PM Modi Mann ki Baat Today Live Updates: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात में विज्ञान और देश की प्रगति के बीच मजबूत संबंध पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को केवल शोध तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे देश के विकास और जनकल्याण से जोड़कर आगे बढ़ाया है। कार्यक्रम में उन्होंने विज्ञान आधारित सोच, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया।
देश की उपलब्धियों और विज्ञान की भूमिका पर जोर
पीएम मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें एपिसोड में देश की उपलब्धियों और विज्ञान की भूमिका पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल और व्यस्तताओं के बीच भी लोगों ने उन्हें संदेश और पत्र भेजकर देश की उपलब्धियों की खुशी साझा की है। पीएम मोदी ने बताया कि इस बार मन की बात की शुरुआत एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि से की जा रही है।
भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम अब देश के निर्माण और विकास में अहम योगदान दे रहा- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा से विज्ञान को देश की प्रगति से जोड़कर देखता आया है। इसी सोच के साथ देश के वैज्ञानिक अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं और इस क्षेत्र में लगातार नई सफलताएं हासिल कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम अब देश के निर्माण और विकास में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने वैज्ञानिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बना रहा है और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने मन की बात में फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की ऐतिहासिक उपलब्धि बताई
पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले देश के परमाणु वैज्ञानिकों ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है, जिससे पूरे देश को गर्व हुआ है। तमिलनाडु के कलपक्कम में स्थित फास्ट ब्रीडर रिएक्टर ने ‘क्रिटिकलिटी’ हासिल कर ली है। पीएम मोदी ने समझाया कि इसका मतलब है कि अब इस रिएक्टर के संचालन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उन्होंने इसे भारत के परमाणु ऊर्जा सफर में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। उन्होंने यह भी कहा कि यह रिएक्टर पूरी तरह से स्वदेशी तकनीक से बनाया गया है, यानी इसमें किसी भी विदेशी तकनीक का उपयोग नहीं किया गया है। पीएम मोदी ने इसे भारत की वैज्ञानिक ताकत और आत्मनिर्भरता की बड़ी सफलता बताया।
पीएम मोदी ने हवा से मिलने वाली ऊर्जा यानी विंड एनर्जी का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि आज वे एक ऐसी शक्ति के बारे में बात करना चाहते हैं जो दिखती नहीं है, लेकिन जिसके बिना जीवन एक पल भी संभव नहीं है। यह शक्ति है हवा से मिलने वाली ऊर्जा यानी विंड एनर्जी।पीएम मोदी ने बताया कि यही पवन ऊर्जा भारत के विकास की नई कहानी लिख रही है और देश को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि भारत ने इस क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अब देश की पवन ऊर्जा उत्पादन क्षमता 56 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है। पीएम मोदी के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ भारत दुनिया में पवन ऊर्जा क्षमता के मामले में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने इसे देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
पीएम मोदी ने देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की अग्रिम शुभकामनाएं दी
पीएम मोदी ने कहा कि मई का महीना एक शुभ अवसर के साथ शुरू हो रहा है और कुछ ही दिनों में पूरे देश में बुद्ध पूर्णिमा मनाई जाएगी। पीएम मोदी ने देशवासियों को इस पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।उन्होंने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध का जीवन संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना पहले था। बुद्ध ने सिखाया कि शांति की शुरुआत सबसे पहले अपने भीतर से होती है।
