कर्नाटक पार्टी प्रमुख डीके शिवकुमार, सिद्धरमैया और सभी विधायकों ने मतदान किया। कोई भी अवैध वोट नहीं डाला गया। यह हकीकत में टीमवर्क की जीत है।'
कर्नाटक की चार राज्यसभा सीटों में से एक पर कांग्रेस को जीत मिली है, जबकि बाकी तीनों सीटें भाजपा की झोली में गईं।
राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर कर्नाटक में भाजपा ने अपना परचम कायम किया है। यहां वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, अभिनेता से नेता बने जागेश और एमएलसी लहर सिंह सिरोया को जीत हासिल हुई।
राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में क्रॉस वोटिंग करने के चलते भाजपा ने राजस्थान के विधायक शोभारानी कुशवाहा को निलंबित कर दिया है। यह जानकारी पार्टी सूत्रों ने दी।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को राज्यसभा चुनाव में जीत मिली है। वह कर्नाटक के टिकट पर मैदान में थीं।
राजस्थान की राज्यसभा सीटों के नतीजों का ऐलान हो गया है। यहां तीन सीटें कांग्रेस की झोली में गईं। इनमें रणदीप सुरजेवाला, प्रमोद तिवारी और मुकुल वासनिक जीत गए। वहीं, भाजपा को सिर्फ एक ही सीट पर जीत मिली। पार्टी के घनश्याम तिवारी को जीत मिली। हालांकि, निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को हार का सामना करना पड़ा।
हरियाणा से कांग्रेस के राज्यसभा उम्मीदवार अजय माकन ने भाजपा पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत भी की।
भाजपा ने राज्यसभा चुनाव में गड़बड़ी होने का आरोप लगाया है। इसके मद्देनजर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में निर्वाचन आयोग पहुंचा। इस प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और गजेंद्र सिंह शेखावत शामिल हैं।
राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर कई राज्यों में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। बताया जा रहा है कि इन सीटों पर जल्द ही नतीजों का एलान कर दिया जाएगा।
हरियाणा में भाजपा-जजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव आयोग से मांग की कि वह कांग्रेस विधायक को वोट को रद्द करें। इसके पीछे उन्होंने चुनाव संचालन नियम 1961 में मतों की गोपनीयता का उल्लंघन का हवाला दिया।
राज्यसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर दोपहर 3:30 बजे तक महाराष्ट्र के 285 विधायक मतदान कर चुके हैं।
राज्यसभा चुनाव में मतदान करने की बाट जोह रहे एनसीपी नेता नवाब मलिक को तगड़ा झटका लगा है। दरअसल, चुनाव में वोट डालने के लिए उन्होंने बंबई उच्च न्यायालय का रुख किया था और इसके मद्देनजर याचिका दायर की थी, लेकिन अदालत ने याचिका पर त्वरित सुनवाई करने से इनकार कर दिया है।
महाराष्ट्र: अभी तक राज्यसभा चुनाव के लिए 50 फीसदी मतदान हो चुका है। 143 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के 60 से ज्यादा और कांग्रेस के 20 विधायकों ने वोट डाला।
केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि भाजपा का एक उम्मीदवार है जिसकी जीत तय है, सरप्लस वोट निर्दलीय उम्मीदवार सुभाष चंद्रा को दिए जाएंगे। किसी चमत्कार के सवाल पर तोमर ने कहा कि मैं कोई ज्योतिषी नहीं हूं जो कल क्या होगा ये बता सकूं, हम अपने सरप्लस वोट निर्दलीय को दे सकते हैं। बाकी उनको कौन समर्थन देता है उसके विषय में सुभाष चंद्रा ही जानते होंगे।
राज्यसभा चुनाव में मतदान के लिए महाराष्ट्र के नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस विधानसभा पहुंच चुके हैं। एक दिन पहले ही वह कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं।