प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम की शुरुआत में ही जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मन में गहरी पीड़ा है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुई आतंकी वारदात ने देश के हर नागरिक को दुख पहुंचाया है। पीड़ित परिवारों के प्रति हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है। भले वो किसी भी राज्य का हो, वो कोई भी भाषा बोलता हो, लेकिन वो उन लोगों के दर्द को महसूस कर रहा है, जिन्होंने इस हमले में अपने परिजनों को खोया है। मुझे ऐहसास है, हर भारतीय का खून, आतंकी हमले की तस्वीरों को देखकर खौल रहा है।'
उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुआ ये हमला, आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है, उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में एक चहलपहल थी, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी, युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को, ये रास नहीं आया।
PM Modi Mann ki Baat Live Today Updates : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में 'मन की बात' को संबोधित करेंगे। अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम में पीएम मोदी कई मुद्दों पर बात करेंगे। पीएम मोदी का यह कार्यक्रम ऐसे समय प्रसारित होने वाला है, जब देश पहलगाम आतंकी हमले को लेकर गुस्से में है और पाकिस्तान के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई का इंतजार कर रहा है। कार्यक्रम में पीएम मोदी पाकिस्तान को सख्त संदेश दे सकते हैं।