पीएम मोदी ने बताया कि बुद्ध का यह भी संदेश है कि खुद पर विजय पाना ही सबसे बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि आज जब दुनिया तनाव और संघर्ष के दौर से गुजर रही है, ऐसे समय में बुद्ध के विचार और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाते हैं और समाज को सही दिशा दिखाते हैं।
पीएम मोदी ने बीटिंग रिट्रीट को बताया सांस्कृतिक एकता का प्रतीक
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश में 23 जनवरी यानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से लेकर 30 जनवरी यानी महात्मा गांधी की पुण्यतिथि तक गणतंत्र पर्व मनाया जाता है। इस उत्सव का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बीटिंग रिट्रीट समारोह होता है। पीएम मोदी ने कहा कि इस समारोह में अलग-अलग बैंड अपनी संगीत परंपराओं के साथ प्रदर्शन करते हैं, जिससे देश की विविधता और संस्कृति की झलक मिलती है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में इसमें भारतीय संगीत को ज्यादा शामिल किया जा रहा है, जिसे देश के लोग भी बहुत पसंद कर रहे हैं। पीएम मोदी ने इस साल के बीटिंग रिट्रीट को खास और यादगार बताया और कहा कि इसमें वायुसेना, थलसेना, नौसेना और सीएपीएफ के बैंडों ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसने पूरे कार्यक्रम को भव्य बना दिया।
पीएम मोदी ने लोगों से की खास अपील
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के बांस सेक्टर में सफलता की कहानियों की लंबी सूची है और यह क्षेत्र लगातार मजबूत हो रहा है। पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि वे पूर्वोत्तर भारत से कम से कम एक बांस का उत्पाद जरूर खरीदें। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों को उपहार के रूप में भी दिया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऐसा करने से बांस उत्पाद बनाने वाले कारीगरों का हौसला बढ़ता है और उनकी मेहनत को सम्मान मिलता है। साथ ही इससे स्थानीय उद्योग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
तकनीक हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज के तेजी से बदलते समय में तकनीक हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुकी है। यह हमें हमारे अतीत और वर्तमान से जोड़ने का काम कर रही है, जो एक बड़ी उपलब्धि है। पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में शिक्षा और इतिहास में रुचि रखने वालों के लिए एक खास पहल की गई है। भारत का राष्ट्रीय अभिलेखागार ने एक नया डिजिटल पोर्टल लॉन्च किया है, जिसमें देश के 20 करोड़ से ज्यादा महत्वपूर्ण ऐतिहासिक दस्तावेजों को डिजिटल रूप में उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने लोगों से इस पोर्टल को जरूर देखने की अपील की और कहा कि इससे भारत के इतिहास को समझने का एक शानदार अनुभव मिलेगा। पीएम मोदी ने इस पहल को ज्ञान और तकनीक का बेहतरीन संगम बताया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
पीएम मोदी ने बेटियों की ओलंपियाड सफलता पर गर्व जताया
पीएम मोदी बताया कि इस महीने की शुरुआत में फ्रांस के बोर्डो शहर में यूरोपीय गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड आयोजित हुआ, जिसमें भारत की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में भारत की टीम ने दुनिया में छठा स्थान हासिल किया, जो देश के लिए गर्व की बात है।
इस टीम में मुंबई की श्रेया मुंधाड़ा, तिरुवनंतपुरम की सानजना चाको, चेन्नई की शिवानी भरथ कुमार और कोलकाता की श्रीमोयी बेहरा शामिल थीं। उन्होंने बताया कि श्रेया ने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा, सानजना ने सिल्वर मेडल और शिवानी ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। पीएम मोदी ने सभी छात्राओं की इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें देश का गौरव बताया।
देश में चल रहे जनगणना अभियान पर भी बोल पीएम
