यह देश के लिए एक बड़ा संदेश है कि एक आम महिला भारत की राष्ट्रपति बन सकती है। यह पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी प्रतिबद्धता का परिणाम है: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू
राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को सभी राज्यों में वोट मिला, लेकिन विपक्ष के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को आंध्र प्रदेश, नागालैंड और सिक्किम में एक भी वोट नहीं मिला। मुर्मू को कुल 64 फीसदी वोट मिले।
केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई दी।
यशवंत सिन्हा को 1,877 प्रथम वरीयता के वोट मिले जिनका मूल्य 3,80,177 है। चूंकि द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्राप्त पहली वरीयता के वोट जरूरी कोटा से अधिक थे, मैं रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में घोषणा करता हूं कि वह भारत के राष्ट्रपति पद के लिए चुनी गई हैं: पीसी मोदी, राज्यसभा महासचिव
गृह मंत्री अमित शाह ने द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचकर उन्हें देश का नया राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें देश की 15वीं राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी द्रौपदी मुर्मू को जीत की बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया- श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को देश का 15वां राष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।
पीएम मोदी ने मुर्मू को बधाई देते हुए ट्वीट किया- श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी का जीवन, उनके शुरुआती संघर्ष, उनकी समृद्ध सेवा और उनकी अनुकरणीय सफलता प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करती है। वह हमारे नागरिकों, विशेष रूप से गरीबों, हाशिए पर और दलितों के लिए आशा की किरण बनकर उभरी हैं।
श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी एक उत्कृष्ट विधायक और मंत्री रही हैं। झारखंड के राज्यपाल के रूप में उनका कार्यकाल शानदार रहा। मुझे विश्वास है कि वह एक उत्कृष्ट राष्ट्रपति होंगी जो आगे बढ़कर नेतृत्व करेंगी और भारत की विकास यात्रा को मजबूत करेंगी।
मैं उन सभी सांसदों और विधायकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने पार्टी लाइन से इतर द्रौपदी मुर्मू जी की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। उनकी रिकॉर्ड जीत हमारे लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है।
द्रौपदी मुर्मू के घर पहुंचे पीएम मोदी। जेपी नड्डा भी हैं साथ।
यशवंत सिन्हा ने द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई दी। सिन्हा ने ट्वीट किया- मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देने में अपने साथी नागरिकों के साथ शामिल होता हूं। भारत उम्मीद करता है कि 15वें राष्ट्रपति के रूप में वह बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी।
कुल वैध वोट 3219 हैं जिसका कुल मूल्य 8,38,839 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 5,77,777 मूल्य के 2161 वोट मिले हैं। यशवंत सिन्हा को 2,61,062 मूल्य के 1058 वोट मिले: पीसी मोदी, महासचिव, राज्यसभा
तीसरे राउंड के बाद द्रौपदी मुर्मू ने कुल वैध मतों के 50 फीसदी मत हासिल किए। देश की अगली राष्ट्रपति बनना तय हुआ।
तीसरा दौर की मतगणना में कर्नाटक, केरल, एमपी, महाराष्ट्र, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा और पंजाब के वोटों की गिनती हुई। इस दौर में कुल वैध मत 1,333 रहे। वैध मतों का कुल मूल्य 1,65,664 है। द्रौपदी मुर्मू को 812 वोट मिले, जबकि यशवंत सिन्हा को 521 वोट मिले: पीसी मोदी, महासचिव, राज्यसभा।
सूत्रों के मुताबिक 17 सांसदों ने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में क्रॉस वोटिंग की। तीसरे राउंड की गिनती में मुर्मू को निर्णायक बढ़त मिल चुकी है और उनकी जीत तय मानी जा रही है।
द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति पद का चुनाव जीतने के करीब पहुंचते ही दिल्ली में भाजपा मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र भीड़ जश्न मना रही है।
द्रौपदी मुर्मू भारी अंतर से जीतने जा रही है। भारत को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति मिलने जा रही है। यह भारत के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है: असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी को राजनीतिक दलों से पार्टी लाइन से उठकर भारी समर्थन मिला है। मुझे विश्वास है कि उनका कार्यकाल बेहद सफल रहेगा।
राज्यसभा महासचिव ने कहा-अब तक कुल 1,886 वैध मतों का मूल्य 6,73,175 है, जिसमें से द्रौपदी मुर्मू को 1,349 मत मिले जिनका मूल्य 4,83,299 है। यशवंत सिन्हा को अब तक कुल 537 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,89,876 है।
दूसरे दौर में पहले 10 राज्यों के मतपत्रों की वर्णानुक्रम में गिनती की गई। कुल वैध मत 1138 और उनका कुल मूल्य 1,49,575 है। इसमें से द्रौपदी मुर्मू को 809 वोट मिले, जिनकी कीमत 1,05,299 है। यशवंत सिन्हा को 329 वोट मिले, जिनकी कीमत 44,276 है। राज्यसभा महासचिव पीसी मोदी ने यह जानकारी दी।
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू की जीत तय मानकर लोक कलाकार दिल्ली में मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड पर आदिवासी नृत्य कर रहे हैं। पहले दौर की मतगणना की समाप्ति के बाद मुर्मू विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा पर भारी बढ़त बनाए हुए हैं।
द्रौपदी मुर्मू के गांव में उत्साह का माहौल है। लोग तिरंगा लिए अभी से जश्न मना रहे हैं। पहले दौर में मुर्मू को भारी बढ़त मिली है और उनकी जीत तय मानी जा रही है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना जारी। अभी तक द्रौपदी मुर्मू का पलड़ा भारी।
पीएम नरेंद्र मोदी कल शाम 5:30 बजे से दिल्ली के होटल अशोका में निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के लिए विदाई रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
समाज के वंचित वर्ग, आदिवासियों, महिलाओं और पूर्वी भारत में अपार खुशी है कि पहली बार लोकतंत्र का सही अर्थ सामने आ रहा है। ऐसी पृष्ठभूमि का नेता देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचेगा। यह लोकतंत्र के लिए एक उपलब्धि है: धर्मेंद्र प्रधान
विधायकों के वोटों की गिनती शुरू हो गई है। सांसदों के वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है। द्रौपदी मुर्मू ने 3,78,000 के मूल्य के साथ 540 वोट हासिल किए हैं और यशवंत सिन्हा ने 1,45,600 के मूल्य के साथ 208 वोट हासिल किए हैं।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति होने से न केवल आदिवासी, बल्कि देश में सभी को गर्व की अनुभूति होने वाली है। मुझे पता चला है कि सभी प्रमुख आदिवासी नेता मुर्मू जी को बधाई देने के लिए दिल्ली आएंगे।
देश के 15वें राष्ट्रपति को चुनने के लिए सोमवार को मतदान हुआ था और संसद भवन में 99.18 प्रतिशत मत पड़े थे। देश के दस राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में 100 फीसदी वोटिंग हुई थी। कई राज्यों में क्रॉस वोटिंग की भी खबरें थीं।
राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी को इन चुनावों के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। वह मतगणना की निगरानी करेंगे। परिणाम शाम तक आने की उम्मीद है।
सबसे पहले सांसदों के मतों की गिनती होगी और निर्वाचन अधिकारी मोदी इसके रुझान की जानकारी देंगे। इसके बाद वर्णमाला के अनुसार दस-दस राज्यों के विधायकों के मत गिने जाएंगे और 20 राज्यों के वोट गिने जाने के बाद मोदी फिर रुझान की जानकारी सार्वजनिक करेंगे। अंत में परिणाम बताया जाएगा