पीएम मोदी ने मन की बात के 133वें एपिसोड में देश में चल रहे आगामी जनगणना अभियान को लेकर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस समय देश में एक बड़ा और महत्वपूर्ण अभियान चल रहा है, जिसके बारे में हर नागरिक को जानना जरूरी है। यह जनगणना अभियान है, जिसे दुनिया का सबसे बड़ा जनगणना अभ्यास माना जाता है।
पीएम मोदी ने बताया कि इस बार जनगणना 2027 को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। अब सारी जानकारी डिजिटल माध्यम से सीधे रिकॉर्ड की जाएगी, जिससे प्रक्रिया ज्यादा तेज और पारदर्शी होगी। उन्होंने कहा कि इस बार लोगों की भागीदारी को भी आसान बनाया गया है।
जनगणना को लेकर साझा की अहम जानकारी
पीएम मोदी ने आगे कहा कि नागरिक अब खुद भी अपनी जानकारी भर सकेंगे। यह सुविधा जनगणना कर्मचारियों के घर आने से लगभग 15 दिन पहले उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि लोग अपनी सुविधा के अनुसार समय चुनकर जानकारी भर सकें। पीएम मोदी ने बताया कि फॉर्म भरने के बाद नागरिकों को एक विशेष आईडी दी जाएगी, जो उनके मोबाइल या ईमेल पर भेजी जाएगी। बाद में जब जनगणना कर्मचारी घर आएंगे, तो इस आईडी के जरिए जानकारी का सत्यापन किया जा सकेगा। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से जुड़ा एक बड़ा सुधार बताया, जिससे देश में जनगणना प्रक्रिया और अधिक सरल, तेज और भरोसेमंद बनेगी।
जनगणना पूरे देश की साझा जिम्मेदारी- पीएम मोदी
उन्होंने बताया कि जिन राज्यों में लोग खुद से अपनी जानकारी भर चुके हैं, वहां अब जनगणना कर्मचारियों द्वारा घर-घर जाकर सूची बनाने का काम भी शुरू हो गया है। अभी तक करीब 1.2 करोड़ परिवारों का यह काम पूरा किया जा चुका है। पीएम मोदी ने कहा कि जनगणना सिर्फ सरकार का काम नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है। इसमें हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।
इसके साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जो जानकारी लोग देंगे, वह पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रखी जाएगी। इसे मजबूत डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था के तहत संरक्षित किया जा रहा है, ताकि किसी भी तरह की जानकारी लीक न हो। पीएम मोदी ने देशवासियों से अपील की कि सभी लोग इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और मिलकर जनगणना 2027 को सफल बनाएं।
भारत के डेयरी सेक्टर और पारंपरिक खाद्य संस्कृति पर चर्चा
पीएम मोदी ने मन की बात के 133वें एपिसोड में भारत के डेयरी सेक्टर और पारंपरिक खाद्य संस्कृति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में खाने-पीने की परंपरा सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और पहचान का हिस्सा भी है। इसी परंपरा का एक अहम हिस्सा भारतीय चीज भी है। पीएम मोदी ने बताया कि हाल ही में ब्राजील में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय चीज प्रतियोगिता में भारतीय चीज ब्रांड्स ने शानदार प्रदर्शन किया और प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किए। इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि भारत के डेयरी सेक्टर में तेजी से बड़ा बदलाव हो रहा है। इस क्षेत्र में वैल्यू एडिशन यानी प्रोसेसिंग और नए उत्पादों के जरिए पारंपरिक स्वाद को नई पहचान मिल रही है। पीएम मोदी के अनुसार, आज भारतीय चीज दुनिया के कई देशों में अपनी जगह बना रही है और भारत का स्वाद अब वैश्विक प्लेटों तक पहुंच रहा है, जो देश के लिए गर्व की बात है।
पीएम मोदी ने स्कूल बच्चों की छुट्टियों को लेकर संदेश
पीएम मोदी ने मन की बात के 133वें एपिसोड में स्कूल बच्चों की छुट्टियों को लेकर संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह समय बच्चों की छुट्टियों का है और सभी बच्चों को चाहिए कि वे अपनी छुट्टियों का पूरा आनंद लें।पीएम मोदी ने बच्चों से यह भी अपील की कि वे सिर्फ मनोरंजन ही न करें, बल्कि इस दौरान कुछ नया सीखने की कोशिश भी करें। उन्होंने कहा कि छुट्टियों का सही उपयोग बच्चों के विकास में मदद कर सकता है और उन्हें नई चीजें सीखने का अवसर देता है।